October 17, 2026
17.10.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : धर्म के आचरण से मन से नकारात्मक विचारों का नाश होता है तथा रचनात्मक ऊर्जा की प्राप्ति होती है। देवी दुर्गा इस सृष्टि के सृजन की प्रतीक मानी गयी है। ऐसी मान्यता है कि जब सृष्टि पर आसुरी शक्तियों से खतरा उत्पन्न हुआ है तब देवी दुर्गा किसी न किसी रूप में धरती पर अवतरित होकर समाज में धर्म के आवरण को मजबूत करती है। दरभंगा के लोग आदि शक्ति के उपासक माने जाते हैं इसलिए यहां देवी दुर्गा की आराधना का खास महत्व है।
स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर ने शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन एवं पूजा करने के बाद उपरोक्त उदगार व्यक्त किए। पुजा तथा दर्शन के क्रम में सांसद डा. ठाकुर ने मां भगवती से समस्त मिथिलावासियों एवं बिहारवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने दुर्गापूजा को आस्था, श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सद्भाव का महापर्व बताते हुए कहा कि मां दुर्गा की आराधना हमें शक्ति, साहस, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। यह पर्व समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करने का संदेश देता है। इस मौके पर सांसद डा. ठाकुर ने पूजा समितियों के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं से पर्व को श्रद्धा, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से दरभंगा सहित संपूर्ण मिथिला क्षेत्र निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो तथा समाज में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे। इस अवसर पर सांसद डा. ठाकुर के साथ स्थानीय एनडीए के कार्यकर्ताओं तथा पूजा समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।