October 27, 2024
27.10.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : मुख्य सचिव निगरानी विभाग, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में डीएम राजीव रौशन द्वारा सतर्कता अभिचेतना सप्ताह दरभंगा जिला अंतर्गत समाहरणालय दरभंगा के सभी प्रशाखा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी को मनाने का आदेश दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 अक्टूबर से 03 नवम्बर तक संपूर्ण राज्य में सतर्कता अभिचेतना सप्ताह मनाया जाएगा। सभी पदाधिकारी अपने कार्यालय के कर्मियों द्वारा सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा संबंधी संकल्प निर्धारित 28 अक्टूबर 2024 को पूर्वाहन 11:00 बजे निश्चित रूप से लेना सुनिश्चित करेंगे।
नागरिकों के लिए सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा, हमारा विश्वास है कि हमारे देश की आर्थिक, राजनीतिक तथा सामाजिक प्रगति में भ्रष्टाचार एक बड़ी बाधा है। मेरा विश्वास है कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन करने के लिए सभी संबंधित पक्षों जैसे सरकार नागरिकों तथा निजी क्षेत्र को एक साथ मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। मेरा मानना है की प्रत्येक नागरिक को सतर्क होना चाहिए तथा उसे सदैव ईमानदारी तथा सत्यनिष्ठा के उच्चतम मानकों के प्रति वचनबद्ध होना चाहिए तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष में साथ देना चाहिए।
हम प्रतिज्ञा करते हैं की जीवन के सभी क्षेत्रों में ईमानदारी तथा कानून के नियमों का पालन करेंगे। ना तो रिश्वत लूंगा और ना ही रिश्वत दूँगा। सभी कार्य ईमानदारी तथा पारदर्शी रीति से करूँगा। जनहित में कार्य करूँगा। अपने निजी आचरण में ईमानदारी दिखाकर उदाहरण प्रस्तुत करूँगा। भ्रष्टाचार की किसी भी घटना की रिपोर्ट उचित एजेंसी को दूँगा।
October 27, 2024
27.10.2024 (DarbhangaOnline) (पटना) : डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह एवं एसएसपी राजीव मिश्रा द्वारा अवैध पटाखा कारोबार के विरूद्ध सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अभियान चलाने का निदेश दिया गया है। अधिकारीद्वय ने कहा की अवैध पटाखा निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर सख़्ती से रोक लगायी जाए।
उन्होंने कहा की माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं माननीय राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश के आलोक में राज्य के चार नगरीय क्षेत्रों यथा पटना, गया, मुजफ्फरपुर एवं हाजीपुर, जहाँ विगत वर्ष परिवेशीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खराब, बहुत खराब या गंभीर पायी गयी थी, वहाँ किसी भी प्रकार के पटाखों के उपयोग को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। उपर्युक्त आदेश का उल्लंघन दण्डनीय है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार तथा बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद् द्वारा भी इसके अनुपालन हेतु आदेश दिया गया है। जिला प्रशासन, पटना सभी जिलेवासियों से आह्वान करता है कि पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाएँ। पटाखों का प्रयोग न करें। पटाखों से निकलने वाला धुआँ, जिसमें हानिकारक रसायन होता है, हमारे स्वास्थ्य एवं पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुँचाता है।
आतिशबाजी/पटाखा में उपयोग किए जाने वाले बारूद एवं भारी धातुओं तथा रसायनों के उपयोग से वायु प्रदूषण में काफी वृद्धि होती है। इससे बच्चों, वृद्ध व्यक्तियों तथा हृदय रोगियों को खतरा होने के साथ-साथ सभी प्राणी को स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो सकती है। दीये जलाने में किरासन तेल का उपयोग न करें, क्योंकि इसके जलने से निकलने वाला धुआँ हमारे फेफड़ों को नुकसान पहुँचा सकता है तथा हमारी आँखों में जलन, आँसू एवं धुंधलापन ला सकता है। डीएम एवं एसएसपी ने जिलान्तर्गत सभी अनुमंडल पदाधिकारियों तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अवैध पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने हेतु धावा दल को सतत क्रियाशील रखने तथा दोषियों के विरूद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निदेश दिया है। डीएम डॉ. सिंह व एसएसपी श्री मिश्रा द्वारा प्रभावी नियंत्रण हेतु अधिकारियों को निदेश दिया गया है की पटाखों के अवैध निर्माण, बिक्री, भंडारण तथा परिवहन के संबंध में थाना स्तर से आसूचना संकलित की जाए।
आसूचना के आधार पर चिन्हित व्यक्तियों अथवा संबंधित प्रतिष्ठानों के जाँच के उपरांत कार्रवाई की जाए। पटाखों के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भंडारण हेतु व्यक्तियों अथवा प्रतिष्ठानों की जांच शर्तों के अनुसार की जानी चाहिए।अनुज्ञप्ति प्राप्त विस्फोटक सामग्रियों के बिक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की स्टॉक पंजी तथा वितरण पंजी का समय-समय पर सक्षम प्राधिकार द्वारा सत्यापन किया जाए ताकि इसके अवैध व्यापार पर रोक लगाया जा सके। पटाखों का निर्माण, भंडारण तथा बिक्री केन्द्र कभी भी घनी आबादी वाले इलाके में नहीं होना चाहिए, इसे सुनिश्चित करें। पटाखों के निर्माण के लिए उपयोग किये जाने रासायनिक पदार्थों की उपलब्धता के स्रोतों का पता लगाकर उस पर रोक लगाने हेतु समुचित विधिसम्मत कार्रवाई करना आवश्यक है।
इस तथ्य पर निगरानी रखी जाए कि पटाखों के निर्माण की आड़ में रासायनिक पदार्थों/विस्फोटकों की आपूर्ति असामाजिक तत्वों को न हो। पटाखा निर्माण हेतु रासायनिक पदार्थों के भंडारण के दृष्टिकोण से संवेदनशील थानों को विशेष दिशा-निर्देश दिये जाने तथा सतर्क रहने की आवश्यकता है। विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के अन्तर्गत वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के अन्तर्गत जमानत पर छूटे अभियुक्तों का सत्यापन सुनिश्चित की जाए।
विस्फोटक पदार्थों के स्रोतों को चिन्हित की जाए। डीएम डॉ. सिंह व एसएसपी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को टीम गठित करते हुए सघन छापामारी करने का निदेश दिया है। अधिकारीद्वय ने कहा है की विस्फोटक पदार्थ अधिनियम का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निदेशों की अवहेलना करने वालों के विरूद्ध सख्त-से-सख्त कार्रवाई की जाएगी।
October 27, 2024
27.10.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : इसमाद फाउंडेशन द्वारा शशि भूषण कुमार सिन्हा की स्मृति में निःशुल्क दंत चेकअप शिविर का आयोजन शिशो पंचायत भवन में किया गया। शिविर का उद्घाटन करते हुए प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. अंजु ने मरीजों की जांच की। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने अपने दांतों की जांच कराई और सभी को मुफ्त दवाइयाँ भी दी गईं। डॉ. अंजु ने मरीजों के दांतों की समस्याओं का गंभीरता से निरीक्षण करते हुए जागरूकता की कमी पर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कैम्प में आए सभी लोगों को दांतों की देखभाल में लापरवाही के संभावित परिणामों से अवगत कराया, और नियमित दंत स्वास्थ्य की महत्ता पर जोर दिया। शिशो पंचायत के मुखिया, अजय कुमार ठाकुर ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा की ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की कमी होती है। इस प्रकार के शिविर से न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ती है, बल्कि लोगों को सस्ती और प्रभावी चिकित्सा सेवाएं भी मिलती हैं। कार्यक्रम के संयोजक, अभिनव सिन्हा ने कहा की शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ मुस्कान प्रदान करना था और इस दिशा में यह शिविर एक महत्वपूर्ण कदम है।
राहुल कुमार ने बताया की इस तरह के शिविरों से गरीब और जरूरतमंदों को अत्यधिक लाभ मिलता है, और वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो रहे हैं। अभिमन्यु कुमार ने शिविर में आए डॉक्टरों और अतिथियों का स्वागत पौधा देकर किया, जो पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश था।
कार्यक्रम समन्वयक, संतोष चौधरी ने बताया की ग्रामीण परिवेश में स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता को देखते हुए हमने ‘12 माह 12 कैम्प’ पहल के अंतर्गत दूसरा कैम्प आयोजित किया। शिविर में अप्रत्याशित भीड़ रही और सभी लाभार्थियों को उचित चिकित्सा सेवाएं एवं दवाइयाँ प्रदान की गईं।
October 27, 2024
27.10.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मन की बात कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणाप्रद होता है। पीएम ने अपने मन की बात में जिस तरह से आत्म निर्भर भारत की सभी आख्यानों के तरीके और सुझावों की चर्चा की है यदि ईमानदारी से उस पर पहल की जाए तो आने वाले समय में निश्चित रूप से आत्म निर्भर भारत के साथ साथ विकसित और समृद्ध भारत की कल्पना साकार होगी।
दरभंगा के भाजपा सांसद तथा लोकसभा में पार्टी के सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर ने आज पीएम के मन की बात के 115 वां एपीसोड सुनने के बाद उपरोक्त विचार व्यक्त किए।सांसद डा. ठाकुर ने पीएम के मन की बात में डिजिटल क्राइम के बढ़ते मामले तथा इससे सचेत रहने के लिए सुरक्षा के लिए जिस तरह कोई भी मैसेज आने पर रुको सोचो तथा जल्दबाजी न कर अपने मित्रों तथा परिजनो के बीच साझा करने की तरकीब बताई है वह आने वाले समय में युवाओं के भविष्य की सुरक्षित रखेगा। सांसद डा. ठाकुर ने पीएम की सोच की सराहना करते हुए कहा की उन्होनें जिसे तरह से युवाओं के स्वर्णिम चरित्र निर्माण पर फोकस करते हुए कहा है की युवा अपने सपने को विस्तार देने के लिए बिरसा मुंडा की जीवनी से प्रेरणा ले की उन्होनें किस तरह जंगल और बीहड़ों मे रहकर देश की आजादी के लिए संघर्षों को आत्मसात् किए वह अतुलनीय है।
सांसद डा. ठाकुर ने पीएम के मन की बात में उल्लेख किए गए देश एवं विदेश की संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के लोकगाथाओं की जमकर सराहना करते हुए कहा की उधमपुर के गौरी तेलंगाना के सारंगी जी छत्तीसगढ़ के मारिया जैसी परंपराओं से प्रेरणा लेकर हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखनी होगी। सांसद डा. ठाकुर ने सरदार पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को हर साल आयोजित होने वाले रन फॉर यूनिटी को दीपावली पर्व को लेकर 29 अक्टूबर के कार्यक्रम में भागीदारी होने का आह्वान करते हुए कहा की इस कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर सफ़ल बनाकर मोदी जी के फिट इंडिया के अवधारना को मज़बूत करे।
October 27, 2024
25.10.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : लहेरियासराय थाना क्षेत्र में रीता सिंह, जिला शांती समिति सदस्य एवं पूर्व वार्ड पार्षद के घर में घुसकर चाकू मारकर घायल करने से संबंधित घटना का एक सप्ताह के अन्दर सफल उद्भेदन दरभंगा पुलिस ने कर लिया एवं घटना में संलिप्त विधि विरूद्ध बालक को जे०जे० बोर्ड के समक्ष उपस्थित किया गया। घटना में प्रयुक्त चाकू की भी बरामदगी कर ली गयी है।
घटना के सम्बन्ध में एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने बताया की लहेरियासराय थाना क्षेत्र के खाजासराय के वार्ड नं0-48 में दिनांक-20.10.24 की दोपहर करीब 14:00 बजे रीता सिंह के घर में घुसकर चाकू मारकर घायल कर कर देने की घटना घटित हुई थी। उक्त संबंध में लहेरियासराय थाना कांड सं0-593/24, दिनांक-20.10.24 को अज्ञात के विरूद्ध केस दर्ज किया गया। एसएसपी ने बताया की पुलिस अधीक्षक (नगर), दरभंगा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। उक्त टीम के मनोनित सदस्यों के द्वारा तत्तक्षण घटनास्थल का निरीक्षण SHO ल०सराय, एफ०एस०एल० टीम के पदा०, तकनीकी शाखा के पदा०, तथा कर्मियों से जाँच व सत्यापन कराया गया।
जाँच/सत्यापन के क्रम में घटनास्थल के आस-पास लगे सी०सी०टी०वी० फुटेज का अवलोकन करने पर इस घटना का सफल उद्भेदन कर घटना में संलिप्त आरोपी का पहचान करते हुए विधि विरूद्ध बालक को जे०जे० बोर्ड के समक्ष उपस्थापित किया गया तथा घटना में प्रयुक्त चाकू को भी बरामद कर लिया गया। घटना का मुख्य कारण के सम्बन्ध एसएसपी श्री रेड्डी ने बताया की निरूद्ध किये गये विधि विरूद्ध बालक के द्वारा बताया गया कि इन्हे आई फोन खरीदने की ईच्छा थी, जिस कारण ये अपनी माँ के खाता से अपने दोस्त के खाता में पे फोन के माध्यम से कुल-1,00,000/-रूपया स्थानान्तरित किया गया, जिसकी जानकारी इनके मों को हो गयी।
रूपया स्थानान्तरित करने के कारण इनके मॉ एवं पिता के द्वारा डॉट डपट किया गया, जिससे विधि विरूद्ध बालक स्कूल से हीं भाग गया। रूपया कमाने के लिए बाहर जाने के मकसद से विधि विरुद्ध बालक चोरी करने के नियत से रीता सिंह के घर में घुसकर चोरी करने का प्रयास कर रहा था तो रीता सिंह के द्वारा विरोध करने के कारण चाकू मारकर जख्मी कर भाग गया। एसएसपी ने बताया की छापामारी अभियान में शामिल ल०सराय थाना के पुलिस पदा०/कर्मियों/DIU टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।