July 28, 2024
27.07.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : भारत सरकार के द्वारा 2024 के बजट विकसित भारत के सपनो को साकार करने वाला अमृत काल का बजट है। उक्त बातें लहेरियासराय परिसदन में ग्रामीण विकास राज्यमंत्री भारत सरकार कामलेश पासवान ने भारत सरकार के बजट पर प्रेस को संबोधित करते हुए कहा। उन्होंने कहा की यह बजट युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों को समर्पित है। अमृतकाल का यह बजट हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शिता विजन और प्रकाश विकसित भारत को दर्शाता है जिसमें उन्होंने विकसित भारत की दिशा में नौ प्राथमिकताएं निर्धारित की है जिसके लिए पिछले 10 साल में बजट साइज को लगभग तीन गुना बढ़ाया गया है।
48 लाख 21 हजार करोड़ का यह बजट स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे बड़ा है जो अमृत काल में विकसित भारत के सपनों को उड़ान प्रदान करेगा। 2. 66 लाख करोड़ के बजट के साथ ग्रामीण विकास सरकार के लिए रक्षा क्षेत्र के बाद सबसे बड़ी प्राथमिकता है। यह बजट किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समर्पित है। आर्थिक विकास में महिलाओं की बढ़ी हुई भूमिका की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता है। उनके लाभ के लिए 3 लाख करोड रुपए से अधिक आवंटित किए गए है। सरकार ने लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य को 2 करोड़ से बढ़कर 3 करोड़ किया। उन्होंने कहा की अगले 5 वर्षों के लिए 80 करोड लोगों को गरीब कल्याण संकल्प के तहत कोई भी भूखा ना रहे इसका लाभ मिलेगा।
युवक के रोजगार के अवसर विकसित करने का संकल्प प्रधानमंत्री पैकेज के भाग के रूप में रोजगार से संबंधित प्रोत्साहन के लिए तीन योजना के अलावा कई योजनाएं लागू की जाएगी। 4.1 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए सरकार अगले 5 वर्षों में 2 लाख करोड़ रूपया निवेश करेगी जिसमें से 1.48 लाख करोड़ रूपया 2024 —2025 में ही निवेश किए जाएंगे। एक करोड़ युवाओं को स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी। नवनियुक्त व्यक्तियों को एक महीने का वेतन दिया जाएगा। इस बजट में अव्यस्क बच्चों के लिए नई पेंशन योजना वात्सल्य की घोषणा की गई है। नई आयकर व्यवस्था लागू की जाएगी जिसमें वेतन भोगी कर्मचारियों को आयकर में 17,500 की बचत होगी। विकसित भारत का संकल्प ग्रामीण विकास के बिना अधूरा है इसलिए सरकार ने 2024 के बजट में ग्रामीण विकास पर फोकस किया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार को बढ़ावा देने के लिए चलाई आ रही मनरेगा योजना के लिए सरकार ने 86 हजार करोड रुपए का प्रावधान किया है जो अब तक का सबसे अधिक है। सरकार ने प्रधानमंत्री ग्रामीण योजना का चौथा चरण शुरू करने का फैसला किया है, जिसमें 12000 करोड खर्च के साथ 25 हजार बस्तियों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा की वर्ष 2014 में हमारा देश जीडीपी के मामले में 10 में नंबर पर था माननीय प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में सरकार ने देश को जीडीपी के मामले में पांचवें नंबर पर ला दिया है।
अर्थव्यवस्था में सुधार व तेजी राज्य सरकारों के सहयोग के बिना संभव नहीं है बिहार राज्य में विकास की अपार संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इस बजट में सामान्य योजनाओं के साथ-साथ लगभग 59000 करोड रुपए का विशेष योजना की घोषणा की जिसमें क्षेत्र में बुनियादी ढांचे में सुधार और आर्थिक गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने के लिए 26000 करोड रुपए की लागत से कई तरह के संपर्क परियोजना शुरू की जाएगी। 21, 400 करोड रुपए के मेधा पावर पॉइंट, बाढ़ नियंत्रण के लिए 11,500 करोड़ रूपया मेडिकल कॉलेज महाबोधि कोडिडोर एयरपोर्ट तथा एयरपोर्ट परिसर सहायक शामिल है।
इस बजट से न सिर्फ बिहार बल्कि मिथिलांचल का विकास तीव्र गति से होगा। बाढ़ की समस्या का निदान से मिथिला खुशहाली आएगी। व्यापार बढ़ेगा,रोजगार मिलेगा। प्रेस वार्ता में सांसद गोपाल जी ठाकुर, नगर विधायक सह संचेतक संजय सरावगी, जिलाध्यक्ष जीवछ सहनी सहित गणमान्य लोग उपस्थित थे।
July 28, 2024
27.07.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : बहादुरपुर प्रखंड के रामभद्रपुर पंचायत अन्तर्गत ग्राम विकास समिति प्रांगण में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आयाम खेलो भारत, दरभंगा एवं एंबीशन क्लब, रामभद्रपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहे ग्रामीण बच्चों के बीच खेल, साहित्य एवं कला की विभिन्न प्रतियोगिताओं का संगम "बाल उत्सव" के अंतर्गत आज बालक वर्ग में पानी पूरी दौर, लंबी कूद और ऊंची कूद की प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमे लगभग 113 बच्चे शामिल रहे। पानी पूरी दौर की प्रतियोगिता तीन ग्रुप में आयोजित हुई, जिसमे प्रथम ग्रुप में ऋषि एवं आलोक मंडल प्रथम, अनामिका एवं आयुष कामत द्वितीय तथा काव्या एवं आकाश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
दूसरे ग्रुप में कौशल दास, प्रिंस कुमार, राधा एवम पलक ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीसरे ग्रुप में गोविंद दास, अंजली कुमारी एवं सत्यम झा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद की प्रतियोगिता में अनुराग कामती ने प्रथम, अंकुश कुमार ने द्वितीय तथा सिद्धांत कुमार ने तृतीय स्थान सुनिश्चित किया। ऊंची कूद की प्रतियोगिता में आयुष कुमार ने प्रथम, अंकुश कुमार ने द्वितीय तथा राबिन कुमार ने तृतीय स्थान सुनिश्चित किया। ग्रामीण युवा सुजीत मंडल कहते है की एंबीशन क्लब गांव में बच्चो के बीच प्रतिवर्ष इस तरह की खेल प्रतियोगिता का आयोजन करती है संपूर्ण क्षेत्र इस बाल उत्सव को एक पर्व की तरह प्रतीक्षा कर फिर पूरे मनोयोग से सहयोग कर मनाता है।
आज के इस कार्यक्रम में कार्यक्रम प्रमुख ईश्वर झा, शुभम दास, विक्की कुमार, सुजीत मंडल, प्रवीण कुमार, छोटू मंडल, निशांत झा, दीपक कुमार आदि सहयोग में उपस्थित थे।
July 28, 2024
26.07.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : दरभंगा एम्स का निर्माण जल्द होगा प्रारंभ। केंद्रीय टेक्निकल टीम के निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार ने स्थल चयन को स्वीकृति दे दी है। उक्त बात की जानकारी दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार प्रारंभकाल से ही आठ करोड़ मिथिलावासी सहित उत्तर बिहार के करोड़ों लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के दृष्टिकोण से दरभंगा एम्स के निर्माण को लेकर प्रतिबद्ध रही है।
उन्होंने कहा कि इसके निर्माण के लिए केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2015-16 के आम बजट में दरभंगा एम्स निर्माण के प्रस्ताव को शामिल किया गया था। तत्पश्चात वर्ष 2020 में केंद्रीय कैबिनेट से 1264 करोड़ की लागत से 750 बेड वाले एम्स निर्माण स्वीकृति दे चुकी है। परंतु बिहार में बदलते राजनैतिक परिदृश्य में स्थल परिवर्तन के उपाहपोह के कारण इसके निर्माण में देरी हुई है। लेकिन केंद्र में पुनः पीएम नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार बनी एनडीए सरकार और बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रहे एनडीए सरकार की मजबूत इच्छा शक्ति के बदौलत आज दरभंगा एम्स निर्माण का रास्ता प्रशस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपने तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिन के एजेंडा में दरभंगा एम्स को शामिल करते हुए इस पर तेज गति से कार्य कर रही थी। सांसद ने कहा कि दरभंगा में एम्स निर्माण को लेकर वह दशकों से प्रयासरत रहे है और अपने पहले संसदीय कार्यकाल में भी दर्जनों बार पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा से मुलाकात कर एम्स निर्माण के मुद्दा को प्रमुखता से रखने का कार्य करते आ रहे है।
इसके अलावा लोकसभा के माध्यम से भी कई बार दरभंगा एम्स निर्माण को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते आ रहे है। उन्होंने कहा कि उनके अनुरोध पर कई बार केंद्रीय टेक्निकल टीम द्वारा प्रस्तावित एम्स निर्माण स्थल का निरीक्षण किया था और बीते फरवरी माह में भी केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव एवं संयुक्त सचिव द्वारा स्थल का निरीक्षण किया गया।सांसद ने कहा की उक्त टीम के निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर केंद्र ने स्थल चयन को लेकर एक पत्र जारी किया है, जिसमें उन्होंने बिहार सरकार से जल्द जमीन हस्तांतरण, 20 मेगावाट बिजली कनेक्शन, फोर लेन सड़क एवं पानी की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
सांसद ने कहा कि कोई भी एम्स सदी में एक बार बनता है और पीएम नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता और मिथिला प्रेम के कारण ही बिहार में दूसरे एम्स निर्माण को स्वीकृति दिया गया। उन्होंने कहा कि बीते लगभग दो वर्ष पूर्व ही केंद्र सरकार दरभंगा एम्स के लिए कार्यकारी निदेशक की नियुक्ति कर चुकी है, जिनके नेतृत्व में दरभंगा एम्स का कार्यालय चल रहा है। सांसद ने कहा कि दरभंगा में एम्स का निर्माण हो जाने से वर्तमान पीढ़ी के करोड़ों लोगों के साथ साथ आने वाली कई पीढ़ी के करोड़ों लोगों को स्थानीय स्तर पर उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलता रहेगा।
July 25, 2024
25.07.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : माननीय उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली में "विशेष लोक अदालत" का आयोजन 29 जुलाई 2024 से 03 अगस्त 2024 तक किया जाएगा। लोक अदालत में माननीय उच्चतम न्यायालय में लंबित सुलहयोग्य वादों का निष्पादन पक्षकारों के बीच हुए आपसी सुलह-समझौता के आधार पर किया जाएगा। सर्वोच्च न्यायालय में आयोजित होने वाले विशेष लोक अदालत के संबंध में न्यायालय आनेवाले पक्षकारों को बताया जा रहा है, इसके साथ ही अधिवक्ताओं को भी इसकी जानकारी दी जा रही है। सर्वोच्च न्यायालय में लंबित दरभंगा जिले के मुकदमों के पक्षकारों को सूचित करने, पक्षकारों के बीच प्रि-काउंसलिंग, प्रचार-प्रसार आदि की निगरानी के लिए न्यायिक अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित किया गया है। इसके साथ ही पैनल अधिवक्ताओं, पीएलवी, प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया आदि के जरिए माननीय उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली में होने वाले विशेष लोक अदालत का प्रचार-प्रसार व्यापक रूप से किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
July 25, 2024
25.07.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : लहेरियासराय थाना के पुलिस पदाधिकारी /कर्मियों व टेक्नीकल सेल की टीम द्वारा वैश्यावृति के आरोप में संलिप्त चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। उक्त घटना के सम्बन्ध में Press Conference कर सिटी एसपी शुभम आर्य ने बताया की दरभंगा जिला अन्तर्गत ल०सराय थाना क्षेत्र के वाजितपुर महदौली सड़क के पास से दिनाक-23/24.07.24 के रात्रि में डायल 112 के गश्ती वाहन पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी के द्वारा एक बंगलादेशी महिला को पकड़कर लहेरियासराय थाना पर लाया गया।
उक्त महिला से पूछताछ के कम में यह बात प्रकाश में आयी कि रत्नोपट्टी की छोटी देवी एंव उसके पति सोनू कुमार के बहकावे में आकर वैश्यावृति में शामिल होने के लिए वो छोटी देवी के पास आयी थी। पूछताछ के क्रम में छोटी देवी एवं सोनू कुमार को पकड़ा गया जिसे वैश्यावृति में संलिप्त पाया गया। सिटी एसपी ने बताया की छोटी देवी एवं सोनू कुमार के द्वारा कई कस्टमर को उसका फोटो whatsapp के माध्यम से भेजा गया है तथा छोटी देवी के द्वारा बताया गया कि वैश्यावृति से जुडे कई महिलाओं से उनके संबंध है।
वे कस्टमर को मैनेज कर बेंता स्थित अतिथि होटल, प्रिस कमल होटल, ललन रेस्ट हॉउस, शांति निवास होटल में ले जाते है तथा वैश्यावृति का धंधा करते है। पुलिस द्वारा छापामारी के क्रम में अतिथि होटल से होटल मैनेजर पवन कुमार एवं वैश्यावृति में शामिल एम० राजा, अलीनगर थाना अलीनगर जिला दरभंगा को पकड़ा गया है। सिटी एसपी श्री आर्य ने बताया की छोटी देवी, सोनू कुमार, (दोनों नगर थाना) एम० राजा, (अलीनगर थाना, अलीनगर जिला दरभंगा) पवन कुमार (थाना ल०सराय जिला दरभंगा) कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इन चारो गिरफ्तार हुए अभियुक्तों के Profession के बारे में उन्होने बताया की एम० राजा पत्रकार है तथा छोटी देवी व सोनू कुमार पैसे के लालच में ये काम करते रहे है। उन्होंने कहा की वैश्यावृति में शामिल अन्य संलिप्त लोगों को पता किया जा रहा है एवं उपरोक्त अंकित होटल के मालिक एवं मैनेजर की संलिप्तता की बिंदु पर जांच की जा रही हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों का अपराधिक इतिहास भी पता किया जा रहा है। उन्होंने कहा की इन लोगों के पास से चार मोबाइल सिम सहित एक बैग बरामद हुआ है।