December 07, 2025
07.12.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार शिव गोपाल मिश्र ने राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार रथ को न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि शनिवार 13 दिसंबर को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में आमजनों को जागरूक करने के लिए जागरूकता रथ को रवाना किया गया है। इस रथ के जरिए पूरे क्षेत्र में लोक अदालत का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में विवाद सुलझाने के अनेक फायदे हैं।
यहां केवल जीत और जीत होती है क्योंकि किसी भी पक्ष की हार नहीं होती। लोक अदालत के फैसले सिविल न्यायालय के फैसले के समान होता है। निर्णय अंतिम और सभी पक्षों पर बाध्यकारी होता है, इस फैसले के विरुद्ध कोई अपील नहीं होती है। मामले में यदि कोर्ट फी जमा हो तो वह वापस मिल जाता है और सबसे बड़ी बात की इसके फैसले को सभी पक्ष मानकर अपने पारिवारिक और सामाजिक शांति भी बरकरार रखते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने कहा कि आशा है कि इस आयोजन में लोग बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेंगे और हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
मौके पर विशेष न्यायाधीश पोस्को प्रोतिमा परिहार, विशेष न्यायाधीश उत्पाद रविशंकर कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम सहित कई न्यायिक अधिकारी, लीगल ऐड डिफेंस सदस्य, पैनल अधिवक्ता, पीएलवी आदि मौजूद थे।
December 07, 2025
07.12.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबन्धन को मिली प्रचंड बहुमत के बाद अब बिहार सरकार प्राथमिकता के आधार पर राज्य में रोज़गार की व्यवस्था करने के लिए प्रतिबद्ध है। मिथिला क्षेत्र खासकर दरभंगा में औद्योगिक निवेश के लिए हर तरह से माहौल तथा वातावरण अनुकूल है।
दरभंगा में मेगा फूड पार्क जैसी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ठोस पहल करने की आवश्यकता है। स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर ने शनिवार की देर रात बिहार सरकार के उद्योग मंत्री सह बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल से पटना स्थित उनके आवास पर भेंट करने के बाद उपरोक्त बातें कही है।
इस क्रम में सांसद डा ठाकुर ने उद्योग मंत्री का मिथिला की संस्कृति और परंपरा के अनुसार पाग एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया। सांसद डा ठाकुर ने बिहार सरकार के उद्योग मंत्री से हुई मुलाकात के संबंध में जानकारी देते हुए बताया है कि उद्योग मंत्री डॉ जायसबाल ने उन्हें जानकारी दी है कि नए सरकार के गठन के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में उद्योग विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा की गई है जिसमें दरभंगा में रोजगार उपलब्ध कराए जाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई है।
सांसद डा ठाकुर ने बताया कि उन्होंने उद्योग मंत्री डॉ जायसबाल से आग्रह किया है कि तीव्र औद्योगिक विकास के लिए दरभंगा में मेगा फूड पार्क औद्योगिक पार्क व अत्याधुनिक इंडस्ट्रियल पार्क के साथ साथ युवाओं को कौशल व उद्यमिता प्रशिक्षण के लिए शीघ्र पहल करने की जरूरत है। सांसद डा. ठाकुर ने बताया कि उद्योग मंत्री से चर्चा के क्रम में दरभंगा में सरकार की खाली जमीन पर इंटिग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की प्रक्रिया की संभावनाओं पर पहल किया जा सकता है तथा मजबूत और औद्योगिक रूप से प्रगतिशील मिथिला के नव निर्माण का संकल्प पूरा किया जा सकता है।
सांसद डा. ठाकुर ने दरभंगा जिले के बंद परे औद्योगिक इकाइयों की पुनर्स्थापना के लिए प्रतिबद्ध बताते हुए कहा कि दरभंगा में एम्स एयरपोर्ट तारामंडल आईटी पार्क मखाना बोर्ड जैसे विकासात्मक कार्यों के बाद अब औद्योगिक निवेश की पहल के लिए पहल शुरू कर दी गई है।
December 07, 2025
07.12.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी के निर्देशन मे पुलिस पब्लिक मैत्री एवं समाज मे शांति, सद्भावना स्थापित करने के उद्देश्य से दरभंगा जिला के जाले थाना अन्तर्गत काजी अहमद कॉलेज ग्राउंड में जाले थाना द्वारा जाले प्रशासन 11 और जाले स्थानीय टीम के बीच पुलिस-पब्लिक क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया, जिसमें जाले प्रशासन -11 की टीम विजेता घोषित हुई। मैदान में उपस्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर -02 एवं अन्य के द्वारा विजेता टीम का मनोबल बढ़ाया।
December 07, 2025
07.12.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मेडिकल डायग्नोसिस और मैनेजमेंट को आसान और सटीक कर रहा है। अगर आज के चिकित्सकों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अपने प्रैक्टिस में नहीं अपनाया तो जल्दी ही वे बेमानी हो जाएंगे। चीन में दुनिया का पहला मानव रहित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोट वाला अस्पताल कार्यरत हो चुका है, जहां पर सारी सुविधा रोबोट और कंप्यूटर के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से दी जाती है और वह अभी के अस्पतालों से ज्यादा अच्छे ढंग से कार्य कर रहा है।
यह विचार जम्मू से आए डॉक्टर अरुण अरोरा ने एक स्थानीय होटल में आयोजित दरभंगा ऑब्सट्रेटिक्स एंड गाइनेकोलॉजिस्ट सोसायटी के सीएमइ में व्यक्त किया। डॉक्टर अरुण अरोरा के सत्र के अध्यक्षता डॉक्टर उषा झा एवं डॉक्टर पूजा महासेठ ने की। डॉ अरोरा ने विस्तार से बताया कि किस प्रकार विभिन्न प्रसूति एवं स्त्री रोगों के पहचान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस काम कर रहा है। यहां न सिर्फ बांझपन एवं कठिन गर्भ के विषयों को सरल बना रहा है बल्कि महिलाओं में भविष्य में होने वाली बीमारियों की कई दशक पहले सटीक भविष्यवाणी करने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि इससे थ्री डी इफेक्ट सुपर इंपोजिट इमेज के कारण बिल्कुल सटीक सर्जरी और रोबोटिक सर्जरी करने में बहुत सुविधा हो जाएगी, वैसे ही आईभीएफ में सही स्पर्म और भ्रूण चुनाव में सटीकता होगी, पर इसके कारण भविष्य में एथिकल प्रश्न भी उठेंगे। डॉ ओम प्रकाश ने कहा कि इन सब कार्यों में डाटा और कुशल इंजीनियरिंग उपकरणों की जरूरत होगी जिसमें अभी पश्चिम हमसे बहुत आगे है। एक अन्य सत्र में डॉक्टर कुमुदनी झा ने प्रीटर्म लेबर पर व्याख्यान दिया और इसके इलाज में योनि मार्ग से प्रोजेस्टरॉन के इस्तेमाल पर बल दिया।
इस सत्र की अध्यक्षता डॉ अलका झा और डॉक्टर नूतन राय ने की। डॉक्टर कुमुदिनी झा की अध्यक्षता में आयोजित इस सीएमइ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरीय चिकित्सक डॉक्टर भरत प्रसाद उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्त्री रोग विशेषज्ञों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर राजश्री पूर्वे ने किया।
December 05, 2025
04.12.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : सांसद डा. गोपाल जी ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से संसद भवन स्थित उनके कक्ष में आत्मीय मुलाकात कर मिथिला परम्परानुसार पाग एवं चादर से सम्मानित किया और उनसे मिथिला की हृदयस्थली दरभंगा में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क स्थापित किए जाने हेतु आग्रह करते हुए राष्ट्रीय उच्च पथों, निर्माणाधीन विभिन्न एक्सप्रेस वे तथा अन्य केन्द्रीय परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
सांसद डा ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी के साथ दरभंगा में लॉजिस्टिक पार्क को स्थापित करने के पीछे यहां की भौगोलिक तथा यहां के विकासात्मक तथ्यों की उपलब्धता पर चर्चा करते हुए कहा कि दरभंगा में एयरपोर्ट, N.H- 27 , आमस- दरभंगा एक्सप्रेस- वे गुजर रही है, विश्वस्तरीय दरभंगा रेलवे स्टेशन का निर्माण हो रहा है, न्यू दरभंगा स्टेशन बना है और दरभंगा के बगल से पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे एवं गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस- वे प्रस्तावित है यदि उक्त स्थल पर लॉजिस्टिक पार्क का निर्माण होता है तो निश्चित रूप से दरभंगा सहित सम्पूर्ण मिथिला का तीव्रतम विकास होगा। जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सांसद को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस संबंध में शीघ्र ही ठोस पहल शुरू कर दी जाएगी। सांसद डा ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष लॉजिस्टिक पार्क की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि अभी केंद्र सरकार के द्वारा सड़क, रेल तथा हवाई मार्ग की सुविधा बढ़ाई जा रही है उसमें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए लॉजिस्टिक पार्क मील का पत्थर साबित होगा।
सांसद डा ठाकुर ने अपने मुलाकात के क्रम में मंत्री से दरभंगा शहर में जाम से मुक्ति हेतु उनके मंत्रालय अंतर्गत केंद्रीय सड़क एवं बुनियादी ढांचा कोष अर्थात सीआरआईएफ सेतु बंधन योजना से निर्माणाधीन दोनार गुमती, पंडासराय गुमती, दिल्ली मोड़, बेला गुमती सहित अन्य गुमती पर आरओबी बनाने के लिए दरभंगा तथा मिथिलावासियों की ओर से आभार प्रकट करते हुए कहा कि ये सभी आरओबी आने वाले समय में दरभंगा शहर के लिए वरदान साबित होगा।
भारतमाला परियोजना के तहत 189 किलोमीटर लंबाई में लगभग 5, हजार करोड़ से निर्माणाधीन आमास-दरभंगा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे, 282 किलोमीटर की लंबाई में लगभग 18 हजार करोड़ रुपए की राशि से बनने वाली पटना पूर्णिया एक्सप्रेस वे तथा 520 किलोमीटर की लंबाई में लगभग 39 हजार करोड़ की राशि से बनने वाली गोरखपुर सिलिगुड़ी एक्सप्रेस वे कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया तथा दरभंगा दिल्ली मोर एयरपोर्ट से जयनगर तक जानेवाली एन एच 105 के नवनिर्माण को समय से पूरा करने हेतु विभागीय स्तर पर निर्देश देने का आग्रह किया।
दरभंगा में एम्स एवं एयरपोर्ट के कारण दरभंगा शहर को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी प्रदान करने हेतु प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर, दरभंगा शहर का हो रहे विस्तारीकरण को देखते हुए आउटर रिंग रोड निर्माण, रामनगर आई.टी.आई से रोसड़ा सड़क, पटना- पूर्णिया प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का लिंक रोड दरभंगा शहर को देने, सकरी N.H -27 से खगड़िया वाया बेनीपुर- बिरौल- कुशेश्वरस्थान जिसमें धरौड़ा से दरभंगा शहर को लिंक रोड बनाने, भारतमाला से निर्माणाधीन उच्चैठ भगवती स्थान से महिषी तारा स्थान सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग 31बेगुसराय से राष्ट्रीय राजमार्ग 27 सकरी तक फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि बिहार में दरभंगा जिस तरह से आर्थिक, राजनीतिक तथा व्यापारिक रूप से केंद्र बिंदु बन रहा है उसके मद्देनजर इस तरह के पहल से दरभंगा के सर्वांगीण विकास का सपना धरातल पर साकार होना सुनिश्चित किए जाने के लिए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा बिहार के सीएम नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में एनडीए गठबन्धन की सरकार संकल्पित है।