May 29, 2025
28.05.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, शाखा- दरभंगा के तत्वावधान में आशुतोष स्मृति निकेतन, शुभंकरपुर, दरभंगा में जिलाध्यक्ष बिनोद कुमार लाल की अध्यक्षता में सांगठनिक विस्तार सह सम्मान समारोह का आयोजन उद्घाटनकर्ता द्वय मनहर कृष्ण अतुल (वरीय राष्ट्रीय उपाध्यक्ष) सह सुनील कुमार सिन्हा (राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रचार- प्रसार
प्रकोष्ठ) ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। तत्पश्चात मंचस्थ अतिथि एवं उपस्थित कायस्थ परिवार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से भगवान श्री श्री 108 चित्रगुप्त महाराज जी के चित्र पर माल्यार्पण सह आरती से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
प्रांतीय उपाध्यक्ष अमिताभ कुमार सिन्हा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए जिलाध्यक्ष बिनोद कुमार लाल ने अपने कार्यकाल के गतिविधियों पर प्रकाश डाला। महासभा के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी के सदस्यों की बैठक जिला अध्यक्ष बिनोद कुमार लाल की अध्यक्षता में की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ई. दीपक कुमार सिन्हा एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष अमिताभ कुमार सिन्हा ने महासभा के उद्देश्यो पर प्रकाश डाला। उक्त अवसर पर दरभंगा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता चंद्रधर मल्लिक, बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सोहन कुमार सिन्हा, कार्यकारिनी सदस्य प्रतिमा लाल, कार्यकारिनी सदस्य ॠषभ श्रीवास्तव को महासभा दरभंगा की ओर से प्रांतीय अध्यक्ष विजय कुमार ने अंगवस्त्र, माला और चाद देकर सम्मानित किया।
अध्यक्षीय संबोधन के क्रम में जिलाध्यक्ष बिनोद कुमार लाल ने वरीय अधिवक्ता कैलाश चंद्र लाभ को बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ का संयोजक मनोनीत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कैलाश चंद्र लाभ को सम्मानित किया। जिला मंत्री के रूप में श्रीमती चंदा वर्मा को मनोनीत किया गया। मौके पर मुख्य अतिथि विजय कुमार ने कहा कि - राजनीतिक पहचान के लिए संगठन को मजबूती प्रदान करें। किसी भी राजनीतिक संगठन का पिछलग्गू न बने। अपनी खोई शक्ति को प्राप्त करना है, तो हमें संगठित होने की आवश्यकता है। अधिवक्ता चंद्रधर मल्लिक ने कहा कि हमें संगठित होकर नाका नं- 5 पर स्मृतिशेष पूर्व मंत्री शिवनाथ वर्मा का आदमकद प्रतिमा की स्थापना हेतु आवाज बुलंद करें।
उद्घाटनकर्ता मनहर कृष्ण अतुल ने कहा कि संगठन को मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि दरभंगा जिला के कायस्थ स्वतंत्रतासेनानियों कि सूची बनाए। उनके जयन्ती और पुण्यतिथि पर सारस्वत आयोजन करें।
प्रांतीय महामंत्री राकेश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रचार-प्रसार प्रकोष्ठ सुनील कुमार सिन्हा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक कुमार सिन्हा, प्रांतीय उपाध्यक्ष अमिताभ कुमार सिन्हा, प्रांतीय महामंत्री राकेश कुमार सिन्हा, प्रदेश मंत्री आनंद कुमार सिन्हा, प्रो. विभूति भूषण लाल दास, कैलाश चंद्र लाभ, के साथ- साथ अभाकाम जिला के पदाधिकारी बैठक में अनीता आनंद ( जिला उपाध्यक्ष ), सुधीर कुमार दास (जिला उपाध्यक्ष) , अरूण कुमार दास (जिला उपाध्यक्ष) दिवाकर कुमार (जिला प्रवक्ता), अशोक कुमार श्रीवास्तव (संगठन मंत्री) , नीरज कुमार (जिला मंत्री), प्रमोद कुमार श्रीवास्तव आदि ने भी कार्यक्रम के स्वरूप पर प्रकाश डाला।
धन्यवाद ज्ञापन दरभंगा चित्रगुप्त सभा के अध्यक्ष आर. के. दत्ता ने किया।
May 28, 2025
27.05.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : अलीनगर से भाजपा विधायक मिश्रीलाल यादव और सुरेश यादव को ADJ - 3 सह MP - MLA कोर्ट के न्यायाधीश सुमन कुमार दिवाकर ने IPC की धारा 506 के तहत 02 वर्ष का कारावास और एक -एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। वहीं अर्थदंड नही जमा करने पर दोनों सजायाफ्ता को एक -एक माह का अतिरिक्त साधारण सजा भुगतनी पड़ेगी। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सह एमपी/एम एल ए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश सुमन कुमार दिवाकर की कोर्ट ने एक आपराधिक मामले के सुचक उमेश मिश्र के अपील वाद सं. 06/25 में दोषसिद्ध दोनो अभियुक्तों को सजा के बिन्दु पर गहन सुनवाई के बाद निर्णय सुनाया है।
सजा के बिन्दु पर सुनवाई के दौरान वचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दोनो का प्रथम दोष होने की बाबत प्रोबेशन ऑफ अफेन्डर ऐक्ट का लाभ देने तथा मुक्त करने की याचना की। जिसे अदालत ने अस्वीकार कर दिया। अभियोजन पक्ष का संचालन कर रहे स्पेशल एपीपी रेणू झा ने बताया की 29 जनवरी 2019 को सुबह के 6 बजे समैला निवासी उमेश मिश्र मॉर्निंग वाक के लिए घर से जा रहे थे। जब वे गोसाईटोल पहुंचे तो पुरब दिशा से आ रहे विधायक मिश्रीलाल यादव, गोसाईटोल निवासी सुरेश यादव एव अन्य 20-25 लोग हथियार से लैश होकर सुचक को घेरकर मारपीट किया। मिश्री लाल यादव ने फरसा से उनका सर फार दिया तथा सुरेश यादव ने लाठी रॉड से प्रहार कर उनके पॉकेट से 2300 रुपया निकाल लिया।
इसकी FIR उमेश मिश्र ने 30 जनवरी 2019 को कराया। गौरतलब है की 21 फरवरी 2025 को एमपी/एम एल ए कोर्ट के पीठासीन पदाधिकारी करुणानिधि प्रसाद आर्य की कोर्ट ने मामले की सुनवाई पुरी कर विधायक समेत दोनो अभियुक्त को IPC की धारा 323 में दोषी पाते हुए दोनो को तीन माह का कारावास तथा 500 रुपया अर्थदंड की सजा सुनाई थी। Lower Court के फैसला से आहत विधायक समेत दोनो दोषियों ने अपीलवाद सं. 03/25 संस्थित कराया। वहीं निम्न अदालत द्वारा दी गई सजा से असंतुष्ट सुचक उमेश मिश्र ने सजा बढ़ाने और IPC की धारा 506 में भी सजा देने की मांग को लेकर अपीलवाद सं. 06/25 संस्थित कराकर न्याय की याचना की।
आज अपीलीय विशेष न्यायाधीश श्री दिवाकर की कोर्ट ने दोनो अपीलवाद की एक साथ सुनवाई पुरी कर विधायक द्वारा दाखिल अपीलवाद सं. 3/25 को अस्वीकृत करते हुए निम्न अदालत द्वारा पूर्व में दी गई सजा को सम्पुष्ट करते हुए दोनो को जेल भेज दिया। वहीं पीड़ित सुचक के अपीलवाद सं. 06/25 को आंशिक स्वीकृत करते हुए दोनो को IPC की धारा 506 में दोषी पाते हुए सजा अवधि का निर्धारण के बिन्दु पर सुनवाई के पश्चात सजा की घोषणा की।
अदालत के इस फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक मिश्रीलाल यादव ने मीडिया से कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूर्ण आस्था है और सम्मान करते हैं। इस फैसले के विरुद्ध पटना उच्च न्यायालय जायेंगे।
May 28, 2025
27.05.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : संगठन की मजबूती के बिना न तो सत्ता की प्राप्ति हो सकती है और ना ही सत्ता सरंक्षण तथा संवर्धन संभव है। संगठन को मजबूत बनाकर ही सत्ता के द्वारा रामराज की परिकल्पना साकार किया जा सकता है। कॉल सेंटर भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए आनेवाले समय में एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान की सफलता के लिए वरदान साबित होगा। इस कार्यक्रम के महाराष्ट्र राज्य के प्रभारी सांसद डा गोपाल जी ठाकुर ने महाराष्ट्र के नासिक जिले में कॉल सेंटर का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन करते हुए उपरोक्त विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर सांसद को प्रवासी बिहारियों के द्वारा पाग तथा अंगवस्त्र से सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर दीप प्रज्वलित कर प्रवासी बिहारियों के साथ संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की गई। सांसद डा ठाकुर ने कॉल सेंटर की उपयोगिता तथा दूरगामी प्रभाव देने वाले संदेशों की जमकर सराहना करते हुए कि संगठन की सारी गतिविधियों की सभी जानकारी प्राप्त करने के लिए यह महत्वपूर्ण प्लेटफार्म साबित होगा।
सांसद डा. ठाकुर ने कॉल सेंटर को संगठन के रामबाण बताते हुए कहा कि पूरे महाराष्ट्र में इस अभियान के सभी प्रभारियों तथा संयोजकों को एक साथ समन्वय और संवाद करने का अवसर प्राप्त होगा तथा शीर्ष नेतृत्व के द्वारा समय समय पर मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा। इस मौके पर बिहार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीतीश कुमार वर्मा, नासिक जिला के प्रभारी श्रवण चौधरी सहित रामकुमार झा, टनटन ठाकुर, नीतू पूर्वे, मृणाल नीलोत्पल, चिराग गुप्ता आदि मौजूद थे।
May 28, 2025
27.05.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : पुलिस केंद्र, लहेरियासराय में आयोजित रैतिक परेड का आयोजन एसएसपी के निर्देशन में किया गया। आयोजित रैतिक परेड का निरीक्षण ग्रामीण पुलिस अधीक्षक दरभंगा के द्वारा किया गया। इस परेड में पुलिस पदाधिकारी/कर्मी उपस्थित थे। इस दौरान ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के द्वारा परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। पुलिसकर्मियों को बेहतर टर्न आउट का निर्देश दिया गया एवं पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों की उपस्थिति, अनुशासन और कर्तव्य-निष्ठा के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश गया गया।
May 28, 2025
27.05.2025 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार पटना के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा के माध्यम से 30 मई 2025 (शुक्रवार) को संयुक्त श्रम भवन (रामनगर आई.टी.आई के निकट) लहेरियासराय, दरभंगा के कार्यालय परिसर में Quess Corp LTD. द्वारा 11:00 बजे पूर्वाह्न से 3:00 बजे अपराहन् तक जॉब कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इसमें Trainee- (Tata Motors, Dixon Tec, Wistron) के लिए, कुल 30 पदों पर नियुक्ति के लिए साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 12th, ITI Diploma उत्तीर्ण पुरूष अभ्यर्थी की बहाली की जाएगी। जिसके लिए अभ्यर्थी की उम्र सीमा 18 से 28 वर्ष निर्धारित है।
कम्पनी द्वारा अभ्यर्थी को 11, 000 से 18, 950 रुपये (CTC) वेतन सहित अन्य मुफ्त मेडिकल, कैन्टीन, ओभर टाईम (कम्पनी के अनुसार वेतन एवं भत्ते) प्रतिमाह दिया जाएगा। नियोजक द्वारा चयनित अभ्यर्थी को सानन्द गुजरात, नोएडा, बैंगलोर में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसलिए आप सभी वांछित अभ्यर्थी को सूचित किया जाता है कि इस जॉब कैम्प में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठावे। इस जॉब कैम्प में भाग लेने हेतु अभ्यर्थी के लिए नियोजनालय निबंधन अनिवार्य है। इकच्छुक अभ्यर्थी भारत सरकार के NCS Portal (www.ncs.gov.in) पर जाकर खुद से व इस नियोजनालय में आकर निबंधन करा सकते है, साथ ही साथ वांछित अभ्यर्थी इस जॉब कैम्प में भाग लेने हेतु अपना बायो डाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रंगीन फोटो-05, आधार कार्ड, पेन कार्ड एवं अन्य प्रमाण पत्र की छाया प्रति साथ अवश्य लाएगें।
जॉब कैम्प में भाग लेना पूर्णतः निःशुल्क है।