March 24, 2023

23.03.2023 (दरभंगा) : बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबाहनी की अध्यक्षता में चैती छठ, रामनवमी एवं रमजान के दौरान विधि व्यवस्था संधारित करने को लेकर सभी प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिला दंडाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह विभाग, बिहार सरकार, चैतन्य प्रसाद ने बताया कि 22 मार्च से चैती नवरात्र प्रारंभ हो गया है। 31 मार्च को दशमी एवं रमजान का जुम्मा का नवाज दोनों पड़ रहा है। इसके साथ ही 25 मार्च को नहाय खाय से चैती छठ व्रत प्रारंभ हो रहा है। 26 को खरना, 27 को संध्या अर्घ्य एवं 28 को प्रातः अर्घ्य दिया जाना है। इनको लेकर विधि व्यवस्था की तैयारी कर ली जाए।
अपर पुलिस महानिदेशक विशेष शाखा सुनील कुमार ने बताया कि इन त्यौहार के मद्देनजर थाना, अनुमंडल एवं जिला स्तर पर शांति समिति की बैठक कर ली जाए। पूर्व के विवादित स्थलों को चिन्हित कर लिया जाए, यह बिना अनुज्ञप्ति का एक भी जुलूस न निकले, अश्लील एवं भड़काऊ गाने पर प्रतिबंध रहेगा, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले एवं विद्वेष उत्पन्न करने वाले कार्टून पर प्रतिबंध रहेगा। संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था की जाए। रामनवमी के जुलूस में धारदार हथियारों पर अंकुश लगाया जाए, बैठक में बताया गया कि चैती छठ दरभंगा में प्रतिमाएं बैठाई जाती है, अभी से ही फ्लैग मार्च करवाने, सीआरपीसी की धारा 107 के तहत कार्रवाई, हथियार जमा करवाने, पुराने मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया की निगरानी वरीय पुलिस अधीक्षक के स्तर पर करने का निर्देश दिया गया। सभी जिला में जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने, व्हाट्सएप ग्रुप पर नजर रखने, जुलूस के रूट में परिवर्तन न करने के निर्देश दिए गए। रात्रि गश्ती के दौरान होटल की जाँच तथा सभी हॉस्टल पर भी नजर रखने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि नए जुलूस के लिए आवेदन मिलता है तो, अच्छी तरह से रूट का सत्यापन करा लिया जाए। निर्धारित रूट से अलग होकर यदि जुलूस निकलती है या बीच में रास्ता बदलती है तो लाइसेंसधारी पर इसकी जवाबदेही तय की जाए। जुलूस के पहले बीच में एवं अंत में पुलिस बल गश्ती करें और सिपाही इसकी वीडियोग्राफी भी करता रहे।
बैठक में दरभंगा एनआईसी से आयुक्त दरभंगा प्रमंडल दरभंगा, मनीष कुमार, डीएम राजीव रौशन, वएसएसपी अवकाश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर स्पर्श गुप्ता, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी सत्यम सहाय, वरीय पदाधिकारी गौरव शंकर एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
March 24, 2023

22.03.2023 (दरभंगा) : लहेरियासराय औडिटोरियम में बिहार दिवस समारोह 2023 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार सरकार, ललित कुमार यादव एवं मंत्री समाज कल्याण विभाग बिहार सरकार, मदन साहनी, नगर विधायक संजय सरावगी, डीएम राजीव रौशन के द्वारा किया गया। डीएम द्वारा बिहार की गरिमामई इतिहास का चित्रण करते हुए आगत अतिथियों का स्वागत किया गया। उन्होंने बिहार के गौरवमई इतिहास से लोगों को अवगत कराया और बताया कि सम्राट अशोक ने बिहार का नाम पूरे विश्व में ऊंचा किया। मंत्री ललित कुमार यादव ने बिहार दिवस आयोजन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला और बताया कि 22 मार्च को ही बंगाल से बिहार अलग होकर एक स्वतंत्र राज्य बना था उन्होंने बिहार के गरिमामयी इतिहास एवं इसके संस्कृति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिहार महात्मा बुद्ध की कर्मस्थली एवं महावीर की जन्मस्थली रही है। आज बिहार दिवस मनाया जा रहा है यह बिहार वासियों के लिए गौरव का क्षण है। मंत्री समाज कल्याण विभाग द्वारा बिहार के गरिमामई इतिहास एवं अनुकरणीय संस्कृति से लोगों को अवगत कराया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार की स्थापना 1912 को हुई है लेकिन इसका इतिहास सदियों पुराना रहा है बिहार और बिहार के लोगों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपना स्थान बनाया है और अपनी पहचान कायम की है। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा स्वास्थ, शिक्षा, सड़क, बिजली के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं इसके साथ ही समाज से बाल विवाह दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों के उन्मूलन एवं नशा मुक्त बिहार बनाने तथा पर्यावरण के दिशा में जल- जीवन- हरियाली योजना प्रारंभ करने का उल्लेखनीय कार्य किया गया है। त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को आरक्षण प्रदान कर उन्होंने महिला सशक्तिकरण कर गांधी जी के सपनों को साकार किया है। उन्होंने बिहार के गौरव को और मजबूती प्रदान करने का काम किया है। उन्होंने बिहार के युवा पीढ़ी को बिहार के गौरव गाथा को समझने की आवश्यकता बतायी। नगर विधायक, संजय सरावगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार दिवस समारोह की शुरुआत वर्ष 2010 से हुई यह पूरे बिहार में मनाया जाने लगा दरभंगा में भी जिला स्थापना समारोह का आयोजन प्रारंभ किया गया इससे जिले के विकास को बल मिलता है। बिहार आगे बढ़ेगा तो देश आगे बढ़ेगा बिहार और दरभंगा का उत्तरोत्तर विकास होता जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान दरभंगा जिला के स्वतंत्रता सेनानी जगदीश प्रसाद एवं विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले, अपने कार्यालय में अच्छे कार्य करने वाले तथा मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षा में जिला में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कुल 13 लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राम बाबू झा, रचना झा, कला जत्था मोहित खंडेलवाल, माउंट समर कन्वेंट स्कूल के साथ-साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर नगर आयुक्त व अपर समाहर्ता सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
March 24, 2023

22.03.2023 (दरभंगा) : सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने नई दिल्ली में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन संजीव कुमार से मुलाकात कर दरभंगा एयरपोर्ट के विकास एवं विस्तार पर चर्चा किए। बैठक के पश्चात सांसद डॉ ठाकुर ने कहा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा मिथिला के करोड़ों लोगों को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार की महत्त्वाकांक्षी उड़ान योजना के अंतर्गत दरभंगा एयरपोर्ट को प्रारंभ किया गया था। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रथम फेज में इस एयरपोर्ट के विकास के लिए स्वीकृत 119.40 करोड़ में से 104 करोड़ रुपया खर्च किया जा चूका है। जिसमे रनवे, टैक्सी ट्रैक, एप्रन सहित अन्य संबद्ध कार्यों के सुदृढ़ीकरण पर 64.61 करोड़, ग्राउंड लाइटिंग पर 5.50 करोड़, आरडबल्यूवाई शोल्डर्स, रेसा और वीएफआर से आईएफआर एवं ब्लास्ट पैड पर 13.35 करोड़, सीसीआर भवन निर्माण पर पौने एक करोड़, आईटीबी के विस्तार पर 34.34 करोड़, डिस्पर्सल एरिया से टर्मिनल बिल्डिंग तक कनेक्टिंग रोड पर 5.76 करोड़,टर्मिनल भवन निर्माण पर 7.62 करोड़, विविध सिविल कार्य पर 1.92 करोड़, कूलिंग पिट निर्माण पर 26 लाख, वीआईपी कक्ष एवं एएआई कार्यालय पर 14 लाख, विविध विद्युत कार्य पर 3.8 करोड़ शामिल है।
सांसद ने कहा कि आने वाले दिनों में दरभंगा हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के अनुरूप सिविल एनक्लेव को विकसित करने हेतु मोदी सरकार 916.85 करोड़ रूपया खर्च करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने भारतीय वायु सेना से लीज पर प्राप्त 2.3 एकड़ भूमि पर सिविल एनक्लेव का निर्माण किया है वहीं 2.42 एकड़ भूमि पर 36 करोड़ की लागत से नए टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण भी जारी है। कम दृश्यता में उड़ानों की रद्दीकरण कम करने हेतु नव हस्तांतरित 23.75 एकड़ भूमि पर कैट II लाइटिंग प्रणाली लगाया जाना है वहीं 54.65 एकड़ भूमि पर स्थाई टर्मिनल बिल्डिंग, 6 बे एप्रन , आवासीय क्वार्टर, कार पार्किंग, सड़क इत्यादि प्रस्तावित सभी कार्यों का योजना तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष खराब मौसम के कारण कुछ उड़ान रद्द हुआ है, परंतु इस दौरान सभी यात्रियों को उचित घोषणाओं के साथ सहायता प्रदान की गई, जिसमे रद्दीकरण रिफंड, पुनर्निर्धारण और होटल आवास शामिल है।
सांसद ने कहा कि वर्तमान में 45 वर्गमीटर क्षेत्रफल में सात लाख रुपया से कार्गो ढांचा का निर्माण किया गया है, जिससे वर्ष 2021-22 में 36 टन एवं 2022-23 में 220 टन लीची का निर्यात किया गया जा चुका है। बिहार सरकार द्वारा दरभंगा एयरपोर्ट के विकास और विस्तार हेतु जमीन नहीं उपलब्ध कराने के कारण आज तक इसका विकास और विस्तार बाधित था, जिस कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं एयर टरबाइन फ्यूल पर बिहार सरकार द्वारा अधिक वैट वसूलने के कारण उड़ान कंपनी यात्रियों को सस्ते दर पर टिकट उपलब्ध नही करा पा रही है। परंतु बीते दिनों राज्य द्वारा जमीन उपलब्ध करा देने बाद इस एयरपोर्ट का विकास अब तेज गति से होगा। उन्होंने कहा की वह दरभंगा एयरपोर्ट के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को लेकर कई बार केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित एएआई के सभी वरिष्ठ अधिकारी से मिल चुके हैं। सांसद ने कहा कि आने वाले दिनों में इस एयरपोर्ट पर सभी निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यहां के लोगों को अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा जैसा सुविधा प्राप्त होगा।
March 15, 2023

15.03.2023 (दरभंगा) : बाढ़ व पर्याप्त वर्षा के अभाव में आने वाले गर्मी के महीनों में भू- जलस्तर का गिरना संभावित है। इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा स्वत: संज्ञान लेकर जिले के सभी सरकारी चापाकल को दुरुस्त रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि भू जलस्तर गिरने पर जब निजी चापाकलों से पानी निकलने में कठिनाई होने लगे तो सरकारी चापाकल उपलब्ध रहे। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। इसी कड़ी में दरभंगा समाहरणालय परिसर अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार के समीप से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने सभी प्रखंडों के लिए एक-एक एवं दरभंगा शहरी क्षेत्र के लिए तीन चलंत चापाकल मरम्मति दल आवश्यक उपकरण एवं सामग्री के साथ रवाना किया। डीएम राजीव रौशन ने इन 21 चलंत चापाकल मरम्मति दल को हरी झंडी दिखाकर प्रखंडों/ शहरी क्षेत्र के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी सरकारी चापाकल खराब या बंद है और उसकी मरम्मति की आवश्यकता है तो, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, दरभंगा के नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर-06272-220256 पर कॉल कर जानकारी दे दें, मरम्मति दल चापाकल की मरम्मति कर देगी, इसके लिए आवश्यक उपकरण एवं सामग्री मरम्मति दल को उपलब्ध कराई गई है। इस अवसर पर उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी आलोक राज, कार्यपालक अभियंता सुबोध शंकर,सहायक अभियंता, आदित्य कुमार, कनीय अभियंता योगेंद्र कुमार,अवधेश कुमार, फैजान अतिरेक, कृष्ण कुमार, प्रोग्रामर राज किशोर कमल एवं संबंधित अभियंता गण उपस्थित थे।
March 15, 2023

14.03.2023 (दरभंगा) : प्रसारण अवसंरचना और नेटवर्क विकास स्कीम के तहत दरभंगा आकाशवाणी 15.28 करोड़ रुपया आवंटित किया गया है। उक्त बातें दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने कहा। उन्होंने कहा की पूर्व में वह कई मांगों को लेकर केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपकर कर अनुरोध कर चुके थे। जिसके फलस्वरूप सांसद डॉ ठाकुर ने मंगलवार को लोकसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से इन विषयों को उठाने का कार्य किया। उन्होंने मंत्री द्वारा प्राप्त जवाब का हवाला देते हुए कहा कि आकाशवाणी दरभंगा में पांच किलोवाट एफएम ट्रांसमीटर स्थापित करने हेतु उनकी मांग को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है, और जल्द ही इसका स्थापना हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय,भारत सरकार द्वारा प्रसारण अवसंरचना और नेटवर्क विकास स्कीम के तहत देश भर 2539 करोड़ रुपया आवंटित किया है, जिसमे आकाशवाणी दरभंगा को 15.28 करोड़ रुपया का आवंटन हुआ है।
इस धनराशि में एफएम ट्रांसमीटर की स्थापना के लिए 10.48 करोड़ रुपया और स्टूडियो नवीकरण के लिए 4.80 करोड़ रुपया खर्च किया जाएगा। सांसद ने कहा कि वर्तमान समय में नेपाल और चीन द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में एफएम रेडियो कार्यक्रम का प्रसारण किया जा रहा है, जो देश की सुरक्षा के लिए अनुकूल नहीं है। अब दरभंगा में एफएम ट्रांसमीटर स्थापित हो जाने से इस क्षेत्र में एफएम रेडियो का प्रसारण यहां से प्रारंभ हो जाएगा। दरभंगा में एफएम ट्रांसमीटर स्थापित हो जाने के पश्चात मैथिली में भी अधिक कार्यक्रमों का प्रसारण सुनिश्चित हो सकेगा, जो मिथिलवासी के लिए एक वरदान साबित होगा। सांसद ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी मिथिला में हरेक क्षेत्र में विकास हो इस पर विशेष ध्यान दे रहें है। आकाशवाणी दरभंगा के उचित विकास और एफएम ट्रांसमीटर स्थापना हेतु वह वर्षों से प्रयासरत थे। जिसके फलस्वरूप सभी कार्य धरातल पर उतरने लगा है और जल्द ही इसका लाभ आमलोगों को मिलना प्रारंभ हो जाएगा। सांसद ने इस स्वीकृति के पश्चात लोकसभा में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात कर इस ऐतिहासिक कार्य के लिए आठ करोड़ मिथिलावासी की ओर से उन्हें धन्यवाद दिया।