January 07, 2023

05.01.2023 (दरभंगा) : रेल संबंधी स्थायी समिति एवं रेल मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के सदस्य सह दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा स्टेशन का निरीक्षण कर पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य अभियंता महबूब आलम के साथ बैठक कर दरभंगा में रेल विकास से जुड़े सभी योजनाओं का समीक्षा किया। विदित हो कि बुधवार को सांसद डॉ ठाकुर हाजीपुर में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा से मुलाकात कर कई मुद्दों पर चर्चा किए थे। सांसद ने कहा कि दरभंगा सहित मिथिला के सभी रेलवे स्टेशन पर साफ सफाई, सुरक्षा, पानी,शेड सहित यात्री सुविधा से जुड़ा विकास उनकी पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि दरभंगा रेलवे स्टेशन परिसर में लगभग दो करोड़ की लागत से अधिकारी विश्राम गृह बनकर तैयार है, और इसका लोकार्पण केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के कर कमलों से होगा। सांसद डॉ ठाकुर ने दरभंगा स्टेशन पर बन रहे प्लेटफार्म नंबर छः का निरीक्षण कर उसमे तेजी लाने का निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन पर लग रहे लिफ्ट, एस्केलेटर, दरभंगा में प्लेटफार्म 6 के तरफ दूसरी एंट्री गेट एवं सर्कुलेटिंग एरिया का निर्माण, प्लेटफार्म 6 पर लिफ्ट निर्माण, प्लेटफार्म नंबर एक पर चल रहे कोटा स्टोन कार्य, एवं प्लेटफार्म सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण कर जल्द कार्य पूर्ण करने को कहा। वहीं उन्होंने दरभंगा में निर्माणाधीन 42 क्वार्टर एवं लहेरियासराय में 30 क्वार्टर का कार्य भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिए। बैठक के दौरान सांसद डॉ ठाकुर ने लहेरियासराय - जमालपुर मुशहरिया - सहरसा नई रेल लाईन के सर्वे कार्य, दरभंगा - मुजफ्फरपुर नई रेल लाईन, दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने का कार्य जल्द प्रारंभ करने, लहेरियासराय स्टेशन के नजदीक स्वीकृत लॉ कॉस्ट ओवरब्रिज का निर्माण जल्द प्रारंभ करने, दरभंगा - समस्तीपुर दोहरीकरण जल्द पूर्ण करने, काकरघाटी - शीशों बायपास रेल लाइन का कार्य जल्द पूरा करने, शहर के विभिन्न रेल समपार फाटक पर आरओबी का निर्माण प्रारंभ करने, विभिन्न स्टेशन पर यात्री सुविधा से जुड़े विभिन्न समस्या सहित क्षेत्र में चल रहे सभी रेल परियोजना की वर्तमान स्थिति पर चर्चा कर उचित दिशा निर्देश दिए।
सांसद डॉ ठाकुर ने स्टेशन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज नहीं लगे रहने पर उपस्थित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाए, उन्होंने जल्द राष्ट्रीय ध्वज लगाने का निर्देश देते हुए आगे से इसपर ध्यान रखने को कहा। वहीं इस मौके पर उपस्थित विधान पार्षद हरी सहनी ने कहा की सांसद श्री गोपाल जी ठाकुर के अथक परिश्रम से दरभंगा सहित पूरे मिथिला में रेलवे के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हो रहा है। पूर्व विधायक अमरनाथ गामी ने कहा की सांसद जी रेल संबंधी स्थाई समिति के सदस्य है, जिसका फायदा दरभंगा को मिला है। उन्होंने कहा की विश्वस्तरीय स्टेशन बनने के बाद दरभंगा शहर का रूप रेखा बदल जाएगा।
इस दौरान सांसद के साथ विधान पार्षद हरि सहनी, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, राम कुमार झा, विनय कुमार पासवान, मुनीन्द्र यादव, रंजना कुमारी, अमरनाथ शर्मा, पारसनाथ चौधरी, कृष्ण भगवान झा, अमरनाथ राय, माधव चौधरी, प्रकाश चौधरी, रणजीत कुमार झा, मणिकांत मिश्र, पिंटू झा, सुनील चौधरी सहित कई लोग मौजूद थे।