May 04, 2026
04.05.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए दरभंगा जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। इसी कड़ी में डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में “सहयोग शिविर” योजना की घोषणा की गई। डीएम ने बताया की 19 मई 2026 को जिले के चयनित 24 पंचायतों में एक साथ सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अब आगे से हर महीने के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर नियमित रूप से ये शिविर लगाए जाएंगे, ताकि आम लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा सके। प्रेस वार्ता में बताया गया कि प्रत्येक शिविर का संचालन जिला और अनुमंडल स्तर के वरीय पदाधिकारियों की निगरानी में होगा। शिविर में आने वाले सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण किया जाएगा और एक महीने के भीतर उनके निष्पादन का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए एक विशेष MIS पोर्टल भी विकसित किया जा रहा है, जिससे आवेदनों की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।19 मई 2026 को निम्न पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित होंगे जिनमें शामिल है सिंहवाड़ा प्रखंड का सिमरी पंचायत सरकार भवन,जाले प्रखंड के बंधौली पंचायत भवन,हायाघाट प्रखंड – सिधौली पंचायत भवन, बिरौल प्रखंड के बिरौल पंचायत सरकार भवन, हनुमाननगर प्रखंड के नरसारा पंचायत भवन,बहादुरपुर प्रखंड के– खराजपुर पंचायत सरकार भवन,घनश्यामपुर प्रखंड – गनौन पंचायत सरकार भवन,मनीगाछी प्रखंड के– नेहरा पश्चिमी पंचायत भवन,जाले प्रखंड के मुरैठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,बहादुरपुर प्रखंड के खैरा उच्च विद्यालय परिसर,मनीगाछी प्रखंड के – गंगौली कनकपुर पंचायत सरकार भवन,केवटी प्रखंड के– लहवार पंचायत भवन, तारडीह प्रखंड के पोखरामभिण्डा पंचायत सरकार भवन, बहेड़ी प्रखंड के हथौड़ी उत्तरी पंचायत सरकार भवन, कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड – केवटगामा पंचायत सरकार भवन, किरतपुर प्रखंड के किरतपुर पंचायत सरकार भवन, दरभंगा सदर प्रखंड के शीशो पूर्वी पंचायत भवन,बेनीपुर प्रखंड के तरौनी पंचायत सरकार भवन, कुशेश्वरस्थान प्रखंड के औराही पंचायत सरकार भवन,केवटी प्रखंड – ननौरा पंचायत सरकार भवन,अलीनगर प्रखंड के हरसिंगपुर प्रखंड परिसर, गौड़ाबौराम प्रखंड के कन्हाई पंचायत सरकार भवन ,केवटी प्रखंड के पैगम्बरपुर मदरसा भवन, दरभंगा सदर प्रखंड – बिजली पंचायत भवन शामिल है।
सहयोग शिविर में जमाबंदी, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन, श्रम निबंधन, सामाजिक सुरक्षा, भूमि सुधार, पंचायती राज, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों से जुड़ी समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया जाएगा। डीएम ने बताया कि नागरिक शिविर की तिथि से 30 दिन पहले ही अपने आवेदन पंचायत भवन, RTPS काउंटर, प्रखंड कार्यालय या अंचल कार्यालय में जमा कर सकते हैं, ताकि समय से कार्रवाई हो सके। सभी शिविर निर्धारित स्थलों पर सुबह 10:00 बजे से शुरू होंगे। संबंधित पदाधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है, जबकि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्षों को भी निर्देश दिए गए हैं।
डीएम श्री कुमार ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान सीधे प्रशासन के माध्यम से प्राप्त करें। साथ ही, इन शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। दरभंगा प्रशासन की यह पहल ग्रामीण स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
April 25, 2026
25.04.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : जानकी प्राकट्य उत्सव (जानकी नवमी) के पावन अवसर पर श्यामा माई परिसर में मिथिला स्टूडेंट यूनियन के तत्वावधान में भव्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जानकी नवमी को वैश्विक स्तर पर मनाने का संकल्प लिया गया, ताकि मिथिला की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक धरोहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष उदय नारायण झा ने की।
आयोजन में 21 हजार दीप प्रज्ज्वलन, जानकी आरती, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। दीपोत्सव का दृश्य बेहद आकर्षक रहा और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को भावविभोर कर गया। इससे पहले दिन में “मिथिला पेंटिंग प्रतियोगिता” का आयोजन भी किया गया, जिसमें तीन दर्जन से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के वर्ग-A में दीपक कुमार प्रथम, अनामिका कुमारी द्वितीय और मानसी कुमारी तृतीय रहीं। वहीं वर्ग-B में मंजीत कुमार प्रथम, काजल कुमारी द्वितीय और पूजा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
निर्णायक के रूप में सुधा मिश्रा और दर्शन कुमार उपस्थित थे। कार्यक्रम में कुशेश्वरस्थान से आई आरती मंडली ने भक्ति भाव से आरती प्रस्तुत की, जबकि संस्कृत विश्वविद्यालय से आए वैदिक विद्वानों ने स्वास्तिक वाचन कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि जानकी नवमी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर मिथिला स्टूडेंट यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विद्या भूषण राय, गोपाल चौधरी, शिवेंद्र वत्स, महासचिव वीरेंद्र कुमार, जिप सदस्य अमित कुमार ठाकुर समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन मिथिला की समृद्ध संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
April 25, 2026
25.04.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी द्वारा शनिवार को यातायात थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण से पूर्व उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान यातायात थानाध्यक्ष समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने थाना के अभिलेखों और संचिकाओं का गहन अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
एसएसपी ने बेंडिंग जोन, पार्किंग स्थल, टेम्पो स्टैंड, बस स्टैंड, नो पार्किंग जोन, टूर एंड ट्रैवल्स, सीसीटीवी कैमरा सहित विभिन्न पंजी संधारण को नियमित और अद्यतन रखने का निर्देश दिया। साथ ही पर्व-त्योहार एवं वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक प्लान, ट्रैफिक जागरूकता अभियान और व्यवसायियों के साथ समन्वय से संबंधित रजिस्टर बनाए रखने को कहा। उन्होंने शहर में स्थित ऑटोमोबाइल शोरूम, क्रेन संचालकों तथा रिक्शा-टेंपो चालकों का पूरा विवरण पंजी में दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा e-DAR और I-RAD सिस्टम को अपडेट रखने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कहीं भी यातायात बाधित होने की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य किया जाए।
नगर निगम के साथ समन्वय कर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने तथा नो पार्किंग जोन में वाहनों को खड़ा नहीं होने देने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी श्री रेड्डी ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से ब्रीफ करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा की इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
April 25, 2026
25.04.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : सीता नवमी के पावन अवसर पर शनिवार को विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में " जानकी पूजनोत्सव सह मैथिली दिवस " समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के प्रधान कार्यालय परिसर स्थित मिथिला भवन के सभागार में हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों, विद्वानों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, दरभंगा ग्रामीण विधायक ईश्वर मंडल, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय सहित कई गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने मां जानकी के जीवन और उनके आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि मिथिला में मां जानकी का जन्म होना हम सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने पुनौरा धाम में भव्य मंदिर निर्माण को लेकर भी खुशी जाहिर की। बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी ने जानकी नवमी के आयोजन को और भव्य बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि रामनवमी की तरह ही मां जानकी के जन्मोत्सव को भी व्यापक स्तर पर मनाया जाना चाहिए। वहीं, केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने मां जानकी को नारी सशक्तिकरण का सशक्त प्रतीक बताया।
दरभंगा ग्रामीण विधायक ईश्वर मंडल ने जानकी नवमी को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की दिशा में प्रयास करने का संकल्प लिया। कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय ने मां जानकी को त्याग, समर्पण और आदर्श नारीत्व का सर्वोत्तम उदाहरण बताते हुए मिथिला की संस्कृति और संस्कार की महिमा को रेखांकित किया। कार्यक्रम में पूर्व कुलपतियों और विद्वानों ने भी मां जानकी के जीवन दर्शन पर अपने विचार रखे। अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. शशिनाथ झा ने मां जानकी को मिथिला की सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए उनके चरित्र को विश्व के लिए अनुकरणीय बताया। इस दौरान डॉ. चंद्रमणि झा की पुस्तक ‘द लीडरः नरेंद्र डी. मोदी’ का विमोचन भी किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने गीत-संगीत के माध्यम से समां बांधा। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित जानकी सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और जानकी नवमी को घर-घर मनाने का आह्वान किया। इस मौके पर विभिन्न प्रतिभाओं को ‘जानकी सम्मान’ और ‘मैथिली गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह मां सीता की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा और विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि मां जानकी मिथिला के लोगों के रंग-रग में बसी हुई है।
लेकिन यह सबसे बड़ी त्रासदी है कि मिथिला के लोगों को आज भी मां जानकी की तरह कदम कदम पर अग्निपरीक्षा के दौर से गुजरना पड़ता है। मौके पर संस्थान की ओर से प्रस्ताव रखते हुए मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमला कांत झा ने जनहित में यूजीसी बिल को वापस लिए जाने एवं बिहार गौरव गीत में मिथिला को शामिल किए जाने सहित लोक उत्सव में बाहरी कलाकारों को थोपने की बजाय स्थानीय कलाकारों को विशेष अवसर दिए जाने की ओर सभी का ध्यान केंद्रित किया।
सभागार में उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से इस प्रस्ताव का स्वागत किया। आयोजन में शहर के कई गणमान्य लोग और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और मां जानकी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
April 25, 2026
25.04.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित 19वीं प्रमंडलीय मीडिया कप का फाइनल मुकाबला शनिवार को बेहद रोमांचक रहा। प्रभात खबर ने दरभंगा रेडियो को मात्र 2 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रभात खबर की टीम 18.5 ओवर में 101 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से प्रिंस ने 34 और अनिकेत ने 23 रन बनाए।
दरभंगा रेडियो की ओर से दीपक कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 11 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि अभिषेक चौधरी और सन्नी कुमार ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरभंगा रेडियो की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 99 रन ही बना सकी। टीम दबाव में बिखर गई और कोई भी बल्लेबाज टिककर खेल नहीं सका। विकास कुमार ने 22 और दीपेंद्र सिंह ने 18 रन बनाए। प्रभात खबर की ओर से हंसराज ने 3 विकेट, शिवम ने 2 विकेट लिए, जबकि प्रिंस, गौरव झा, अनिकेत और मिथिलेश कुमार ने एक-एक विकेट हासिल किया।
समापन समारोह में सदर एसडीओ विकास कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि मीडिया कप जैसे आयोजन आपसी सहयोग और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने अपने क्रिकेट प्रेम को भी साझा किया और ऐसे आयोजनों को जारी रखने की जरूरत बताई। एलएनएमयू के खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने कहा कि 19 वर्षों से लगातार इस प्रतियोगिता का आयोजन होना गर्व की बात है। वहीं, डब्लूआईटी के निदेशक डॉ. अजय नाथ झा ने कहा कि इस तरह के आयोजन से खेल के प्रति लोगों की रुचि बढ़ती है।
अंत में अतिथियों ने विजेता प्रभात खबर और उपविजेता दरभंगा रेडियो टीम को ट्रॉफी प्रदान की तथा खिलाड़ियों को सम्मानित किया। रोमांच, खेल भावना और प्रतिस्पर्धा से भरपूर इस फाइनल ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।