January 22, 2026
22.01.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, लहेरियासराय में आयोजित तीन दिवसीय वसंत पंचमी महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ आज किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार, उप निदेशक, जन संपर्क सत्येंद्र प्रसाद तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने वसंत पंचमी के सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं कलात्मक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व ज्ञान, कला और सृजनात्मकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलने के साथ-साथ पारंपरिक कला-संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को भी बल मिलता है। इस अवसर पर महोत्सव के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय टेराकोटा कार्यशाला एवं रंगोली प्रतियोगिता के प्रतिभागी भी उपस्थित रहे। कार्यशाला में प्रतिभागियों को पारंपरिक टेराकोटा कला की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है, वहीं रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से लोक-कलाओं और सृजनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कला-प्रेमियों, विद्यार्थियों, स्थानीय कलाकारों एवं गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। आयोजन स्थल को वसंत पंचमी की थीम के अनुरूप आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव और उल्लास का भाव परिलक्षित हो रहा है। तीन दिवसीय इस महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, कला प्रदर्शनियाँ एवं कार्यशालाएँ आयोजित की जाएँगी, जिनका उद्देश्य जन-सामान्य को कला एवं संस्कृति से जोड़ना तथा युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना है। जिला प्रशासन एवं कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे इस महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रमों का आनंद लें और स्थानीय कला-संस्कृति को बढ़ावा दें।
January 22, 2026
22.01.2026 (DarbhangaOnline) (पटना) : साढ़े आठ करोड़ मिथिलावासियों की आत्मा आकाशवाणी केंद्र दरभंगा में बसती है। 1976 में स्थापित इस आकाशवाणी केंद्र से मिथिला क्षेत्र की लोककला, लोकगीत, मिथिला पेंटिंग, मिथिला मखान जैसे मुद्दों पर कार्यक्रमों का आयोजन कर मिथिला की सभ्यता संस्कृति तथा विरासत को देश स्तर पर संवाद के केंद्रबिंदु बनाए जाने की आवश्यकता है ताकि स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों तथा युवाओं को रोज़गार के साथ एक मजबूत प्लेटफार्म मिले जिसके लिए साढ़े पंद्रह करोड़ रुपए की लागत से शीघ्र ही एफएम चैनल की शुरुआत की जाएगी तथा दरभंगा आकाशवाणी केंद्र के प्रसारण अवसंरचना तथा नेटवर्क सिस्टम को मजबूत बनाया जाएगा। स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा गोपाल जी ठाकुर ने गुरुवार को लहेरियासराय स्थित संसदीय कार्यालय कक्ष में आकाशवाणी केंद्र के अधिकारियों तथा अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक के क्रम में उपरोक्त बातें कही है।
सांसद डा ठाकुर ने बैठक में एफ. एम. चैनल की यथाशीघ्र शुरुआत करने के लिए सभी औपचारिकताओं को पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि अभी वर्तमान समय में सीमावर्ती क्षेत्रों में नेपाल देश द्वारा एफएम रेडियो कार्यक्रम का प्रसारण किया जा रहा है जो सुरक्षा दृष्टिकोण से भी उपयुक्त नहीं है जिसके लिए 2021 में लोकसभा में जीरो आवर में तत्कालीन केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावेडकर तथा 2023 में तत्कालीन केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर जी से भेंट कर एवं लोकसभा में शून्यकाल व तारांकित प्रश्न के माध्यम से अपनी बातें रखी थी जिसका सकारात्मक परिणाम अब साकार हो रहा है।
सांसद डा ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दरभंगा रेडियो स्टेशन का हाई पावर ट्रांसमीटर, डिजिटल सिस्टम, नए ब्रॉडकास्ट सिस्टम का उपयोग किया जाय ताकि इस रेडियो स्टेशन का सिग्नल सुदूरवर्ती देहाती क्षेत्रों में भी कार्य करे। इस आकाशवाणी केंद्र में 20 किलोवाट की 100 किलोवाट का ट्रांसमीटर लगाने के साथ साथ इस आकाशवाणी केंद्र के लिए प्रोग्राम ऑफिसर, टेक्निकल स्टाफ , उद्घोषक, तथा इंजीनियर के रिक्त परे पदों पर नियुक्ति के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि पटना से प्रसारित होने वाले समाचार बुलेटिन का प्रसारण दरभंगा केंद्र से ही शुरू हो सके। सांसद डा ठाकुर ने आकाशवाणी केंद्र दरभंगा के संबंध में नकारात्मक सोच रखने वाले कुछ अधिकारियों को बैठक के माध्यम से नसीहत देते हुए कहा कि कुछ अधिकारी साजिश के तहत् 2024 में इस आकाशवाणी केंद्र के वजूद को समाप्त करने का षड्यंत्र किया था जिसके लिए मैने तत्कालीन केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया था तथा इस केंद्र को यथावत रखने एवं मैथिली भाषा का केंद्र घोषित करने की मांग की थी।
सांसद डा ठाकुर ने इस आकाशवाणी केंद्र में एफ.एम. ट्रांसमीटर स्थापित किए जाने की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि इसके चालू होने से मैथिली भाषा में अधिक से अधिक कार्यक्रम का प्रसारण सुनिश्चित हो सकेगा।
January 22, 2026
22.01.2026 (DarbhangaOnline) (पटना) : बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 में नवाचार (इनोवेशन) का बेहतरीन प्रयोग कर मतदाता जागरूकता अभियान में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पटना जिला को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देशभर में सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन जिला पुरस्कार (बेस्ट इलेक्शन डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड) के लिए चयनित किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, पटना ने प्रथम पुरस्कार के लिए पटना जिला को चयनित किए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए जिला के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी है।
साथ ही, पटना जिला के सभी मतदाताओं एवं आम जनता के प्रति सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए हार्दिक आभार प्रकट किया है। डीएम ने कहा कि बिहार विधान सभा आम निर्वाचन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सम्पूर्ण टीम ने अहम भूमिका निभाई है। इन सब के बदौलत ही पटना जिला के मतदान प्रतिशत में बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2020 की तुलना में लगभग 8 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वर्ष 2020 में वीटीआर 51.12 प्रतिशत था जो 2025 में बढ़कर 59.02 प्रतिशत हो गया। डीएम ने कहा कि वीटीआर में अच्छा प्रदर्शन करना एक महत्वपूर्ण चुनौती थी क्योंकि पटना सामान्य तौर पर पूरे देश में कम वीटीआर वाले जिला के तौर पर जाना जाता रहा है। अर्बन अपैथी भी यहाँ काफी विद्यमान है। पिछले 10 सालों में पटना में मतदान प्रतिशत में घटने का ही ट्रेंड देखा गया है। इस ट्रेंड को रोकने के साथ ही वीटीआर में वृद्धि लाना आसान प्रतीत नहीं हो रहा था।
सभी अधिकारियों के समेकित प्रयास, सभी स्टेकहोल्डर्स की सकारात्मक भूमिका, निर्वाचन विभाग एवं भारत निर्वाचन आयोग के सतत मार्ग-दर्शन तथा आम जनता की निर्वाचन में सक्रिय भागीदारी के बदौलत लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 की तुलना में बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 में वीटीआर में 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2020 की तुलना में लगभग 8 प्रतिशत की वृद्धि हुई। डीएम ने कहा कि वीटीआर में बढ़ोतरी के लिए जिला प्रशासन, पटना द्वारा मतदाता-केन्द्रित एवं लक्ष्य-आधारित बहुआयामी रणनीति अपनाई गई। पारंपरिक माध्यमों के साथ-साथ आधुनिक माध्यमों एवं इनोवेटिव तकनीकों का बखूबी प्रयोग किया गया।
एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, पब्लिक एप एवं अन्य सोशल मीडिया, क्यूआर कोड, पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के वैरिएबल मैसेज डिस्प्ले बोर्ड जैसे आधुनिक माध्यमों के साथ-साथ मेंहदी, रंगोली, खेलकूद, रैली, मानव श्रृंखला, मतदाता शपथ, रात्रि चौपाल, परिचर्चा, गोष्ठी इत्यादि माध्यमों से सभी नागरिकों से निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने की लगातार अपील की गई। पटना के गाँधी मैदान में जीविका दीदियों, आँगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं के माध्यम से लगभग 6 फुटबॉल मैदान इतना बड़ा महारंगोली का निर्माण किया गया था।
जेपी गंगा पथ पर एक विशाल साईकिल रैली का आयोजन किया गया था जिसमें हजारों की संख्या में फर्स्ट-टाइम वोटर्स, युवकों एवं युवतियों ने स्व-प्रेरणा से उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया। डीएम ने कहा कि वोटर हेल्पलाइन 1950 मतदाताओं की सहायता के लिए 24*7 क्रियाशील था। लोगों को निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भागीदारी करने हेतु अभिप्रेरित करने के लिए छठ महापर्व, 2025 के अवसर पर सभी छठ घाटों पर बैनर, पोस्टर, सेल्फी, जिंगल इत्यादि माध्यमों से सघन मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। नॉक-द-डोर, नो योर बूथ एण्ड कास्ट योर वोट कैम्पेन के माध्यम से निर्वाचकों से इन्टरपर्सनल संवाद स्थापित किया गया तथा मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
मतदान केन्द्रों पर वरिष्ठ मतदाताओं, महिला मतदाताओं, पीडब्ल्यूडी मतदाताओं सहित सभी मतदाताओं के लिए आयोग के निदेशों के अनुसार हरएक सुविधा उपलब्ध करायी गई थी। आकर्षक एवं प्रेरक थीम-बेस्ट बूथ का भी निर्माण किया गया था। अंतर्राष्ट्रीय डेलिगेट मतदान के दिन मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर रहे थे। सभी ने निर्वाचकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की काफी सराहना की तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण वातावरण में चुनाव कराने को अनुकरणीय बताया।
डीएम ने कहा कि सभी हितधारकों के सतत, सकारात्मक एवं सक्रिय सहयोग का ही परिणाम है कि पटना आज मतदाता जागरूकता अभियान में इनोवेशन के लिए देशभर में प्रथम पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। हम आशा करते है कि भविष्य में भी सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र हर क्षेत्र में बेहतर-से-बेहतर काम करने के लिए सजग एवं तत्पर रहेगा।
January 22, 2026
22.01.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम का आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम दरभंगा जिला अंतर्गत महत्वकांक्षी योजना बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत आज राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दरभंगा जिला स्थित +2 प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल डरहार बहादुरपुर दरभंगा, में किया गया।
कार्यक्रम के अवसर पर उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए ज़िला परियोजना प्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह एवं जिला मिशन समन्वयक DHEW, दरभंगा ऋषि कुमार ने बताया कि बालिकाओं का सशक्तिकरण किसी भी समाज के समग्र विकास की आधारशीला है। बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं समान अवसर प्रदान कर ही एक सशक्त समाज और राष्ट्रीय का निर्माण किया जा सकता है। वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ वीरेन्द्र कुमार द्वारा बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा, बालिकाओं के शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण तथा विभिन्न विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गयी। इस अवसर पर लैंगिक विशेषज्ञ गोविंद कुमार ने बाल विवाह के परिणाम स्वरूप होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक परेशानी पर विस्तार से बात की तथा इसे समाज से समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया। सभी प्रतिभागियों द्वारा बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली गई। उसके बाद विद्यालय के सभी शिक्षक तथा शिक्षकाओं द्वारा तत्पश्चात बच्चों को महिला सशक्तिकरण पर आधारित फ़िल्म दंगल का भी प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना प्रबंधक की निगरानी में किया गया। कार्यक्रम में +2 प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल डरहार बहादुरपुर दरभंगा के सभी शिक्षक शिक्षिका एवं कर्मी तथा सभी छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में बेटियों के उज्जवल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
January 22, 2026
21.01.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : डीएम कौशल कुमार एवं एसएसपी जगुनाथ रेड्डी द्वारा आदेश जारी कर बताया गया की सरस्वती पूजा 23 जनवरी 2026 को मनाये जाने की सूचना है और सरस्वती प्रतिमा का विसर्जन 24, और 25 जनवरी 2026 को किया जाना संभावित है। प्रतिमा विसर्जन के जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन थानाध्यक्ष एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी निश्चित रूप से कर लेंगे, यदि मार्ग में कोई व्यवधान है तो उसे प्रतिमा विसर्जन से पूर्व क्लियर कराना सुनिश्चित करेंगे।
यातायात प्रभारी, दरभंगा इस दौरान स्वयं भ्रमणशील रहते हुए यातायात व्यवस्था संचालित कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चले। सरस्वती पूजा के अवसर पर समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना 23 से 26 जनवरी 2026 तक के लिए किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केन्द्र, लहेरियासराय जिला नियंत्रण कक्ष में बल एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करेंगे। अग्निशाम पदाधिकारी, दरभंगा पूजा के अवसर पर जिला नियंत्रण कक्ष में 23 से 26 जनवरी 2026 तक प्रतिमा विसर्जन तक के लिए अग्निशाम दस्ता की एक टुकड़ी मनीगाछी थाना पर एवं अग्निशाम की एक युनिट नियंत्रण कक्ष में तथा एक-एक युनिट की प्रतिनियुक्ति तैयारी हालत में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को प्रतिनियुक्ति करते हुए रिपोर्ट करायेंगे। पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु बलों एवं पुलिस पदाधिकारियों तथा दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति 746 स्थलों पर की गई है।
शांति व्यवस्था बनाये रखने एवं साम्प्रदायिक तनाव की स्थिति से निपटने के लिए पुरी जिम्मेवारी संबंधित थानाध्यक्ष / प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी / पुलिस निरीक्षक / अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी/अनुमंडल पदाधिकारी की होगी। प्रतिनियुक्त बल/पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी 22 जनवरी 2026 के प्रातः से पूजा की समाप्ति तथा मूर्ति विसर्जन शांतिपूर्वक होने तक अपने प्रतिनियुक्ति स्थान पर बने रहेंगे। सभी अनुमंडल पदाधिकारी/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे। पूजा के अवसर पर सभी प्रकार के अवकाश अगले आदेश तक लिए स्थगित किया जाता हैं। भीड़ नियंत्रण हेतु हेलमेट, बॉडी प्रोटक्टर, आश्रु गैस दस्ता, रस्सा आदि की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रतिनियुक्त बलों को ससमय अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुँचकर अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे।
पूजा पंडाल एवं उसके आस-पास के क्षेत्र का एण्टी-सबोटेज जॉच आवश्यक है। इसके लिए डी०फ०एम०डी० एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों से जॉच करायेंगे। भीड़ की गतिविधि/क्रियाकलाप पर निगरानी रखने हेतु पूजा पंडालों पर सी०सी०टी०मी०/वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी की व्यवस्था होगी।अनुमंडल पदाधिकारी/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, आयोजनकर्ताओं से समन्वय स्थापित कर पूजा पंडालों पर सी०सी०टी०वी० कैमरा एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करायेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर बिजली/जेनरेटर के तार आदि से शॉर्ट सर्किट की संभावना रहती है, इस स्थिति में बचने के लिए पर्याप्त सावधानी आवश्यक है। मूर्ति विसर्जन के समय ऐसी कोई झाकी या दृश्य (व्यंग्य चित्र सहित) नहीं होने देंगे, जिससे सम्प्रदाय, जाति, वर्ग अथवा समुदाय को भावनाओं को ठेस पहुंचे, इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करना सुनिश्चित करेंगे। विसर्जन के समय घाटों पर एंटी सवोटाज चेक कराना।विसर्जन के समय घाटों पर आने-जाने वाले रास्तों पर निर्मित पुल-पुलिया का मजबूती सुनिश्चित करना।तथा घाटों एवं रास्तों पर रोशनी की व्यवस्था। रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर बाहर से आने वाले लोगों पर निगरानी रखना और रेण्डम चेकिंग करना। होटल, सराय, धर्मशाला इत्यादि को चेक करना। सम्प्रदायिक दृष्टिकोण से संवेदनशील स्थानों तथा मुद्दा का पहचान करना और निरोधात्मक कार्रवाई की दिशा में आवश्यक निर्देश देना। संवेदनशील स्थानों पर बल की प्रतिनियुक्ति एवं सघन पुलिस गश्ती सुनिश्चित करना। बिना अनुज्ञप्ति का किसी भी जुलूस को निकलने की अनुमति नहीं देना। सभी जुलूस का वीडियोग्राफी की व्यवस्था होगी एवं प्रतिमा विसर्जन मार्ग का निर्धारण समय पूर्व में ही सुनिश्चित करेंगे।
विसर्जन के समय ध्वनि विस्तारक यंत्र के बजाने पर पूर्ण निगरानी रखेंगे। जबरदस्ती चंदा वसूलने/वाहन आदि को रोकने / सरकारी कर्मचारी को चंदा के लिए बाध्य करने की प्रकिया पर पूर्ण निगरानी रखेंगे। किसी भी परिस्थिति में अपरिचित एवं विशेष समुदाय के व्यक्तियों पर अबीर गुलाल का प्रयोग नही करेंगे। पूजा के अवसर पर सभी थानाध्यक्ष/पुलिस निरीक्षक/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी / प्रखंड विकास पदाधिकारी /अंचल अधिकारी / अनुमंडल पदाधिकारी ऐसे स्थानों पर जहाँ मूर्ति विसर्जन के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा ईदगाह / मस्जिद एवं आने जाने वाले रास्ते में किसी प्रकार की बात को उभरकर तनाव उत्पन्न करने की कोशिश करते हैं, आसूचना संकलन करते हुए वैसे स्थानों पर पूजा के अवसर पर कड़ी निगरानी रखेंगे। सभी थानाध्यक्ष को निर्देश दिया जाता है कि सभी प्रतिनियुक्त चौकीदार/दफादार का मोबाईल नम्बर संकलित कर साथ रखेंगे तथा उन्हें निर्देश देंगे कि अपना मोबाईल नम्बर खुला रखेंगे तथा थानाध्यक्ष के संपर्क में रहेंगे। पेट्रोलिंग पार्टी सभी प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों एवं चौकीदार/दफादार रात्रि में निरंतर चेक करेंगे। सभी अनुमंडल पदाधिकारी/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उक्त पूजा के दौरान विधि व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे तथा अपने दिशा निर्देशन में प्रतिनियुक्ति करते हुए विधि-व्यवस्था संधारित कराते हुए सरस्वती पूजा को शांतिपूर्वक सम्पन्न करायेंगे।
जिला नियंत्रण का दूरभाष संख्या-06272-240600 है। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभारी राकेश कुमार, अपर समाहर्ता, विभागीय जाँच, दरभंगा को बनाया गया है। वे जिला में उक्त पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना सुनिश्चित करायेंगे।