September 28, 2023

27.09.2023 (दरभंगा) : 02 अक्टूबर (गांधी जयंती) के अवसर पर सांसद डा. गोपाल जी ठाकुर दरभंगा एम्स निर्माण को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन करेंगे। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने उक्त बात की जानकारी देते हुए कहा की आठ साल से अधिक समय बीत जाने के वाबजूद बिहार सरकार द्वारा आजतक दरभंगा एम्स निर्माण के लिए 200 एकड़ उपयुक्त जमीन उपलब्ध नहीं कराया गया है। सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में लगभग 15 नए एम्स का स्थापना किया गया है और पीएम दरभंगा एम्स को लेकर काफी गंभीर है, परंतु राज्य सरकार द्वारा 200 एकड़ उपयुक्त जमीन नहीं देने के कारण एम्स निर्माण अधर में लटका हुआ है।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार दरभंगा एम्स को लेकर सिर्फ और सिर्फ कुचक्र रच रही है। सांसद श्री ठाकुर ने कहा की बिहार सरकार दरभंगा एम्स निर्माण हेतु एक तय समय सीमा के भीतर 200 एकड़ उपयुक्त जमीन सहित अन्य मूलभूत सुविधा मुहैया करवाए और दरभंगा एम्स पर राजनीति छोड़ एम्स निर्माण में सहयोग करें। सांसद ने कहा कि केंद्र की टेक्निकल टीम से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य सचिव, भारत सरकार द्वारा उक्त स्थल पर एम्स निर्माण के दौरान उत्पन्न होने वाली कई तकनीकी कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए बिहार सरकार को दिनांक 26 मई 2023 को पत्र भेजा गया था। उन्होंने कहा कि उक्त पत्र में वर्णित तकनीकी समस्या के आलोक में राज्य सरकार द्वारा आज तक कोई जवाब केंद्र को नहीं दिया है।
सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शोभन के 30-40 फीट गड्ढे वाली जमीन पर एम्स निर्माण को लेकर अड़े हुए है, जबकि राज्य सरकार द्वारा आजतक उक्त जमीन का सीमांकन तक नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को यहां 36 एकड़ रैयती जमीन का अधिग्रहण भी करना था, जो कि आज तक नहीं किया गया है। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा 2015-16 के आम बजट में बिहार के दूसरे एम्स की घोषणा की गई, इसके निमित 15 सितंबर 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट से दरभंगा में 1264 करोड़ की लागत से 750 बेड वाले एम्स स्थापना को स्वीकृति दी गई। उन्होंने कहा कि वाबजूद इसके बिहार सरकार आज तक एम्स निर्माण को लेकर उपयुक्त जमीन नही देकर अपना एम्स विरोधी मानसिकता को उजागर कर चुकी है।