June 15, 2022

14.06.2022 (दरभंगा) : दरभंगा के होटल गार्सिया में एफ.एम.आई.सी. एवं विश्व बैंक द्वारा आयोजित Embankment Assets Management System For River Basins in Bihar कार्यक्रम का दीप प्रज्वलन कर मंत्री, जल संसाधन व सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, संजय कुमार झा के द्वारा उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सचिव, जल संसाधन विभाग संजय कुमार अग्रवाल, अभियंता प्रमुख (बाढ़), मुख्य अभियंता (योजना एवं निगरानी बाढ़), मुख्य अभियंता (बाढ़ नियंत्रण), अधीक्षण अभियंता के साथ सभी संबंधित अभियंतागण एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभियंतागण उपस्थित थे। इस अवसर पर मंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि बाढ़ विश्व की प्रकृति है। बिहार में गंडक, बागमती, कोशी, कमला नदी का पानी नेपाल से आता है, नेपाल से वार्ता भारत सरकार के अधिकार क्षेत्र में है। बिहार सरकार द्वारा अपनी बात भारत सरकार तक पहुँचायी जाती रही है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान कटाव निरोधक कार्य एवं आपदा प्रबंधन कार्य में बहुत बड़ी राशि व्यय होती है। यदि इस पर नियंत्रण प्राप्त हो जाए, तो बिहार का तेजी से विकास होगा। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रबंधन में नई तकनीकी का समावेश इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य है। बाढ़ नियंत्रण के लिए ड्रोन का बेतहर उपयोग किया जा सकता है। हमारा उद्देश्य है सभी नदियों को एक प्लेटफॉर्म पर लाना, यदि बिहार वाटर मैनेजमेन्ट कर लिया तो इसकी सुरत अलग होगी। इसके लिए संकलित डाटा का प्रेषण करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जो नये अभियंता विभाग में आए हैं, उन्हें अन्य देशों में वाटर मैनेजमेन्ट को देखने हेतु भेजा जाए, ताकि नई तकनीक का प्रवेश वाटर मैनेजमेन्ट सिस्टम में किया जा सके। इस अवसर पर सचिव, जल संसाधन विभाग ने कहा कि बाढ़ प्रबंधन में नई तकनीक का किस प्रकार प्रयोग कर इसे बेहतर बनाया जा सके, इसी उद्देश्य को लेकर यह कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मंत्री जी की सोच है कि बाढ़ प्रबंधन कार्य में नई तकनीक का प्रयोग करने पर कार्य प्रभाव में वृद्धि होगी।
June 15, 2022

14.06.2022 (दरभंगा) : मंत्री, जल संसाधन व सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा जल संसाधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल एवं अभियंता प्रमुख, बाढ़ तथा मुख्य अभियंता, बाढ़, मुख्य अभियंता (योजना एवं निगरानी) के साथ दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, बेगुसराय एवं खगड़िया बाढ़ प्रमण्डल के नदियों, तटबंधों एवं तटबंध निर्माण कार्य का निरीक्षण हवाई सर्वें कर किया गया। दरभंगा हवाई अड्डा को बाढ़ के दौरान सुरक्षित रखने हेतु हवाई अड्डा के चारों ओर लगभग 11.85 किलोमीटर में बनाये गये रिंग बाँध का निरीक्षण किया। इस अवसर पर दरभंगा हवाई अड्डा के गेट के समीप बनाये जा रहे मिथिला पेंटिग कार्य का भी निरीक्षण किया गया। कार्यपालक अभियंता, बाढ़ प्रमण्डल, दरभंगा ने बताया कि हवाई अड्डा के गेट पर 03 एवं ट्रमिनल के अन्दर के रास्ते में 07 स्ट्रक्चर बनाया गया है, जिस पर मिथिला पेंटिग करायी जा रही है। मंत्री ने कहा कि सभी पेंटिग के ऊपर जल संसाधन विभाग, बिहार का नाम अंकित करवाया जाए तथा ट्रमिनल के अन्दर सातों स्ट्रक्चर के बीच वाले स्ट्रेक्चर में मैथिल कवि विद्यापति का चित्र बनाया जाए। इसके पूर्व मंत्री द्वारा घनश्यामपुर प्रखण्ड में दाँया कमला-बलान तटबंध के ग्राम - जयदेवपट्टी से ग्राम - रसियारी तक तटबंध उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण तथा तटबंध को मोटरेबल बनाने के कार्य का शुभारंभ किया गया। उक्त अवसर पर अलीनगर के विधायक मिश्रीलाल यादव, सचिव, जल संसाधन विभाग संजय कमार अग्रवाल उपस्थित थे।
June 15, 2022

13.06.2022 (दरभंगा) : समाहरणालय अवस्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में डीएम राजीव रौशन द्वारा जिले के सभी अंचलाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्त्ता के साथ अतिक्रमण को लेकर बैठक आयोजित की गयी। बैठक में मुख्य रूप से सर्वसाधारण एवं गैर-मजरूआ आम भूमि को चिन्हित कर प्रतिवेदन समर्पित करने हेतु सभी संबंधित को निर्देशित किया गया, ताकि अभियान चलाकर उक्त भूमि से अतिक्रमण खाली कराया जा सके। बैठक में डीएम श्री रौशन द्वारा गैर-मजरूआ आम एवं सर्वसाधारण भूमि के संबंध में विस्तार से सभी अंचलाधिकारी एवं राजस्व अधिकारी को अवगत कराया गया। उक्त बैठक में जिला भू-दान मंत्री एवं विधि सम्मत राय जानने हेतु 02 सहायक सरकारी अधिवक्ता को भी बुलाया गया था। उनके द्वारा भी इस संबंध में विधि सम्मत राय प्रकट किया गया। आज के बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में सभी अंचलाधिकारी एवं राजस्व अधिकारी को अगले 10 दिनों में प्रतिवेदन समर्पित करने हेतु निर्देशित किया गया। डीएम द्वारा सर्व साधारण भूमि चिन्हित किए जाने के पश्चात अतिक्रमण अभियान चलाकर उसे खाली कराने का भी निर्देश दिया गया। बैठक के उपरान्त अपर समाहर्त्ता (राजस्व) विभूति रंजन चौधरी द्वारा राजस्व से संबंधित अन्य बिंदुओं पर भी सभी अंचलाधिकारी एवं राजस्व अधिकारी को निर्देशित किया गया। उक्त बैठक में अपर समाहर्त्ता (राजस्व) विभूति रंजन चौधरी, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर स्पर्श गुप्ता, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, सदर सादुल हसन ख़ाँ व अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
June 09, 2022

09.06.2022 (दरभंगा) : सी एम कॉलेज के प्रधानाचार्य डा अनिल कुमार मंडल ने महाविद्यालय के विद्यापति छात्रावास तथा बिहार सरकार द्वारा निर्माणाधीन छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। छात्रावास के वार्डन डा आर एन चौरसिया तथा प्रधान सहायक विपिन कुमार सिंह भी उनके साथ थे। प्रधानाचार्य ने विद्यापति छात्रावास के चारों वाडों में जाकर छात्रों से व्यक्तिगत रूप से पढ़ाई- लिखाई संबंधी बातचीत किया, जबकि कॉमन रूम में सभी छात्रों से सामूहिक रूप से भी विचार- विमर्श कर उनकी मूलभूत समस्याओं के निदान का भरोसा दिलाया। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्र जीवन तपस्वी स्वरूप होता है। यदि वे निरंतर परिश्रम, अभ्यास एवं लगन से अध्ययन करें तो सफलता निश्चित रूपेण मिलेगी। अपने सपनों को साकार करने के लिए वे केवल भीड़ का हिस्सा न बने, बल्कि समय- प्रबंधन के साथ खास बने। मानव मन में प्रतिदिन 86000 विचार आते हैं, जिनमें से हमें उपयोगी एवं सकारात्मक विचारों पर अवश्य अमल करना चाहिए। प्रधानाचार्य ने छात्र जीवन को अत्यंत ही महत्वपूर्ण एवं निर्माण काल बताते हुए उसका भरपूर उपयोग कर अपनी सफलता एवं पहचान बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि छात्रों के लिए शिक्षक प्रेरक एवं आदर्श होते हैं, जिनके व्यक्तित्व का उनपर गहरा प्रभाव पड़ता है। अच्छी शिक्षा से सामाजिक विकास एवं परिवर्तन भी होता है। उन्होंने कहा कि मुझे छात्रों से मिलना- जुलना तथा उनका मार्गदर्शन करना अच्छा लगता है। छात्र सप्ताह में कम से कम एक दिन सामूहिक रूप से सामाजिक कार्य अवश्य करें, ताकि उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो सके।
छात्रावास के वार्डन डा. आर. एन. चौरसिया ने कहा कि छात्रावास छात्रों को सामूहिक जीवन जीने का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करता है, जिससे उनका सामाजीकरण तीव्र गति से होता है। युवा अपनी क्षमता एवं मेहनत से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में पूर्णतः सक्षम हैं। अन्य छात्रों की अपेक्षा छात्रावास में रहने वाले युवाओं में आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास अधिक होता है। इस अवसर पर नारायण जी साहू, अनिल कुमार, बजरंगी यादव, हसन रजा व कैलाश आनंद आदि ने बिजली, पानी आदि की समस्याओं को रखते हुये छात्रावास में नियमित रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पत्र-पत्रिकाओं की नियमित आपूर्ति की मांग की, जिसपर प्रधानाचार्य ने तत्काल हिन्दुस्तान, द हिन्दू, प्रतियोगिता दर्पण तथा योजना आदि की नियमित आपूर्ति का आदेश देते हुए महाविद्यालय के नियमानुसार सभी समस्याओं के शीघ्र निदान का आश्वासन दिया। वहीं वार्डन डा. आर. एन. चौरसिया ने बताया कि छात्रावास में नियमित रूप से शैक्षणिक, सामाजिक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधान सहायक विपिन कुमार सिंह ने छात्रों से समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन पत्र महाविद्यालय कार्यालय में देने को कहते हुये उसमें अपने सार्थक सहयोग की बात कही। अतिथियों का स्वागत एवं संचालन अमरजीत कुमार ने किया। प्रधानाचार्य ने बिहार सरकार द्वारा निर्माणाधीन 100 बेड के छात्रावास का निरीक्षण कर कर्मियों को आवश्यक निर्देश देते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा, ताकि नए सत्र में छात्रों का उसमें नामांकन लिया जा सके।
June 09, 2022

09.06.2022 (दरभंगा) : प्रातः आंख खुलने से लेकर रात में बंद होने तक हम प्रतिदिन व्यवहारिक बोलचाल में अंग्रेजी के सैकड़ों शब्दो का प्रयोग करते है लेकिन सही उच्चारण की जानकारी के अभाव में हम अक्सर मजाक के पात्र बन जाते है। अधिकतर परीक्षाओं के साक्षात्कार में बच्चे असफल हो जाते है जिसकी मुख्य वजह हमारे अंदर की अंग्रेजी के प्रति बैठी डर है जिसको निश्चित ही दूर करना आवश्यक है। उक्त बातें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, दरभंगा के द्वारा एम. आर. एम. कॉलेज में गर्मी की छुट्टियों में चल रहे निःशुल्क प्रशिक्षण “सर्जना निखार शिविर” में आज दूसरे दिन स्पोकेन इंग्लिश के वर्ग प्रशिक्षण में स्पोकेन हिल के डायरेक्टर ए. के. झा “राजा सर” ने कहा। मिथिला पेंटिंग की प्रशिक्षिका आरती महतो ने मिथिला पेंटिंग की महत्ता एवं आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान समय में कैसे इस दिशा में रोजगार का सृजन कर सकते है एवं इस पर विस्तार से जानकारी दिया। वही आज सिलाई की प्रशिक्षण दे रही पूजा कश्यप ने सिलाई की बारीकियों से सभी को वर्ग में अवगत करवाया। उन्होंने बताया की हुनर का विकास नियमित अभ्यास से ही संभव है। इस अवसर पर सहयोग में प्रदेश सह मंत्री पूूजा काश्यप, अंजली कुमारी, वैष्णवी कुमारी, आरती कुमारी, अमृता झा, नीली रानी, नगर मंत्री सूरज ठाकुर उपस्थित थे।