23.07.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : देश के चहुंमुखी विकास और समृद्धि को समर्पित है यह आम बजट। उक्त बातें दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने मंगलवार को नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तीसरे कार्यकाल के प्रथम आम बजट पेश होने के पश्चात प्रतिक्रिया देते हुए कहा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत एवं समृद्ध भारत के लक्ष्य को पूरा करने में यह आम बजट ऐतिहासिक सिद्ध होगा। सांसद ने कहा कि यह बजट देश के गरीब, महिला, युवा और अन्नदाता के उत्थान पर केंद्रित है।

इस बजट में कृषि कल्याण, रोजगार, कौशल विकास, मानव संसाधन विकास, सामाजिक न्याय, विनिर्माण, शहरी विकास, अवसंरचना विकास, ऊर्जा सुरक्षा, पर्यटन, अनुसंधान को प्राथमिकता दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगली पीढ़ी के सुधार एवं अवसरों को देखते हुए बजट में कई प्रावधान किया गया है। उन्होंने इस अद्वितीय और सर्वस्पर्शी आम बजट पेश करने के लिए पीएम श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमन को बधाई देते हुए कहा कि इस बजट में मिथिला एवं बिहार के विकास को भी तरजीह दी गई है।

उन्होंने कहा कि बिहार को बाढ़ की विभीषिका से निजात दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने इस आम बजट में 11500 करोड़ रुपए आवंटित किया है वहीं बोध गया, राजगीर, वैशाली और दरभंगा सड़क संपर्क परियोजना को भी स्वीकृति दी गई है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा की जनसंख्या वृद्धि को ध्यान में रखते हुए पीएमजीएसवाई योजना के तहत 25000 ग्रामीण बसावटों को बारहमासी सड़क संपर्कता उपलब्धता कराने हेतु पीएमजीएसवाई के चौथे चरण का शुभारंभ किया गया है। बिहार में कई नए हवाई अड्डे, मेडिकल कॉलेज और खेल कूद अवसंरचना के निर्माण को स्वीकृति देते हुए, केंद्र सरकार ने बिहार के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। सांसद ने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत 3 करोड़ नए मकान आवंटित किया जाएगा। महिला संचालित विकास को बढ़ावा देते हुए, इस बजट में महिलाओं और बालिकाओं को लाभ देने वाली योजना हेतु तीन लाख करोड़ से अधिक का आवंटन की व्यवस्था की गई है।

इस बजट में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर मॉडल के अनुरूप बिहार के विष्णुपद मंदिर, महाबोधि मंदिर के समग्र विकास का प्रावधान भी किया गया है वहीं नालंदा विश्वविद्यालय के उत्थान एवं नालंदा को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। सांसद ने कहा कि यह आम बजट देश में विकास की नई इबारत लिखेगा। यह बजट सभी धर्म, जाति, लिंग, आयु के लोगों के जीवन लक्ष्य और आकांक्षा को पूरा करने में सहायक सिद्ध होगा। यह बजट मोदी सरकार के सबका साथ, सबका विकास मॉडल को चरितार्थ करता है, जिसमें सर्व समावेशी विकास को प्राथमिकता दिया गया है।