March 30, 2025
27.03.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में ईद, चैती छठ, रामनवमी जुलूस, एवं चैती दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्द वातावरण में मनाने के लिए जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला शांति समिति के सदस्यों द्वारा त्योहार और पर्व के दौरान महत्वपूर्ण स्थलों पर चिकित्सक दलों की प्रतिनियुक्ति, झांकी का विषय-वस्तु, पोस्टर, स्लोगन इत्यादि की जाँच करवाने, बिजली के लटके तारों को ठीक करने, असामाजिक और शरारती तत्वों पर नजर रखने, अखाड़ा मिलान स्थल राम जानकी मंदिर, नाका नंबर-05 पर पुलिस बल की विशेष व्यवस्था रखने, नाका नंबर- 05 के सड़क की वाहनों के लिए अलग रुट की व्यवस्था करने, मेडिकल किट्स उपलब्ध करवाने, ट्राफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने, लहेरियासराय टावर, लोहिया चौक, दरभंगा टावर, नाका नंबर-05 पर नगर निगम द्वारा प्रकाश की विशेष व्यवस्था करवाने, सड़क की साफ-सफाई एवं प्रमुख स्थलों पर पेयजल की व्यवस्था करवाने इत्यादि का सुझाव दिया गया।
डीएम श्री रौशन ने शांति समिति के सदस्यों को कहा कि समितियाँ झांकी के विषय वस्तु और स्लोगन को खुद देख लें, उसमें ऐसी कोई बात न हो जिससे दूसरे की भावना आहत हो। उन्होंने सिविल सर्जन को प्राथमिक उपचार के किट्स सभी समितियों को उपलब्ध करा देने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि किट्स में पर्याप्त मात्रा में बैंडेज, हेंडीप्लास्ट, कॉटन, डिटॉल रखे जाएं। उन्होंने फायर बिग्रेड को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिए। कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग को नाला निर्माण के कार्य में निकले हुए लोहा को एवं सड़क को दुरुस्त करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने सिविल सर्जन को प्रमुख स्थलों एवं डीएमसीएच में मेडिकल टीम पर्याप्त दवा, बैंडेज के साथ रखने एवं चार-पांच जगहों पर एंबुलेंस को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने पी.एच.ई.डी को शांति समिति द्वारा सुझाव दिए गए स्थलों पर चापाकल दुरुस्त करवाने तथा नगर निगम को जुलूस के रास्ते से निर्माण सामग्री हटवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डीएम ने विकास कुमार अनुमण्डल पदाधिकारी, दरभंगा सदर एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, दरभंगा सदर एवं थाना प्रभारी को सड़क किनारे रखे गिट्टी, बालू हटवाने को कहा। डीएम ने स्पष्ट कहा कि पूर्व की भांति डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बिजली के लटके तार को टीम बनाकर दुरुस्त करवा लेने का निर्देश दिया। साथ ही फ्रेस तार को लगवाने को कहा। उन्होंने नगर निगम को चैती छठ को लेकर घाटों की साफ-सफाई करवा लेने को कहा। उन्होंने सभी पदाधिकारी को सोशल मीडिया पर भी नजर रखने के निर्देश दिए। अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि अगले आदेश तक सभी पदाधिकारी एवं कर्मी का छुट्टी रद्द किया गया है।
उन्होंने नए जगह झंडा न लगाने हेतु शांति समिति सदस्य से अनुरोध किया। उन्होंने थाना प्रभारियों से जुलूस निकलने के एक दिन पूर्व अपने क्षेत्र की सभी झांकी की जाँच कर आपत्तिजनक पोस्टर, बैनर व स्लोगन हटवाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उक्त बैठक में महापौर अंजुम आरा, उप महापौर नाजिया हसन, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) राकेश कुमार रंजन, अपर समाहर्ता विभागीय जांच कुमार प्रशांत, अनुमण्डल पदाधिकारी, दरभंगा सदर विकास कुमार, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, दरभंगा सदर अमित कुमार एवं संबंधित पदाधिकारीगण सहित शांति समिति के सदस्य आदि उपस्थित थे।
March 25, 2025
25.03.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : नियोजन पदाधिकारी अवर प्रादेशिक नियोजनालय दरभंगा द्वारा बताया गया कि श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार पटना के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा के द्वारा दरभंगा जिला अन्तर्गत ऐसे सभी आवेदक जिनकी आयु 21 से 24 वर्ष तक हो, भारत का नागरिक हो, जो पूर्णकालिक शिक्षा में संलग्न नहीं है एवं पूर्णकालिक कार्यरत नहीं हो, योग्यता 10वी पास, 12 वी पास, ग्रेजुएट, आई० टी०आई० या पॉलिटेकनिक संस्थान से डिप्लोमा किये हुए हो। ये सभी आवेदक प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना अन्तर्गत आवेदन करने के योग्य हैं।
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का उद्देश्य देश के युवाओं को भारत की शीर्ष कम्पनियों में सशुल्क इंटर्नशिप प्रदान कराना है। उक्त इंटर्नशिप भारत के 740 से अधिक जिलों और 36 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में फैले विविध प्रक्षेत्रों में उपलब्ध है। दूसरे चरण में पायलट फेज अन्तर्गत पंजीयन की अंतिम तिथि दिनांक-31.03.2025 है। ऐसे सभी आवेदक योग्यता धारी हो, उनसे अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में इस योजना अन्तर्गत पंजीयन कर लाभ लें। पंजीयन हेतु वेबसाइट-www.pminternship.mca.gov.in पर विजिट करें।
March 25, 2025
25.03.2025 (DarbhangaOnline) (पटना) : डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह एवं एसएसपी अवकाश कुमार ने कहा है कि ईद, चैती दुर्गापूजा, चैती छठ एवं रामनवमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी इसके प्रति सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहे। अधिकारीद्वय आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में इस विषय पर आयोजित एक बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। डीएम व एसएसपी ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण के सभी उपायों को ध्यान में रखकर वरीय दंडाधिकारियों के नेतृत्व में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी।
असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक, यातायात द्वारा यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग का उचित प्रबंध किया जाएगा। डीएम ने संवेदनशील स्थानों पर अत्यधिक सतर्कता बरतने एवं अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्ती से निपटने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय के द्वारा किसी भी कार्य को बखूबी निभाया जा सकता है। उन्होंने नियंत्रण कक्षों को सतत क्रियाशील रखने का निर्देश दिया। डीएम व एसएसपी ने निदेश दिया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) एवं क्विक मेडिकल रिस्पांस टीम (क्यूएमआरटी) तैनात रखें। चैती छठ के अवसर पर गंगा नदी एवं अन्य नदियों/तालाबों के घाटों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ एकत्रित होती है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से आपदा की आकस्मिकता से निपटने हेतु एनडीआरएफ/एसडीआरएफ टीम की प्रतिनियुक्ति करें।
डीएम एवं एसएसपी द्वारा सभी पुलिस अधीक्षकों, अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों से एक-एक कर तैयारियों के बारे में पूछा गया। अधिकारीद्वय ने कहा कि शरारती तत्वों के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई तथा बंध पत्र भरवाने की कार्रवाई करें। पूर्व की घटनाओं में शामिल व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई करें। असामाजिक तत्वों के विरूद्ध लोक शांति एवं व्यवस्था के हित में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की सुसंगत धाराओं के अर्न्तगत कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि घटना होने के बाद कार्रवाई करने से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि घटना को होने से रोकने के लिए सतर्कतामूलक कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि कोई भी अशोभनीय घटना हो ही न पाये। घाटों पर एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ टीम की प्रतिनियुक्ति करें।
जनसुरक्षा हेतु पब्लिक डोमेन में एडवायजरी जारी किया जाए ताकि आम जनता को कोई समस्या न हो। पर्व-त्योहार में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित अवधि के बाद लाउडस्पीकर बजाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा की सभी एसडीओ एवं एसडीपीओ अपने-अपने क्षेत्र में प्रतिनियुक्त किए जाने वाले दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की स्पॉट ब्रीफिंग सुनिश्चित करेंगे। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति करेंगे। सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखेंगे तथा अफवाहों का त्वरित खंडन करेंगे। कॉम्युनिकेशन प्लान के अनुसार सभी स्टेकहोल्डर्स (हितधारकों) के साथ सार्थक संवाद एवं सुदृढ़ समन्वय स्थापित रखेंगे। पूजा पंडालों तथा जुलूस में गतिविधियों पर ड्रोन, सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से नजर रखी जाए। किसी भी तरह का आपत्तिजनक गाना, कार्टून एवं झाँकी का प्रदर्शन प्रतिबंधित है इसे सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया यथा फेसबुक, ट्विटर एवं व्हाट्सऐप के माध्यम से संदेहास्पद सूचनाओं के आदान-प्रदान पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके द्वारा अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध समुचित कार्रवाई की जाएगी।
सभी जुलूस के लिए लाईसेंस निर्गत रहनी चाहिए। बिना अनुज्ञप्ति का कोई जुलूस नहीं निकलेगा। सभी एसडीओ एवं एसडीपीओ गृह (विशेष) विभाग के प्रावधानों एवं नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराएं। सभी एसडीओ एवं एसडीपीओ जुलूस के मार्ग का शत-प्रतिशत सत्यापन करें। साथ ही, अनुज्ञप्ति में अंकित जुलूस के निर्धारित मार्ग एवं समय का अनुपालन सुनिश्चित कराएं। आवश्यकता पड़ने पर जुलूस को नियंत्रित करने में गृह विभाग के प्रावधानों, पुलिस ऐक्ट की धारा एवं बीएनएसएस की धारा की सहायता ली जाय। प्रत्येक विसर्जन जुलूस/रामनवमी जुलूसों के साथ प्रावधानों के अनुसार पुलिस स्कॉर्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करें। पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर, डाक बँगला चौराहा के पास एवं सदर अनुमंडल के अन्य स्थानों पर प्रशासनिक व्यवस्था के सम्बन्ध में उन्होंने कहा की पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के सुव्यवस्थित प्रवेश, गतिशीलता एवं निकास के लिए नियमानुसार प्रशासनिक प्रबंध किया जाएगा। श्रद्धालु पंक्तिबद्ध रहें एवं इसमें कोई अव्यवस्था न हो इसके लिए पर्याप्त संख्या में वरीय दण्डाधिकारियों एवं वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को तैनात किया जाएगा।
एनसीसी एवं सिविल डिफेंस के वोलन्टियर्स भी आवश्यकतानुसार मुस्तैद रहेंगे। यातायात प्रबंधन को लेकर उन्होंने कहा की पुलिस अधीक्षक, यातायात द्वारा ट्रैफिक प्लान के अनुसार यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। पटना जंक्शन महावीर मंदिर के नजदीक वाहनों के पार्किंग स्थल पर पुलिस अधीक्षक, यातायात पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेंगे ताकि वाहन सुगमतापूर्वक चिन्ह्ति स्थलों पर पार्क हो सके एवं यत्र-तत्र पार्किंग नहीं हो। सभी एसडीओ एवं एसडीपीओ को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत समुचित संख्या में क्यूआरटी क्रियाशील रखने का निदेश दिया गया है। पर्याप्त संख्या में स्ट्रायकिंग फोर्स की व्यवस्था की जाएगी जो किसी भी तरह की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करेगी। चिकित्सकों, जीवन-रक्षक दवाओं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों सहित पालीवार मेडिकल कैम्प एवं अस्थायी चिकित्सा शिविर क्रियाशील रहेगा।
साथ ही सभी भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस एवं पारा मेडिकल टीम उपलब्ध रहेंगा। डीएम एवं एसएसपी ने कहा कि विसर्जन हेतु नदियों के घाटों पर अवैध नावों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसे सुनिश्चित करें। नदी घाटों पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ टीम तथा गोताखोरों को तैनात रखें। रिवर पेट्रोलिंग सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि रामनवमी के अवसर पर पटना नगर निगम जुलूस के मार्गों की साफ-सफाई एवं शहर के अन्तर्गत मार्गों पर मैनहोल को ठीक रखेंगे एवं सड़क किनारे अवस्थित नालों की सफाई समय पूर्व कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी अनुमंडल पदाधिकारी/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुमंडल स्तर पर तथा प्रतिनियुक्त होने वाले दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में पर्व के पूर्व शांति समिति की बैठक करेंगे।
स्वच्छ पेयजल के लिए पर्याप्त संख्या में वाटर टैंकर तथा वाटर एटीएम की व्यवस्था की जाएगी। महाप्रबंधक, पेसू द्वारा शहरी क्षेत्रों में तथा विद्युत कार्यपालक अभियंताओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। जुलूस के मार्ग में पड़ने वाले बिजली के तारों को ठीक रखेंगे। नगर निकायों द्वारा हाई-मास्ट लाईट, स्ट्रीट लाईट एवं पोल लाईट को क्रियाशील रखा जाएगा।ज़िला अग्निशाम पदाधिकारी महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त संख्या में फायर ब्रिगेड एवं यूनिट तैनात रखेंगे।
March 25, 2025
25.03.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत हत्या के मामले में फरार अभियुक्तों को 02 देशी कट्टा एवं 04 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। घटना के सम्बन्ध में बताया गया की दिनांक-28.01.2025 को सुबह करीब 10:00 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कुशेश्वरस्थान थानान्तर्गत कचरूकी पुल पर चार अज्ञात अपराधकर्मियों के द्वारा शिक्षक रामाश्रय यादव पिता-भूपी यादव सा०-बहेड़ा थाना-कु०स्थान को गोली मारकर हत्या कर दी गयी है।
इस संबंध में कु०स्थान थाना कांड संख्या-21/25, विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया और अनुसंधान प्रारंभ किया गया। पुलिस को तकनीकी अनुसंधान के क्रम में सी०सी०टी०वी० में अज्ञात चार अपराधकर्मी दो मोटरसाईकिल पर दिखायी दिये, तदनुसार सी०सी०टी०वी० के सिलसिलेवार अवलोकन कर, मनीष चन्द्र चौधरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल के नेतृत्व में गठित टीम के द्वारा इस कांड में शिक्षक रामाश्रय यादव पर गोली चलाने वाले चार में से एक अपराधकर्मी मुकेश यादव, पिता-बिन्देश्वरी यादव उर्फ बिनो यादव सा०-तेलाठी थाना-कनरिया जिला सहरसा को गिरफ्तार कर पूछताछ की गयी तो उसके द्वारा शिक्षक रामाश्रय यादव की हत्या करने की बात को स्वीकार करते हुए अपने तीन अन्य साथी 01. रंजन कुमार पिता-नीरस यादव सा० झाड़ा पोस्ट सिसौना थाना-महिषी, 02. सुदर्शन कुमार झा पिता-बिजेन्द्र खां सा०-बनगांव दक्षिण टोला थाना-बनगांव दोनों जिला सहरसा एवं 03. सुबोध कुमार पिता- दीपनारायण यादव सा०-धुरगांव जिला-मधेपुरा का नाम बताया।
गठित टीम के द्वारा इस कांड के सफल उदभेदन करते हुए गिरफ्तारी हेतु तकनीकी साक्ष्य ईकट्ट्ठा किया जा रहा था, जिस क्रम में तकनीकी साक्ष्य के आधार पर कुशेश्वरस्थान थाना कांड सं0-21/25 में पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्त मुकेश यादव के द्वारा दिये गये स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर रंजन यादव उर्फ निरंजन यादव, पिता-नीरस यादव सा० झाड़ा थाना-महिषी जिला सहरसा को गिरफ्तार किया गया तथा इनसे घटना के संबंध में पूछताछ की गयी तो रंजन यादव उर्फ निरंजन यादव द्वारा बताया गया कि आपसी विवाद के कारण यह योजना बनाई गई|
हीरा यादव हाई स्कुल कुशेश्वर स्थान के फिल्ड में जाकर रंजन यादव को 50,000/-रूपया दिये तथा और रूपया काम हो जाने के बाद देने की बताये। यह घटना वर्ष 2022 से ही शुरू है। हीरा यादव उसका आने जाने का विवरण हमेशा देते रहता था। रंजन यादव रामाश्रय यादव को मारने का प्रयास करने लगे तथा उससे नजदीकी बढ़ा कर उसके साथ रहने लगे। घटना से पहले रंजन यादव उर्फ निरंजन यादव, सुबोध कुमार, मुकेश यादव और सुदर्शन कुमार झा के द्वारा पुरा प्लान को राजनपुर में बनाया गया और चारो मिलकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस की तत्परता से 01. रंजन यादव उर्फ निरंजन यादव, 02. सुबोध कुमार, 03. प्रभाकर यादव को झाड़ाघाट गोबराही रंगेलिपुर से दो देशी अवैध कट्टा एवं चार जिन्दा कारतुस के साथ पकड़ा गया है तथा रंजन यादव के गिरफ्तारी पश्चात स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर आये घटना में संलिप्त अन्य 04. लालो यादव पिता बौएन यादव, 05. हीरा यादव पिता लालो यादव दोनो सा० बहेड़ा 06. रामचन्द्र पासवान पिता स्व० भीना पासवान सा० अदलपुर तीनो थाना कु०स्थान जिला दरभंगा एवं 07. शम्भूकुमार चौधारी पिता स्व० परमेश्वरी चौधरी सा० अमहा सायफन थाना पिपरा जिला सुपौल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी जारी है।
March 25, 2025
24.03.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित सभागार में डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में भीषण गर्मी, अग्नि कांड व लू से बचाव व सुरक्षा को लेकर बैठक आयोजित किया गया। बैठक में डीएम ने अग्निशमन विभाग को तैयार मोड में रहने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि लोगों के बीच आगजनी से बचाव हेतु क्या करें, क्या न करें का प्रचार-प्रसार करें।
उन्होंने अत्यधिक गर्मी लू से पीड़ित व्यक्तियों के इलाज हेतु आवश्यकता अनुसार अस्पतालों में आइसोलेशन एसी वार्ड की व्यवस्था करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया, साथ ही उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में रहे। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल की व्यवस्था के साथ-साथ ओआरएस के पैकेट की व्यवस्था करवाना सुनिश्चित करेंगे, साथ ही नवजात शिशु, बच्चों, गर्भवती महिलाओं का अद्यतन सर्वेक्षण कर विशेष चिकित्सा हेतु स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर लू से बचाव हेतु दवाएं सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी स्कूलों में शुद्ध पेयजल एवं ओआरएस की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। भीषण गर्मी में एवं लू से बचने हेतु शनिवार के कार्यक्रम के माध्यम से जागरूकता लाने को कहा।
कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य प्रमंडल को पेयजल संकट से निपटने हेतु पेयजल की आपूर्ति करने का निर्देश दिया, साथ ही भूगर्भ जल स्तर की लगातार समीक्षा एवं निगरानी करते रहने को कहा तथा प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। चापाकल मरमती के लिए बनाए गए दल तथा कंट्रोल रूम के नंबर का व्यापक प्रचार प्रसार करेंगे तथा शिकायतों का निष्पादन करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में सभी अंचलाधिकारी को अग्निकांड से पीड़ितों को 24 घंटे के अंदर अनुमान्य साहय यथा पॉलिथीन शीट्स एवं नगद अनुदान भुगतान करने का निर्देश दिया साथ ही पशु शेड का निर्माण, पशु पेयजल आदि को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। बैठक में श्रम अधीक्षक को निर्माणाधीन स्थल, लू को लेकर कार्य अवधि को सुबह 6:00 से 11:00 तक अपराह्न 3:30 से संध्या 6:00 बजे के बीच निर्धारित करने को कहा। लू से बचाव हेतु श्रमिकों के लिए पर्याप्त मात्रा में पेयजल ओ आर एस तथा शेड की व्यवस्था करें।
नगर आयुक्त अपने क्षेत्र अंतर्गत प्याऊ की व्यवस्था करेंगे, नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत चपकालों की मरम्मति, आश्रय स्थलों में पेयजल तथा स्लम के निवासियों हेतु आकस्मिक दावों की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे। मनरेगा के अंतर्गत तालाबों एवं नहरों में चल रहे कार्यों को सुबह 6:00 से 11:00 बजे पूर्वाह्न तक तथा अपराह्न 3:30 से संध्या 6:30 बजे के बीच करने को कहा। उन्होंने आम नागरिकों से अनुरोध किया कि सुबह 09ः00 बजे तक खाना अवश्य बना लें और दोपहर के पछुआ हवा के कारण अगलगी घटना से बचें। घर से बाहर जाने के समय मेन स्वीच/फ्यूज निकालकर बिजली का कनेक्शन काट दें। घर के ढीले तार को बिजली मिस्त्री से ठीक करा दें, ताकि शॉर्ट सर्किट की घटना से बचा जाए।
बैठक में डीएम ने आगामी बाढ़ को लेकर सामग्री हेतु निविदा करने, पॉलीथिन शीट, सरकारी एवं निजी क्षतिग्रस्त नाव को दुरुस्त करवाने, बाढ़ आश्रय स्थल, एसडीआरएफ की टीम की मांग, लाइफ जैकेट आदि बिंदुओं पर भी समीक्षा किया। बाढ़ आश्रय भवनों का निर्माण शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लाइफ जैकेट गुणवत्ता के साथ नया खरीदे। डीएम श्री रौशन ने कहा कि नाविक का भुगतान किया गया है, किसी भी नाविक का भुगतान लंबित न रहे, संबंधित अंचलाधिकारी सुनिश्चित करेंगे। बाढ़ राहत में प्रयुक्त सामुदायिक रसोईघर, भोजन पैकेट, नाविकों का भुगतान आदि जिला अधिकारी के द्वारा सभी अंचलाअधिकारी को उपावंटित कर दिया गया है।
बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता वृषभानु चंद्र, श्रम अधीक्षक किशोर कुमारझा, प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस चांदनी सिंह एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।