August 16, 2026
15.08.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने पूर्व मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर में ध्वजारोहण किया एवं राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा रेल सुरक्षा बल एवं स्काउट्स एंड गाईड के सदस्यों के परेड का निरीक्षण किया । महाप्रबंधक ने रेलकर्मियों, रेल उपयोगकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों सहित सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें दी। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमरेश कुमार एवं अन्य उच्चाधिकारीगण उपस्थित थे।
साथ ही पूर्व मध्य रेल के यूनियन/एसोशिएसन संगठन के पदाधिकारी, अधिकारी एवं रेलकर्मी भी उपस्थित थे। पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह सहित संगठन की अन्य सदस्याएं भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपस्थित थीं। स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने कहा कि हमनें सतत् विकास एवं मुस्कान के साथ यात्रियों की सुरक्षित यात्रा की प्रतिबद्धता का निर्वहन करते हुए इस वर्ष जनवरी से जुलाई माह तक कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं । इस वर्ष 126 मीलियन टन का माल लदान किया है जिससे 15 हजार 452 करोड़ रुपए की आय प्राप्त हुई जबकि यात्री यातायात से लगभग 3082 करोड़ रुपए प्राप्त हुए । इस प्रकार जनवरी से जुलाई माह तक कुल प्रारंभिक आय 19 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा रही । पूर्व मध्य रेल द्वारा माल लदान के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते लगातार दूसरे साल 200 मिलियन टन से ज्यादा का माल लदान किया गया।
यात्री सुविधा पर बोलते हुए महाप्रबंधक महोदय ने कहा कि जनवरी से जुलाई माह तक 19 जोड़ी नई ट्रेन का परिचालन जिनमें 09 जोड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके साथ ही 02 जोड़ी ट्रेनों का मार्ग विस्तार एवं 30 ट्रेनों का विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव प्रदान किया गया तथा 609 कोचों का अस्थायी संयोजन किया गया । जुलाई माह तक स्पेशल ट्रेनों द्वारा 3425 फेरे लगाए गए । यात्री सुविधा के तहत इस वर्ष 04 स्टेशन पर 08 लिफ्ट का प्रावधान, मुजफ्फरपुर स्टेशन पर 04 स्वचलित सीढ़ियां, 04 स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिजए 10 स्टेशनों के प्लेटफॉर्म का उच्चीकरण, 01 प्लेटफॉर्म का विस्तारीकरण एवं 02 स्टेशनों पर कंप्यूटरीकृत उद्घोषणा प्रणाली तथा 52 स्टेशनों पर स्वचालित यात्री सूचना प्रणाली लगाया गया है। आधारभूत संरचनाओं के विकास पर बोलते हुए महाप्रबंधक महोदय ने कहा कि इस वर्ष जनवरी से जुलाई माह तक 26 किलोमीटर दोहरीकरण, 03 आरओबी तथा 55 ट्रैक किलोमीटर रेलखंडों का विद्युतीकरण कार्य पूरा किया गया है। कुल 249 रूट किलोमीटर ऑटोमेटिक सिगनलिंग प्रणाली को चालू किया गया है। इसके साथ ही 256 रूट किलोमीटर पर कवच प्रणाली के उपकरणों को स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर यात्री सुरक्षा के लिए रेल सुरक्षा बल के साथ प्रहरी के रूप में चौबीसों घंटे तैनात स्वान दस्ता द्वारा स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्री सुरक्षा से संबंधित किये जाने वाले कार्यों से जुड़े कई मनमोहक करतब दिखाए गए । पूर्व मध्य रेल के कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया । देश की आजादी एवं रक्षा से जुड़े जवानों के साहस एवं बलिदान से संबंधित नृत्य नाटिकाओं की मनमोहक प्रस्तुति की गयी। महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह तथा महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती सुनीता सिंह सहित अन्य विभागाध्यक्षों एवं महिला कल्याण संगठन की सदस्यों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर आजादी के प्रतीकात्मक स्वरूप गुब्बारों को खुले आकाश में उन्मुक्त कर देशभक्ति व एकता का संदेश दिया गया।