November 25, 2023
25.11.2023 (DarbhangaOnline Buero) : बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन (बीडब्ल्यूजेयू) ने आज सेवानिवृत्त पत्रकारों का पेंशन 06 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रति माह करने की मांग की है। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष महेश कुमार सिन्हा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने हाल ही में सेवानिवृत्त पत्रकारों का पेंशन 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति माह कर दिया है जबकि कई अन्य राज्यों में भी उन्हें 15 हजार रुपये और उससे अधिक की पेंशन दी जा रही है, लेकिन बिहार में पत्रकारों को मासिक पेंशन केवल 6 हजार रुपये प्रति माह मिल रही है। उन्होंने कहा कि अधिकांश सेवानिवृत्त पत्रकारों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और उनकी स्थिति को ध्यान में रखते हुए मासिक पेंशन बढ़ाने की तत्काल आवश्यकता है। सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। यूनियन के महासचिव कमलकांत सहाय ने कहा कि बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना 2020 में शुरू की गई थी, जिसमें सेवानिवृत्त पत्रकारों को 6 हजार रुपये की मासिक पेंशन दी गई थी, तब से पेंशन राशि में वृद्धि नहीं हुई है, इसलिए सरकार को इसे बढ़ाने पर विचार करना चाहिए। यूनियन के उपाध्यक्ष कमल किशोर ने बिहार में सेवानिवृत्त पत्रकारों को दी जाने वाली पेंशन के नियमों को सरल बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे अधिक से अधिक पत्रकारों को योजना का लाभ मिल सकेगा। यूनियन के उपाध्यक्ष विष्णु कांत मिश्र, इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन के राष्ट्रीय सचिव अमर मोहन प्रसाद, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य शिवेंद्र नारायण सिंह और वरिष्ठ पत्रकार एस पी सिन्हा ने भी बिहार सरकार से सेवानिवृत्त पत्रकारों के लिए पेंशन बढ़ाने का आग्रह किया है।
November 25, 2023

25.11.2023 (पटना) : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, पटना, डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा आज समाहरणालय में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। इसमें दिनांक 01.01.2024 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावली के चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा सभी से इस अभियान में सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया गया।
डीएम ने कहा कि पूरे जिला में सघन मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा कोचिंग संस्थानों, महिला महाविद्यालयों, डिग्री कॉलेज, मेडिकल एवं इंजीनियरिंग कॉलेज/संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों में नियमित तौर पर कैम्प किया जा रहा है ताकि युवा छात्र-छात्रा मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराएं। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि पटना ज़िला में 4,877 मतदान केंद्र है। 30 नवंबर तक प्रति मतदान केंद्र 18-19 साल आयु वर्ग के कम-से-कम 30 फॉर्म-6 प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। छूटे हुए महिलाओं मतदाताओं का पंजीकरण कराया जा रहा है। महिला महाविद्यालयों तथा अन्य महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
18-19 साल के छात्र-छात्राओं के बीच मतदाता सूची में नाम शामिल कराने एवं निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता हेतु स्वीप गतिविधि चलाया जा रहा है। इस कार्य में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों का सहयोग अपेक्षित है। डीएम ने कहा कि सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) को फोकस्ड एवं टार्गेटेड ढंग से कार्य करने का निदेश दिया गया है। सभी ईआरओ एवं एईआरओ को बीएलओ के साथ नियमित बैठक कर लक्ष्य के अनुरूप कार्य में प्रगति लाने का निदेश दिया गया है। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि आज दिनांक 25.11.2023 (शनिवार) के साथ दिनांक 26.11.2023 (रविवार), दिनांक 02.12.2023 (शनिवार) तथा 03.12.2023 (रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दरम्यान सभी मतदान केन्द्र-स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) तथा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगे तथा भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों के अनुरूप मतदाताओं का पंजीकरण कार्य करेंगे।
जिला में निर्वाचन साक्षरता, पंजीकरण तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित स्वीप गतिविधि के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। विकास मित्रों, तालिमी मरकज, जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं, आईसीडीएस, आशा कार्यकर्ताओं, जीविका दीदियों, प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों एवं अन्य को इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल किया गया है। सभी स्टेकहोल्डर्स से सहयोग की आवश्यकता है। दिनांक 01.01.2024 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, 2024 कार्यक्रम चल रहा है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशन 27 अक्टूबर, 2023 (शुक्रवार) को किया गया है। दावा एवं आपत्ति दिनांक 09 दिसम्बर, 2023 (शनिवार) तक दिया जा सकता है। दिनांक 26 दिसम्बर, 2023 (मंगलवार) तक दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन किया जाएगा।
निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन दिनांक 05 जनवरी, 2024 को किया जाएगा। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि योग्य मतदाताओं को सहायता के लिए सम्पूर्ण निर्वाचन तंत्र तत्पर है। मतदाताओं को निर्वाचन सूची में पंजीकरण के लिए प्रयुक्त होने वाले विभिन्न प्रपत्रों तथा प्रक्रिया की जानकारी दी जाती है। सभी प्रपत्रों में ऑन-लाईन आवेदन हेतु वोटर सर्विस पोर्टल तथा वोटर हेल्प लाईन ऐप का प्रयोग किया जा सकता है। ऑफ लाईन आवेदन हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय, अनुमण्डल निर्वाचन कार्यालयों तथा बीएलओ से सम्पर्क किया जा सकता है। साथ ही मतदाता हेल्पलाईन 1950 का प्रयोग कर पंजीकरण से संबंधित अन्य जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फार्म भरने की प्रक्रिया को भी काफी सरल कर दी गयी है। फार्म-6 नया मतदाता बनने के लिए, फार्म-6क भारत से बाहर रहने वाले प्रवासी निर्वाचकों के पंजीकरण के लिए, फार्म-6ख स्वैच्छिक रूप से आधार से अपना मतदाता पहचान पत्र जोड़ने के लिए, फार्म-7 निर्वाचक सूची से नाम हटाने के लिए एवं फार्म-8 पता परिवर्तन, PwD चिह्नीकरण, मतदाता सूची में संशोधन या अपने ईपिक में बदलाव करने के लिए प्रयोग किया जा सकता है। जन्म तिथि प्रमाण (आधार), सामान्य निवास स्थान का प्रमाण तथा फोटोग्राफ्स के आधार पर कोई भी योग्य नागरिक वोटर सर्विस पोर्टल तथा वोटर हेल्पलाईन ऐप (वीएचए) के माध्यम से घर बैठे सारी सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक सूची में पंजीकरण के लिए एक कैलेण्डर वर्ष में चार अर्हता तिथियाँ निर्धारित की गयी हैं। वे सभी योग्य व्यक्ति जो वर्ष में चार अर्हता तिथियो 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई, 1 अक्टूबर मे से किसी भी अर्हता तिथि को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हों, निर्वाचक सूची में पंजीकरण के लिए ऑफलाइन या ऑनलाईन आवेदन फार्म 6 मे कर सकते हैं। पंजीकरण करवाने के बाद मतदाताओं को निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (एपिक) जारी किया जाएगा। ऑनलाईन आवेदन वोटर हेल्पलाइन ऐप, वोटर सर्विस पोर्टल, सक्षम ऐप (PwD मतदाताओ हेतु) के द्वारा किया जा सकता है।
अधिकारियों को निदेश दिया गया है कि मतदाता सूची से समान फोटो वाली प्रविष्टियों (पीएसई) और जनसांख्यिकीय समान प्रविष्टियों (डीएसई), नाम विलोपन इत्यादि के संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया का पालन किया जाए। डीएम ने कहा कि मतदाता सूची पूरे निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है। उन्होंने सभी वयस्क नागरिकों से अधिक-से-अधिक संख्या में मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का आह्वान किया।
November 25, 2023

25.11.2023 (दरभंगा) : लैंगिक समानता एवं लिंग आधारित हिंसा को रोकने के मुद्दों से संबंधित राष्ट्रीय कार्यक्रम “नयी चेतना अभियान – पहल बदलाव की ओर” कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में डीएम राजीव रौशन एवं उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास निगम एवं जीविका द्वारा लैंगिक समानता लाने हेतु विशेष प्रयास के तौर पर इस वर्ष 25 नवम्बर (महिला हिंसा उन्मूलन के लिए निर्धारित अंतर्राष्ट्रीय दिवस) से 20 दिसम्बर तक कुल - 4 सप्ताह का लैंगिक समानता एवं लिंग आधारित हिंसा को रोकने के मुद्दों से संबंधित “नई चेतना-पहल बदलाव की ओर” कार्यक्रम चलाया जा रहा है।गौरतलब है कि इस वर्ष समुदाय के नेतृत्व में चलाये जाने वाले इस कैम्पेन का थीम - लैंगिक समानता एवं लिंग आधारित हिंसा का उन्मूलन है।
कार्यक्रम की शुरुआत में माउंट समर कान्वेंट स्कूल की बच्चियों द्वारा स्वागात गान प्रस्तुत किया गया। डीएम द्वारा कार्यक्रम में सभी अतिथियों को लिंग आधारित भेदभाव और हिंसा के मौलिक मानवाधिकारों का उल्लंघन जैसे विषयों को लेकर शपथ भी दिलाया गया।कार्यक्रम में उपस्थित ऋषि कुमार, जिला मिशन समन्वयक, जीविका के मैनेजर नरेश कुमार एवं बी.आई.ए.जी/यूनिसेफ के जिला समन्वयक श्याम कुमार सिंह द्वारा हिंसा उन्मूलन, घरेलू हिंसा, लिंग आधारित भेदभाव और हिंसा मौलिक मानवाधिकारों जैसे विषयों एवं 25 नवम्बर से 20 दिसम्बर का आयोजित किये जाने वाले गतिविधिओं के बारे में पावर पॉइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विस्तृत रूप से जानकारी दी।
डीएम ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि लैंगिक हिंसा का सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है I उन्होंने कहा कि लैंगिक हिंसा के संबंध में बने कानूनों का पालन करना आवश्यक है, जिसके लिए जरुरी है, जन-जागरूकता बढ़े, इसलिए इस अभियान को सफल बनाएँ। श्रीमती अंकिता कश्यप, एस.पी.एम, महिला एवं बाल निगम ,बिहार द्वारा बताया गया कि लिंग आधारित हिंसा की जड़ें लैंगिक भेदभाव तक जाती है। किसी भी तरह की हिंसा गलत है और किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य योग्य नहीं है। शारीरिक, मानसिक और आर्थिक हिंसा को पहचानते हुए इसका प्रतिकार करना होगा।उन्होंने आगे यह भी बताया कि जीविका दीदी तथा अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं (FLW) की भूमिका सबसे अहम है और इस मंशा के हेतु अग्रदूत साबित हो सकता है I
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (समेकित बाल विकास परियोजना) द्वारा बताया गया कि यह अभियान महिला एवं बाल विकास निगम एवं जीविका के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किया जा रहा, जो एक जन-जागरूकता है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे विचार यह है कि लैंगिक हिंसा के मामलों को चर्चा के केन्द्र में लाना और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए उपलब्ध नियमों व उपलब्ध तंत्र व उपायों के जरिए उनकी समस्या या शिकायतों के समाधान की जानकारी प्रदान किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती अजमातुन निशा, केन्द्र प्रशासक, वन स्टॉप सेण्टर द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (समेकित बाल विकास परियोजना) डॉ. रश्मि वर्मा द्वारा अभियान के बारे में संक्षिप्त विवेचन एवं कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
उक्त अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक सागर कुमार, अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर सुश्री चन्द्रिमा अत्री, संयुक्त निदेशक-सह-उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी मो. असलम अली, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) इमरान अहमद, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा नेहा कुमारी, डी.पी.एम (जीविका) डॉ, ऋचा गार्गी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के साथ-साथ अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
November 25, 2023

24.11.2023 (दरभंगा) : डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण द्वारा गंगा एवं सहायक नदियों के प्रदूषण नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु पारित आदेश के अनुपालन की बिन्दुवार समीक्षा की गई एवं सभी संबंधित पदाधिकारी को न्यायाधिकरण के आदेश के शत-प्रतिशत अनुपालन करने का निर्देश डीएम द्वारा दिया गया। महानिदेशक, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली द्वारा पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 अन्तर्गत पर्व-त्योहारों के अवसर पर विशेष रूप से नदियों और अन्य जल स्त्रोतों में मूर्तियों, पूजा सामग्री और धार्मिक प्रसाद की अन्य वस्तुओं के विसर्जन पर प्रतिबंध से संबंधित निर्देश के अनुपालन हेतु समन्वय समिति का गठन करते हुए विसर्जन हेतु अस्थायी व्यवस्था करने एवं प्राप्त सभी निर्देश से पूजा समितियों को अवगत करवाने तथा वृहद स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया।
बैठक में बताया गया कि केंद्रीय चर्म अनुसंधान संस्थान, चेन्नई से समन्वय कर मृत पशुओं के शव अवशेषों के निपटान हेतु तकनीकी संयंत्र स्थापित करने हेतु कार्यवाही की जा रही है। इस संबंध में विगत दिनों केंद्रीय चर्म अनुसंधान संस्थान, कानपुर केन्द्र के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक श्री अभिनंदन कुमार द्वारा जिले का भ्रमण किया गया है। डीएम द्वारा संयंत्र स्थापित होने तक ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता हेतु गठित ग्राम पंचायत क्रियान्वयन समिति के माध्यम से उचित स्थान का चयन कर पशुओं के शव अवशेष के निपटान करने हेतु निर्देश दिया गया।
November 25, 2023

24.11.2023 (दरभंगा) : समाहरणालय परिसर अवस्थित सभागार के समीप से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी राजीव रौशन द्वारा मतदाता जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं निर्वाचन विभाग, बिहार, पटना के द्वारा निर्धारित कार्यक्रमानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2024 के आधार पर निर्वाचन सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 के क्रम में 27 अक्टूबर को निर्वाचन सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जा चुका है तथा प्रारूप प्रकाशन की अवधि में 09 दिसम्बर तक दावा/आपत्ति प्राप्त की जाएगी। इसी कड़ी में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन भागीदारी कार्यक्रम (स्वीप गतिविधि) के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रचार एवं अर्हता प्राप्त नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से 28 नवम्बर तक प्रत्येक प्रखण्ड के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता रथ का परिचालन किया गया है।
उक्त अवसर पर संवाददाता को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 01 जनवरी 2024 के अर्हता तिथि के आधार पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए मतदाता जागरूकता रथ रवाना किया जा रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों एवं संवाददाताओं के माध्यम से जिले के सभी लोगों को संदेश दिया कि स्वच्छ निर्वाचन प्रक्रिया के लिए मतदाता सूची का स्वस्थ होना बहुत आवश्यक है और इसके लिए जो भी हमारे युवा मतदाता हैं, जो 01 जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर लेते हैं खासतौर से बच्चियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कर लेंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने बी.एल.ओ से सम्पर्क कर तथा फॉर्म-06 के माध्यम से या ऑनलाइन आवेदन कर अपना नाम जुड़वा सकते है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की मृत्यु हो गई है, जो परमानेंट शिफ्ट हो गए हैं, वे अब यहाँ नहीं रहते हैं, उन लोगों को मतदाता सूची से नाम हटाए जाने पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि घर के कोई भी सदस्य बी.एल.ओ को सूचित करता है कि उनके घर से किन्ही सदस्य की मृत्यु हो गई है, तो बी.एल.ओ. द्वारा उन सदस्य का फार्म-07 के माध्यम से उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा अगर कोई मतदाता का मतदाता सूची में नाम, फोटो या किसी अन्य प्रकार की त्रुटि है या वे पहले से दूसरे क्षेत्र के मतदाता हैं, अब उनका माइग्रेशन होना है तो फॉर्म-08 भरकर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिले का मतदाता सूची हर दृष्टिकोण से स्वच्छ हो, स्वस्थ हो, कोई भी आदमी छूटा हुआ न रहे, हमारा लिंगानुपात बढ़िया हो, 18-19 आयु वर्ग के युवा मतदाता जितने जनसंख्या के आंकड़ों में है वे सारे लोग हमारे मतदाता सूची में शामिल हो जाएं, यह आवाहन करते हैं, ये लोकतंत्र की परंपरा के लिए काफी अच्छा फल देने वाला होगा।
उन्होंने कहा कि सभी प्रखण्डों के 10 विधानसभा क्षेत्र में जागरूकता रथ द्वारा प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा 25 एवं 26 नवम्बर को विशेष कैंप का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा विशेष कैम्प के माध्यम से जो भी मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाना चाहते है, नाम में सुधार करवाना चाहते है, नाम हटवाना चाहते हैं, यह सारी प्रक्रिया उक्त तिथि को सभी मतदान केन्द्रों पर उपस्थित बी.एल.ओ. के माध्यम से पूरा कर सकते हैं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रतिभा रानी, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी राजेश झा ‘‘राजा’’, नगर पुलिस अधीक्षक सागर कुमार, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर चंद्रिमा अत्री, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार, उप निदेशक सांख्यिकी शंभू प्रसाद, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सुश्री नेहा कुमारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे। वही राजनैतिक दलों की ओर से लोजपा के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र झा, राजद के जिला अध्यक्ष उदय शंकर यादव, जदयू के जिला अध्यक्ष गोपाल मंडल, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सीताराम झा, सी.पी.आई के सचिव नारायण जी झा उपस्थित थे।