August 16, 2025
14.08.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची में दावा एवं आपत्ति के निष्पादन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निष्पक्ष एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है, किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे। उन्होंने एक बार फिर से एएसडी लिस्ट को सत्यापन कर लेने को कहा। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर सत्यापन कार्य में सतर्कता बरतने तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु प्रेरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में छूटना नहीं चाहिए और अयोग्य का जुटे भी नहीं। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ 20 अगस्त तक 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से युवा एवं महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्राथमिकता देने का निर्देश दिया विशेष कर नव विवाहित महिलाओं को मतदाता सूची में जोड़े, जिससे की लिंगानुपात में वृद्धि हो सके।
नाम जोड़ने के लिए सभी बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में प्रपत्र दिया गया है जो निःशुल्क नागरिकों को देंगे और प्रपत्र जमा करने के बाद पावती भी अवश्य देंगे। डीएम ने यह भी स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी कार्यों की समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से किया जाना है। उक्त बैठक में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।
July 20, 2025
20.07.2025 (DarbhangaOnline) (पटना) : डीएम डॉ त्यागराजन एस एम ने बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी व प्रगति के संबंध में एक समीक्षा बैठक समाहरणालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी व जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ की तथा संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिये। डीएम ने कहा कि किसी भी स्थिति में बाढ़ पीड़ितों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पिछले साल के बाढ़ पीड़ितों को दी जाने वाली सहायता राशि, नाविकों एवं नाव मालिकों का भाड़ा/किराया तथा गृह क्षति मुआवजा आदि का लंबित भुगतान दो दिनों के अन्दर निष्पादित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी अंचल अधिकारी अपने अपने क्षेत्र के नाव मालिकों के साथ बैठक कर नावों की उपलब्धता से संबंधित एक एग्रीमेंट करा लें तथा नाव व नाविकों की उनके मोबाइल नंबर के साथ सूची तैयार कर लें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसका परिचालन संबंधित स्थल पर कराया जा सके। अधिकारी नावों पर ओभरलोडिंग तथा रात्रि में नाव का परिचालन नहीं हो इसका ध्यान रखेंगे। घाटों पर चौकीदारों व दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी कर लें, जो मानक प्रक्रिया के अनुरूप नावों का परिचालन सुनिश्चित कराएंगे। नदी की धारा में बहाव तेज होने पर नाव का परिचालन बन्द रहेगा। नावों पर लाल झंडा तथा निःशुल्क वाला बोर्ड अवश्य लगा होना चाहिए।
जीवन रक्षक उपकरणों यथा, लाइफ जैकेट आदि की भी पर्याप्त व्यवस्था घाट के निकट रखेंगे। विस्थापन या आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए NDRF तथा SDRF के टीम की उपलब्धता क्षेत्रवार सुनिश्चित करने की जिम्मेवारी अपर समाहर्ता आपदा को सौंपी गई। पॉलीथिन शीट्स भी पर्याप्त संख्या में रखें। आवश्यकता पड़ने पर बाढ़ पीड़ितों को तुरंत मुहैया कराएं। सूखा राशन तैयार करने तथा वितरण करने हेतु जिला स्तर पर एक टीम अपर समाहर्ता विभागीय जाँच की अध्यक्षता में डीएम ने गठित करने संबंधी जानकारी देते हुए कहा कि सभी अंचल अधिकारी स्थानीय स्तर भी टीम का गठन कर लें, साथ ही रसोइया, आँगनबाड़ी सेविका सहायिका व अन्य को लेकर टोला स्तर पर भी टीम का गठन कर लें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सूखा राशन की पैकेटिंग, वितरण तथा सामुदायिक किचन का संचालन निर्बाध रूप से किया जा सके।
बचाव कार्योँ की समीक्षा के क्रम में पाया कि दरधा व धोबा नदी में बाँध पर दबाव बढ़ा हुआ है. साथ ही, दनियावां के सलारपुर होरल बिगहा के महत्माइन टाल में पानी सड़क के आर पार बह रहा है तथा शाहजहांपूर के मसनदपूर में जमींदारी बाँध पर पानी का दबाव बढ़ रहा है. उसी भांति, फतुहा के मोमिनपुर पंचायत के निसबुचक गांव में धोबा नदी के पानी के कारण खार हो रहा है. इन जगहों पर कटाव निरोधक कार्य करने की आवश्यकता है। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता, जल संसाधन विभाग से जवाब तलब किया और तुरंत बांधों पर मरम्मती कार्य कराने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग के सभी अभियंता शीघ्र उल्लेखित स्थान पर पहुंचे और कटाव निरोधक कार्य को 24 घंटे के अंदर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। किसी भी तरह की चूक के जिम्मेवार संबंधित अभियंता होंगे। डीएम ने अनुमंडल स्तरीय तथा अंचल स्तरीय सभी अधिकारियों को चौकस और भ्रमणशील रह कर स्थिति पर 24 घंटा नजर बनाए रखने का निदेश दिया।
July 20, 2025
20.07.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : मिथिला में कुशेश्वरस्थान स्थित बाबा कुशेश्वरनाथ महादेव की पूजा व दर्शन का अहम स्थान है। ऐसी मान्यता है कि शुद्ध भावना से इनकी पूजा करने से सभी प्रकार की मनोकामनाओं की पूर्ति हो जाती है। आज अपने समाज राष्ट्र के साथ चराचर जगत के कल्याण की कामना के साथ बाबा कुशेश्वरनाथ की पूजा किए है तथा यहां पंडा समाज के साथ यहां के विकास के मुद्दे पर चर्चा की है।
दरभंगा सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर ने आज कुशेश्वरस्थान में पूजा करने के बाद उपरोक्त विचार व्यक्त किए। सांसद डा. ठाकुर ने कुशेश्वरस्थान की महत्ता की चर्चा करते हुए कहा कि दूसरे बाबाधाम के रूप में चर्चित इस स्थान के समग्र विकास के साथ इसके संरक्षण के लिए रेलवे के स्टैंडिंग कमेटी में भी अपनी बात रखी थी तथा मिथिला के धार्मिक कॉरिडोर के साथ इसको जोड़ने के लिए ठोस पहल की जा रही है। सांसद ने कुशेश्वरस्थान सहित मिथिला के अन्य धार्मिक स्थलों को जानकी सर्किट के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किए जाने पर चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने रेलवे मंत्रालय की बैठक में सीतामढी के पुनौराधाम के जानकी मंदिर के साथ मुजफ्फरपुर में बाबा गरीबनाथ मंदिर, कपिलेश्वर स्थान, उच्चैठ स्थान, श्यामा माई, उग्रतारा स्थान जैसे दो दर्जन से अधिक मिथिला के ऐतिहासिक धरोहर तथा विरासत को समग्र विकास तथा पर्यटन क्षेत्र के माध्यम से आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर पहल की जा रही है।
सांसद डा ठाकुर ने कहा की कुशेश्वरस्थान बाजार में सड़कों पर लग रहे जाम की समस्या के समाधान के लिए पहल की जा रही है।
July 20, 2025
19.07.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : रेलवे के यात्री सुविधाओं के नाम पर दरभंगा से लखनऊ अमृत भारत ट्रेन दरभंगा तथा मिथिला के लिए वरदान साबित होगा। दरभंगा को देश के हर कोने के लिए जिस तरह से अत्याधुनिक ट्रेनों को जोड़ा जा रहा है वह आने वाले समय में इस बात को साबित करेगा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में रेल मंत्रालय दरभंगा क्षेत्र के लिए संवेदनशील है। स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा गोपाल जी ठाकुर बिहार सरकार के मंत्री हरि सहनी तथा मंत्री संजय सरावगी एवं अन्य भाजपा नेताओं व रेलवे अधिकारियों के साथ दरभंगा स्टेशन से दरभंगा लखनऊ नया अमृत भारत ट्रेन को रवाना करते हुए उपरोक्त बातें कही।
मोतिहारी से वर्चुअल रूप से इस ट्रेन के हरी झंडी दिखाने के बाद दरभंगा स्टेशन पर रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति में मिथिला के पूरे विधान से प्लेटफार्म पर खरी फुल पत्तियों के साथ मिथिला पेटिंग से सजे नई अमृत भारत ट्रेन को फूल सशक्त दूर्वा कुमकुम आदि से भाजपा की सपना भारती निभा देवी संगीता साह मीरा देवी सहित दर्जनो मातृ शक्तियों ने विधिवत् चूमावन किए तथा सांसद डा ठाकुर ट्रेन के एक दर्जन इस ट्रेन के पहले यात्री बने यात्रिक तथा ड्राईवर को पाग अंगवस्त्र से सम्मानित कर ट्रेन में बिठाकर उन्हें सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर रेलवे के द्वारा मिथिला मैथिल के नामचीन कलाकारों नेको मोदी जी की उपलब्धियों गिनाते हुए अपने मधुर संगीत पेश किए।
बिहार सरकार के मंत्री संजय सरावगी तथा मंत्री हरि सहनी ने सांसद डा ठाकुर के साथ भाजपा ज़िंदाबाद के साथ मोदी मोदी के जमकर नारे लगाए। इस मौके पर मिथिला मैथिली के दिग्गज कलाकारों माधव राय रामबाबू झा श्यामबाबू झा विकास झा रचना झा डौली सिंह चांदनी चकोर, विक्रम झा सहित अन्य कलाकारों ने मिथिला का बच्चा बच्चा मोदी जी के साथ है जैसे सांस्कृतिक गायन से जनसमूह को भाजपामय बना दिया।
July 20, 2025
19.07.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के संदर्भ में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक हुई। बैठक में डी ई ओ ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निदेश के आलोक में निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य 26 जून 2025 से प्रारंभ है। इसी क्रम में दरभंगा जिले में निर्वाचक सूची में दर्ज 30,03,167 निर्वाचको का गणना पत्रक (Enumeration Form) अपलोड किया जाना है।
उन्होंने कहा कि 19 जुलाई 2025 को पूर्वाह्न 6:00 बजे तक जिले में 26 लाख 80 हजार 378 निर्वाचकों (89.25 प्रतिशत) का गणना पत्रक अपलोड किया जा चुका है। कुल अपलोड किये गये 26 लाख 80 हजार 378 गणना पत्रकों में से बी.एल.ओ एप्प के द्वारा 26 लाख 53 हजार 532 निर्वाचकों (88.36 प्रतिशत) तथा ऑनलाईन माध्यम से (निर्वाचकों के द्वारा) 26846 निर्वाचकों (0.89 प्रतिशत) का गणना पत्रक अपलोड किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि शेष बचे निर्वाचकों का गणना पत्रक एवं कागजात अपलोड करने में संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/बीएलओ का राजननीतिक दलों के बी.एल.ए-2 के माध्यम से आवश्यक सहयोग अपेक्षित है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि निर्धारित अवधि में शत-प्रतिशत( Genuine) योग्य निर्वाचकों का गणना पत्रक पोर्टल पर अपलोड करने में संबंधित बी.एल.ओ को आवश्यक सहयोग करें। जिले के सभी दस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के जिन निर्वाचकों का गणना पत्रक अपलोड नहीं किया गया है, उनकी विधानसभावार सूची सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करायी गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि इस सूची के आधार पर गणना पत्रक अपलोड किये जाने से बचे हुए शेष निर्वाचकों का गणना पत्रक अपलोड किये जाने के लिए आवश्यक सहयोग संबंधित निर्वाचक एवं बी.एल.ओ को कर सकते हैं। सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को विधानसभा/प्रखंड स्तर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एवं मतदान केन्द्र स्तर पर बी.एल.ओ तथा बी.एल.ए की संयुक्त बैठक का आयोजन कर आज ही निश्चित रूप से कर निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी दे।
उन्होंने कहा कि यदि उसके उपरांत भी आवश्यकता होती है तो पुनः विधानसभा/प्रखंड/मतदान केन्द्र स्तर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन किया जायेगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि अपलोड किये गये गणना पत्रक को Track करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सुविधा प्रदान की गयी है। कोई भी व्यक्ति गणना प्रपत्र भरने पर ऑनलाईन स्टेटस जानने के लिए https://voters.eci.gov.in/home/enumForm Track# लिंक का प्रयोग कर सकते है। 1200 निर्वाचकों के मानक के आधार पर मतदान केन्द्रों के युक्तिकरण के उपरांत जिले के प्रस्तावित मतदान केन्द्रों की सूची पर भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा अनुमोदन प्राप्त हो चुका है, शीघ्र ही मतदान केन्द्रों की सूची का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम नहीं छूटे, और जो अयोग्य मतदाता है उनका नाम डिलीट होना चाहिए।
मृत मतदाता एवं स्थाई रूप से शिफ्ट कर गए हैं तो उनका नाम हटाया जाएगा। किसी भी परिस्थिति में एक भी योग्य मतदाता का नाम नहीं छूटे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि इसके बाद दावा-आपत्ति के लिए समय दिया जाएगा। बैठक में सहायक समाहर्ता के परीक्षित,उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विभागीय जांच, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे। राजनीतिक दलों की प्रतिनिधि राहुल कुमार कर्ण, दिलीप भगत, उमेश राय, राणा चंदन सिंह, सत्यनारायण पासवान (पप्पू), दयानंद पासवान, सुनील कुमार मंडल, मुकुंद चौधरी आदि उपस्थित थे।