November 15, 2026
14.11.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : डीएम कौशल कुमार द्वारा लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर संयुक्त आदेश जारी किया गया है। आदेश में बताया गया है कि इस वर्ष छठ महापर्व का आयोजन दिनांक 16 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके तहत 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को सूर्य को प्रथम अर्घ्य तथा 16 नवंबर को प्रातःकाल सूर्य को द्वितीय अर्घ्य अर्पित करने के उपरांत व्रत का पारण निर्धारित है।
छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से पोखर, नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों के घाटों पर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे घाटों पर पहुंचते हैं। व्रती एवं श्रद्धालु अर्घ्य अर्पित करने से पूर्व काफी समय तक पानी में खड़े रहते हैं। ऐसे में घाटों पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, स्वच्छता एवं किसी भी संभावित दुर्घटना की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। छठ महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के कुल 747 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को अपने-अपने निर्धारित कर्तव्य स्थल पर ससमय योगदान देने तथा छठ पर्व की समाप्ति तक अपने कर्तव्य स्थल पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है।
डीएम द्वारा सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार अंतर्गत नदी एवं खतरनाक तालाब घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। ऐसे घाटों पर आवश्यकतानुसार मोटरबोट, नाव एवं अन्य बचाव संसाधनों की व्यवस्था महाजाल, रस्सा आदि के साथ सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित बचाव एवं राहत कार्य संचालित किया जा सके। छठ महापर्व के अवसर पर किसी भी आपात स्थिति, विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या एवं आवश्यक सूचना के त्वरित आदान-प्रदान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है जिसका दूरभाष नंबर : 06272-240600 है।
उप विकास आयुक्त, दरभंगा स्वप्निल को जिला नियंत्रण कक्ष का प्रभारी बनाया गया है। श्रद्धालु एवं आम नागरिक किसी भी प्रकार की आपात स्थिति अथवा आवश्यक सूचना के लिए उक्त दूरभाष संख्या पर संपर्क कर सकते हैं। जारी संयुक्त आदेश में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों तथा कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय पर अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर योगदान देना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, छठ महापर्व की संपूर्ण अवधि में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे तथा पर्व की समाप्ति के बाद ही अपने प्रतिनियुक्ति स्थल को छोड़ेंगे। जिला प्रशासन द्वारा छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।