October 17, 2026
17.10.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीएम कौशल कुमार एवं एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी के संयुक्त नेतृत्व में आज फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर लोहिया चौक, नीम चौक, दरभंगा टावर, कादिराबाद बाजार समिति, दिल्ली मोड़, बाघ मोड़, दरभंगा रेलवे स्टेशन, दोनार चौक, अल्लपट्टी एवं बेंता सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।
इस दौरान आम नागरिकों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया गया तथा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश दिया गया। फ्लैग मार्च के उपरांत संवाददाताओं को संबोधित करते हुए डीएम कौशल कुमार ने कहा कि आज सप्तमी का दिन है। इस अवसर पर पूजा पंडालों एवं विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आवाजाही होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 450 स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है।
सभी संबंधित स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पूजा पंडालों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी। डीएम ने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड में रहने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तत्पर है।
डीएम ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं पारस्परिक सहयोग के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें। उन्होंने पूजा समितियों से विशेष रूप से अनुरोध किया कि बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। ऐसे में पूजा पंडालों में किसी भी राजनीतिक दल से संबंधित पोस्टर या बैनर नहीं लगाए जाएं। सभी पूजा समितियां आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करें। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी पूजा पंडालों में पुलिस बल एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी चौकीदारों को तैनात किया गया है, ताकि स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे। उन्होंने बताया कि सभी थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं। ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है। एसएसपी श्री रेड्डी ने बताया कि अग्निशमन विभाग एवं विद्युत विभाग को भी सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा एवं विद्युत संबंधी किसी भी संभावित समस्या से तत्काल निपटा जा सके। एसएसपी ने बताया कि एसएसपी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, संदिग्ध गतिविधि या विधि-व्यवस्था से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित करें। इसके अतिरिक्त आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए डायल 112 की सेवा भी उपलब्ध है।
सूचना प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 10 बाइक गश्ती दल गठित किए गए हैं। डायल 112 की टीमों को भी सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी घटना पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जा सके। पुलिस प्रशासन सभी प्रमुख स्थानों एवं संवेदनशील बिंदुओं पर लगातार नजर बनाए हुए है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने, भ्रामक सूचना प्रसारित करने अथवा अफवाह फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया की निगरानी साइबर सेल द्वारा लगातार की जा रही है। फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। फ्लैग मार्च के माध्यम से जिला प्रशासन ने यह संदेश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता के साथ दुर्गा पूजा मनाएं तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें।
October 17, 2026
17.10.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : धर्म के आचरण से मन से नकारात्मक विचारों का नाश होता है तथा रचनात्मक ऊर्जा की प्राप्ति होती है। देवी दुर्गा इस सृष्टि के सृजन की प्रतीक मानी गयी है। ऐसी मान्यता है कि जब सृष्टि पर आसुरी शक्तियों से खतरा उत्पन्न हुआ है तब देवी दुर्गा किसी न किसी रूप में धरती पर अवतरित होकर समाज में धर्म के आवरण को मजबूत करती है। दरभंगा के लोग आदि शक्ति के उपासक माने जाते हैं इसलिए यहां देवी दुर्गा की आराधना का खास महत्व है।
स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर ने शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन एवं पूजा करने के बाद उपरोक्त उदगार व्यक्त किए। पुजा तथा दर्शन के क्रम में सांसद डा. ठाकुर ने मां भगवती से समस्त मिथिलावासियों एवं बिहारवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने दुर्गापूजा को आस्था, श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सद्भाव का महापर्व बताते हुए कहा कि मां दुर्गा की आराधना हमें शक्ति, साहस, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। यह पर्व समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करने का संदेश देता है। इस मौके पर सांसद डा. ठाकुर ने पूजा समितियों के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं से पर्व को श्रद्धा, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से दरभंगा सहित संपूर्ण मिथिला क्षेत्र निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो तथा समाज में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे। इस अवसर पर सांसद डा. ठाकुर के साथ स्थानीय एनडीए के कार्यकर्ताओं तथा पूजा समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
October 17, 2026
16.10.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : डीएम कौशल कुमार एवं एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी द्वारा संयुक्त रूप से आदेश जारी करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा का त्योहार 20 अक्टूबर 2026 तक मनाया जायेगा। उन्होंने दुर्गा पूजा को जिलेवासियों से शांतिपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की है। संयुक्तादेश में बताया गया कि इस वर्ष 17 अक्टूबर को महासप्तमी प्रतिमा (स्थापना की तिथि) है।
वहीं 18 अक्टूबर को महाअष्टमी, 19 अक्टूबर को महानवमी एवं 20 अक्टूबर 2026 को विजयादशमी है, इसलिए उक्त पर्व को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु विशेष चौकसी एवं सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा की दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारित रखने हेतु जिले के सभी संवेदनशील स्थलों सहित 426 स्थलों पर दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। उग्रवादी/उपद्रवी एवं गुण्डा तत्वों एवं साम्प्रदायिक अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए, आवश्यकता पड़ने पर उनके विरूद्ध तत्काल कार्रवाई करना सुनिश्चित किया जायेगा।
धार्मिक जुलूसों/पंडालों के लिए दिये जाने वाली अनुज्ञप्ति में यह शर्त निश्चित रूप से रहे कि ऐसे कोई झाँकी अथवा दृश्य (व्यंग्य चित्र सहित) जुलूस में नहीं होगा, जिससे किसी साम्प्रदाय, जाति, वर्ग अथवा समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुँचे अथा किसी प्रकार की वैमनस्यता उत्पन्न होने की संभावना हो। इसके उल्लंघन की अवस्था में उन व्यक्तियों, जिनके नाम से अनुज्ञप्ति जारी किया गया है, के विरूद्ध विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी पूजा आयोजकों को निदेशित किया गया है कि धार्मिक अनुष्ठान, पूजा के स्थान एवं पूजा पंडाल आदि का उपयोग चुनाव प्रसार के लिए न किया जाए, ये सुनिश्चित करेंगे, क्योंकि ऐसा किया जाना धार्मिक संस्थान (दुरूपयोग पर रोक) अधिनियम, 1988 की धारा - 7 के तहत दण्डनीय है, जिसके लिए पाँच वर्ष तक की सजा तथा जुर्माना का प्रावधान है।
डीएम ने कहा कि पुलिस बल एवं दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति 20 अक्टूबर 2026/प्रतिमा विसर्जन तक होगी। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी/पुलिस बल को प्रतिनियुक्ति स्थल पर ससमय उपस्थित होंगे। उन्होंने कहा कि सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में होंगे। दुर्गा पूजा के अवसर पर दरभंगा, समाहरणालय में 17 अक्टूबर से प्रतिमा विसर्जन तक जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी हैं, जिसका दूरभाष नम्बर - 06272-240600 है। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त स्वप्निल (मोबाईल नम्बर - 9031071442) रहेंगे। इसके साथ ही पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) को जिला नियंत्रण कक्ष में पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल को प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया गया तथा अश्रुगैस दस्ता एवं बज्रवाहन तैयारी हालत में जिला नियंत्रण कक्ष में रखेंगे। इसके साथ ही सभी अनुमण्डल पदाधिकारी को अपने-अपने अनुमण्डल मुख्यालय में एक-एक नियंत्रण कक्ष खोलकर उसमें दण्डाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया।
अग्निशाम पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि अग्निशाम दस्ता की एक युनिट की प्रतिनियुक्ति जिला नियंत्रण कक्ष में 17 अक्टूबर के अपराह्न से करेंगे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय स्थित भी.एच.एफ कन्ट्रोल 24 घंटे खुला रहेगा। इसके साथ ही सभी थाना/ओ.पी. अध्यक्ष 24 घंटा वितन्तु सेट को खुला रखेंगे तथा अपने-अपने थाना का खैरियत प्रतिवेदन निश्चित रूप से समर्पित करेंगे। दुर्गापूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं के शहर में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए दरभंगा शहरी क्षेत्रान्तर्गत यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालन हेतु 17 अक्टूबर के प्रातः से 20 अक्टूबर 2026 तक दरभंगा शहरी क्षेत्र में निम्नानुसार यातायात व्यवस्था रहेंगी। सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को अपने-अपने क्षेत्र में पड़ने वाले वैसे ग्रामों का निश्चित रूप से भ्रमण कर लेने का निर्देश दिया गया, जहाँ दुर्गा प्रतिमा स्थापित की जा रही है तथा पूजा अर्चना की जाती है। उन्होंने कहा कि पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सभी प्रतिनियुक्त बल एवं पुलिस पदाधिकारी को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, केन शिल्ड आदि की आपूर्ति करेंगे।
साथ ही सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी पुरी चुश्ती एवं मुश्तैदी के साथ ड्यूटी करेंगे। संयुक्तादेश में बताया गया है की जिस स्थान पर मुख्यालय द्वारा प्रतिनियुक्ति नहीं की गयी है, वहाँ पर संबंधित थानाध्यक्ष आवश्यकतानुसार अपने अधीनस्थ बल, चौकीदार, दफादार आदि की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे। सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि भीड़-भाड़ वाले पूजा पंडालों में अवांछनीय तत्वों की निगरानी हेतु पूजा समितियों के आयोजकों से समन्वय स्थापित कर सी.सी.टी.वी. कैमरा लगवाना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी दुर्गापूजा त्योहार के अवसर पर अपने क्षेत्रान्तर्गत विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे तथा अपने दिशा-निर्देशन में प्रतिनियुक्ति करते हुए सुरक्षा व्यवस्था/विधि-व्यवस्था बनाये रखते हुए पर्व को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
सभी प्रखण्ड के वरीय प्रभारी पदाधिकारी अपने आवंटित प्रखण्ड के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी/थानाध्यक्ष से समन्वय करते हुए उक्त पर्व को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराना सुनिश्चित करेंगे, यदि कोई घटना होने की सूचना प्राप्त होती है, तो तुरन्त उस स्थल पर पहुँचकर उसे नियंत्रित करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण सम्पन्न करायेंगे। दूर्गा पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं के भीड़ के मद्देनजर दरभंगा शहर अन्तर्गत ट्राफिक व्यवस्था संधारण हेतु विभिन्न प्रवेश मार्गों में बैरिकेटिंग की व्यवस्था करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया।
August 16, 2026
16.08.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्य तिथि के अवसर पर विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में रविवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। मौके पर अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। संस्थान के प्रधान कार्यालय में अध्यक्ष-सह- पूर्व कुलपति, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय प्रो शशिनाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमला कांत झा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को मिथिला और मैथिली के प्रति विशेष लगाव था।
उनके दिलो दिमाग पर यह भाव जगाने में मिथिला के वरद् पुत्र एवं पूर्व सांसद आचार्य सुरेंद्र झा सुमन का विशेष योगदान था। अटल वचन, अटल धर्म, अटल मर्म और अटल कर्तव्य के अटल अनुयायी अटल बिहारी वाजपेयी के मैथिली को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किए जाने में उनके योगदान को मिथिलावासी कभी नहीं भुला सकते। उन्होंने कहा कि वाजपेयी के सपनों का मिथिला बनाने के लिए संगठित होकर मिथिला-मैथिली के विकास की मांगों को सही प्लेटफार्म पर रखा जाना समय की जरूरत है। जबकि अष्टम अनुसूची में शामिल मैथिली भाषा के अधिकारों का गहन चिंतन करते हुए मिथिला को विकास की पटरी पर लाने के लिए हमें एकजुट होकर प्रयास करना होगा। कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. बुचरू पासवान ने मिथिला मैथिली के विकास में वाजपेयी के योगदानों की चर्चा करते कहा कि जब हमें संवैधानिक अधिकार मिले हैं, तो प्राथमिक शिक्षा में मैथिली की पढ़ाई, धरोहर लिपि मिथिलाक्षर के संरक्षण व संवर्धन सहित राजकाज की भाषा मैथिली निश्चित रूप से बनेगी।
लेकिन इसके लिए हमें समय रहते अपने अधिकार एवं कर्तव्य का बोध करना होगा। उन्होंने अपने संबोधन में बदले हालातों में मिथिला ने क्या खोया और क्या पाया, इस विषय पर विचार विमर्श करने की जरूरत पर बल दिया। विश्वविद्यालय मैथिली विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. रमेश झा ने अपने संबोधन में खंडित मिथिला को एक सूत्र में बांधने के लिए कोसी नदी पर महासेतु के निर्माण और वाजपेयी के मिथिला, मैथिली व मैथिल से प्रेम व लगाव की विस्तार से चर्चि की। डॉ. उदय कांत मिश्र ने मिथिला एवं मैथिली की विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए वाजपेयी जी को इसके विकास का पैरोकार बताया। विनोद कुमार झा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने नाम के अनुरूप विकट आंधी-तूफान जन्य परिस्थितियों से जूझ कर देश के मान-प्रतिष्ठा तथा संस्कृति की रक्षा की। श्रद्धांजलि सभा का संचालन करते हुए संस्थान के मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने मिथिला मैथिली के विकास में स्व. वाजपेयी के योगदानों की चर्चा करते हुए उन्हें मिथिला-मैथिली का सच्चा हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी की सरकार ने करोड़ों मिथिलावासी के माँ की भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कर एवं वर्षों से दो भाग में विभक्त होने का दंश झेल रहे मिथिला को एक करने का गौरवशाली उपहार प्रदान किया।
अपने संबोधन में उन्होंने अटल के सपनों का मिथिला बनाने के लिए पृथक मिथिला राज्य के गठन को जरूरी बताया। प्रो चंद्रशेखर झा बूढाभाई ने स्व वाजपेयी को भारतीय दर्शन एवं सांस्कृतिक चेतना को समर्पित व्यक्तित्व बताते हुए मिथिला को सब कुछ देने की चाहत रखने वाला महान व्यक्ति बताया। अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. शशिनाथ झा ने मातृभाषा मैथिली के प्रति मिथिला के लोगों में कम हो रहे भावनात्मक आकर्षण के प्रति चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रतिभा के धनी इस क्षेत्र के लोगों को पढ़ाई, दवाई और कमाई के लिए आज भी पलायन करना पड़ रहा है, यह गंभीर चिंतन का विषय है। मौके पर आशीष चौधरी, नन्द कुमार झा, आदि ने भी अपने विचार रखे।
August 16, 2026
15.08.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस केंद्र दरभंगा में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। समारोह में डीएम दरभंगा सहित पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। ध्वजारोहण से पूर्व एसएसपी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में आयोजित परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने परेड में शामिल जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति उनके कर्तव्यों की सराहना की। इस अवसर पर एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर है। पुलिस बल राष्ट्र की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। समारोह के दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। तिरंगे की शान में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।