February 13, 2024

13.02.2024 (दरभंगा) : सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने रामनगर में लगभग 10 करोड़ की लागत निर्मित बिहार के दूसरे आईटी पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने आईटी पार्क के लोकार्पण को लेकर एसटीपीआई के एडिशनल डायरेक्टर राजीव कुमार से दूरभाष पर वार्ता कर संबंधित दिशा निर्देश दिया।सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान एवं जय अनुसंधान के मंत्र को चरितार्थ करते हुए दरभंगा में आईटी पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुणे, नोएडा, दिल्ली, दरभंगा आदि जगहों से अब तक लगभग 10 कंपनियों ने दरभंगा आईटी पार्क का मुआयना किया है और आईटी पार्क से जुड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि बड़ी आईटी कंपनियों के क्रियान्वयन हो जाने से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार का सृजन होगा, स्थानीय लोग, विशेष रूप से युवा लाभान्वित होंगे।
सांसद ने कहा कि सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) द्वारा इस आईटी पार्क का निर्माण दो एकड़ में गया है, जिसमें 16 हजार 171 स्क्वायर फीट में आईटी पार्क के भवन का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा की इस आईटी पार्क से मुख्यतः सॉफ्टवेयर कंट्रोल का कार्य, कॉरपोरेट सेक्टर को इंटरनेट उपलब्ध कराना, बीपीओ का संचालन, नए स्टार्ट अप को प्रमोट करना, डेटा कम्युनिकेशन, वर्क प्लेस मुहैया कराने सहित कई सुविधा उपलब्ध कराएं जायेंगे। सांसद ने कहा कि इस आईटी पार्क के पूर्ण रूप से क्रियान्वयन होने के बाद क्षेत्र के इंजीनियरिंग कॉलेज और पॉलीटेक्निक व आईटीआई संस्थान से पढ़ाई करने वाले बच्चों को विशेष लाभ मिलेगा, उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस इस पार्क के माध्यम से युवा अपनी दक्षता को बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और विभागीय मंत्री अश्वनी वैष्णव जी के कार्य कुशलता में देश आईटी के क्षेत्र में प्रगति पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि डिजिटल व आधुनिक भारत के निर्माण में आईटी पार्क की भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस दौरान महिला आईटीआई के प्राचार्य राजकुमार ठाकुर, प्रधान लिपिक नागेंद्र प्रसाद ठाकुर, मुख्य अनुदेशक विनोद बैठा, प्रफुल्ल ठाकुर, श्रवण चौधरी, सुशील सिंह, मनीष झा, प्रेम मिश्रा रिंकू सहित कई लोग मौजूद रहें।