November 17, 2024
15.11.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : दरभंगा जिला खेल महोत्सव 2024 का आयोजन दरभंगा जिला खेल संघ के तत्वावधान में नेहरू स्टेडियम लहेरियासराय में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मदन सहनी मंत्री बिहार सरकार समाज कल्याण विभाग एवं विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर विनय कुमार चौधरी विधायक बेनीपुर गौड़ाबौराम विधायक स्वर्णा सिंह, सुजीत कुमार सिंह एवं डॉ.रामबाबू खेतान उपस्थित हुए। मंत्री बिहार सरकार मदन सहनी को मो. जावेद अनवर ने प्रतीक चिन्ह एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से पौधा प्रदान कर सम्मानित किया।
विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर विनय कुमार चौधरी विधायक बेनीपुर, स्वर्णा सिंह विधायक गौड़ाबौराम, सुजीत कुमार सिंह भारतीय राजस्व सेवा पदाधिकारी को जिला खेल संघ दरभंगा के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह ने पौधा एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। डॉ. रामबाबू खेतान को दरभंगा जिला साइकलिंग संघ के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने सम्मानित किया। इस अवसर पर ध्वजा तोलन के बाद मुख्य अतिथि ने मशाल को वरीय खिलाड़ी गुड्डी कुमारी को प्रदान किया। प्रतिभा कुमारी, रूबी कुमारी, भारती कुमारी, आरती कुमारी एवं कंगना ने मैदान का चक्कर पूरा करते हुए खिलाड़ियों को नई ऊर्जा प्रदान की। माउंट समर कान्वेंट स्कूल की छात्राओं ने गणेश वंदना, झिझिया नृत्य एवं स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि से लेकर सभी खिलाड़ियों का दिल जीत लिया।
मो.जावेद अनवर ने जिला खेल महोत्सव के शुभारंभ के लिए जहां जिला खेल संघ दरभंगा के सभी पदाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया, वहीं मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के द्वारा विशेष कर समय प्रदान करते हुए इन खिलाड़ियों के लिए अपनी उपलब्धता बनाने हेतु उनका जोरदार स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर विनय कुमार चौधरी ने खेल मानव के जीवन की आज संजीवनी बन गया है। साथ ही आर्थिक संस्कार एवं अनुशासन की दृष्टि से खेल अत्यंत आवश्यक हो गया है। वहीं मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए बिहार सरकार की विभिन्न खेल की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। बाल्य काल में ही खेल के प्रति रुझान और उसके प्रति दीवानगी उत्पन्न करने के लिए जिला खेल संघ के आयोजनकर्ताओं को भी विशेष रूप से उन्होंने धन्यवाद देते कहा कि अब पुराना समय बीत गया। खेल के माध्यम से मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना के तहत डीएसपी और एसडीओ तक की नौकरियां मिल रही है।
उनकी इस उद्घोषणा को सुनकर खिलाड़ी एवं खेल प्रेमियों ने जोरदार ताली से बिहार सरकार की इस योजना का अभिनंदन किया। उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में लगे सभी व्यक्तियों का अभिनंदन किया और अपनी ओर से खेल के सफल संचालन हेतु जो भी संभव सहयोग होगा आयोजन समिति को उसके लिए आश्वस्त किया।जिला खेल संघ दरभंगा के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अपनी उपस्थिति के लिए मुख्य अतिथि मंत्री बिहार सरकार समाज कल्याण विभाग मदन सहनी, विधायक बेनीपुर प्रोफेसर विनय कुमार चौधरी विशिष्ट अतिथि सहित सभी खेल प्रेमियों एवं खेल संघ के पदाधिकारी का अभिनंदन किया और उनके सहयोग के लिए उनके प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। आज संपन्न हुए एथलेटिक्स की प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार हैं।
गोला फेक बालक वर्ग प्रथम विक्की कुमार जेम्स इंग्लिश स्कूल, द्वितीय प्रिंस कुमार रोज पब्लिक स्कूल दरभंगा, तृतीय स्थान पंकज कुमार निर्मला अकैडमी गोला फेक, बालिका प्रथम राधा कुमारी किलकारी बिहार बाल भवन, द्वितीय अंबईया सुल्तान प्लस टू सी के न सिंहवाड़ा, तृतीय मुस्कान कुमारी निर्मला अकैडमी चक्का फेंक बालक, प्रथम अर्जुन सहनी महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान, द्वितीय जयदीप चौपाल प्लस टू सी के एन सिंघवारा, तृतीय अभय कुमार प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय बरुआरा, चक्का फेंक बालिका में प्रथम अम्बैया सुल्तान प्लस टू सी के एन सिंहवाड़ा, द्वितीय साक्षी शुभम डी ए वी दरभंगा, तृतीय रोशनी संजय मिश्रा महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान, 1500 मीटर बालक प्रथम राघवेंद्र कुमार कामरान मनु मॉडल चंदन पट्टी, द्वितीय आदर्श कुमार सिंह, तृतीया अक्षय कुमार सिंह प्लस टू बापू स्मारक उच्च विद्यालय कुसोथर।
1500 मी बालिका प्रथम पूर्णिमा कुमारी सेंट टेरेसा पब्लिक स्कूल, द्वितीयप्रतिभा कुमारी प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय तारालही, तृतीय भारती कुमारी डी ए वी दरभंगा। 3000 मीटर बालक प्रथम राघवेंद्र कुमार कामरान मनु मॉडल चंदन पट्टी,द्वितीय चंद्र प्रकाश प्लस टू जे एन जे यू नवादा, तृतीय बिरजू मुखिया जनता उच्च विद्यालय शिवनगर घाट। 3000 मी बालिका प्रथम अर्चना कुमारी प्लस टू उच्च विद्यालय पंचोव, द्वितीय साक्षी कुमारी डी ए वी दरभंगा, तृतीय डाली कुमारी प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय तारालही। 600 मीटर दौड़ प्रथम बालक केशव कुमार सिंह प्लस टू बापू स्मारक विद्यालय कुसोथर, द्वितीय अमन कुमार देव प्लस टू उच्च विद्यालय पोहद्दी बेला, तृतीय हृदय कुमार प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय तारालाही।
600 मी बालिका प्रथम पूजा कुमारी प्लस टू उच्च विद्यालय पंचोव, द्वितीय राधा कुमारी किलकारी बिहार बाल भवन, तृतीय प्रतिभा कुमारी उच्च माध्यमिक विद्यालय तारालही।
November 15, 2024
14.11.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : मिथिला विभुति पर्व समारोह के दूसरे दिन आज मिथिलाक गाम विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्यापति सेवा संस्थान दरभंगा के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन दरभंगा के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ओम प्रकाश ने दीप प्रज्वलित कर किया। सुधा डेयरी दरभंगा के प्रबंधक सुभाष कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे जबकि प्रख्यात पत्रकार विष्णु झा संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे थे। इस संगोष्ठी में लगभग 40 आलेख प्राप्त हुए थे जिन्हें संकलित कर पुस्तकाकार किया गया और मौके पर ही अतिथियों ने इसका लोकार्पण भी किया। विदित हो कि पिछले वर्ष भी मिथिलाक गाम विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया था जिसमें 90 से अधिक गांव के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई थी।
उसे भी पुस्तकाकार किया गया था। संगोष्ठी के संयोजक प्रख्यात साहित्यकार मणिकांत झा ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की आत्मा गांव में निवास करती है और खासकर मिथिला तो गांव का ही क्षेत्र है जहां धरती से सीता उत्पन्न हुई है, देवाधिदेव महादेव महाकावि विद्यापति की चाकरी करने हेतु उनके यहां उगना बनकर बहुत दिनों तक रहे थे। उस मिथिला के छोटे छोटे गाँवों मे जानकारी का खजाना भरा पड़ा है। आवश्यकता है उसके दस्तावेजी करण का जो इस संगोष्ठी के माध्यम से किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए चिकित्सक डॉक्टर ओमप्रकाश ने कहा की गांव में रहने वाले लोग शहर के सभी सुख सुविधाओं को प्राप्त करते हैं किंतु अपनी सभ्यता एवं संस्कृति को आज भी अक्षुण्ण बनाए हुए हैं।आवश्यकता है गांव में चल रहे रीति रिवाजों को संजोकर रखने की।
मुख्य अतिथि के पद से बोलते हुए सुभाष कुमार सिंह ने कहा की गांव में सीखने के लिए बहुत कुछ पड़ा हुआ है। आज भी हम अपने दैनिक जीवन में गांव में सुनने वाले मुहावरों को तथा कहावतों को चरितार्थ कर रहे हैं। उन्होंने इस तरह के आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के पद से बोलते हुए प्रोफेसर अयोध्या नाथ झा ने मिथिला के विभिन्न गांवों से आलेख आने की आवश्यकता पर बल दिया। डॉक्टर महेंद्र राम ने अपने गांव के गुणों का बखान किया। आगत अतिथियों का स्वागत संस्थान के महासचिव डॉक्टर बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने अपने उद्बोधन से किया।
उन्होंने कहा की विद्यापति सेवा संस्थान मिथिला के सर्वांगीण विकास के लिए कृत संकल्प है। संस्थान के अध्यक्ष तथा पूर्व कुलपति प्रोफेसर शशि नगर नाथ झा ने कहा कि इस संगोष्ठी कि यह सफलता है की पुस्तक के माध्यम से हम विभिन्न गांवों के विशिष्टता को समझ सकेंगे।
संगोष्ठी में डॉक्टर सती रमण झा, शंभू नाथ मिश्रा आसी , कामेश्वर कुमार ओझा , रितु प्रज्ञा, गोपाल कुमार झा, प्रभाकर कुमार झा ,डॉक्टर सत्येंद्र कुमार झा, मोहन मुरारी झा , सुमित श्री झा, डॉ अजय कुमार, डॉक्टर प्रतिभा स्मृति, साहेब ठाकुर, प्रतिभा किरण, मुन्नी मिश्र, आनंद शंकर, इंदु कुमारी, बागेश्वरी कुमारी, डॉक्टर पूनम कुमारी झा, रामचंद्र राय, नीलम झा, स्वर्णिम किरण प्रेरणा सहित अनेक वक्ताओं ने अपने आलेख का पाठ किया। धन्यवाद ज्ञापन हरि किशोर चौधरी ने किया जबकि कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित गंधर्व कुमार झा के बेदध्वनि एवं डॉ ममता ठाकुर के गाए भगवती वंदना से और समापन जानकी ठाकुर के गाए नचारी से किया गया।
November 15, 2024
14.11.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता द्वारा बताया गया की 10 नवम्बर से 13 नवम्बर 2024 तक दरभंगा नगर निगम क्षेत्रांतर्गत "स्वच्छ शहर अभियान" माननीय प्रधानमंत्री के दरभंगा आगमन के अवसर पर विशेष अभियान चलाया गया था, उक्त विशेष स्वच्छ अभियान को आगे 20 नवम्बर 2024 तक विस्तारित किया गया है। संपूर्ण शहर के मुख्य मार्गों, चौक चौराहों एवं घाटों को साफ-सफाई किया जा रहा है, साथ ही नगर आयुक्त द्वारा स्वयं भ्रमणशील रह कर उक्त अभियान का निरीक्षण किया जा रहा है।
नगर आयुक्त की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में स्वच्छ अभियान को विस्तारित को लेकर बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने कहा की नगर निगम के सभी पदाधिकारीयों, नगर निगम के सभी संसाधनों को शहर की साफ-सफाई में लगाया गया है। आज सफाई की विशेष अभियान के तहत गंगा सागर पोखर, दरभंगा टावर आदि स्थलों की साफ सफाई कराया गया।
विशेष अभियान के तहत अब दरभंगा नगर निगम में सफाई में आमूल चूल परिवर्तन आया है। नगर आयुक्त द्वारा विशेष अभियान के क्रम में शहरी क्षेत्र के मुख्य सड़क, तालाबों आदि का औचक निरीक्षण किया गया तथा कर्मियों को सफाई हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
November 15, 2024
14.11.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : दरभंगा में एम्स निर्माण शिलान्यास कार्यक्रम की सफ़लता ने देश स्तर पर एक इतिहास कायम किया है। दो लाख से अधिक लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने जिस तरह से पीएम मोदी तथा सीएम नीतीश कुमार सहित अन्य नेताओं के विचारों को आत्मसात् किया वह अपने आप में एक उदाहरण है।
इस कार्यक्रम में साढ़े आठ करोड़ मिथिलावासियों की ओर से पीएम मोदी तथा सीएम नीतीश कुमार को साधुवाद है। इस कार्यक्रम को सफ़ल बनाने में अपना योगदान देनेवाले एनडीए के नेताओं कार्यकर्ताओं तथा प्रशासनिक अधिकारियों सभी मीडियाकर्मियों को इसके लिए साधुवाद है। लोकसभा में भाजपा सचेतक सह सांसद डा गोपाल जी ठाकुर ने एम्स निर्माण शिलान्यास कार्यक्रम तथा जनसभा में भाग लेनेवाले तथा इसको सफल बनाने के लिए सभी लोगों के प्रति आभार जताते हुए उपरोक्त बातें कही हैं।
सांसद डा ठाकुर ने इस कार्यक्रम को मिथिला क्षेत्र के लिए मिल का पत्थर बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संबोधन में जिस प्रकार से मिथिला की पूजनीय माता सीता कवि कोकिल विद्यापति यहां की धरोहर पान मखान जैसी सांस्कृतिक विरासत को महिमा मंडित किया गया उससे स्पष्ट होता है कि एनडीए सरकार और मोदी के लिए मिथिला का सर्वांगीण विकास पहली प्राथमिकता है। सांसद डा ठाकुर ने दरभंगा एम्स को मिथिला के नव निर्माण की नींव बताते हुए कहा कि प्राकृतिक अपदाओ से घिरे मिथिला क्षेत्र में सस्ता तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा शूरू होने के बाद मिथिला क्षेत्र नेपाल की सीमावर्ती जिलों तथा सिक्किम जैसे प्रदेश के लोगों को बहुत ही लाभ मिलेगा। सांसद डा ठाकुर ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिन रात मेहनत करने वाले सभी भाजपा तथा एनडीए के सभी नेताओं कार्यकर्ताओं तथा मिथिलावासियों के प्रति आभार प्रकट किया है।
November 15, 2024
13.11.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : पीएम नरेंद्र मोदी ने आज 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत की दरभंगा एम्स समेत स्वास्थ्य, सड़क, रेल एवं ऊर्जा क्षेत्र की 25 विकास परियोजनाओं का रिमोट के माध्यम से भूमि पूजन, शिलान्यास, लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। उन्होंने दरभंगा के शोमन में भूमि पूजन कर दरभंगा एम्स का शिलान्यास किया। पीएम ने हरी झंडी दिखाकर झंझारपुर-लौकहा रेल लाइन में 2 जोड़ी मेमू ट्रेन सेवा का भी शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए। इस शुभ अवसर पर पीएम श्री मोदी ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा की राज्य में स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के लिए एम्स-दरभंगा की नींव रखी गयी है, जिसे 1,260 करोड़ रुपये से अधिक के लिए निर्मित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा एम्स के निर्माण हो जाने से बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव आएगा। AIIMS के निर्माण हो जाने से मिथिला, कोसी और तिरहुत के अलावा पश्चिम बंगाल और कई अन्य स्थानों के लोगों को सुविधाएं प्रदान करेगा। नेपाल से आने वाले मरीजों को भी इससे फायदा होगा। आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा की इस योजना के तहत देश में लगभग चार करोड़ लोगों का इलाज किया गया है। मुझे खुशी है की एनडीए सरकार की इस योजना ने उनके जीवन की एक महत्वपूर्ण चिंता को दूर किया है।
पीएम मोदी ने सीएम नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा की इनकी सरकार आने के बाद बिहार में स्थिति सुधारी। उन्होंने कहा की पहले जो भी व्यक्ति गंभीर बीमारी से पीड़ित होता था, वह एम्स दिल्ली जाता था। हमारी सरकार ने देश के कई हिस्सों में नए एम्स अस्पताल स्थापित किए। आज देश में लगभग दो दर्जन एम्स अस्पताल हैं। उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई पर जोर देते हुए कहा की हमारी सरकार ने तय किया की कोई भी व्यक्ति अपनी मातृभाषा में मेडिकल की शिक्षा प्राप्त करके डॉक्टर बन सकता है। यह कर्पूरी ठाकुर जी को सबसे बड़ा श्रद्धांजलि है। पीएम ने कहा की आनेवाले पांच वर्षों में सरकार 75,000 नई मेडिकल सीटें बढाई जायेंगी। उन्होंने कहा की मुजफ्फरपुर में बन रहे कैंसर अस्पताल से रोगियों को राज्य में ही बेहतर इलाज मिलेगा और उन्हें राज्य के बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बिहार को भी एक बड़ा नेत्र अस्पताल मिलेगा। उन्होंने कहा की सरकार देश में सभी लोगों का बेहतर स्वास्थ्य कैसे हो इस पर काम कर रही है। हमारा ध्यान पांच है।
पहला ध्यान रोग निवारण पर, दूसरा रोग की सही निदान पर, तीसरा लोगों को मुफ्त और सस्ते इलाज मिलना चाहिए और उन्हें सस्ती दवाएं मिलनी चाहिए, चौथा छोटे शहरों में भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएं और देश में डॉक्टरों की कमी को दूर किया जाए तथा पांचवा ध्यान है स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक को बढ़ाना। पीएम ने कहा की NDA सरकार बिहार में विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर सीएम नितीश कुमार ने कहा की आज प्रधानमंत्री जी के द्वारा दरभंगा एम्स का शिलान्यास किया जा रहा है, यह हम सबके लिये महत्वपूर्ण अवसर है। दरभंगा में एम्स बन जाने से लोगों को काफी अच्छी चिकित्सा सेवा उपलब्ध होगी और इलाज कराने में काफी सहूलियत होगी। सीएम ने कहा कि वर्ष 2003 में तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के कार्यकाल में पहली बार पटना में एम्स के निर्माण का निर्णय लिया गया था जो अब काफी अच्छे ढंग से बन गया है। यहां पर काफी लोग इलाज कराने जाते हैं। दूसरी बार भी वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के शासनकाल में ही यह तय हो गया था कि बिहार में एक और एम्स बनेगा। उन्होंने कहा कि तत्कालीन वित्त मंत्री श्री अरुण जेटली जी से भी हम मिले थे और उनसे कहा था कि पटना में एक एम्स हो गया है और अब दूसरी जगह दरभंगा में एक और एम्स बनना चाहिए।
हम सबलोगों को शुरू से ही कहते रहे कि बिहार में दो एम्स का निर्माण होना चाहिए। वर्ष 2019 में तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे०पी० नड्डा जी जब पटना आए थे तो हम उस समय भी उनसे आग्रह किए कि आप इसको जल्दी से बनवाइए। सीएम ने कहा की हमलोगों की पहले इच्छा थी कि दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल को ही एम्स के रूप में स्वीकार कर लिया जाय लेकिन उसमें दिक्कत होने पर फिर दूसरी जगह एम्स बनाने का निर्णय लिया गया। आपलोग आज जहां पर बैठे हुए हैं इसी जगह को दरभंगा के डीएम द्वारा एम्स के निर्माण के लिए चुना गया है।
हम जब यहां पर आये और देखे तो बोले कि यह जगह दरभंगा, एम्स के निर्माण के लिए बहुत अच्छी है। अब यहां पर राज्य सरकार द्वारा रास्ते का चौड़ीकरण कराया जाएगा ताकि यहां आने-जाने में काफी सहूलियत हो। उन्होंने कहा कि दरभंगा में एम्स बन जाने से शहर का बहुत विस्तार होगा। सबलोगों को इलाज के लिए यहां पर अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। यह बड़ी खुशी की बात है कि आज यहां पर प्रधानमंत्री जी दरभंगा एम्स का शिलान्यास करने आए हैं। मैं उनका अभिनंदन करता हूं स्वागत करता हूं। राज्य सरकार द्वारा दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल का भी विस्तार किया जा रहा है। यह पटना के पी०एम०सी०एच० के बाद दूसरा सबसे पुराना अस्पताल है। अब यहां पर 2500 बेडों की व्यवस्था रहेगी जिससे मरीजों को इलाज में आसानी होगी। पटना के पी०एम०सी०एच० का भी विस्तार किया जा रहा है, इसे विश्वस्तरीय अस्पताल बनाया जा रहा है ताकि लोगों को इलाज में और सहूलियत हो। सीएम ने कहा कि हमलोगों को बहुत खुशी है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी यहां पधारे हैं।
हमलोग जैसा एम्स के निर्माण के बारे में सोचे हैं मुझे विश्वास है कि केंद्र सरकार की देखरेख में एम्स का निर्माण काफी अच्छे ढंग से होगा। मैं यहां उपस्थित आपलोगों से अनुरोध करूंगा कि आप सब प्रधानमंत्री जी के स्वागत में हाथ उठाइए और उनका अभिनंदन करें। यह बहुत खुशी की बात है कि आज प्रधानमंत्री जी खुद इसका शिलान्यास कर रहे हैं। दरभंगा एम्स के निर्माण में राज्य सरकार पूरे तौर पर केंद्र सरकार को सहयोग करेगी।