May 05, 2026
05.05.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : दरभंगा हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) संभालेगा। इसके लिए CISF के 145 अधिकारियों और जवानों की टीम दरभंगा पहुंच चुकी है और जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर सुरक्षा का जिम्मा विधिवत संभाल लिया जाएगा। आज एयरपोर्ट डायरेक्टर कार्यालय में स्थानीय सांसद सह एयरपोर्ट सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. गोपाल जी ठाकुर की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में CISF के सीनियर कमांडेंट नरपत सिंह, एयरपोर्ट डायरेक्टर डॉ. दिलीप कुमार समेत अन्य अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद डॉ. ठाकुर ने बताया कि CISF की टीम फिलहाल पॉलिटेक्निक कॉलेज के हॉस्टल में ठहरेगी, जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से CISF के अधिकारी दरभंगा में रहकर सुरक्षा संबंधी तैयारियों में जुटे थे, जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट न केवल यात्री सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामरिक दृष्टिकोण से भी संवेदनशील है। नेपाल की निकटता और भारत-नेपाल-चीन के अंतरराष्ट्रीय संबंधों को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय और गृह मंत्रालय ने सुरक्षा की जिम्मेदारी CISF को सौंपने का निर्णय लिया है।
सांसद ने इसे केंद्र सरकार की एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात कर अपनी चिंता जाहिर की थी, साथ ही विभिन्न बैठकों में भी प्रस्ताव भेजा गया था। उन्होंने कहा कि CISF की तैनाती से एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा भविष्य में अन्य विकास कार्यों का भी सकारात्मक असर देखने को मिलेगा। जिस तरह से इस एयरपोर्ट ने राजस्व तथा यात्री उड़ान के मुद्दे पर देश स्तर पर एक रिकॉर्ड स्थापित किया है उसके मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टिकोण से इस तरह का निर्णय होना जरूरी भी था।
सांसद डा. ठाकुर ने दरभंगा हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था सीआईएसएफ को सौंपने के निर्णय के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री, अमित शाह तथा नगर विमानन मंत्री, राम मोहन नायडू के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही उन्होंने दिल्ली मोड़ से एयरपोर्ट तक CCTV कैमरे लगाने, जाम की समस्या खत्म करने, खुले में मांस मछली की बिक्री एवं अव्यवस्थित दुकानों पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए। बैठक में CISF इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार, टर्मिनल मैनेजर, डीजीएम वी एल बर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
May 04, 2026
04.05.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी द्वारा आज सभी थानाध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक SSP कार्यालय, दरभंगा में आयोजित हुई, जिसमें जिले में लंबित कांडों और अनुसंधान कार्यों की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान प्रत्येक अनुसंधानकर्ता द्वारा लंबित मामलों की डेली रिपोर्ट (Daily Report) के संधारण की स्थिति की जांच की गई।
समीक्षा में खामियां पाए जाने पर बहादुरपुर थाना और नगर थाना के SHO से स्पष्टीकरण मांगा गया, जिससे पुलिस महकमे में सख्ती का स्पष्ट संकेत मिला।SSP ने सभी लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की और अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने कहा की प्रत्येक अनुसंधानकर्ता की अलग-अलग डेली रिपोर्ट तैयार की जाए, राज्य से बाहर जुड़े मामलों के लिए विशेष टीम गठित कर सत्यापन व निष्पादन किया जाए, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज की जाए, जनता के आवेदन 14 दिनों से अधिक लंबित न रहें, पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता देकर जल्द निष्पादन किया जाए, स्पीडी ट्रायल वाले मामलों की नियमित समीक्षा हो, वारंट, इश्तिहार और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाई जाए, गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित जांच हो, SHO स्वयं अनुसंधानकर्ताओं के कार्यों की नियमित समीक्षा करें।
स्पीडी ट्रायल पर जोर देते हुए एसएसपी श्री रेड्डी ने निर्देश दिया कि गंभीर अपराधों में तेजी से अनुसंधान कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपियों को जल्द सजा दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
May 04, 2026
04.05.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : दरभंगा के सांसद डा. गोपाल जी ठाकुर ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह नतीजे देशभर में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता और स्वीकार्यता का प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब “गंगोत्री से गंगासागर तक भगवा रंग का माहौल” स्थापित हो चुका है और देश के कोने-कोने में भाजपा की विचारधारा को समर्थन मिल रहा है। सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देशवासियों का अटूट विश्वास है, जो इन चुनाव परिणामों में साफ तौर पर दिखाई देता है। उन्होंने इसे भाजपा की अभूतपूर्व और ऐतिहासिक जीत बताया।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार भाजपा की सरकार बनना जनता के भरोसे और समर्थन का परिणाम है। यह जनादेश “नए भारत–विकसित भारत” के संकल्प को और गति देगा। डॉ. ठाकुर ने भाजपा के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत उनके समर्पण और मेहनत का नतीजा है। साथ ही उन्होंने जनता-जनार्दन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश सुशासन और राष्ट्रवाद के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है।
May 04, 2026
04.05.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी के निर्देशन में जिले के पुलिस पदाधिकारियों के लिए तीन दिवसीय ‘रिफ्रेशर प्रशिक्षण कोर्स’ की शुरुआत की गई है। यह प्रशिक्षण 04 मई 2026 से शुरू होकर तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें स.अ.नि., पु.अ.नि. और पु.नि. स्तर के सभी अधिकारी भाग ले रहे हैं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, रक्षित, यातायात, साइबर सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों की कार्य क्षमता, दक्षता और पेशेवर कौशल को और मजबूत करना है।
प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए कई अहम विषयों पर फोकस किया जा रहा है, जिनमें, नए आपराधिक कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान, साक्ष्य संकलन की बेहतर प्रक्रिया, कांड दैनिकी (Case Diary) लेखन में सुधार, अनुसंधान में तेजी और गुणवत्ता, सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करना, जन-शिकायतों का त्वरित निवारण, स्वस्थ जीवन शैली पर जागरूकता आदि शामिल हैं।
इस ‘रिफ्रेशर कोर्स’ के जरिए पुलिस बल को वर्तमान समय की जटिल चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। दरभंगा पुलिस अब हाईटेक, दक्ष और जनता के प्रति और ज्यादा जवाबदेह बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
May 04, 2026
04.05.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा द्वारा ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एडीआर भवन में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के निर्देश पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ, जबकि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम और प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने संयुक्त रूप से इसका संचालन किया।
इस अवसर पर ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019 तथा “सितारा” योजना 2023 के तहत ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के एकीकरण, पुनर्वास और न्याय तक उनकी पहुंच पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने और ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा में शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही पुलिस अधिकारियों और अन्य हितधारकों से संवेदनशीलता बरतने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को निःशुल्क कानूनी सलाह, आधार कार्ड रजिस्ट्रेशन, पहचान पत्र निर्माण, स्वास्थ्य जांच, नेत्र जांच और ट्रांसजेंडर कार्ड उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
सचिव आरती कुमारी ने जानकारी दी कि जिले में 04 मई से 08 मई तक ‘सितारा सप्ताह’ मनाया जाएगा, जिसके तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्य जिला विधिक सेवा प्राधिकार से मुफ्त कानूनी सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम में सहायक निदेशक डीसीपीयू अनिमेष कुमार और एमाइटी कॉलेज पटना के सहायक प्रोफेसर आशुतोष कुमार ने भी ट्रांसजेंडर समुदाय के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय से शालू, मुन्नी किन्नर, सोनी किन्नर, राजनंदिनी, मोती, चांदनी, गौड़ी और सरिता सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। यह पहल ट्रांसजेंडर समुदाय को अधिकार और सम्मान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।