February 19, 2026
19.02.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : डीएम कौशल कुमार ने दिल्ली मोड़ बस स्टैंड पर चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड परिसर में प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने परियोजना निदेशक को बस स्टैंड परिसर के चारों ओर सुदृढ़ चाहरदीवारी निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया, ताकि परिसर को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सके। बस स्टैंड भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर पाया गया। इस दौरान डीएम ने स्वीकृत नक्शे का अवलोकन कर निर्माण की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि कार्य तय मानकों एवं समय-सीमा के अनुरूप ही पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थलों पर अतिक्रमण पाए जाने पर डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। परियोजना निदेशक, बुडको (बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) द्वारा अवगत कराया गया कि बस स्टैंड तक जाने वाली सड़क को मोटरेबल बना दिया गया है। डीएम ने सड़क का भौतिक निरीक्षण भी किया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बस स्टैंड भवन निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली मोड़ बस स्टैंड के विकसित होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ परियोजना को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।