April 05, 2025
05.04.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : सहायक पुलिस अधीक्षक, दरभंगा सह थानाध्यक्ष बहादुरपुर के नेतृत्व में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने हेतु सहायक पुलिस अधीक्षक सह थानाध्यक्ष बहादुरपुर के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान लोगों से जुलूस शांतिपूर्वक निकालने और डीजे का प्रयोग नहीं करने का निर्देश दिया जा रहा है तथा पर्व को सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की जा रही है। इस अवसर उन्होंने कहा की DJ प्रतिबंधित हैँ। आप सभी अवगत हैँ, वावजूद इसके कई डीजे संचालक इसका प्रयोग कर रहे हैं। थाना क्षेत्र के कुछ डीजे संचालक के विरुद्ध कारवाई करते हुए डीजे एवं अंम्प्लीफायर जप्त किया गया है। इनके विरुद्ध विधि सम्मत करवाई की जा रही है। उन्होंने कहा की किसी भी जुलूस मे DJ प्रयोग ना करें।
April 05, 2025
05.04.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने हेतु दरभंगा पुलिस सक्रिय है। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनवमी पर्व को लेकर निकलने वाले जुलूसो की निगरानी "ड्रोन कैमरा" के द्वारा की जा रही है, एवं संवेदनशील/अतिसंवेदनशी चौक-चौराहो से गुजरने वाली जुलूसो की निगरानी हेतु जगह-जगह सी.सी.टी.वी. कैमरा लगाया गया है।
April 05, 2025
05.04.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : बिहार के साथ साथ अन्य अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर अवस्थित राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के सीमा से सटे गांवों का समग्र विकास के लिए केंद्र की मोदी सरकार प्रतिबद्ध है। इन गांवों में शिक्षा, रोज़गार, स्मार्ट कक्षाओं, सहकारिता तथा स्वयं सहायता समूह की स्थापना कर सीमा पर अवस्थित गांवों के लोगों को देश की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार ने जिस तरह से पहल शुरू की है उसका आने वाले समय में दूरगामी परिणाम निकलेगा।
सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर केंद्र सरकार के द्वारा किए गए पहल के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने सौ प्रतिशत वित्त पोषण एवं 6839 करोड़ के कुल परिव्यय के साथ जीवंत कार्यक्रम फेज 2 को स्वीकृति दी है जिसके तहत देश के चारों ओर सीमा पर अवस्थित गांवों के विकास के लिए बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जाएगा। सांसद डा ठाकुर ने बताया कि बिहार के साथ साथ अरुणाचल प्रदेश, असम, गुजरात, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम नागालैंड, पंजाब, राजस्थान सिक्किम त्रिपुरा, उत्तराखंड, यूपी, बंगाल जैसे राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के सीमावर्ती गांवों के लोगों के बेहतर जीवन तथा आजीविका के पर्याप्त अवसर सृजित करने के लिए मोदी सरकार गंभीरता से पहल कर रही है।
सांसद डा. ठाकुर ने इस अभियान के सामरिक महत्वों पर चर्चा करते हुए कहा कि इसके द्वारा सीमापार अपराध पर नियंत्रण होगा तथा वहां के लोगों को राष्ट्र से जोड़ने तथा वहां सीमा सुरक्षा बलों को विकसित किया जाएगा।
April 05, 2025
04.04.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : मिथिला की प्रतिष्ठित सीएम लॉ कॉलेज में छात्र छात्राओं के नांमाकन में लगी रोक को बार काउंसिल ऑफ इंडिया के द्वारा हटाना तथा नांमाकन की अनुमति देना दरभंगा के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि है जिसके लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री बधाई के पात्र हैं। स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर भारतीय विधिज्ञ परिषद् के इस संबंध में दिए गए निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि सीएम लौ कॉलेज में पठन पाठन सहित अन्य सभी सुविधाओं की शुरू किए जाने को लेकर उन्होंने केन्द्र सरकार के मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ साथ बिहार के महामहिम राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री जी को पत्र लिखकर अपनी भावना से अवगत कराया था तथा एलएनएमयू की विभिन्न सिंडिकेट की बैठकों में इसके लिए अपनी बात रखी थी।
अब जब भारतीय विधिज्ञ परिषद् दिल्ली से इस संबंध में नांमाकन संबंधी अनुमति दी गई है तो आने वाले समय में इस कॉलेज की अन्य सभी सुविधाओं को फिर से शुरू कर इसकी पुरानी गरिमा को बहाल किया जाएगा। सांसद डा ठाकुर ने दरभंगा में ज्ञान परंपरा के समग्र विकास तथा विस्तार के लिए केंद्र की मोदी सरकार को प्रतिबद्ध बताते हुए कहा कि मिथिला का यह क्षेत्र शिक्षा, संस्कार, ज्ञान, दर्शन साहित्य तथा कला के लिए प्राचीन काल से ही विख्यात रही है जिसे फिर से जीवंत करने के लिए पहल शुरू कर दी गई है।
April 05, 2025
04.04.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में डीएम राजीव रौशन एवं एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी द्वारा संयुक्त रूप से सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को ब्रीफिंग किया गया। उन्होंने बताया की रामनवमी/चैती दुर्गा पूजा 06 अप्रैल 2025 को मनाये जाने की सूचना है। दोनों त्यौहार पर कड़ी निगरानी एवं सतर्कता रखने की आवश्यकता है। डीएम ने सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक को निर्देश दिया कि रामनवमी तथा चैती नवरात्र पर्व के अवसर पर निकलने वाले जुलूस एवं शोभा यात्राओं के सभी मार्गों का भौतिक रूप से सत्यापन करा लेंगे।
सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी अपने प्रतिनियुक्ति स्थल की जानकारी प्राप्त कर लें। उन्होंने कहा कि ड्रोन, सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से सभी गतिविधि पर निगरानी की जाएगी। जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध है। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाएगी तथा अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जुलूस मार्ग में पड़ने वाले घरों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। सिविल ड्रेस में भी काफी संख्या में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है, चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहेंगे। डीएम ने बिजली के तार को भी दुरुस्त करने को कहा। सभी पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी समय से अपने कर्तव्य स्थल पर पहुंच जाएंगे। दंडाधिकारियों की क्रॉस जांच की जाएगी।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को कहा कि सोशल मीडिया के ग्रुप पर भी नजर रखना है, फायर ब्रिगेड की गाड़ी सक्रिय रहेंगी। जुलूस एवं शोभा यात्राओं में डी.जे. बजाने एवं आपत्तिजनक नारा /संगीत बजाये जाने पर पूर्णतः प्रतिबंध है। उल्लंघन करने पर पूजा समितियों के विरूद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि एम्बुलेंस के साथ एक चिकित्सक दल को पारा मेडिकल कर्मी तथा आवश्यक दवा उपकरण इत्यादि के साथ जिला नियंत्रण कक्ष, मिलान चौक, कोतवाली थाना (नाका-5), लोहिया चौक, रहमगंज नाका नम्बर -6 एवं दरभंगा टावर आदि स्थानों पर प्रतिनियुक्त करेंगे। साथ ही जिले के सभी अनुमण्डल, रेफरल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर 24 घंटे चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी की प्रतिनियुक्त रोस्टर के अनुसार करेंगे।
सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया कि वे 06 अप्रैल 2025 के पूर्वाह्न से ही अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थान पर निश्चित रूप से योगदान कर लेंगे तथा जुलूस की समाप्ति एवं मूर्ति विसर्जन होने के बाद स्थिति सामान्य होने तक प्रतिनियुक्त रहेंगे। डीएम ने जिला के नागरिकों से अपील किया की रामनवमी त्योहार को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई उपद्रवी के द्वारा उपद्रव किया जाता है तो उनका फोटो या वीडियो जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक को व्हाट्सएप कर सकते हैं। एसएसपी श्री रेड्डी ने कहा कि दरभंगा शहर में 133 जुलूस निकालने की सूचना है।
सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है, वीडियो ग्राफी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है, ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर 15 एवं अनुमंडल स्तर पर भी 05 बाइक क्यू.आर.टी. का गठन किया गया है, साथ ही मजिस्ट्रेट पुलिस फोर्स की प्रतिनियुक्ति की गई है। एसएसपी ने सभी झाँकियों का विडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया। जुलूस मार्ग में जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि डीजे पूर्णत: प्रतिबंधित है, आपत्तिजनक गाना न बजे, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उक्त पर्व के अवसर पर सोशल मीडिया सेल में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी सोशल मीडिया प्लेटर्फामों यथा -फेसबुक, व्हाट्सएप एवं ट्वीटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सतत निगरानी रखेंगे तथा गलत खबर एवं अफवाह फैलाये जाने की स्थिति में तत्काल उसका खंडन करते हुए लोगों को सही तथ्यों की जानकारी देंगे एवं आपत्तिजनक पोस्टों को हटाते हुए पोस्ट करने वाले के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। पूर्व में गठित घटना स्थलों पर विशेष निगरानी करने का सख्त निर्देश दिया गया है।
शहर में जुलूस दरभंगा-लहेरियासराय मुख्य मार्ग से होकर गुजरने की परंपरा रही है, इसलिए उक्त पर्व के अवसर पर मुख्य मार्ग में भी विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। शहरी क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण एवं विधि व्यवस्था संधारण हेतु क्यू.आर.टी.का गठन करते हुए पुलिस बल को प्रतिनियुक्त किया गया है,जो शहर से निकलने वाली झांकियों पर नियंत्रण रखेंगे। साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले तथा अफवाह फैलाने वाले तत्वों/संस्थाओं/असामाजिक तत्वों एवं गुण्डा तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि सरकार द्वारा बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। उत्पाद अधीक्षक एवं सभी दंडाधिकारी थानाध्यक्ष एवं पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया जाता है कि इसका पूर्णत: दृढ़ता से अनुपालन करना सुनिश्चित करेंगे। इस पर्व के अवसर पर जिले में 415 स्थलों पर सी.सी.टी.वी कैमरा, 83 स्थलों पर ड्रोन कैमरा एवं 138 स्थलों पर वीडियोग्राफर के माध्यम से असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जाएगी। वहीं 28 स्थलों पर ड्रॉप गेट, 31 स्थलों पर बैरिकेडिंग तथा वॉच टावर के माध्यम से कड़ी नजर रखी जाएगी। रामनवमी एवं चैती दुर्गा पूजा के अवसर पर 06 अप्रैल से 07 अप्रैल तक दरभंगा,समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहेगा, जिसका दूरभाष संख्या - 06272-240600 है।
बैठक में उप विकास आयुक्त चित्रगुप्त कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार , प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।