January 07, 2023

06.01.2023 (दरभंगा) : दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन सह स्थानीय सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा एयरपोर्ट के प्रभारी निदेशक सत्येंद्र झा के साथ एयरपोर्ट के विकास, विस्तार एवं यात्री सुविधा से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। बैठक के क्रम में उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन संजीव कुमार एवं ईस्टर्न रीजन के आरईडी मनोज गंगल से भी दूरभाष पर बात कर कई निर्देश दिए। बैठक के पश्चात सांसद डॉ ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि 24 एकड़ जमीन पर जल्द कैट वन लाईट, चहारदीवारी, बांध, सड़क सहित इंस्टालेशन रूम का निर्माण किया जाएगा। चहारदीवारी का निर्माण एएआई द्वारा किया जाएगा, बाकी अन्य काम एयरफोर्स द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
सांसद ने 2.4 एकड़ जमीन पर 36 करोड़ की लागत से भारत सरकार द्वारा निर्माण कराए जा रहे टर्मिनल बिल्डिंग का भी निरीक्षण कर उसे समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा की अगले नौ महीने में कार्य पूर्ण करने का समय सीमा निर्धारित किया गया है। उन्होंने रक्षा मंत्रालय द्वारा 2.4 एकड़ भूमि पर एएआई द्वारा टर्मिनल बिल्डिंग बनाने हेतु एनओसी देने हेतु केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति आभार जताते हुए कहा की बीते महीने वह इस विषय को लेकर उनसे मुलाकात कर अनुरोध किए थे। सांसद ने कहा कि नए टर्मिनल बिल्डिंग बन जाने के बाद इसकी क्षमता 600 लोगो की हो जाएगी। जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। वहीं उन्होंने कहा की रनवे के चौथे लेयर का कार्य प्रगति पर है और जून तक पूरा कर लिया जाएगा। सांसद डॉ ठाकुर ने एयरपोर्ट के भीतर मौजूद जंगली जानवर, बाउंड्री व्यू कटर एवं फेंसिंग कार्यों के समीक्षा के दौरान बोले कि सुरक्षा की दृष्टि से फेंसिंग स्थाई समाधान नहीं है।
जिला प्रशासन जल्द से जल्द पूरे एयरपोर्ट परिसर को जंगली जानवर से मुक्त करें और यात्रियों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए दिल्ली मोड़ से एयरपोर्ट मुख्य द्वार तक सीसीटीवी कैमरा लगाने की व्यवस्था करे।सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा 54 एकड़ जमीन दरभंगा एयरपोर्ट के विस्तार हेतु हस्तांतरित किया जाना प्रस्तावित है। उक्त जमीन मिल जाने के पश्चात दरभंगा एयरपोर्ट का विकास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के तर्ज पर होगा। जिसमे अत्याधुनिक टर्मिनल बिल्डिंग निर्माण, छः से अधिक एप्रोन, लिंक टैक्सी, स्टाफ क्वार्टर, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का कार्यालय सहित अन्य जरूरी चीजों का निर्माण होगा। सांसद डॉ ठाकुर ने एयरपोर्ट पर मैथिली में उद्घोषणा नही की जानकारी पर नाराजगी जाहिर किया।
उन्होंने हर हाल में मैथिली में उद्घोषणा करने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने एयरपोर्ट पर मखाना स्टॉल की व्यवस्था करने को कहा। सांसद ने कहा की एयरपोर्ट पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने हेतु मंत्रालय में संवाद करेंगे। सीसीआर बिल्डिंग बनकर तैयार है, आने वाले दिनों में जल्द इसका उद्घाटन एवं 2.4 एकड़ में बन रहे टर्मिनल बिल्डिंग का शिलान्यास होगा। सांसद ने दरभंगा एयरपोर्ट के विकास में तेजी लाने हेतु देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार प्रकट किया। वहीं ठंड के मौसम में कुहासा के कारण फ्लाइट उड़ान में व्यवधान उत्पन्न न हो इसको लेकर व्यवस्था करने का आदेश अधिकारियों दिया ताकि विमान परिचालन में ज्यादा कठिनाई न हो।
January 07, 2023

05.01.2023 (दरभंगा) : जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- जिलाधिकारी, राजीव रौशन द्वारा नगर पालिका आम निर्वाचन 2022 के क्रम में नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के नवनिर्वाचित पार्षदों, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद पार्षद का शपथ ग्रहण कार्यक्रम 13 जनवरी 2023 को निर्धारित किया गया है। दरभंगा नगर निगम के पार्षदों, उप मुख्य पार्षद, मुख्य पार्षद को पूर्वाह्न 11:00 बजे समाहरणालय परिसर अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला दंडाधिकारी राजीव रौशन द्वारा शपथ ग्रहण करवाया जाएगा। वहीं नगरपरिषद बेनीपुर के नवनिर्वाचित पार्षदों, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद को अरविंद कुमार झा, अपर समाहर्ता विभागीय जांच दरभंगा द्वारा नगर परिषद बेनीपुर में शपथ ग्रहण करवाया जाएगा।नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान पूर्वी के नवनिर्वाचित पार्षदों, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद को संजीव कुमार कापर अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल द्वारा शपथ ग्रहण करवाया जाएगा। नगर पंचायत हायाघाट के नवनिर्वाचित पार्षदों, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद को राहुल कुमार वरीय उप समाहर्ता दरभंगा द्वारा शपथ ग्रहण करवाया जाएगा। नगर पंचायत बहेड़ी के नवनिर्वाचित पार्षदों, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद को मनोज कुमार पवन अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बेनीपुर द्वारा शपथ ग्रहण करवाया जाएगा। नगर पंचायत सिंहवाड़ा के नवनिर्वाचित पार्षदों, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद को राजेश कुमार जिला परिवहन पदाधिकारी दरभंगा द्वारा शपथ ग्रहण करवाया जाएगा।नगर पंचायत भरवाड़ा के नवनिर्वाचित पार्षदों, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद को अभिषेक रंजन वरीय उप समाहर्ता दरभंगा के द्वारा शपथ ग्रहण करवाया जाएगा। नगर पंचायतों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम संबंधित प्रखंड मुख्यालय में ही करवाया जाएगा।
January 07, 2023

05.01.2023 (दरभंगा) : रेल संबंधी स्थायी समिति एवं रेल मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के सदस्य सह दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा स्टेशन का निरीक्षण कर पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य अभियंता महबूब आलम के साथ बैठक कर दरभंगा में रेल विकास से जुड़े सभी योजनाओं का समीक्षा किया। विदित हो कि बुधवार को सांसद डॉ ठाकुर हाजीपुर में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा से मुलाकात कर कई मुद्दों पर चर्चा किए थे। सांसद ने कहा कि दरभंगा सहित मिथिला के सभी रेलवे स्टेशन पर साफ सफाई, सुरक्षा, पानी,शेड सहित यात्री सुविधा से जुड़ा विकास उनकी पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि दरभंगा रेलवे स्टेशन परिसर में लगभग दो करोड़ की लागत से अधिकारी विश्राम गृह बनकर तैयार है, और इसका लोकार्पण केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के कर कमलों से होगा। सांसद डॉ ठाकुर ने दरभंगा स्टेशन पर बन रहे प्लेटफार्म नंबर छः का निरीक्षण कर उसमे तेजी लाने का निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन पर लग रहे लिफ्ट, एस्केलेटर, दरभंगा में प्लेटफार्म 6 के तरफ दूसरी एंट्री गेट एवं सर्कुलेटिंग एरिया का निर्माण, प्लेटफार्म 6 पर लिफ्ट निर्माण, प्लेटफार्म नंबर एक पर चल रहे कोटा स्टोन कार्य, एवं प्लेटफार्म सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण कर जल्द कार्य पूर्ण करने को कहा। वहीं उन्होंने दरभंगा में निर्माणाधीन 42 क्वार्टर एवं लहेरियासराय में 30 क्वार्टर का कार्य भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिए। बैठक के दौरान सांसद डॉ ठाकुर ने लहेरियासराय - जमालपुर मुशहरिया - सहरसा नई रेल लाईन के सर्वे कार्य, दरभंगा - मुजफ्फरपुर नई रेल लाईन, दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने का कार्य जल्द प्रारंभ करने, लहेरियासराय स्टेशन के नजदीक स्वीकृत लॉ कॉस्ट ओवरब्रिज का निर्माण जल्द प्रारंभ करने, दरभंगा - समस्तीपुर दोहरीकरण जल्द पूर्ण करने, काकरघाटी - शीशों बायपास रेल लाइन का कार्य जल्द पूरा करने, शहर के विभिन्न रेल समपार फाटक पर आरओबी का निर्माण प्रारंभ करने, विभिन्न स्टेशन पर यात्री सुविधा से जुड़े विभिन्न समस्या सहित क्षेत्र में चल रहे सभी रेल परियोजना की वर्तमान स्थिति पर चर्चा कर उचित दिशा निर्देश दिए।
सांसद डॉ ठाकुर ने स्टेशन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज नहीं लगे रहने पर उपस्थित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाए, उन्होंने जल्द राष्ट्रीय ध्वज लगाने का निर्देश देते हुए आगे से इसपर ध्यान रखने को कहा। वहीं इस मौके पर उपस्थित विधान पार्षद हरी सहनी ने कहा की सांसद श्री गोपाल जी ठाकुर के अथक परिश्रम से दरभंगा सहित पूरे मिथिला में रेलवे के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हो रहा है। पूर्व विधायक अमरनाथ गामी ने कहा की सांसद जी रेल संबंधी स्थाई समिति के सदस्य है, जिसका फायदा दरभंगा को मिला है। उन्होंने कहा की विश्वस्तरीय स्टेशन बनने के बाद दरभंगा शहर का रूप रेखा बदल जाएगा।
इस दौरान सांसद के साथ विधान पार्षद हरि सहनी, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, राम कुमार झा, विनय कुमार पासवान, मुनीन्द्र यादव, रंजना कुमारी, अमरनाथ शर्मा, पारसनाथ चौधरी, कृष्ण भगवान झा, अमरनाथ राय, माधव चौधरी, प्रकाश चौधरी, रणजीत कुमार झा, मणिकांत मिश्र, पिंटू झा, सुनील चौधरी सहित कई लोग मौजूद थे।
January 07, 2023

03.01.2023 (दरभंगा) : बिहार के लाल एवं विकास पुरुष ललित नारायण मिश्र के बताए रास्ते पर चलकर हम सबकी तरक्की के लिए कार्य करें। यह संदेश हमें विश्वविद्यालय परिसर स्थित उनकी मूर्ति अनवरत रूप से देती रहती है। हम जो भी काम करें, वह समाज तथा राष्ट्र के हित में होना चाहिए। ऐसी धारणा हमें सदा चेतना प्रदान करती है। ललित बाबू ने समाज में बहुत सारी उपलब्धियां दी। आज हम उनके आगे नतमस्तक होकर उनके कार्यों को याद करें, उनके बताए रास्ते पर चलें और उनसे प्रेरणा लेकर सबकी तरक्की के लिए कार्य करें। उक्त बातें ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने ललित नारायण मिश्र की पुण्यतिथि पर विश्वविद्यालय परिसर स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कही। कुलपति ने कहा कि हम सब विश्वविद्यालय की तरक्की के लिए दिन- रात सोचे और कार्य करें, यही ललित बाबू के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आज हमें संकल्प लेना चाहिए कि विश्वविद्यालय निरंतर अपने गौरव को प्राप्त करता रहेगा, क्योंकि यह ललित बाबू जैसे महापुरुष के नाम से जुड़ा हुआ है। विश्वविद्यालय का जितना विकास होगा, उतना ही ललित बाबू का भी नाम लिया जाएगा। प्रति कुलपति प्रोफेसर डॉली सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार के सशक्त एवं समर्पित राजनेता ललित नारायण मिश्र की दूरदर्शिता एवं विकास का मॉडल बहुत ही सफल रहा। वे बिहार के विकास के लिए सदा तत्पर और समर्पित रहे। उन्होंने रेलवे की 36 योजनाओं के साथ ही लखनऊ से फारबिसगंज तक की सड़क आदि योजनाओं को पास करवाया। खासकर उन्होंने अपनी मातृभूमि मिथिला तथा मातृभाषा मैथिली के लिए काफी काम किया था।
उनकी पहल से ही मैथिली साहित्य अकादमी की भारतीय भाषा सूची में शामिल हुई, जिसका लाभ यहां के छात्रों को आज मिल रहा है। मैथिली संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा में भी एक ऐच्छिक विषय के रूप में शामिल है। प्रति कुलपति ने कहा कि बिहार के विकास में अपने योगदान के लिए ललित बाबू सदा याद किए जाएंगे। यह काफी दुर्भाग्य रहा कि ऐसे राजनेता की 2 जनवरी, 1975 को समस्तीपुर की एक दुर्घटना के कारण 3 जनवरी को हमने उन्हें खो दिया। यदि वे आज हमारे बीच होते तो मिथिलांचल का और भी तेजी से विकास होता।
विश्वविद्यालय परिसर स्थित ललित बाबू की प्रतिमा के समक्ष आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रो. ए. के. बच्चन, प्रो. शाहिद हसन, प्रो. रमेश झा, प्रो. राजेन्द्र साह, प्रो. अशोक कुमार मेहता, प्रो. विजय कुमार यादव, प्रो. दमन झा, प्रो. अजयनाथ झा, प्रो. अरुण कुमार सिंह, प्रो. शहनाज जमील, डा. घनश्याम महतो, डा. गजेन्द्र प्रसाद, डा. आनंद प्रकाश गुप्ता, डा. मुकेश कुमार निराला, डा. मो. ज्या हैदर, डा. सोनी सिंह, डा. संतोष कुमार, डा. अयाज अहमद, डा. मनोज कुमार, डा. आर. एन. चौरसिया सहित अनेक शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी तथा छात्र- छात्राएं उपस्थित थे, जिन्होंने ललित नारायण मिश्र की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। एनएसएस समन्वयक डा विनोद बैठा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन उप कुलसचिव प्रथम डा कामेश्वर पासवान ने किया।
January 07, 2023

03.01.2023 (दरभंगा) : जल-जीवन-हरियाली दिवस के अवसर पर आयुक्त दरभंगा प्रमंडल डॉ. मनीष कुमार के द्वारा समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेदकर सभागार के समीप पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर डीएम राजीव रौशन, उप विकास आयुक्त श्रीमती अमृषा बैंस, जिला परिषद् अध्यक्ष श्रीमती रेणु देवी, उप महापौर श्रीमती नाजिया हसन, जिला परिषद् उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता झा द्वारा भी पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए डीएम राजीव रौशन ने कहा कि जल- जीवन- हरियाली दिवस का आयोजन राज्य स्तर पर किया गया है। सरकार की अवधारणा है की जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए हमें जीवन जीने के तरीकों में बदलाव करना होगा, विकास को पर्यावरण अनुकूल बनाना होगा। इसके लिए जल- जीवन- हरियाली अभियान में जिन 11 अवयवों को कार्य करने हेतु निर्धारित किया गया है उन पर चर्चा की जा रही है। जिसका सीधा प्रसारण अंबेडकर सभागार में किया जा रहा है। जहां आयुक्त एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत पूरे बिहार के साथ-साथ दरभंगा जिले में जितने भी आहर, पईन, तालाब, पोखर हैं उनका जीर्णोद्धार किया जा रहा है। साथ उनका निर्माण भी किया जा रहा है।
सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए दरभंगा जिले में तालाब के ऊपर फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट बनाया गया है जो, अपने आप में अनुकरणीय है और भावी पीढ़ी को दिशा दिखाने वाला कदम है। बिहार सरकार के इस अभियान में सभी लोगों की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने जिलेवासियों का आह्वान करते हुए इस अभियान के मर्म को समझते हुए इस अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने आगे कहा कि इस अवसर पर आयुक्त महोदय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा पौधारोपण कर लोगों को अधिक से अधिक हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया गया है। हमारा हरित आवरण जितना अधिक बढ़ेगा, हवा की गुणवत्ता उतनी ही अधिक बढ़ेगी। जिससे जीवन जीने के लिए आवश्यक ऑक्सीजन की अधिकाधिक मात्रा प्रकाश संश्लेषण क्रिया के माध्यम से पर्यावरण को उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर पटना से ग्रामीण विकास विभाग, द्वारा जल-जीवन-हरियाली अभियान पर आयोजित परिचर्चा कार्यक्रम का सीधा प्रसार दरभंगा, समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेदकर सभागार में किया गया, जहाँ आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा डॉ. मनीष कुमार, डीएम राजीव रौशन, उप विकास आयुक्त श्रीमती अमृषा बैंस, अपर समाहर्त्ता राजेश झा ‘‘राजा’’, उप महापौर श्रीमती नाजिया हसन, जिला परिषद् अध्यक्ष श्रीमती रेणु देवी, जिला परिषद् उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता झा सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।