Dbg

15.02.2023 (दरभंगा) : मिथिला सहित संपूर्ण बिहार में लोगों को सुगम यातायात उपलब्ध कराने हेतु केंद्रीय परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय कृत संकल्पित है। उक्त बातें दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने कहा। बुधवार को नई दिल्ली में दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने केंद्रीय परिवहन सचिव अलका उपाध्याय और चीफ इंजीनियर आर पी मीणा के साथ बैठक कर दरभंगा में क्रियान्वित एवं प्रस्तावित एनएच, एनएचएआई एवं आरओबी परियोजना की यथास्थिति से अवगत हुए एवं इसके निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।

सांसद डॉ ठाकुर ने कहा की भारतमाला परियोजना के दूसरे चरण के तहत राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, जिससे मिथिला सहित बिहार के तमाम जिलों में बेहतर कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध होगी। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा की दरभंगा शहर में में रिंग रोड बनाने हेतु डीपीआर बनाने के लिए मंत्रालय द्वारा पथ निर्माण विभाग को निर्देश दे दिया गया है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि सेतुबंधन योजना के तहत दरभंगा में पांच आरओबी का निर्माण प्रस्तावित है जिसमें से एक आरओबी समपार फाटक संख्या दो (स्पेशल) का टेंडर भी हो चुका है और शेष बचे हुए चार आरओबी का टेंडर भी जल्द हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारतमाला परियोजना अंतर्गत प्रस्तावित आमस दरभंगा एक्सप्रेस वे सड़क को पूर्णिया प्रमंडल एवं एवं कोसी प्रमंडल तक विस्तार करने हेतु उनके द्वारा प्रस्ताव भेजा गया था जिसके उपरांत पटना से पूर्णिया को जोड़ने हेतु मंत्रालय द्वारा भारतमाला परियोजना द्वितीय में सम्मिलित करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा की आमस दरभंगा एक्सप्रेस वे सड़क का निर्माण पूर्ण करने की समय सीमा निर्धारित कर दी गई है।

यह सड़क शिलान्यास की तिथि से अगले दो वर्ष में बन कर पूर्ण हो जाएगी। इसके अलावा उन्होंने SH- 88 वरुणा से रसियारी पथ को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने, दरभंगा से खगड़िया भाया बेनीपुर, बिरौल, कुशेश्वरस्थान एसएच सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क में परिवर्तित करने, लहेरियासराय से सतीघाट कुशेश्वरस्थान भाया बहेरी, सिंघिया सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क में परिवर्तित किया करने का भी अनुरोध किए है। उन्होंने कहा की मंत्रालय द्वारा बताया गया है की वर्तमान में नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की नीति यातायात घनत्व, माल ढुलाई यात्री आवाजाही क्षेत्र के सामाजिक आर्थिक दृष्टिकोण पर्यटन तथा राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़कों को ध्यान में रखते हुए स्वीकृत किया जाता है और यह सभी पथ मंत्रालय में विचाराधीन है।

इसके अलावा दरभंगा से रोसरा तक प्रस्तावित टू-लेन ग्रीन फील्ड एलाइनमेंट को लिंक रोड के द्वारा बहेड़ी से जोड़ने हेतु भी उनके द्वारा प्रस्ताव भेजा गया था, मंत्रालय द्वारा उपरोक्त सेक्शन का डीपीआर भी तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा की निर्माणाधीन उमगांव उच्चैठ भगवती स्थान से महिषी तारा स्थान सड़क में भेजा जहां कोसी नदी पर पुल निर्माणाधीन है से सीधा दक्षिण दिशा में भाया किरतपुर जमालपुर गंडोल होते महिषी तारा स्थान तक लगभग 32 किलोमीटर टू लिंक लिंक रोड निर्माण हेतु भी वह विभागीय मंत्री नितिन गडकरी से अनुरोध किए थे।

इसके उपरान्त दक्षिण दिशा में भाया किरतपुर जमालपुर गंडोल हेतु महिषी तारा स्थान तक spur बनाने के लिए एनएचएआई को निर्देशित किया जा चुका है। उन्होंने कहा की देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी के नेतृत्व में बिहार में हजारों करोड़ रुपए कि लागत से सैकड़ों किलोमीटर एनएच सड़क का निर्माण हो रहा है, जिसमे भारत-नेपाल बॉर्डर सड़क (552 किमी) भी शामिल है।