November 25, 2023

25.11.2023 (दरभंगा) : लैंगिक समानता एवं लिंग आधारित हिंसा को रोकने के मुद्दों से संबंधित राष्ट्रीय कार्यक्रम “नयी चेतना अभियान – पहल बदलाव की ओर” कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में डीएम राजीव रौशन एवं उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास निगम एवं जीविका द्वारा लैंगिक समानता लाने हेतु विशेष प्रयास के तौर पर इस वर्ष 25 नवम्बर (महिला हिंसा उन्मूलन के लिए निर्धारित अंतर्राष्ट्रीय दिवस) से 20 दिसम्बर तक कुल - 4 सप्ताह का लैंगिक समानता एवं लिंग आधारित हिंसा को रोकने के मुद्दों से संबंधित “नई चेतना-पहल बदलाव की ओर” कार्यक्रम चलाया जा रहा है।गौरतलब है कि इस वर्ष समुदाय के नेतृत्व में चलाये जाने वाले इस कैम्पेन का थीम - लैंगिक समानता एवं लिंग आधारित हिंसा का उन्मूलन है।
कार्यक्रम की शुरुआत में माउंट समर कान्वेंट स्कूल की बच्चियों द्वारा स्वागात गान प्रस्तुत किया गया। डीएम द्वारा कार्यक्रम में सभी अतिथियों को लिंग आधारित भेदभाव और हिंसा के मौलिक मानवाधिकारों का उल्लंघन जैसे विषयों को लेकर शपथ भी दिलाया गया।कार्यक्रम में उपस्थित ऋषि कुमार, जिला मिशन समन्वयक, जीविका के मैनेजर नरेश कुमार एवं बी.आई.ए.जी/यूनिसेफ के जिला समन्वयक श्याम कुमार सिंह द्वारा हिंसा उन्मूलन, घरेलू हिंसा, लिंग आधारित भेदभाव और हिंसा मौलिक मानवाधिकारों जैसे विषयों एवं 25 नवम्बर से 20 दिसम्बर का आयोजित किये जाने वाले गतिविधिओं के बारे में पावर पॉइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विस्तृत रूप से जानकारी दी।
डीएम ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि लैंगिक हिंसा का सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है I उन्होंने कहा कि लैंगिक हिंसा के संबंध में बने कानूनों का पालन करना आवश्यक है, जिसके लिए जरुरी है, जन-जागरूकता बढ़े, इसलिए इस अभियान को सफल बनाएँ। श्रीमती अंकिता कश्यप, एस.पी.एम, महिला एवं बाल निगम ,बिहार द्वारा बताया गया कि लिंग आधारित हिंसा की जड़ें लैंगिक भेदभाव तक जाती है। किसी भी तरह की हिंसा गलत है और किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य योग्य नहीं है। शारीरिक, मानसिक और आर्थिक हिंसा को पहचानते हुए इसका प्रतिकार करना होगा।उन्होंने आगे यह भी बताया कि जीविका दीदी तथा अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं (FLW) की भूमिका सबसे अहम है और इस मंशा के हेतु अग्रदूत साबित हो सकता है I
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (समेकित बाल विकास परियोजना) द्वारा बताया गया कि यह अभियान महिला एवं बाल विकास निगम एवं जीविका के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किया जा रहा, जो एक जन-जागरूकता है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे विचार यह है कि लैंगिक हिंसा के मामलों को चर्चा के केन्द्र में लाना और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए उपलब्ध नियमों व उपलब्ध तंत्र व उपायों के जरिए उनकी समस्या या शिकायतों के समाधान की जानकारी प्रदान किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती अजमातुन निशा, केन्द्र प्रशासक, वन स्टॉप सेण्टर द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (समेकित बाल विकास परियोजना) डॉ. रश्मि वर्मा द्वारा अभियान के बारे में संक्षिप्त विवेचन एवं कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
उक्त अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक सागर कुमार, अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर सुश्री चन्द्रिमा अत्री, संयुक्त निदेशक-सह-उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी मो. असलम अली, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) इमरान अहमद, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा नेहा कुमारी, डी.पी.एम (जीविका) डॉ, ऋचा गार्गी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के साथ-साथ अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
November 25, 2023

24.11.2023 (दरभंगा) : डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण द्वारा गंगा एवं सहायक नदियों के प्रदूषण नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु पारित आदेश के अनुपालन की बिन्दुवार समीक्षा की गई एवं सभी संबंधित पदाधिकारी को न्यायाधिकरण के आदेश के शत-प्रतिशत अनुपालन करने का निर्देश डीएम द्वारा दिया गया। महानिदेशक, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली द्वारा पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 अन्तर्गत पर्व-त्योहारों के अवसर पर विशेष रूप से नदियों और अन्य जल स्त्रोतों में मूर्तियों, पूजा सामग्री और धार्मिक प्रसाद की अन्य वस्तुओं के विसर्जन पर प्रतिबंध से संबंधित निर्देश के अनुपालन हेतु समन्वय समिति का गठन करते हुए विसर्जन हेतु अस्थायी व्यवस्था करने एवं प्राप्त सभी निर्देश से पूजा समितियों को अवगत करवाने तथा वृहद स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया।
बैठक में बताया गया कि केंद्रीय चर्म अनुसंधान संस्थान, चेन्नई से समन्वय कर मृत पशुओं के शव अवशेषों के निपटान हेतु तकनीकी संयंत्र स्थापित करने हेतु कार्यवाही की जा रही है। इस संबंध में विगत दिनों केंद्रीय चर्म अनुसंधान संस्थान, कानपुर केन्द्र के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक श्री अभिनंदन कुमार द्वारा जिले का भ्रमण किया गया है। डीएम द्वारा संयंत्र स्थापित होने तक ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता हेतु गठित ग्राम पंचायत क्रियान्वयन समिति के माध्यम से उचित स्थान का चयन कर पशुओं के शव अवशेष के निपटान करने हेतु निर्देश दिया गया।
November 25, 2023

24.11.2023 (दरभंगा) : समाहरणालय परिसर अवस्थित सभागार के समीप से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी राजीव रौशन द्वारा मतदाता जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं निर्वाचन विभाग, बिहार, पटना के द्वारा निर्धारित कार्यक्रमानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2024 के आधार पर निर्वाचन सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 के क्रम में 27 अक्टूबर को निर्वाचन सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जा चुका है तथा प्रारूप प्रकाशन की अवधि में 09 दिसम्बर तक दावा/आपत्ति प्राप्त की जाएगी। इसी कड़ी में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन भागीदारी कार्यक्रम (स्वीप गतिविधि) के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रचार एवं अर्हता प्राप्त नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से 28 नवम्बर तक प्रत्येक प्रखण्ड के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता रथ का परिचालन किया गया है।
उक्त अवसर पर संवाददाता को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 01 जनवरी 2024 के अर्हता तिथि के आधार पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए मतदाता जागरूकता रथ रवाना किया जा रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों एवं संवाददाताओं के माध्यम से जिले के सभी लोगों को संदेश दिया कि स्वच्छ निर्वाचन प्रक्रिया के लिए मतदाता सूची का स्वस्थ होना बहुत आवश्यक है और इसके लिए जो भी हमारे युवा मतदाता हैं, जो 01 जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर लेते हैं खासतौर से बच्चियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कर लेंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने बी.एल.ओ से सम्पर्क कर तथा फॉर्म-06 के माध्यम से या ऑनलाइन आवेदन कर अपना नाम जुड़वा सकते है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की मृत्यु हो गई है, जो परमानेंट शिफ्ट हो गए हैं, वे अब यहाँ नहीं रहते हैं, उन लोगों को मतदाता सूची से नाम हटाए जाने पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि घर के कोई भी सदस्य बी.एल.ओ को सूचित करता है कि उनके घर से किन्ही सदस्य की मृत्यु हो गई है, तो बी.एल.ओ. द्वारा उन सदस्य का फार्म-07 के माध्यम से उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा अगर कोई मतदाता का मतदाता सूची में नाम, फोटो या किसी अन्य प्रकार की त्रुटि है या वे पहले से दूसरे क्षेत्र के मतदाता हैं, अब उनका माइग्रेशन होना है तो फॉर्म-08 भरकर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिले का मतदाता सूची हर दृष्टिकोण से स्वच्छ हो, स्वस्थ हो, कोई भी आदमी छूटा हुआ न रहे, हमारा लिंगानुपात बढ़िया हो, 18-19 आयु वर्ग के युवा मतदाता जितने जनसंख्या के आंकड़ों में है वे सारे लोग हमारे मतदाता सूची में शामिल हो जाएं, यह आवाहन करते हैं, ये लोकतंत्र की परंपरा के लिए काफी अच्छा फल देने वाला होगा।
उन्होंने कहा कि सभी प्रखण्डों के 10 विधानसभा क्षेत्र में जागरूकता रथ द्वारा प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा 25 एवं 26 नवम्बर को विशेष कैंप का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा विशेष कैम्प के माध्यम से जो भी मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाना चाहते है, नाम में सुधार करवाना चाहते है, नाम हटवाना चाहते हैं, यह सारी प्रक्रिया उक्त तिथि को सभी मतदान केन्द्रों पर उपस्थित बी.एल.ओ. के माध्यम से पूरा कर सकते हैं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रतिभा रानी, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी राजेश झा ‘‘राजा’’, नगर पुलिस अधीक्षक सागर कुमार, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर चंद्रिमा अत्री, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार, उप निदेशक सांख्यिकी शंभू प्रसाद, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सुश्री नेहा कुमारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे। वही राजनैतिक दलों की ओर से लोजपा के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र झा, राजद के जिला अध्यक्ष उदय शंकर यादव, जदयू के जिला अध्यक्ष गोपाल मंडल, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सीताराम झा, सी.पी.आई के सचिव नारायण जी झा उपस्थित थे।
November 25, 2023

23.11.2023 (दरभंगा) : मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण तथा जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान के प्रति लोगों में जागरूकता को बनाये रखने के लिए स्थानीय नेहरू स्टेडियम (पोलो मैदान) में 10 किलोमीटर बालक/बालिका वर्ग तथा 05 किलोमीटर बालक/बालिका वर्ग का मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके साथ ही मुख्य कार्यक्रम स्थल नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से उपस्थित दर्शकों के बीच मनोरंजन के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश संचारित किया गया।
उत्पाद अधीक्षक ओम प्रकाश ने मैराथन के पूर्व प्रतिभागियों एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में मद्यनिषेध एवं नशा मुक्ति के प्रति राज्य सरकार संकल्पित है और यह तभी सफल होगा जब यहाँ के सभी नागरिकों की उसमें उत्साह के साथ बराबर की भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि आप जानते हैं कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा महिलाओं की अनुरोध पर ही राज्य में मद्यनिषेध लागू किया गया और यदि यहाँ के नागरिक ठान लेगें तो इस अभियान को सफल होने से कोई नहीं रोक सकता है। इसके उपरान्त श्रम अधीक्षक राकेश रंजन, जिला खेल पदाधिकारी परिमल एवं उत्पाद अधीक्षक ओम प्रकाश द्वारा संयुक्त रूप से बारी-बारी से छोटे अंतराल में 05 किलोमीटर बालिका एवं 05 किलोमीटर बालक तथा 10 किलोमीटर बालिका एवं 10 किलोमीटर बालक वर्ग का मैराथन के प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। 10 किमी बालक वर्ग के मैराथन में प्रथम स्थान दिलखुश दास, द्वितीय स्थान गणेश महतो एवं तृतीय स्थान मो. शाहिद ने प्राप्त किया तथा ओम प्रकाश ठाकुर, मनीष कुमार, राजीव कुमार, मो. अहसन, राम प्रवेश यादव, गोविन्द कुमार तथा विकास कुमार मंडल ने क्रमशः चौथा से दसवाँ स्थान प्राप्त किया।
10 किमी बालिका वर्ग में प्रथम स्थान शारदा सिन्हा, द्वितीय स्थान श्रुति कुमारी एवं तृतीय स्थान कंचन यादव ने प्राप्त किया तथा रेखा कुमारी, स्मृति कुमारी, नेहा कुमारी, राजनंदनी कुमारी, राधा यादव, कविता कुमारी एवं फूलो महतो ने क्रमशः चौथा से दसवाँ स्थान प्राप्त किया। 05 किमी बालक वर्ग के मैराथन में प्रथम स्थान मनीष कुमार, द्वितीय स्थान राकेश कुमार झा एवं तृतीय स्थान अभिषेक कुमार ने प्राप्त किया तथा दीपक कुमार राम, आजाद, अभिषेक कुमार गुप्ता, राधेश कुमार, किशन कुमार, फूल बाबू सहनी एवं करण कुमार ने क्रमशः चौथा से दसवाँ स्थान प्राप्त किया। 05 किमी बालिका वर्ग में प्रथम स्थान आरती कुमारी, द्वितीय स्थान पूर्णिमा एवं तृतीय स्थान डॉली ने प्राप्त किया तथा अंशु, प्रतिभा, खुशबू, रीतिका, संजू, चाँदनी एवं लक्ष्मी ने क्रमशः चौथा से दसवाँ स्थान प्राप्त किया। प्रथम विजेता को 5000 रुपये, द्वितीय विजेता को 3000 एवं तृतीय स्थान प्राप्त विजेता को 2000 रुपये तथा चौथे से दसवां स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को प्रति विजेता को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया । सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार की राशि का टोकन चेक एवं मेडल उपस्थित पदाधिकारी के कर-कमलों से प्रदान किया गया।
November 25, 2023

22.11.2023 (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित परिसर में जिला सूचना भवन के समीप स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया एटीएम के बगल में मखान स्वाद मिथिला का स्टॉल का उद्घाटन डीएम राजीव रौशन के द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर स्टॉल के संचालक तथा (पीएलयू) प्राइवेट लिमिटेड के अध्यक्ष राजीव रंजन ने डीएम, अपर समाहर्ता सह अपर जिला दंडाधिकारी राजेश झा राजा, संयुक्त निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी राजीव कुमार झा, उप निदेशक सांख्यिकी शंभू प्रसाद, जिला उद्यान पदाधिकारी नीरज कुमार झा, श्रम अधीक्षक राकेश कुमार रंजन,डीडीएम नाबार्ड राजनंदनी को मखान से बने विभिन्न व्यंजन खिलाकर, जिसमें मखान खीर, मखान बिस्किट मखान अनरसा मखान नमकीन का स्वाद चखाया।
डीएम ने मखान व्यंजनों की काफी तारीफ की एवं उपस्थित संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मिथिला क्षेत्र की विशेष पहचान मखान है और मिथिला मखान को जी.आई. टैग प्राप्त हुआ है। मिथिला का मखान पूरे देश में पहचान बना रहा है, मखान का उत्पाद विभिन्न प्रकार के फ्लेवर में है यथा-बिस्किट मखान, मखान खीर, अनरसा मखान, नमकीन इत्यादि इसकी माँग दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। मिथिला मखान का स्टॉल एयरपोर्ट पर भी खुला हुआ है, कई महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर भी बना हुआ है। हम प्रयास कर रहे हैं कि इस विशिष्ट पहचान के साथ मिथिला का मखान पूरे देश विदेश में और पहचान बनावे। उप विकास आयुक्त प्रतिभा रानी ने भी मखान स्वाद मिथिला का स्टॉल का अवलोकन किया तथा मखान के विभिन्न व्यंजन का स्वाद चखा।
इस अवसर पर स्टॉल के निदेशक ने बताया कि जी-20 की अंतिम बैठक में, मखान को उपस्थित सभी राष्ट्रीय अध्यक्षों के बीच परोसा गया, जिसके कारण इसका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हजार गुना ज्यादा माँग बढ़ गई है, जिससे मखान उत्पादक किसानों के लाभ में भी काफी बढ़ोतरी हुई है।बिहार सरकार भी मखान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रति हेक्टेयर मखान उत्पादन के लिए 68 हजार की सब्सिडी प्रदान कर रही है, साथ ही राष्ट्रीय मखान अनुसंधान केंद्र दरभंगा द्वारा विकसित मखान बीज स्वर्ण वैदेही से मखान के प्रति हेक्टेयर उत्पादन दर में काफी वृद्धि हुई है। चिकित्सीय अनुसंधान रिपोर्ट के अनुसार 100 ग्राम मखान से 347 कैलोरी ऊर्जा प्राप्त होती है, जिनमें 9.7 ग्राम प्रोटीन, 0.8 ग्राम फैट्स, 76.9 ग्राम कार्बोहाइड्रेट, 14.5 ग्राम फाइबर, 60 मिलीग्राम कैल्शियम, 1.4 मिलीग्राम आयरन टोटल लिपिड शामिल है। मखान व्यंजन गुर्दा, लीवर और दिल के लिए काफी फायदेमंद है।
इसके नियमित सेवन से हड्डी मजबूत होती है। वजन घटाने और पाचन तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ डायबिटीज के मरीजों के लिए भी काफी फायदेमंद है। यह शरीर के विभिन्न हारमोंस को संतुलित करता है तथा संतान उत्पत्ति क्षमता में वृद्धि करता है। इस अवसर पर अरुण कुमार झा, गुड्डू सहनी, प्रमोद सहनी, शैलेंद्र मिश्रा, शिवनारायण चौधरी, मनमोहन, बसंत कुमार एवं अन्य सभी उपस्थित थे।