July 20, 2023

20.07.2023 (दरभंगा) : मंत्री जल संसाधन-सह-सूचना एवं जन संपर्क विभाग, बिहार सरकार, संजय कुमार झा द्वारा दरभंगा जिला के मनीगाछी प्रखंड अंतर्गत नेहरा ग्राम के समीप आयोजित कार्यक्रम में श्रीरामपुर वितरणी का लोकार्पण किया गया। इस वितरणी के चालू हो जाने से नहरों के जरिए दरभंगा के मनीगाछी व बेनीपुर के वृहद भू-भाग में सिंचाई के लिए पानी की सुविधा उपलब्ध हो गई। जानकारी के अनुसार श्रीरामपुर वितरण पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के अंतर्गत सकरी शाखा नहर के अंतिम छोड़ 145.44 किलोमीटर से निकलती है, इसकी कुल लंबाई 08 किलोमीटर तथा इसका कमांड एरिया 2600 हेक्टेयर है।
नहर के डिजाइन के अनुसार इस वितरणी में कुल डिस्चार्ज क्षमता 67.94 क्यूसेक है, इससे दरभंगा के मनिगाछी और बेनीपुर प्रखंड के नेहरा, घुंसी, रामनगर, हरपुर, हावी भौआर,लक्ष्मणपुर, बैगनी,धरौड़ा एवं पैक्टोल आदि के किसान लाभान्वित होंगे। अति महत्वाकांक्षी पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के तहत दरभंगा और मधुबनी जिले में सिंचाई सुविधा के लिए नहर विस्तार का कार्य जल संसाधन विभाग बिहार सरकार द्वारा तेजी से किए जा रहे हैं। इस अवसर पर मंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि समूची कोशी पश्चिमी नहर प्रणाली में धीरे-धीरे सुधार करते हुए इसे और विकसित किया जाएगा, तत्काल इस वर्ष नहर प्रणाली की ट्रायल करते हुए एक निर्धारित मात्रा में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ट्रायल पूरी हो जाने के उपरांत अगले वर्ष से पूरी क्षमता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियंता प्रमुख ने बताया है कि एक तटबंध पर सड़क का निर्माण कराया जाएगा, इस तरह इस क्षेत्र को एक वैकल्पिक मार्ग भी मिल जाएगा। यहाँ के लोग सकरी से आगे सीधे एनएच पर निकलेंगे, वाहनों का परिचालन बढ़ेगा, लोगों का आवागमन बढ़ेगा, रोजगार का अवसर बढ़ेगा। यह नहर खुटौना में प्रवेश करती है, जो मधुबनी और सकरी होते हुए धरौड़ा तक जाती है।
जल संसाधन विभाग की यह सिंचाई की पहली योजना है, इस योजना से इस क्षेत्र के किसानों को एवं आम जनों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग ने इस क्षेत्र में बाढ़ को नियंत्रित रखने के लिए कमला नदी के तटबंध में काफी कार्य कराया है। इस अवसर पर जल संसाधन विभाग के अभियंता गण उपस्थित थे।
July 20, 2023
20.07.2023 (दरभंगा) : विद्युत अधीक्षण अभियन्ता एस टी एफ विक्रम कुमार के नेतृत्व में विद्युत आपूर्ति अंचल दरभंगा में लगातार छापामारी अभियान जारी है।
दिनांक 19.07.2023 को कनीय विद्युत अभियंता हायाघाट बलराम कुमार के द्वारा हायाघाट थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में पौराम ग्राम में राममिलन झा के ऊपर 106523 रूपये जुर्माना किया गया । उसके बाद सुशील कुमार चौधरी के ऊपर 122773 रूपये का जुर्माना किया गया । फिर रामसुंदर यादव के ऊपर 43056 रूपये का जुर्माना किया गया। अफसाना खातून के ऊपर 6723 रूपये का जुर्माना किया गया। मो ० तनवीर के ऊपर 142986 रूपये का जुर्माना किया गया। साथ ही कनीय विद्युत अभियंता सकरी के द्वारा संतोष कुमार महतो पर 18504 रूपये का जुर्माना करते हुए भलपत्ती ओ पी में प्राथमिकी दर्ज किया गया है। वहीं घर से दुकान में लाइन जलाते हुए पाए जाने के कारण बलभद्दरपुर नवटोलिया निवासी विक्की कुमार साह के ऊपर 9729 रूपये का जुर्माना किया गया। इसके अलावे भी आई पी रोड विशाल मेगा मार्ट के नजदीक सूर्य नारायण झा के ऊपर 24353 रूपये का जुर्माना किया गया। साथ ही आर एस टैंक निवासी अभिनव कुमार के ऊपर 17142 रूपये का जुर्माना किया गया।
दिनांक 20.07.2023 को कनीय विद्युत अभियंता हथौरी डीह सुनील कुमार के द्वारा विद्युत संबंध विच्छेद किए जाने के बाद बिजली चोरी करते हुए पाए जाने के कारण ग्राम पार मितुनिया के रामभरोष यादव पर 9609 रुपया पुराना बकाया और 17896 जुर्माना किया गया । फिर धनौली निवासी दिलीप मंडल के द्वारा टोका फसाकर चोरी करने के कारण 26698 रुपया का जुर्माना किया गया। ग्राम चक्का जोरजा में मनीष कुमार लाल देव पर मीटर बायपास कर बिजली चोरी करने के कारण बकाया राशि 1152 रुपया तथा जुर्माना 33916 रुपया हुआ। डुमरी श्रीरामपुर में श्रीमती निर्मला कुमारी मीटर को बायपास कर बिजली चोरी कर रही थी जिस कारण बकाया राशि 12158 रुपया तथा जुर्माना 7108 रुपया हुआ। अरविंद पासवान पर टोका फसाकर चोरी करने के कारण 9174 रुपया जुर्माना किया गया। इन सब के बाद डुमरी निवासी राज कुमार पासवान टोका फसाकर चोरी कर रहे थे जिस कारण इन पर 9576 रुपया जुर्माना किया गया है। इन सब पर कनीय विद्युत अभियंता के द्वारा बहेड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया है।
July 20, 2023

19.07.2023 (दरभंगा) : डीएम राजीव रौशन द्वारा जाँच के क्रम में अंचल कार्यालय बहादुरपुर का निरीक्षण किया गया। उन्होंने अंचल के रोकड़ पंजी का अवलोकन किया, जो 12 जुलाई तक अद्यतन पाया गया। पंचायत सचिव एवं राजस्व कर्मचारी को दी गयी 05 लाख की अग्रिम राशि सामंजस्य नहीं पाया गया। उन्होंने नव पदस्थापित अंचलाधिकारी को संबंधित पंचायत सचिव एवं राजस्व कर्मचारी को नोटिस जारी कर अग्रिम राशि के विरूद्ध वसूली करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान 46 लाख रुपये का अभिश्रव का सामंजस्य नहीं पाया गया, जिसका सामंजस कर लेने का निर्देश दिया गया। डीएम ने निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी के साथ अन्य पंजियों का भी निरीक्षण किया, उपस्थिति पंजी में डाटा इंट्री ऑपरेटर विक्रय कुमार अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण में वेतन भरपाई पंजी भी अद्यतन नहीं पाया गया। डीएम ने अंचलाधिकारी को कहा कि पर्याप्त संख्या में अब पंचायत सचिव एवं राजस्व कर्मचारी पदस्थापित हैं, इसलिए संविदा वाले किसी भी पंचायत सचिव एवं राजस्व कर्मचारी का संविदा विस्तार नहीं किया जाएगा,यह अंचलाधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेवारी होगी। निरीक्षण के दौरान किसी भी कर्मी का सेवांत लाभ लंबित नहीं पाया गया। डीएम ने कहा कि यदि किसी कर्मी का सेवांत लाभ लंबित है तो उसका तुरंत निष्पादन करेंगे।
अतिक्रमण वाद का अभिलेख संधारित पाया गया, लेकिन पंजी संधारित नहीं पाया गया। अंचलाधिकारी को पंजी संद्यारित करने का निर्देश दिया गया। सरकारी संस्थान यथा विद्यालय, अस्पताल, सड़क, तालाब की खाली सरकारी जमीन का दाखिल खारिज उस विभाग के नाम से करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान आरटीपीएस काउंटर पर एक भी आवेदक नहीं पाया गया, पूछने पर संबंधित कर्मी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन सुविधा उपलब्ध होने के कारण काउन्टर पर आवेदक कम आते हैं। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी गयी। निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मिगण उपस्थित थे।
July 20, 2023

17.07.2023 (दरभंगा) : भारत संचार निगम लिमिटेड, दरभंगा परिचालन क्षेत्र द्वारा दूर संचार सलाहकार समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता सांसद गोपाल जी ठाकुर द्वारा की गई | इस सभा में दरभंगा वाणिज्य क्षेत्र के महाप्रबंधक विनोद कुमार गुप्ता, उप महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद विद्यार्थी, परिचालन प्रमुख उदय कुमार साह एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे | इस सभा में निम्न बिन्दुओ पर चर्चा की गई एवं बीएसएनएल के आगे की प्रगति के रुपरेखा की चर्चा की गई | दरभंगा में अति महत्वपूर्ण उपकरण BNG की स्थापना की गयी है जिससे मुजफ्फरपुर पर निर्भरता ख़त्म हो गई एवं इंटरनेट की क्षमता 3 GBPS से बढाकर 10 GBPS की है जिससे दरभंगा में इंटरनेट की गुणवत्ता में काफी सुधार हुआ है। कुशेश्वर स्थान को ऑप्टीकल फाइबर से जोडकर 10 GBPS का बैंड्विड्थ उपलब्ध किया गया , पहले कुशेश्वर स्थान वायरलैश माध्यम से जुडा हुआ था जिसका बैंड्विड्थ मात्र 54 MBPS था। इससे कुशेश्वर स्थान में इंटरनेट की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
इसी तरह घनश्यामपुर को भी ऑप्टीकल फाइबर से जोडकर 1 GBPS का बैंड्विड्थ उपलब्ध किया गया है। सिमरी, जाले,कमतौल, करजापट्टी, हायाघाट एवं मझोलिया को ऑप्टीकल फाइबर रिंग पर लाया गया है जिससे इन स्थानों पर नेटवर्क की उपलब्धता बढी है। बीएसएनएल धीरे-धीरे कॉपर नेटवर्क की सारी सेवाओं को ऑप्टीकल फाइबर पर परिवर्तित कर रहा हैं। जिले के सभी लीजलाइन को ऑप्टीकल फाइबर पर परिवर्तित किया जा चुका है एवं लैंडलाइन सेवाओं को भी ऑप्टीकल फाइबर पर परिवर्तित करने का प्रयास जारी है।
बीएसएनएल तीव्र गति इंटरनेट सेवा FTTH के माध्यम से दे रहा है जिसे उपभोक्ताओं तक पहुचाने का कार्य स्थानीय उद्यमीयों को दिया गया है। हम उद्यमियों को आकर्षक कमीशन देते हैं। भारतनेट उद्यमी योजना के अंतरगत ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा पहुचाने के लिये उद्यमियों को आकर्षक इंसेंटिव भी मिल रहा है। इस तरह बीएसएनएल जिले के उद्यमियों को रोजगार का सुनहला अवसर उपलब्ध करा रहा हैं। सांसद के प्रयास एवं सरकार के सहयोग से कुल 23 स्थानों के लिये नये बैटरी सेट आ चुके हैं। बीएसएनएल इनकी शीघ्र स्थापना करेगा | जिससे नेटवर्क की उप्लब्धता में काफी सुधार होगा।
इस वर्ष लगभग 65 किलोमीटर ऑप्टीकल फाइबर डालने की योजना है। इससे दरभंगा जिले के सभी ब्लॉक हेडक्वाटर ऑप्टीकल फाइबर के रिंग पर आ जायेंगे। अत्याधुनिक CUPS BNG का आवंटन दरभंगा के लिये किया जा चुका है। OTN नोड भी दरभंगा में लगने वाला है। इन उपकरणों की स्थापना के बाद दरभंगा की इंटरनेट क्षमता 100 GBPS हो जायेगी।दरभंगा को अत्याधुनिक "मेड इन इण्डिया" 4जी बीटीएस मिलेंगे जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाली 4G सेवा उपलब्ध होगी ।
उपयुक्त बिन्दुओ के चर्चा के उपरांत सांसद द्वारा बीएसएनएल के प्रगति के लिए निम्न सुझाव एवं निर्देश दिए | जिसके पालन किये जाने की आश्वासन बीएसएनएल कर्मियों द्वारा दिया गया| उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रो में मोबाइल के नेटवर्क की स्थिति की चिंता जाहिर करते हुए इसके सुधार का निर्देश दिए| सांसद द्वारा कोसी बांध के अन्दर के पंचायतों में संचार सुबिधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया|
July 17, 2023

16.07.2023 (दरभंगा) : विद्युत अधीक्षण अभियन्ता एस टी एफ विक्रम कुमार के नेतृत्व में विद्युत ऊर्जा चोरी के खिलाफ लगातार कार्रवाई किया जा रहा है। इस कड़ी में उनके उपस्थिति में बहेड़ी थाना के बसकट्टी में जीवछ यादव अपने खेत का पटवन करने के लिए विद्युत का उपयोग चोरी से करते हुए पाए गए। इस चोरी के लिए कनीय विद्युत अभियंता बहेड़ी राघवेंद्र प्रसाद के द्वारा बहेड़ी थाना में 68428 रुपया जुर्माना करते हुए जीवछ यादव पर प्राथमिकी दर्ज कराया गया है। इस के साथ ही बिठौली निवासी रामकृपाल यादव के द्वारा अपने परिसर में व्यावसायिक विद्युत संबंध लेकर औद्योगिक कार्य करते हुए पाए गए जिस कारण से इन पर 38182 रूपये का जुर्माना किया गया तथा सगुनिया ब्रिज के पास रामानंद कुमार के द्वारा अपने परिसर में व्यावसायिक विद्युत संबंध लेकर औद्योगिक कार्य करते हुए पाए गए जिस कारण से इन पर 37960 रूपये का जुर्माना किया गया। विद्युत अधीक्षण अभियन्ता के द्वारा बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्व में विद्युत संबंध विच्छेदित उपभोक्ताओं के परिसर का लगातार जांच किया जा रहा है वही दरभंगा शहर में पूर्व में विद्युत संबंध विच्छेदित उपभोक्ताओं के परिसर के साथ साथ स्मार्ट मीटर का निगेटिव बैलेंस होने के बाद जिनके द्वारा भी रिचार्ज नही करवाया जा रहा है उनके परिसर का लगातार जांच किया जा रहा है । इसके आलावा जिन उपभोक्ताओं का भी स्मार्ट मीटर लगाने के बाद खपत औसत खपत से कम हो रहा है वैसे उपभोक्ताओं के परिसर का भी लगातार जांच किया जा रहा है और ये लगातार चलता रहेगा।