Dbg

10.12.2023 (दरभंगा) : मानवाधिकार दिवस के अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री विनोद कुमार तिवारी के निर्देश पर मंडल कारा, उपकारा बेनीपुर, मध्यस्थता केंद्र एवं सदर प्रखंड के कंशी पंचायत भवन पर कानून की जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मंडल कारा में कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विशेष उत्पाद न्यायाधीश श्री रामाकांत ने कहा कि मानवाधिकारों की सुरक्षा हेतु बंदियों के साथ क्या बरताव किया जाए, इसके लिए संयुक्त राष्ट्रसंघ ने कुछ नियम बनाए हैं। जिसके अनुसार बंदियों के मान सम्मान की रक्षा करना, बंदियों के साथ समानता का व्यवहार करना, उन्हें खाने पीने, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि की व्यवस्था की जानी है। एडीजे सप्तम उपेंद्र कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान एवं कारा अधिनियम के तहत भी बंदियों को अधिकार दिए गए हैं। जिसमें मुफ्त विधिक सहायता, त्वरित व निष्पक्ष विचारण, बंदियों के रहन सहन आदि की व्यवस्था करने के प्रावधान है। कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता अजय कुमार साहू ने मानवाधिकार दिवस पर विस्तृत जानकारी दी, मौके पर प्रोबेशन न्यायिक पदाधिकारी रत्नेश मांझी व रानी चौधरी, काराधीक्षक, उपाधीक्षक,पीएलवी रमेश कुमार पासवान आदि उपस्थित थे। कंशी पंचायत में पैनल अधिवक्ता संजीव कुमार और पीएलवी वीरेंद्र कुमार आनंद ने लोगों को जागरूक किया। वही न्यायालय परिसर स्थित मध्यस्थता केंद्र में न्यायालय कर्मचारी एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों ने भी दीप प्रज्वलित कर मानवाधिकार दिवस मनाया।