Dbg

05.03.2024 (दरभंगा) : आगामी लोक सभा आम निर्वाचन-2024 को लेकर दरभंगा जिला में भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के अद्यतन निर्देशों के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, राजीव रौशन द्वारा चुनावी व्यय पर नियंत्रण, पर्यवेक्षण तथा चुनाव के क्रम में आर्थिक अपराध पर नियंत्रण एवं कार्रवाई के लिए तत्काल प्रभाव से विधानसभा वार सहायक व्यय प्रेक्षक, लेखा दल, विडियो निगरानी दल, वीडियो अवलोकन दल गठन किया गया है, जो निर्वाचन व्यय लेखा अनुश्रवण कोषांग के अधीन कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी लोक सभा आम निर्वाचन- 2024 के संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी किये जाने के साथ ही सम्पूर्ण जिला क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो जायेगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा जिलान्तर्गत सभी विधानसभा क्षेत्रों में अभ्यर्थियों द्वारा किये जा रहे सभा, जुलूसों आदि पर किये जा रहे व्यय पर नजर रखने के लिए विधान सभावार सहायक व्यय प्रेक्षक, लेखा दल, विडियो निगरानी दल, वीडियो अवलोकन दल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी/कर्मी को निर्देश दिया गया कि वे आगामी लोक सभा आम निर्वाचन के संदर्भ में भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के अद्यतन निर्देश का अक्षरशः अनुपालन करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही समय-समय पर आयोग से प्राप्त अद्यतन निर्देशों का भी अनुपालन तद्नुसार करेंगे। उन्होंने कहा कि 06 मार्च 2024 को अपराह्न 03ः00 बजे स्थानीय प्रेक्षागृह में सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिनमें सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी ससमय भाग लेना सुनिश्चित करेंगे।