September 23, 2025
23.09.2025 (DarbhangaOnline) (पटना) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा गाँधी मैदान एवं आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया तथा रावण-वध की तैयारियों का जायजा लिया गया। उन्होंने पदाधिकारियों को अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुचारू यातायात एवं सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप त्रुटिरहित तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम श्री त्यागराजन ने कहा कि 128 सीसीटीवी कैमरों, 13 वाच टावरों, 1 अस्थायी कंट्रोल रूम, 1 अस्थायी थाना एवं 24x7 जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810/ 2219234) से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इंटिग्रेटेड कमांड एण्ड कंट्रोल सेन्टर (आईसीसीसी) से अनुश्रवण किया जाएगा। सभी प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। वाच टावरों पर पुलिस एवं सिविल डिफेंस के कर्मी तथा मुख्य गेट्स पर एसडीआरएफ की टीम प्रतिनियुक्त रहेगा। डीएम द्वारा सम्पूर्ण गाँधी मैदान का निरीक्षण किया गया। गेट नंबर 1 से 13 तक पूरे मैदान की स्थिति का मुआयना किया गया। स्लैब, वाकवे, पाथवे, वॉच टावर, हाई मास्ट लाइट्स, पार्किंग लाइट सहित हर छोटे-बड़े संरचनाओं का अवलोकन किया गया तथा विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया गया। एक-एक गेट की क्रियाशीलता देखी गयी।विदित हो कि अभी गाँधी मैदान में रामलीला महोत्सव चल रहा है जो 3 अक्टूबर तक चलेगा। 2 अक्टूबर को यहाँ वृहद स्तर पर रावण-वध कार्यक्रम का आयोजन होगा।
श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में 25 सितम्बर से 28 सितम्बर तक दशहरा महोत्सव आयोजित होगा। डीएम ने अधिकारियों को इन कार्यक्रमों के लिए मानकों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। मौसम में बदलाव को भी ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के समय उप विकास आयुक्त, पटना समीर सौरभ, अपर नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सदर, अपर जिला दंडाधिकारी आपदा प्रबंधन, अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था, अपर समाहर्ता विशेष कार्यक्रम, अपर जिला दंडाधिकारी नगर व्यवस्था, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग, पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिकारीगण, नगर कार्यपालक पदाधिकारीगण एवं अन्य भी उपस्थित थे। डीएम ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान गाँधी मैदान एवं आस-पास हजारों की संख्या में लोगों का आवागमन होता है।
गाँधी मैदान, पटना में रामलीला महोत्सव तथा रावण-वध कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। चार-दिवसीय दशहरा महोत्सव का आयोजन श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में होगा। इन आयोजनों के अवसर पर काफी बड़ी संख्या में भीड़ होने की संभावना है। इस सब के मद्देनजर पदाधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात प्रबंधन तथा विधि-व्यवस्था संधारण के लिए निर्धारित एसओपी के अनुसार त्रुटिहीन तैयारी सुनिश्चित रखने का निदेश दिया गया है। डीएम ने गाँधी मैदान से सटे मेट्रो कार्य को देखते हुए भीड़ नियंत्रण एवं यातायात हेतु विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो के अधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट तथा नगर पुलिस उपाधीक्षक आपस में समन्वय कर गाँधी मैदान एवं आस-पास दर्शकों के आवागमन को सुगम रखें। जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ, एक्जीबिशन रोड एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं को गाँधी मैदान की बाउंड्री के बाहर फुटपाथ एवं सड़क को बेहतर रखने का निदेश दिया गया है। नगर निगम के अधिकारियों को नालों के ऊपर क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मति करने का निदेश दिया गया है। भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं को गाँधी मैदान के बाउंड्री का सुदृढ़ीकरण एवं बाउंड्री के अंदर पाथवे को सुगम रखने का निदेश दिया गया है ताकि लोगों को मैदान में आने-जाने में कोई समस्या न हो। अधिकारियों को पूरे मैदान का समतलीकरण सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है ताकि दुर्घटना की कोई संभावना न रहे। भवन कार्यपालक अभियंता को सभी गेट का ग्रिसिंग सुनिश्चित करने तथा हरएक द्वार को मजबूत एवं सुदृढ़ रखने का निदेश दिया गया ताकि लोगों का प्रवेश एवं निकास निर्बाध एवं सुगम हो। उन्होंने कहा कि रावण वध के दौरान सभी द्वार खुला रहना चाहिए तथा मैदान खाली होने के उपरांत ही प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्ति स्थान से प्रस्थान करेंगे।
September 23, 2025
23.09.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : दरभंगा को फिर एक सौगात मिली है। सांसद द्वारा वर्षों से दरभंगा से अजमेर के बीच ट्रेन सेवा शुरू किए जाने की मांग को रेल मंत्री ने स्वीकार किया है तथा शीघ्र ही इसकी सभी औपचारिकताओं को पूरा कर अमृत भारत ट्रेन का परिचालन दरभंगा से अजमेर के बीच शुरू किया जाएगा, साथ ही दरभंगा को रेलवे कनेक्टिविटी का केंद्र बिंदु बनाने की दिशा में सभी आवश्यक पहल किए जा रहे हैं।
स्थानीय सांसद सह रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य डा. गोपाल जी ठाकुर ने भारत सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात करने के बाद उपरोक्त बातें कही। सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से हुई मुलाकात के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि श्री वैष्णव के साथ इस अमृत भारत ट्रेन के साथ साथ दरभंगा सहित मिथिला की अन्य महत्वपूर्ण निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं के बारे में चर्चा तथा समीक्षा की गई। सांसद ने बताया कि रेल मंत्री के साथ 335 करोड़ रुपए की लागत से दरभंगा रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई ताकि दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाना के मोदी सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट का संकल्प धरातल पर साकार हो सके। मिथिला के सर्वांगीण विकास को देश ही नही वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्र की एनडीए सरकार प्रतिबद्ध है यही कारण है कि अमृत भारत योजना के तहत दरभंगा रेलवे स्टेशन लहेरियासराय स्टेशन, सकरी स्टेशन सहित अन्य प्रमुख रेलवे परियोजनाओं को समय से पूरा करने के लिए निर्माण कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता है।
सांसद डा. ठाकुर ने निरीक्षण के क्रम में समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम को दूरभाष पर निर्माण कार्यों की मंद गति के लिए असंतोष प्रकट करते हुए कहा कि वे इसके निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देशित करें अन्यथा संबंधित निर्माण एजेंसी व इस निर्माण कार्य के जिम्मेदार रेलवे अधिकारियों पर करवाई के लिए मंत्रालय स्तर पर पहल की जाएगी। सांसद डा. ठाकुर ने चर्चा के क्रम में मंत्री श्री वैष्णव को बताया कि मिथिला के केंद्र बिंदु माने जाने वाले दरभंगा रेलवे स्टेशन को 335 करोड़ की लागत से विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है लेकिन जिस मंद गति से निर्माण कार्य किए जा रहे हैं उसमें गति लाने की आवश्यकता है, क्योंकि 21 अप्रैल 2025 को कंपनी के द्वारा इस निर्माण का एकरारनामा किया गया था जिसे तीन सालों में 2028 तक हर हाल में पूरा किया जाना है।
सांसद ने मंत्री के साथ समीक्षा के क्रम में बताया कि मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि दरभंगा स्टेशन को विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन में परिवर्तन किसी भी प्रकार की कोताही नहीं हो इसके लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। सांसद ने मंत्री के साथ चर्चा के क्रम में लहेरियासराय से सहरसा तथा लहेरियासराय से मुजफ्फरपुर तक प्रस्तावित नई रेल लाइन, शीशो बाईपास स्टेशन पर वाशिंग पिट का निर्माण तथा मेगा कोचिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण, दरभंगा से दिल्ली मुंबई, चेन्नई, बेंगलौर, अहमदाबाद जैसी महत्वपूर्ण महानगरों के लिए अमृत भारत नमो भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेनों का परिचालन शुरू किए जाने जैसे अनेकों प्रस्तावित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा है कि दरभंगा सहित मिथिला क्षेत्र में हाईटेक रेल कनेक्टिविटी के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी गृह मंत्री अमित शाह रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव तथा बिहार के सीएम नीतीश कुमार संवेदनशील हैं तथा एनडीए सरकार के द्वारा इसके लिए ईमानदारी से पहल की जा रही है।
सांसद ने दरभंगा से अजमेर के बीच अमृत भारत ट्रेन के लिए रेल मंत्री से मिले आश्वासन को आने वाले समय में मिथिला के लिए यात्री सुविधाओं के मुद्दे पर वरदान बताते हुए कहा कि दरभंगा को रेलवे के मानचित्र पर देश स्तर पर एक उदाहरण के रूप में स्थापित किए जाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार तत्पर है।
September 23, 2025
23.09.2025 (DarbhangaOnline) : स्वच्छता ही सेवा‘‘ अभियान के तहत स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को बढ़ावा देने के लिए पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर में आज ‘‘वाकाथॉन‘‘ का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने ‘‘वाकाथॉन‘‘ का शुभारंभ किया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने कहा कि यह हमारे सामूहिक प्रयास का प्रतीक है। यह एक संदेश है कि स्वच्छता हम सभी की ज़िम्मेदारी है। स्वच्छता एक आदत है, एक संस्कृति है जिसे हमें अपनाना होगा। जब हम अपने आस-पास को स्वच्छ रखते हैं, तो हम न केवल एक स्वस्थ वातावरण का निर्माण करते हैं, बल्कि एक स्वच्छ और सुंदर समाज की नींव भी रखते हैं। आज का यह वाकाथॉन एक छोटा सा कदम है, जो एक बड़े बदलाव की शुरुआत कर सकता है। यह हमें याद दिलाता है कि हमें अपने घरों, अपने मोहल्लों और अपने शहरों को साफ-सुथरा रखने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए।
September 23, 2025
19.09.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित सभागार में डीएम कौशल कुमार के अध्यक्षता में दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्द एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने के लिए शांति समिति के सदस्यों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक। शांति समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि जिला शांति समिति के सदस्यों के सुझाव को संबंधित पदाधिकारी द्वारा नोट किया गया है। वैकल्पिक पार्किंग, लाइटिंग, पानी लीकेज सभी पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने अग्निशमन पदाधिकारी को सभी पूजा पंडाल को निरीक्षण करने का निर्देश दिया, साथ ही उन्होंने कार्यपालक अभियंता विद्युत को सभी पूजा पंडाल में बिजली के तार को चेक करने का निर्देश दिया। मूर्ति विसर्जन के समय गोताखोर को चिन्हित करने एवं तालाब में बैरीकेडिंग की व्यवस्था करने का भी निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया। उन्होंने सिविल सर्जन को सभी पूजा पंडाल में मेडिकल किट तथा डीएमसीएच में डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के विश्रामालय के लिए श्यामा मंदिर और नगर निगम द्वारा संचालित रैन बसेरा में करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि चट्टी पर में 27 सितंबर से श्रद्धालुओं के लिए रोड को खोल दिया जाएगा। मेला और त्योहार में श्रद्धालुओं के लिए सभी प्रकार की आधारभूत सुविधा उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कंट्रोल रूम का गठन करने को कहा। सभी पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं बाहर निकलने के लिए अलग-अलग गेट बनाने का निर्देश दिया। रावण वध 17 स्थलों पर की जाने की सूचना है, जहां पर विधि व्यवस्था संधारण के लिए मुकम्मल व्यवस्था रहेगी।
जिला प्रशासन की ओर से जिला शांति समिति के सदस्यों को इस समर्पण के लिए लगातार किए जा रहे हैं सफल कार्य के लिए डीएम ने धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया। बैठक में जिला शांति समिति के सदस्यों ने दुर्गा पूजा के अवसर पर किए जाने वाले कार्यों एवं विधि व्यवस्था संधारित रखने से संबंधित अपने-अपने सुझाव दिये। इस महत्वपूर्ण सुझाव के लिए डीएम ने सभी सम्मानित सदस्यों को धन्यवाद दिया। बताया गया कि 22 सितंबर को दुर्गा पूजा कलश स्थापना, 29 सितंबर को दुर्गा पूजा सप्तमी, 30 सितंबर को अष्टमी, 1 अक्टूबर को नवमी एवं 2 अक्टूबर को को विजयादशमी है। शांति समिति के सदस्यों ने एक साथ कहा कि पर्व और त्यौहार समाप्त होने पर झंडा, पोस्ट, बैनर आदि एक सप्ताह के अंदर हटा दिया जाए। इससे शहर के सौंदर्य में वृद्धि होगी। बैठक में जिला शांति समिति के सभी सदस्यों ने शांति के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार संपन्न करवाने का विश्वास दिलाये। शांति समिति के सदस्यों ने पूजा के दौरान महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने हेतु सुझाव दिया। पूजा स्थल के समीप नगर निगम के माध्यम से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करवाने हेतु एवं पूजा पंडाल में कचरा संग्रहण हेतु प्लास्टिक डस्टबिन का सुझाव दिया।
बैठक में एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने कहा कि जिला में काफी संख्या में पुलिस बल उपलब्ध होंगे, शांति व्यवस्था के लिए चप्पे चप्पे पर पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी जो 24 घंटे निगरानी करते रहेंगे। अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी रखी जाएगी। सभी पूजा पंडाल में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, बाईक गश्ती दल सक्रीय रहेगा। श्री रेड्डी कहा कि विसर्जन के समय छोटे-छोटे बच्चों को अपने साथ नहीं ले जाएं। दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था उल्लंघन करने वाले पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार द्वारा बताया गया कि बाजार समिति शिवधारा में यातायात को लेकर विशेष ध्यान रहेगा। नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता द्वारा बताया गया कि दुर्गा पूजा के अवसर पर दो पालियों में साफ सफाई की जाएगी तथा खराब लाइट एवं खराब सीसीटीवी कैमरा को दुरुस्त करा लिया जायेगा।
बैठक में महापौर अंजुम आरा, उप महापौर नाजिया हसन, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद उपस्थित थे।
शांति समिति की सदस्यो में श्याम किशोर प्रधान, सुनीति रंजन, अशोक नायक, रीता सिंह, सुनील कुमार मंडल, बलराम कुमार, अंकुर गुप्ता, दीदार हुसैन चांद, डॉक्टर इकबाल हसन, नवीन खटीक, सुजीत मल्लिक, राजीव प्रकाश मधुकर, विकास, राकेश कुमार, शाहनवाज कमर, नवीन सिन्हा, शशि कुमार नीलू, शत्रुघ्न प्रसाद यादव, विपिन कुमार राय, विनय कुमार दास, सुभाष महतो, विष्णु चंद्र पप्पू आदि उपस्थित थे।
September 23, 2025
18.09.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : बलभद्रपुर, वार्ड नंबर 44, नियर ब्रह्मस्थान स्थित शांडिल्य जिम में हर्षोल्लास के साथ विश्वकर्मा पूजा मनाया गया। इस अवसर पर जिम में विभिन्न तरह के प्रतियोगिता डेड लिफ्ट, प्लैंक, पुश-अप, पुल-अप्स, स्क्वाड, बॉडी शो, डांस कम्पटीशन अदि का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर जिम के संचालक निपुण शांडिल्य ने उक्त जानकारी देते हुए बताया की लगभग 25 सालों से विश्वकर्मा पूजा के शुभ अवसर पर इस तरह का आयोजन करते आ रहे हैं जिससे जिम करने वालों में एक उमंग व उत्साह होता है। श्री शांडिल्य ने कहा की जिम सेन्टर में बच्चों के लिय डांस क्लास, जुम्बा क्लास बड़ों के लिय वेट ट्रेनिंग, कार्डियो आदि की बेहतर व्यवस्था है। उन्होंने कहा की कई ऐसे लोग हैं जो यहाँ से जिम करने के बाद पुलिस फोर्स व डिफेन्स में गए हैं। निपुण ने बताया की कोई भी आदमी अपनी सहूलियत के हिसाब से जिम कर सकता है। जिम का समय सुबह से रात 11 बजे तक खुला रहता है।

उन्होंने कहा की सभी लोगों को अपने हेल्थ के प्रति जागरूक रहना चाहिए ताकि हेल्थ से जुडी कोई समस्या न हो। जिम में रेगुलर एक्सरसाइज़ करने से मसल्स मजबूत होते हैं, स्टैमिना बढ़ता है और तनाव दूर होता है, जिससे मानसिक स्वास्थ अच्छी रहती है। रेगुलर एक्सरसाइज़ से नींद की गुणवत्ता में सुधार होता है, जिससे आप अधिक तरोताजा महसूस करते हैं। वेट ट्रेनिंग, कार्डियो, स्ट्रेचिंग जैसे वर्कआउट शरीर को एक परफेक्ट शेप में लाने में मदद करते हैं। साथ ही मोटापा कम करने और फिट रहने में जिम बहुत लाभदायक है। उन्होंने कहा की नियमित जिम करने से फिटनेस व सेल्फ कॉन्फिडेंस हमेशा मेन्टेन रहता है।