Dbg

04.05.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा द्वारा ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एडीआर भवन में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के निर्देश पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ, जबकि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम और प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने संयुक्त रूप से इसका संचालन किया।

इस अवसर पर ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019 तथा “सितारा” योजना 2023 के तहत ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के एकीकरण, पुनर्वास और न्याय तक उनकी पहुंच पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने और ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा में शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही पुलिस अधिकारियों और अन्य हितधारकों से संवेदनशीलता बरतने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को निःशुल्क कानूनी सलाह, आधार कार्ड रजिस्ट्रेशन, पहचान पत्र निर्माण, स्वास्थ्य जांच, नेत्र जांच और ट्रांसजेंडर कार्ड उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।

सचिव आरती कुमारी ने जानकारी दी कि जिले में 04 मई से 08 मई तक ‘सितारा सप्ताह’ मनाया जाएगा, जिसके तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्य जिला विधिक सेवा प्राधिकार से मुफ्त कानूनी सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम में सहायक निदेशक डीसीपीयू अनिमेष कुमार और एमाइटी कॉलेज पटना के सहायक प्रोफेसर आशुतोष कुमार ने भी ट्रांसजेंडर समुदाय के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय से शालू, मुन्नी किन्नर, सोनी किन्नर, राजनंदिनी, मोती, चांदनी, गौड़ी और सरिता सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। यह पहल ट्रांसजेंडर समुदाय को अधिकार और सम्मान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।