April 10, 2025
09.04.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : डीएम राजीव रौशन एवं एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी द्वारा पुलिस लाइन में स्थित पालनाघर का उद्घाटन संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। पुलिस लाइन परिसर में मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत संचालित पालना घर का एसएसपी श्री रेड्डी द्वारा नारियल तोड़कर पालनाघर का शुभारम्भ किया गया।
पालना घर को सही ढंग से संचालित करने के लिए आज डीएम एवं एसएसपी ने रिंकी कुमारी एवं काजल को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किये।डीएम ने कहा कि राज्य सरकार की नीति के तहत सरकारी सेवाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।इस पालना घर का उद्देश्य है, पुलिस लाइन परिसर में कार्यरत महिला पुलिस बल के बच्चों की कार्यस्थल पर देखभाल की समुचित व्यवस्था करना, इससे महिलाएं बिना किसी कठिनाई के बच्चों के लालन-पालन के साथ कार्यालय के कार्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर सकेंगी। यहां कार्यरत पुरुष भी इस पालना घर में अपने बच्चों को लेकर आ सकते हैं। पालना घर छह माह से पांच वर्ष की आयु तक के बच्चों के लिए है।
पालना घर में बच्चों की देखभाल हेतु एक क्रेच वर्कर एवं एक सहायक क्रेच वर्कर की नियुक्ति की गयी है, साथ ही नियुक्ति पत्र का वितरण डीएम द्वारा किया गया। यहां बच्चों के खेलने और पढ़ने तक की व्यवस्था की गई है ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके। जिला प्रशासन, दरभंगा एवं महिला बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग के समन्वय से इस पालना घर का निर्माण किया गया है। बिहार सरकार नौकरी में महिलाओं को आरक्षण दे रही है, जिसके बाद कार्यालयों में महिला कर्मियों की संख्या काफी बढ़ गई है ऐसे में उन महिलाओं के छोटे बच्चों को रखना और नौकरी करना दोनों मुश्किल होता है। एसएसपी ने संवाददाता को संबोधित करते हुए कहा कि महिला पुलिस कर्मी को बच्चों को लेकर काम करने में कठिनाई होती है, इसी को लेकर पालना घर बनाया गया है।
अब बच्चे पालना घर में रहेंगे एवं काम करने वाले महिला पुलिस बल को कोई दिक्कत नहीं होगा। उन्होंने कहा कि 14 बच्चों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। आज 10 बच्चे उपस्थित हैं। आज पुलिस कर्मी के लिए खुशी का दिन है।डीपीओ आईसीडीएस चाँदनी सिंह ने बताया कि पुलिस लाइन, दरभंगा में बने पालना घर महिला कर्मियों लिए वरदान साबित होगा। पालना घर को साज सज्जा, बच्चों को खेलने के लिए खिलौने, बेड, किचन, आरओ, बाल चित्रकारी से दीवार को सजाया गया है। लाभुक माताएं यदि चाहे तो अपने बच्चे को आवश्यकता अनुसार पालनाघर में आकर स्तनपान करा सकती है, स्तनपान कराने हेतु पालनाघर में स्थान चिन्हित है।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों के साथ डीएम श्री रौशन ने छोटे बच्चों के साथ गुब्बारे को उड़ाया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त चित्रगुप्त कुमार, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सत्येन्द्र प्रसाद , नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, डी एस पी पुलिस लाइन, सार्जेंट, जिला परियोजना प्रबंधक जयवान्ति सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक, ऋषि कुमार, केंद्र प्रशासक,अजमतुन निशा आदि उपस्थित थे।
April 05, 2025
05.04.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : सहायक पुलिस अधीक्षक, दरभंगा सह थानाध्यक्ष बहादुरपुर के नेतृत्व में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने हेतु सहायक पुलिस अधीक्षक सह थानाध्यक्ष बहादुरपुर के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान लोगों से जुलूस शांतिपूर्वक निकालने और डीजे का प्रयोग नहीं करने का निर्देश दिया जा रहा है तथा पर्व को सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की जा रही है। इस अवसर उन्होंने कहा की DJ प्रतिबंधित हैँ। आप सभी अवगत हैँ, वावजूद इसके कई डीजे संचालक इसका प्रयोग कर रहे हैं। थाना क्षेत्र के कुछ डीजे संचालक के विरुद्ध कारवाई करते हुए डीजे एवं अंम्प्लीफायर जप्त किया गया है। इनके विरुद्ध विधि सम्मत करवाई की जा रही है। उन्होंने कहा की किसी भी जुलूस मे DJ प्रयोग ना करें।
April 05, 2025
05.04.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने हेतु दरभंगा पुलिस सक्रिय है। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनवमी पर्व को लेकर निकलने वाले जुलूसो की निगरानी "ड्रोन कैमरा" के द्वारा की जा रही है, एवं संवेदनशील/अतिसंवेदनशी चौक-चौराहो से गुजरने वाली जुलूसो की निगरानी हेतु जगह-जगह सी.सी.टी.वी. कैमरा लगाया गया है।
April 05, 2025
05.04.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : बिहार के साथ साथ अन्य अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर अवस्थित राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के सीमा से सटे गांवों का समग्र विकास के लिए केंद्र की मोदी सरकार प्रतिबद्ध है। इन गांवों में शिक्षा, रोज़गार, स्मार्ट कक्षाओं, सहकारिता तथा स्वयं सहायता समूह की स्थापना कर सीमा पर अवस्थित गांवों के लोगों को देश की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार ने जिस तरह से पहल शुरू की है उसका आने वाले समय में दूरगामी परिणाम निकलेगा।
सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर केंद्र सरकार के द्वारा किए गए पहल के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने सौ प्रतिशत वित्त पोषण एवं 6839 करोड़ के कुल परिव्यय के साथ जीवंत कार्यक्रम फेज 2 को स्वीकृति दी है जिसके तहत देश के चारों ओर सीमा पर अवस्थित गांवों के विकास के लिए बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जाएगा। सांसद डा ठाकुर ने बताया कि बिहार के साथ साथ अरुणाचल प्रदेश, असम, गुजरात, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम नागालैंड, पंजाब, राजस्थान सिक्किम त्रिपुरा, उत्तराखंड, यूपी, बंगाल जैसे राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के सीमावर्ती गांवों के लोगों के बेहतर जीवन तथा आजीविका के पर्याप्त अवसर सृजित करने के लिए मोदी सरकार गंभीरता से पहल कर रही है।
सांसद डा. ठाकुर ने इस अभियान के सामरिक महत्वों पर चर्चा करते हुए कहा कि इसके द्वारा सीमापार अपराध पर नियंत्रण होगा तथा वहां के लोगों को राष्ट्र से जोड़ने तथा वहां सीमा सुरक्षा बलों को विकसित किया जाएगा।
April 05, 2025
04.04.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : मिथिला की प्रतिष्ठित सीएम लॉ कॉलेज में छात्र छात्राओं के नांमाकन में लगी रोक को बार काउंसिल ऑफ इंडिया के द्वारा हटाना तथा नांमाकन की अनुमति देना दरभंगा के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि है जिसके लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री बधाई के पात्र हैं। स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर भारतीय विधिज्ञ परिषद् के इस संबंध में दिए गए निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि सीएम लौ कॉलेज में पठन पाठन सहित अन्य सभी सुविधाओं की शुरू किए जाने को लेकर उन्होंने केन्द्र सरकार के मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ साथ बिहार के महामहिम राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री जी को पत्र लिखकर अपनी भावना से अवगत कराया था तथा एलएनएमयू की विभिन्न सिंडिकेट की बैठकों में इसके लिए अपनी बात रखी थी।
अब जब भारतीय विधिज्ञ परिषद् दिल्ली से इस संबंध में नांमाकन संबंधी अनुमति दी गई है तो आने वाले समय में इस कॉलेज की अन्य सभी सुविधाओं को फिर से शुरू कर इसकी पुरानी गरिमा को बहाल किया जाएगा। सांसद डा ठाकुर ने दरभंगा में ज्ञान परंपरा के समग्र विकास तथा विस्तार के लिए केंद्र की मोदी सरकार को प्रतिबद्ध बताते हुए कहा कि मिथिला का यह क्षेत्र शिक्षा, संस्कार, ज्ञान, दर्शन साहित्य तथा कला के लिए प्राचीन काल से ही विख्यात रही है जिसे फिर से जीवंत करने के लिए पहल शुरू कर दी गई है।