January 07, 2023

06.01.2023 (दरभंगा) : दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन सह स्थानीय सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा एयरपोर्ट के प्रभारी निदेशक सत्येंद्र झा के साथ एयरपोर्ट के विकास, विस्तार एवं यात्री सुविधा से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। बैठक के क्रम में उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन संजीव कुमार एवं ईस्टर्न रीजन के आरईडी मनोज गंगल से भी दूरभाष पर बात कर कई निर्देश दिए। बैठक के पश्चात सांसद डॉ ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि 24 एकड़ जमीन पर जल्द कैट वन लाईट, चहारदीवारी, बांध, सड़क सहित इंस्टालेशन रूम का निर्माण किया जाएगा। चहारदीवारी का निर्माण एएआई द्वारा किया जाएगा, बाकी अन्य काम एयरफोर्स द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
सांसद ने 2.4 एकड़ जमीन पर 36 करोड़ की लागत से भारत सरकार द्वारा निर्माण कराए जा रहे टर्मिनल बिल्डिंग का भी निरीक्षण कर उसे समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा की अगले नौ महीने में कार्य पूर्ण करने का समय सीमा निर्धारित किया गया है। उन्होंने रक्षा मंत्रालय द्वारा 2.4 एकड़ भूमि पर एएआई द्वारा टर्मिनल बिल्डिंग बनाने हेतु एनओसी देने हेतु केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति आभार जताते हुए कहा की बीते महीने वह इस विषय को लेकर उनसे मुलाकात कर अनुरोध किए थे। सांसद ने कहा कि नए टर्मिनल बिल्डिंग बन जाने के बाद इसकी क्षमता 600 लोगो की हो जाएगी। जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। वहीं उन्होंने कहा की रनवे के चौथे लेयर का कार्य प्रगति पर है और जून तक पूरा कर लिया जाएगा। सांसद डॉ ठाकुर ने एयरपोर्ट के भीतर मौजूद जंगली जानवर, बाउंड्री व्यू कटर एवं फेंसिंग कार्यों के समीक्षा के दौरान बोले कि सुरक्षा की दृष्टि से फेंसिंग स्थाई समाधान नहीं है।
जिला प्रशासन जल्द से जल्द पूरे एयरपोर्ट परिसर को जंगली जानवर से मुक्त करें और यात्रियों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए दिल्ली मोड़ से एयरपोर्ट मुख्य द्वार तक सीसीटीवी कैमरा लगाने की व्यवस्था करे।सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा 54 एकड़ जमीन दरभंगा एयरपोर्ट के विस्तार हेतु हस्तांतरित किया जाना प्रस्तावित है। उक्त जमीन मिल जाने के पश्चात दरभंगा एयरपोर्ट का विकास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के तर्ज पर होगा। जिसमे अत्याधुनिक टर्मिनल बिल्डिंग निर्माण, छः से अधिक एप्रोन, लिंक टैक्सी, स्टाफ क्वार्टर, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का कार्यालय सहित अन्य जरूरी चीजों का निर्माण होगा। सांसद डॉ ठाकुर ने एयरपोर्ट पर मैथिली में उद्घोषणा नही की जानकारी पर नाराजगी जाहिर किया।
उन्होंने हर हाल में मैथिली में उद्घोषणा करने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने एयरपोर्ट पर मखाना स्टॉल की व्यवस्था करने को कहा। सांसद ने कहा की एयरपोर्ट पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने हेतु मंत्रालय में संवाद करेंगे। सीसीआर बिल्डिंग बनकर तैयार है, आने वाले दिनों में जल्द इसका उद्घाटन एवं 2.4 एकड़ में बन रहे टर्मिनल बिल्डिंग का शिलान्यास होगा। सांसद ने दरभंगा एयरपोर्ट के विकास में तेजी लाने हेतु देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार प्रकट किया। वहीं ठंड के मौसम में कुहासा के कारण फ्लाइट उड़ान में व्यवधान उत्पन्न न हो इसको लेकर व्यवस्था करने का आदेश अधिकारियों दिया ताकि विमान परिचालन में ज्यादा कठिनाई न हो।