April 25, 2026
25.04.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। आज जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 9107 एलपीजी गैस सिलेंडर का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 6936, बेनीपुर में 1090 और बिरौल अनुमंडल में 1081 सिलेंडर शामिल हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी के अनुसार, वितरण के बाद भी एजेंसियों के गोदामों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
सदर अनुमंडल में 7644, बेनीपुर में 1488 तथा बिरौल में 2814 सिलेंडर शेष हैं। इस प्रकार, जिले में कुल 11946 एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं। प्रशासन ने 26 अप्रैल के लिए भी वितरण लक्ष्य तय किया है, जिसके तहत सदर अनुमंडल में 19264, बेनीपुर में 3794 और बिरौल में 4347 सिलेंडर वितरित किए जाएंगे। उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नंबर लगाने के 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध करा दी जाती है। शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति भी कैटरिंग के माध्यम से की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के बाद बुकिंग करने पर गैस की डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान में जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
डीएम ने सभी गैस एजेंसियों को पारदर्शी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जिला प्रशासन द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम (06272-245055) पर संपर्क करने की अपील की गई है। अब तक कुल 1939 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से अधिकांश का समाधान कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुनाफाखोरी और जमाखोरी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत तुरंत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
March 13, 2026
13.03.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च 2026, शनिवार को व्यवहार न्यायालय दरभंगा, बेनीपुर एवं बिरौल में प्रातः 10:00 बजे से किया जाएगा। इस दौरान आपसी सुलह के आधार पर विभिन्न कंपाउंडेबल वादों की सुनवाई कर उनका निस्तारण किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए बिहार विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर प्राधिकार के सचिव द्वारा कुल 28 बेंचों का गठन किया गया है।
इनमें व्यवहार न्यायालय दरभंगा में 16 बेंच, व्यवहार न्यायालय बेनीपुर में 05 बेंच तथा व्यवहार न्यायालय बिरौल में 07 बेंच शामिल हैं।गौरतलब है कि प्रत्येक बेंच में एक पीठासीन पदाधिकारी, एक अधिवक्ता तथा एक पीठ लिपिक की प्रतिनियुक्ति की गई है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मुकदमों की सुनवाई की जाएगी। इनमें मुकदमा पूर्व एवं लंबित वाद जैसे शमनीय (कंपाउंडेबल) आपराधिक वाद, एन.आई. एक्ट धारा 138 के मामले, बैंक ऋण वसूली वाद, मोटर दुर्घटना दावा वाद, श्रम विवाद, बिजली एवं पानी बिल संबंधी विवाद, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण वाद, सेवा संबंधी मामले (वेतन, भत्ता एवं सेवानिवृत्ति लाभ), राजस्व मामले (जिला न्यायालय में लंबित) तथा अन्य दीवानी वाद जैसे किराया, सुखाधिकार, निषेधाज्ञा वाद, संविदा के विनिर्दिष्ट पालन से जुड़े मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त बीएसएनएल से संबंधित मामलों का भी आपसी सुलह के आधार पर तत्काल निष्पादन किया जाएगा।
March 13, 2026
13.03.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : कौशल कुमार, जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा के निर्देशानुसार 8 बिहार बटालियन एनसीसी, दरभंगा, एनएसएस इकाई, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, जिला जल एवं स्वच्छता समिति तथा नगर निगम, दरभंगा की सहभागिता से जिला गंगा समिति द्वारा 16 से 31 मार्च 2026 तक “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा” एवं “जल महोत्सव पखवाड़ा” का आयोजन किया जाएगा।
नदियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता के प्रयासों में आम जनमानस की भागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण पेयजल की स्थिरता को सुदृढ़ करने तथा सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जल महोत्सव पखवाड़ा भी इसके साथ आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 16 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे समाहरणालय परिसर, दरभंगा में “जल अर्पण” कार्यक्रम एवं पोस्टर विमोचन के साथ किया जाएगा। इसके उपरांत गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण को लेकर एक जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जिसका फ्लैग-ऑफ समाहरणालय परिसर से किया जाएगा। रैली कलेक्ट्रेट कैंपस, रजिस्ट्री ऑफिस, एसएसपी ऑफिस, कमिश्नर ऑफिस, ऑडिटोरियम, आदर्श मिडिल स्कूल, केएम टैंक शिव मंदिर, लोहिया चौक, लहेरियासराय टावर, लहेरियासराय पोस्ट ऑफिस एवं लहेरियासराय स्टेशन रोड होते हुए विकास भवन, दरभंगा में समाप्त होगी।
पखवाड़ा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता हेतु श्रमदान, गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण की शपथ, नुक्कड़ नाटक, पौधारोपण, ज्ञान प्रतियोगिता (चित्रकला, रंगोली एवं भाषण) तथा गंगा आरती जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 से 30 मार्च के बीच गंगा सागर तालाब घाट, लक्ष्मी सागर तालाब घाट, श्यामा मंदिर तालाब घाट, बागमती नदी घाट (किलाघाट एवं हजारीनाथ मंदिर), कबीलपुर तालाब घाट तथा मब्बी स्थित महादेव मंदिर घाट पर स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। इस पखवाड़ा का उद्देश्य नदियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना, जल संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व को मजबूत करना है।जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा फारूक इमाम, जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति को सभी संबंधित पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन, दरभंगा ने आम जनता, स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं और युवाओं से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाकर स्वच्छ गंगा और जल संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।
March 13, 2026
13.03.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आज प्रमंडलीय सभागार, दरभंगा में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दरभंगा प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों के शिक्षा विभाग से संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आयुक्त ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के मानदेय का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में मानदेय भुगतान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। आयुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को नियमित रूप से कस्तूरबा विद्यालयों का निरीक्षण करने तथा विद्यालय परिसर की चाहरदीवारी, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ देने को कहा।
बैठक में आयुक्त ने शिक्षकों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारियों को विद्यालयों में शौचालय, बेंच-डेस्क, पंखा, स्मार्ट टीवी आदि आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त जर्जर विद्यालय भवनों की स्थिति का सर्वेक्षण कर उसकी रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया, ताकि आवश्यकतानुसार मरम्मत या पुनर्निर्माण की कार्रवाई की जा सके।
आयुक्त ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में कम से कम 10-10 विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय भवनों का रंग-रोगन कराने, सभी विद्यालयों में चारदीवारी निर्माण कराने तथा भूमिहीन विद्यालयों के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।
March 13, 2026
13.03.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : जिलाधिकारी, दरभंगा के आदेश के आलोक में जिले की सभी गैस एजेंसियों के कार्यों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इन पदाधिकारियों की उपस्थिति में गैस सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा वितरण प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित होती रहे।
उल्लेखनीय है कि दरभंगा जिले में संचालित एलपीजी गैस एजेंसियों द्वारा 13 मार्च को कुल 12,260 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया है, जबकि 10,055 सिलेंडर एजेंसियों के पास शेष हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को दरभंगा जिले में 6,732 एलपीजी गैस सिलेंडर आने की संभावना है। इस प्रकार एजेंसियों के पास कुल 16,787 गैस सिलेंडर उपलब्ध रहेंगे। इनमें से 14 मार्च को जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों द्वारा लगभग 11,970 गैस सिलेंडरों के वितरण की संभावना है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। आमजनों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी प्रकार की गलत सूचना से बचें। जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था की सतत एवं गहन निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।