May 08, 2025
08.05.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : बिहार सरकार के द्वारा दरभंगा जिले में संचालित “महिला संवाद” कार्यक्रम महिलाओं के सामाजिक,आर्थिक और मानसिक सशक्तिकरण की दिशा में एक व्यापक और जनभागीदारी आधारित पहल बनकर उभरा है। यह कार्यक्रम न केवल ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को संवाद का मंच दे रहा है, बल्कि उन्हें समाज में अपनी भूमिका और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का भी कार्य कर रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गांव-गांव की महिलाएं खुलकर अपनी बात कह सकें, अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं सरकार तक पहुंचा सकें और उनके समाधान की दिशा में ठोस प्रयास हों। संवाद के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि महिलाएं शासन प्रणाली का हिस्सा बनें और स्थानीय विकास योजनाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी हो।
संवाद कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के भीतर आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना को मजबूत किया है। बहादुरपुर प्रखंड के बीपीएम सुकेश मिश्रा ने बताया कि शिल्पग्राम प्रोड्यूसर कंपनी से जुड़ी महिलाओं ने अपनी कलाओं–मिथिला पेंटिंग, सिक्की कला, सिलाई एवं डिजाइनिंग जैसे कार्यों से स्वरोजगार की संभावनाएं जताई हैं। पूनम देवी ने यह बताया कि उन्होंने कोविड-19 के दौरान मास्क निर्माण कर जीविका पाई, लेकिन अब उन्हें रोजगार के नए अवसरों की आवश्यकता है। उन्होंने शिल्पग्राम के अंतर्गत छोटे पैमाने पर लघु उद्योग स्थापित करने की मांग की जिससे अधिक महिलाओं को रोजगार मिल सके। पुतुल देवी ने सेनिटरी नैपकिन निर्माण इकाई की स्थापना का सुझाव दिया, जिससे महिलाओं को ना केवल आय का साधन मिलेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा। संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा रखी गई प्रमुख मांगों में जीविका भवन, सामुदायिक विवाह भवन, खेल मैदान का निर्माण, समूह बैठकों के लिए स्थायी स्थल, स्थानीय स्तर पर लघु एवं कुटीर उद्योगों की स्थापना, महिलाओं को मिलने वाले ऋण पर ब्याज दर में छूट, गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ना, सुरक्षित और स्वच्छ पीने के पानी की उपलब्धता, सौर ऊर्जा आधारित बिजली आपूर्ति, सरकारी योजनाओं की सुगम जानकारी और पारदर्शी लाभ वितरण प्रणाली जैसी माँगें प्रमुख रूप से सामने आईं।
महिलाएं अब केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की वाहक बन रही हैं। वे शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, स्वच्छता, घरेलू हिंसा, नशा मुक्ति जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाने के साथ-साथ समुदाय में नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं। महिला संवाद ने उन्हें आवाज दी है, पहचान दी है और अपनी बात सरकार तक पहुँचाने का सशक्त मंच प्रदान किया है। 18 अप्रैल 2025 से जिले में यह कार्यक्रम प्रतिदिन दो पालियों में –सुबह 9 से 11 बजे तथा शाम 4 से 6 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। प्रचार रथों के माध्यम से ग्राम संगठनों तक जाकर महिला संवाद कार्यक्रम को संचालित किया गया है। अब तक दरभंगा के 880 ग्राम संगठनों में कुल 25 प्रचार रथों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित हो चुका है। इस दौरान 1.7 लाख से अधिक महिलाओं की भागीदारी दर्ज की गई है, जिसमें से 19,500 से अधिक महिलाओं ने व्यक्तिगत रूप से मंच पर आकर अपने अनुभव, संघर्ष, सुझाव और आकांक्षाएं साझा की।
कार्यक्रम की प्रभावशीलता इस बात से स्पष्ट होता है कि अब महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे आ रही हैं, समाधान चाहती हैं और सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। “महिला संवाद” न केवल उनकी आवाज को मंच दे रहा है, बल्कि उन्हें समाज के निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर भी प्रदान कर रहा है।
May 01, 2025
01.05.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : सिविल कोर्ट दरभंगा बार एसोसिएशन 2025 के द्विवार्षिक चुनाव में विजयी उम्मीदवारों को निर्वाची पदाधिकारी जितेंद्र नारायण झा ने प्रमाण पत्र प्रदान किया। सिविल कोर्ट के सेंट्रल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में प्रमाण पत्र पाने के बाद विजयी उम्मीदवारों के चेहरे पर खुशी की लहर छा गयी।
निर्वाची पदाधिकारी श्री झा ने अध्यक्ष पद के लिए चंद्रधर मल्लिक, महासचिव पद के लिए कृष्ण कुमार मिश्र, उपाध्यक्ष संख्या- 1 पद के लिए सोहन कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष संख्या- 02 पद के लिए मुरारी लाल केवट, उपाध्यक्ष संख्या- 03 पद के लिए ज्योतिष प्रसाद साहू, सहायक सचिव संख्या- 01 पद के लिए अमर प्रकाश, सहायक सचिव संख्या- 02 पद के लिए अजय कुमार, सहायक सचिव संख्या- 03 पद के लिए मनोज कुमार मनमौजी, कोषाध्यक्ष पद के लिए आलोक कुमार द्वितीय, अंकेक्षक पद के लिए अनिल कुमार मिश्रा, संयुक्त सचिव (वित्त) पद के लिए अशोक कुमार भगत, संयुक्त सचिव (पुस्तकालय) पद के लिए प्रिय रंजन, संयुक्त सचिव (भवन) पद के लिए अनिल कुमार मिश्र को प्रमाण पत्र सौंपा, वहीं वरिष्ठ कार्यकारी के पांच सदस्यों के लिए श्री झा ने अरुण कुमार सिंह, बृज नंदन प्रसाद, नबीबेन्द्र कुमार मिश्र, संजय कुमार सिंह व रामनरेश यादव को प्रमाण पत्र सौंपा।
कार्यकारी सदस्य के सात सदस्यों में किरण कुमारी, प्रतिमा लाल, सुभाष महतो, आनंद आलोक, सनोज कुमार, ऋषभ श्रीवास्तव व राहुल भारद्वाज को प्रमाण पत्र सौंपा। विजयी उम्मीदवारों ने मिलकर एसोसिएशन के विकास का संकल्प लिया। दरभंगा बार एसोसिएशन के नव निर्वाचित अध्यक्ष और महासचिव ने अपने विजयी का श्रेय अधिवक्ताओं को देते हुए कहा कि अधिवक्ताओं ने जिस आशा व विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है उस पर वे खड़ा उतरेंगे।
विजयी प्रतिनिधियों ने अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के मान सम्मान की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा की अधिवक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या में हमेशा साथ रहेंगे और उनकी समस्या को दूर करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। अधिवक्ताओं के हित के लिए विभिन्न लाभकारी योजना प्रारम्भ की जाएगी। अधिवक्ताओं को सरकारी योजना का लाभ मिले इसके लिए सरकार के समक्ष अपनी बातों को रखा जाएगा।
May 01, 2025
01.05.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : WEFALC कंपनी (क्रिप्टो करेंसी) टोकन को खरीदने पर पैसा 24 घंटे में 2 गुण एवं 7 महीने में 4 गुना का झांसा देकर दरभंगा, मधुबनी के अनेकों लोगों से करीब एक करोड़ सोलह लाख (1,16,00000/रु०) की ठगी की गई थी। उक्त मामले में पुलिस ने बताया की आवेदक विवेकानंद महाराज के लिखित आवेदन के आधार पर दरभंगा साइबर थाना के द्वारा कांड संख्या - 98/23, दिनांक - 09.12.2023, धारा - 420/379/467/471/504/34 भा०द०वि० एवं 66/(D) आई०टी० एक्ट 2000 अंकित कर साइबर अपराध के घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु एसएसपी के निर्देशन में एवं पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में अनुसंधानक पु०नि० नवीन कुमार एवं सिपाही 1385 रजनीश कुमार के द्वारा मैन्युअल इनपुट एवं तकनीकी इनपुट के आधार पर उक्त कांड के फरार अभियुक्त नीतेश कुमार झा पे० स्वर्गीय मोहन झा सा० चहूंटा थाना बिस्फी जिला मधुबनी को दिनांक 01.05.2025 को पटना कंकड़बाग से गिरफ्तार किया गया है।
पूर्व में उक्त कांड के अभियुक्त अजय कुमार राय पे० राजेंद्र राय सा० अमरपुर थाना चकिया जिला बेगूसराय की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई थी।
May 01, 2025
01.05.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : एक दिवसीय श्रमिक जागरूकता सह विधिक शिविर का आयोजन श्रम संसाधन विभाग दरभंगा एवं विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा के सह संयोजन के द्वारा उप श्रमायुक्त कार्यालय मे किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम अधीक्षक अधिनियम किशोर कुमार झा के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आरती कुमारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा उपस्थिति थे। दीप प्रज्ज्वलित कर एक दिवसीय श्रमिक जागरूकता सह विधिक जागरूकता शिविर का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर श्रम अधीक्षक द्वारा मजदूरों को जागरूक करते हुए विभिन्न कानूनो के बारे मे बताया। मजदूरों के कल्याण से संबंधित सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गयी। इसके पश्चात विभिन्न प्रखण्डों से आये हुए श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी के द्वारा संबोधन किया गया। इसी क्रम में श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी, सिंहवाड़ा द्वारा न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, 1948 एवं बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के अंतर्गत जानकारी दी गयी। श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी, बेनीपुर द्वारा बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना एवं बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना की जानकारी दी गयी।
स्वंयसेवी संस्थान के प्रतिनिधि एवं श्रमिक यूनियन के प्रतिनिधियों द्वारा मजदूर की समस्याओं को रखते हुए श्रम विभाग के योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सचिव विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा के द्वारा विभिन्न श्रम कानूनों की जानकारी देते हुए मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी दिलाने की बात कही गयी। उन्होंने बाल श्रम उन्मूलन हेतु समाज को जागरूक करने एवं बाल विवाह जैसी कुप्रथा की रोकथाम हेतु श्रम विभाग एवं स्वंयसेवी संस्थाओं से अपील की गयी। उन्होंने मजदूर दिवस की ऐतिहासिक एवं मजदूरों के हक कीे बात के क्रम में प्रसिद्ध कवि मनोज मुुंतशिर की कविता मजदूरों की अभिलाषा पर आधारित कविता का जिक्र किया।
‘‘मजदूर है हम और मानते है कि तुम से थोड़ा अलग है, तुम्हारे जिस्म, लहू और हड्डियों से बने है, हमारे सिमेंट एवं गिट्टीयों से, तुम माँ के कोख से जन्म लेते हो और हम कारखानों के भट्टी से। तत्पश्चात् सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा द्वारा उप श्रमायुक्त कार्यालय प्रागंण में वृक्षारोपन कर प्रकृति के प्रति मजदूरों के प्रेम का स्मरण किया। श्रम अधीक्षक किशोर कुमार झा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम के समापन करने की घोषणा की गयी।
May 01, 2025
29.04.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : माँ जानकी का प्राकट्य दिवस विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में 6 मई को धूमधाम से मनाया जायेगा। संस्थान के प्रधान कार्यालय परिसर में प्रातः काल माता जानकी की प्रतिमा की शास्त्रीय विधि से पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद मैथिली दिवस समारोह का भव्य आयोजन होगा। आयोजन की चल रही तैयारी को लेकर महासचिव डा. बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि संस्थान कई दशकों से जानकी नवमी का आयोजन करता आ रहा है।
जबकि बीते एक दशक से अधिक समय से मूर्ति पूजा भी की जा रही है। जानकी नवमी का विस्तार-अभियान निरंतर प्रगति कर रहा है। आज राष्ट्रीय स्तर पर हजारों स्थान पर जानकी नवमी समारोह पूर्वक मनाने का क्रम शुरू हो चुका है, वहीं अमेरिका, जर्मनी, कैलिफोर्निया, रूस आदि देशों में भी मिथिलावासी जानकी नवमी का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान के जानकी नवमी समारोह में संस्थान के संरक्षक द्वय क्रमशः ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. शशिनाथ झा, प्रो. देव नारायण झा, प्रो. रामचंद्र झा, उपेंद्र झा आदि की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
डा. बैजू ने जानकी अभियान में जुटी सभी संस्थाओं को साधुवाद देते हुए मिथिला के हर घर में जानकी पूजन सुनिश्चित करने का आह्वान किया ताकि इस मिथिला में नारी सशक्तिकरण का अभियान और ज्यादा विस्तार ले सके। मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं. कमलाकांत झा ने कहा कि विद्यापति सेवा संस्थान के हर-घर जानकी पूजन महाभियान को मिथिलावासी एवं प्रवासी मैथिलों का भरपूर सहयोग व समर्थन मिल रहा है। इसके सुखद परिणाम के रूप में देश-विदेश में शिवधनुर्धारिणी जानकी नवमी समारोह की धूम के रूप में सामने है। इस अवसर पर आयोजित होने वाले जानकी-सम्मेलन की संयोजिका डा. सुषमा झा ने बताया कि इस सम्मेलन को लेकर मिथिला की नारी शक्ति खासे उत्साहित हैं और सभी माता-बहनों को इसमें शामिल होने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने बताया कि इस अवसर पर नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले जानकी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जानकी नवमी पर हर घर जानकी पूजनोत्सव सुनिश्चित करने के लिए संस्थान की ओर से धनुषधारिणी माँ जानकी का कैलेंडर हर घर वितरित किए जाने की तैयारी अंतिम चरण में है। जबकि संस्थान के सचिव प्रो. जीवकांत मिश्र के प्रस्ताव पर मैथिली दिवस समारोह के सांस्कृतिक सत्र में विशेष रूप से महिला कलाकारों को आमंत्रित किया जा रहा है, जिनकी पारंपरिक प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र विंदु बनेंगी।