February 19, 2026
19.02.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिले में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न स्थलों पर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्माण कार्यों में अपेक्षित तेजी लाने के कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने दिल्ली मोड़, पंडासराय, बेला गुमटी तथा चट्टी गुमटी में चल रहे निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन कारणों से कार्य प्रभावित हो रहा है, उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए और सभी परियोजनाओं में अपेक्षित गति लाई जाए।
पंडासराय व चट्टी गुमटी पर विशेष निर्देश
पंडासराय में आर/ई (रिटेनिंग) वॉल निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा आरओबी भाग की डिजाइन एवं ड्राइंग शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। चट्टी गुमटी के समीप प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य को लेकर डीएम ने संबंधित एजेंसी को अविलंब कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया, ताकि आरओबी निर्माण में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इस बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, कार्य प्रमंडल दरभंगा के वरीय परियोजना अभियंता द्वारा पंडासराय गुमटी, बेला गुमटी और चट्टी गुमटी सहित अन्य स्थलों पर प्रगति की विस्तृत जानकारी दी गई। निगम के अभियंता ने आश्वस्त किया कि सभी आरओबी एवं संबद्ध कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए तेजी से कार्य कराया जा रहा है। डीएम ने कहा कि आरओबी निर्माण कार्य पूर्ण होने से शहर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
February 19, 2026
19.02.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : जिले में मोबाइल कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने और संचार सेवाओं को देश स्तर पर अव्वल बनाने के उद्देश्य से व्यापक पहल शुरू कर दी गई है। स्थानीय सांसद एवं लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर ने लहेरियासराय स्थित संसदीय कार्यालय में दूरसंचार विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा की केंद्र सरकार की पीएम शक्ति गति योजना के विभिन्न आयामों से दरभंगा को जोड़ते हुए संचार ढांचे को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा बजट में लगभग 73,990.94 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिसके माध्यम से भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) को पुनर्जीवित कर मिशन मोड में कार्य किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में 121 से अधिक बीएसएनएल टावरों पर 4G सेवा क्रियाशील है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की कमजोरी को दूर करने के लिए 100 नए टावर स्थापित करने हेतु स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। साथ ही, वर्तमान टावरों को चरणबद्ध तरीके से 5G में उन्नत करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संचार सेवा के क्षेत्र में दरभंगा को देश के चुनिंदा जिलों में शामिल करने के लिए ग्रामीण ब्रॉडबैंड एवं नेटवर्क विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने बीएसएनएल के साथ-साथ Bharti Airtel, Reliance Jio और Vodafone Idea सहित अन्य कंपनियों को आपसी समन्वय से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि बिजली के पोल, ऊंची इमारतों, ओवरब्रिज एवं पानी टंकियों के माध्यम से नेटवर्क को मजबूत बनाया जा सके।
बैठक में सांसद ने दूरसंचार विभाग की भूमि, सीमांकन, कार्यरत कर्मचारियों एवं रिक्त पदों का विवरण उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। साथ ही, संचार सेवाओं में हिंदी और अंग्रेजी के साथ आठवीं अनुसूची की क्षेत्रीय भाषाओं, विशेषकर मैथिली, को शामिल करने पर बल दिया। इस बैठक में क्षेत्रीय वरीय प्रबंधक विनोद गुप्ता, सहायक वरीय प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार तथा नेटवर्क वरीय अभियंता ब्रह्मदेव प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
February 10, 2026
10.02.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : व्यवहार न्यायालय, दरभंगा में नवादा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश स्वर्गीय शिल्पी सोनी राज के आकस्मिक निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री शिवगोपाल मिश्रा, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश प्रमोद कुमार पंकज सहित व्यवहार न्यायालय, दरभंगा के सभी न्यायाधीश एवं न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे। शोक सभा के दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत न्यायाधीश को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
उपस्थित सभी न्यायाधीशों एवं कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। स्वर्गीय शिल्पी सोनी राज नवादा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थापित होने से पूर्व बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना में सदस्य सचिव के रूप में कार्यरत थीं। उनका असामयिक निधन न्याय जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। इस अवसर पर सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को चिरशांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
February 10, 2026
10.02.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार पटना के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा के माध्यम से 12 फरवरी 2026 (गुरुवार) को संयुक्त श्रम भवन (रामनगर आई० टी० आई० के निकट) लहेरियासराय, दरभंगा के कार्यालय परिसर में Svatantra Microfin Pvt. Ltd. द्वारा 11:00 बजे पूर्वाहन से 3:00 बजे अपराहन् तक जॉब कैम्प का आयोजन किया जाएगा। जॉब कैम्प में Field Officer के लिए, कुल 20 पदों पर नियुक्ति के लिए साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा।
जिसमें 10th+12th उत्तीर्ण महिला/पुरुष अभ्यर्थी की बहाली की जाएगी। जिसके लिए अभ्यर्थी की उम्र सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित है। कम्पनी द्वारा अभ्यर्थी को 12,500 रूपये वेतन के अलावे मुफ्त पी० एफ०, ई० एस० आई०, इनसेन्टिव, प्रतिमाह दिया जाएगा। नियोजक द्वारा चयनित अभ्यर्थी को पुरे बिहार में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।नियोजक द्वारा चयनित अभ्यर्थी को दो पहिया वाहन एवं चालक लाईसेन्स होना अनिवार्य है इसलिए सभी इच्छुक अभ्यर्थी को सूचित किया जाता है कि इस जॉब कैम्प में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठावे। इस जॉब कैम्प में भाग लेने हेतु अभ्यर्थी के लिए नियोजनालय निबंधन अनिवार्य है।
इच्छुक अभ्यर्थी भारत सरकार के NCS Portal (www.ncs.gov.in) पर जाकर खुद से व इस नियोजनालय में आकर निबंधन करा सकते है। अभ्यर्थी इस जॉब कैम्प में भाग लेने हेतु अपना बायो डाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रंगीन फोटो-05, आधार कार्ड, पेन कार्ड एवं अन्य प्रमाण पत्र की छाया प्रति साथ अवश्य लायें व जॉब कैम्प में निःशुल्क सम्मिलित हों।
February 10, 2026
10.02.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : जिला परिवहन पदाधिकारी दरभंगा ने बताया कि दरभंगा जिला के शहरी क्षेत्रों में विभिन्न रूटों पर (चलने वाले )Conflict/Overlapping को न्यून करने एवं यातायात सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ऑटो रिक्शा एवं ई० रिक्शा के सभी रूटों को जोनों में विभाजित किया जाना है। इसके लिए 09 फरवरी 2026 से यातायात थाना, दरभंगा में निःशुल्क निबंधन किया जा रहा है। उन्होंने सभी ऑटो रिक्शा एवं ई० रिक्शा वाहन स्वामी से अनुरोध किया है की 24 फरवरी 2026 से पूर्व ससमय अपना-अपना निबंधन यातायात थाना, दरभंगा में अवश्य करावें। प्रभारी यातायात थाना का दूरभाष नंबर 9031827364 है।