Dbg

15.03.2024 (पटना) : लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक के निदेश पर जिला प्रशासन द्वारा पटना में नियमित तौर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) अभियान अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम चल रहा है। अर्बन अपैथी दूर करने के लिए लगातार कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सघन डोर-टू-डोर विजिट सुनिश्चित करने तथा हरेक मतदाता से संपर्क कर मतदान के प्रति प्रेरित करने का निदेश दिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि पटना का औसत मतदान प्रतिशत पिछले लोकसभा आम निर्वाचन, 2019 में 51 था। इस बार के चुनाव में वीटीआर में पर्याप्त वृद्धि कर मतदान प्रतिशत कम-से-कम 68 करने की आवश्यकता है। सभी निर्वाचकों के मध्य मतदान प्रतिशत को बढ़ाने हेतु गंभीर स्तर पर प्रभावी प्रयास किया जाए। जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना के निदेशन में तमाम तरह का जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज समाज कल्याण विभाग के द्वारा मतदान के प्रति जागरूकता हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं द्वारा अपने-अपने परियोजना क्षेत्रों में निर्वाचकों को जागरूक किया जा रहा है। युवा निर्वाचकों का मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए (मेरा पहला वोट, देश के लिए) अभियान कई उच्च विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में चलाया गया। अनेक प्रखंडों एवं नगर क्षेत्रों में मतदाताओं को अपने-अपने मताधिकार का प्रलोभन-मुक्त ढ़ंग से प्रयोग करने हेतु विविध तरह की गतिविधियों से प्रेरित किया गया।

जीविका दीदियाँ सेल्फ-हेल्प ग्रुप्स एवं ग्राम संगठनों के माध्यम से स्वीप कार्यक्रमों का आयोजन कर रही हैं। विकास मित्रों द्वारा महादलित-बहुल बस्तियों एवं टोलों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम, मेरा पहला वोट, देश के लिए, चुनाव का पर्व, देश का गर्व, Nothing like voting, I vote for sure जैसे नारे सभी जगह गूंज रहा है। गाँवों एवं नगर क्षेत्रों में लोगों को वोट देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मेंहदी प्रतियोगिता, रंगोली, शपथ-ग्रहण, स्लोगन, डोर-टू-डोर सम्पर्क, रैली, संगोष्ठी इत्यादि कार्यक्रमों से मतदाताओं को अपने वोट का प्रयोग करने हेतु जागरूक किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अनुमंडल पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान का नियमित पर्यवेक्षण करेंगे, महिला मतदाताओं एवं लक्षित युवा इंगेजमेंट के लिए तत्पर रहेंगे तथा लोकसभा चुनाव में वीटीआर बढ़ाने के लिए सभी आवश्यक प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में 18 से 19 साल के नए मतदाताओं तथा महिला मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इन सबको मतदान करने के लिए प्रेरित करें। जिलान्तर्गत लगभग 71 महाविद्यालय एवं महिला महाविद्यालय हैं। सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अवस्थित महाविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक कर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के प्रति सजग रहें। उन्होंने कहा कि कैंपस एम्बेसडर्स की मतदाता जागरूकता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका है।

सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी इनका सहयोग प्राप्त करेंगे तथा स्वीप कार्यक्रम में इनको सक्रिय तौर पर सहभागी बनाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा सुगम एवं समावेशी चुनाव कराने के लिए मानकों के अनुसार तेजी से तैयारी की जा रही है। हर एक मतदाता तक पहुँच सुनिश्चित करने के लिए वृहत स्तर पर आउटरीच एक्टिविटि चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने फर्स्ट-टाइम वोटर्स, महिलाओं, दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ मतदाताओं सहित सभी मतदाताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे आने वाले चुनाव में वोट जरूर डालें एवं लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।

उन्होंने कहा की जागरूक मतदाता हमारे समृद्ध लोकतंत्र की रीढ़ हैं। संविधान द्वारा प्रदत्त वयस्क मताधिकार बहुमूल्य है एवं इस अधिकार का प्रयोग एक नागरिक के लिए अत्यावश्यक है। चुनाव में उच्च मतदान प्रतिशत हमारे प्रजातंत्र को एक नया आयाम देगा। डीएम ने कहा कि निर्वाचन उत्सवी माहौल एवं मित्रतापूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों एवं मतदान कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। बूथों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधा यथा-स्वच्छ पेयजल, शौचालय, रैम्प, विद्युत, साईनेज, हेल्प डेस्क आदि की व्यवस्था रहेगी।

निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए 20 कोषांग 24*7 सक्रिय है। सभी कोषांगों के वरीय नोडल पदाधिकारियों एवं नोडल पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन, पटना द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों के अनुरूप मतदान केन्द्रोे पर सभी तैयारी रहेगी।

आप सभी निर्वाचक मतदान केन्द्रों पर वोट देने जरूर आएं। डीएम ने अधिकारियों को प्रलोभन-मुक्त मतदान के लिए सघन अभियान चलाने का निदेश दिया है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन व्यय के अनुश्रवण के लिए 24x7 टीम सक्रिय रहेगी। 20 इनफोर्समेंट एजेन्सीज पैसों के ट्रांजैक्शन पर नजर रखेगी।