Dbg

20.02.2024 (दरभंगा) : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. नगेंद्र झा स्टेडियम में मंगलवार को 17वें मीडिया कप का फाइनल मैच आकाशवाणी और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के बीच खेला गया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम ने आकाशवाणी को 35 रनों से करारी मात देकर 17वें मीडिया कप की विजेता टीम बनी। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया टीम के कप्तान प्रवीण बबलू ने टॉस जीतकर बैटिंग करने का निर्णय लिया।

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की शुरुआत काफी खराब रही। शुरुआती के 10 ओवर में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का स्कोर 47 रन पर दो विकेट था। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम ने जब रन गति बढ़ाने की कोशिश की, तो तुफैल का तूफान सामने आया। तुफैल ने नाबाद 70 रन का पारी खेलकर टीम का स्कोर 20 ओवरों में 134 रन तक पहुंचा दिया। 135 रन के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी आकाशवाणी की टीम की शुरुआत काफी संतुलित रही। शुरू के पांच ओवर में 32 रन बिना विकेट खोकर बना ली थी, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक मीडिया टीम के गेंदबाजों ने मैच में वापसी की और आकाशवाणी की टीम की कमर तोड़ कर रख दी। आकाशवाणी की टीम 20 ओवर में मात्र 100 रन बना पाई और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम ने इस प्रकार 35 रन से विजयी हुई। पहले बल्लेबाजी करते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की ओर से तुफैल ने 70, गुंजन ने 24 और गौरव ने 13 रन का योगदान दिया। आकाशवाणी की ओर से अविनाश और विकास ने दो और अभिषेक ने एक विकेट प्राप्त किया। आकाशवाणी की ओर से विश्वजीत ने 26 और अविनाश ने 24 रन का योगदान दिया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की ओर से प्रशांत ने दो, और गौरव, राजीव, गुंजन, लालबाबू ने एक विकेट प्राप्त की।

17वें मीडिया कप के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय ने कहा कि लगातार 17वें मीडिया कप का आयोजन होना, अपने आपमें बड़ी बात है। मैं भी संस्कृत यूनिवर्सिटी के खेल मैदान को डेवलप करूंगा और मैं चाहूंगा कि अगला मीडिया कप संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में मैच आयोजित हो। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. दीनानाथ साह ने कहा कि इस तरह के आयोजन होने से समाज में आपसी भाईचारा का माहौल बनता है।

जिले भर के मीडिया बंधुओं को आपस में भी जोड़ने का काम मीडिया कप करता है। वरिष्ठ पत्रकार संतोष सिंह ने कहा कि मीडिया कप के शुरुआती वर्षों से ही मैं मीडिया कप का साक्षी रहा हूं। राजधानी में भी इस तरह के मीडिया कप का आयोजन करने का निर्णय लिया गया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। दो या चार साल के बाद मीडिया कप का आयोजन बंद हो गया, लेकिन दरभंगा में 17 वर्षों से लगातार मीडिया कप का आयोजन हो रहा है।

मैं चाहूंगा कि यह मीडिया कप ऐसे ही ही आयोजित होते रहे। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. अजय नाथ झा ने कहा कि मीडिया कप के आयोजन होने के बाद प्रत्येक वर्ष इस मैदान में खेल प्रेमियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हो जाती है। मीडिया कप समाज में खेल के प्रति रुचि जगाने का काम करता है। अगले वर्ष से मिथिला विश्वविद्यालय के खेल विभाग स्वतंत्र इकाई के रूप में काम करेगा, इससे खेल विभाग में काफी संसाधन उपलब्ध हो जाएगा। 18वें मीडिया कप के आयोजन में काफी सहूलियत होगा।

उप खेल पदाधिकारी डॉ. अमृत कुमार झा ने कहा कि मीडिया कप का आयोजन होने के कारण 10 दिनों से खेल मैदान में रौनक बना हुआ था। मीडिया कप के समापन के साथ ही मीडिया बंधुओं अपने दैनिक कार्य खबर संकलन में मसरूफ हो जाएंगे। मीडिया बंधुओं का ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के खेल विभाग को हमेशा सहयोग मिलता रहा है।

अतिथियों ने विजेता और उप विजेता टीम को कप प्रदान किया। साथ ही सभी मैचों के मैन ऑफ मैच प्राप्त खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। 17वें मीडिया कप में गुंजन कुमार मैन ऑफ द सीरीज बने। फाइनल मैच में तुफैल ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्राप्त किया। लाल बाबू उप वीरू को मिडिया कप के बेस्ट बॉलर का अवार्ड दिया गया।