March 13, 2024

13.03.2024 (दरभंगा) : सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने बुधवार को दरभंगा सहित अन्य जिलों में सीएनजी एवं पीएनजी (पाईप लाइन के माध्यम से रसोई गैस आपूर्ति) का नेटवर्क बिछाने, निर्माण और संचालन के लिए चयनित अधिकृत कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ किए। इस दौरान सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत पेट्रोलियम मंत्रालय के तत्वाधान में दरभंगा सहित अन्य जिलों में 3600 करोड़ की लागत से अंडरग्राउंड गैस पाइप लाइन (सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन) का कार्य प्रारंभ हो चुका है, वहीं दरभंगा में दो सीएनजी पंप का स्थापना भी किया जा चुका है, जहां से लोगों को सीएनजी की सुविधा मिलना भी प्रारंभ हो चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगुआई वाली केंद्र सरकार और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पूरी के मजबूत इच्छाशक्ति के कारण दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर सहित बिहार के अन्य जिलों में अंडर गैस पाईप लाईन और सीएनजी का सपना साकार हो रहा है। सांसद ने कहा कि प्रथम फेज में पांच जिला में 10 लाख 10 हजार 999 परिवार को घरेलू प्राकृतिक गैस कनेक्शन (पीएनजी) प्रदान किया जाएगा, वहीं 50 सीएनजी आउटलेट स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा शहर, बहेड़ी, बेनीपुर में घरेलू गैस पाइप लाइन रजिस्ट्रेशन का कार्य काफी तीव्र गति से जारी है।
जिले में अभी तक चालीस हजार से अधिक परिवारों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, जिसमे 8500 रसोई घरों में गैस कनेक्शन का पाइप लाइन बिछा दिया गया है। गेल गैस की बरौनी-गुवाहाटी पाइपलाइन के SV01, बेगुसराय से टैप ऑफ लेकर भारत पैट्रोलियम गैस पाइपलाइन दरभंगा जिले में लाना है। सांसद ने कहा कि हजारों करोड़ रुपए की लागत से केंद्र की मोदी सरकार विकसित दरभंगा के संकल्प से साथ इस परियोजना के माध्यम से घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को पाईप लाईन के माध्यम से गैस आपूर्ति एवं सीएनजी का लाभ दिए जाने का बड़ा लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि पीएनजी की सुविधा उपलब्ध हो जाने से घरेलू उपभोक्ताओं को कई तरह का लाभ मिलेगा और गैस सिलेंडर पर हो रहे खर्च में काफी बचत भी होगी। इसके अलावा पाइप लाईन से वाणिज्यिक और औद्योगिक क्षेत्रों में भी गैस की निरंतर आपूर्ति हो सकेगी।
वहीं पर्यावरण में बढ़ते प्रदूषण और गाड़ियों की संख्या में हो रहे इजाफे को देखते हुए सीएनजी का उपयोग न केवल प्रदूषण नियंत्रित करेगा अपितु दूसरे ईंधनों से काफी सस्ता होने के कारण लोगों को आर्थिक बचत भी होगा। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि पिछली यूपीए सरकार द्वारा इन सब चीजों को सिर्फ मेट्रोपोलिटन सिटी तक ही सीमित रखा गया था, परंतु आज प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर इसे देश भर के सुदूर इलाके तक इन चीजों की पहुंच सुनिश्चित कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि दरभंगा में पीएनजी एवं सीएनजी की स्थापना को लेकर वह वर्षों से प्रयासरत थे एवं इस विषय को लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पूरी एवं पूर्व केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मिलकर कई बार अनुरोध किए थे। कार्यक्रम के दौरान बीपीसीएल के अधिकारियों द्वारा सांसद को मिथिला परंपरा अनुसार पाग, चादर एवं बुके देकर स्वागत किया गया।