Dbg

27.06.2022 (दरभंगा) : दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन सह सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने डीएम राजीव रौशन के साथ दरभंगा एयरपोर्ट के विकास, विस्तार एवं यात्री सुविधा से जुड़े विभिन्न विषय और दरभंगा एम्स को लेकर बैठक की। बैठक के दौरान मुख्य रूप से दरभंगा एयरपोर्ट पर वर्तमान टर्मिनल बिल्डिंग का विस्तार एवं नए टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण, 78 एकड़ भूमि का जल्द अधिग्रहण, एयरपोर्ट का नामकरण कवि कोकिल महाकवि बाबा विद्यापति जी के नाम पर करने, दरभंगा एयरपोर्ट से देश- विदेश एवं महत्वपूर्ण धार्मिक स्थानों के लिए फ्लाइट प्रारंभ करने, रनवे कार्य पूर्ण करने, वाहन पार्किंग की व्यवस्था, डिजिटल डिस्प्ले सिस्टम लगाने, सुरक्षा दृष्टिकोण को देखते हुए चहारदीवारी ऊँचीकरण, नील गाय एवं अन्य जंगली पशु हटाने एवं सीसीटीवी कैमरा लगाने, रनवे पर विजिबिलिटी यंत्र लगाने और प्रवेश द्वार से टर्मिनल भवन तक यात्रियों के आवागमन हेतु विमान कम्पनियों द्वारा ई-वेहिकल की सुविधा उपलब्ध कराने, एयरपोर्ट की सुरक्षा हेतु केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल(सीआईएसएफ) से कराने सहित कई अन्य विषयों पर चर्चा हुई।सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि आधारभूत संरचना के विकास हेतु सबसे मूलभूत 78 एकड़ जमीन के हस्तांतरण की यथास्थिति से अवगत होते हुए डीएम को उपयुक्त कदम उठाने को कहा है। बैठक के पश्चात सांसद डॉ ठाकुर, एयरपोर्ट डायरेक्टर मनीष कुमार और डीजीएम चांदना के साथ 36 करोड़ की लागत से 2.4 एकड़ भूमि पर बनने वाले टर्मिनल बिल्डिंग का स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया और जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि नए टर्मिनल बिल्डिंग बन जाने से यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ ठाकुर ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन और ईस्टर्न रीजन के आरईडी मनोज गंगल से दूरभाष पर बात कर दरभंगा एयरपोर्ट से रांची, देवघर, गुवाहटी, काठमांडू सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए हवाई सेवा शुरू करने सहित अन्य यात्री सुविधा एवं एयरपोर्ट विकास कार्यों में और तेजी पर चर्चा किए। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि अब दरभंगा एयरपोर्ट पर सुबह नौ बजे से विमानों का लैंडिंग सेवा प्रारंभ हो गया, जिससे अब एयरपोर्ट से सुबह 09.00 बजे से शाम 4.45 तक विमानों का आवागमन हो रहा है। यात्री सुविधा को देखते हुए दरभंगा एयरपोर्ट पर मौजूद वर्तमान यात्री प्रतीक्षालय, अब पूर्णतः वातानुकूलित बन रहा है और यह कार्य जल्द पूर्ण हो जाएगा। जिससे आने वाले दिनों मंय यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

सुरक्षा विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान में एयरपोर्ट पर मौजूद चहारदीवारी का ऊंचीकरण एवं फैंसिंग, नीलगाय एवं अन्य जंगली जानवर को हटाने का कार्य जरूरी है, उन्होंने इसे मिशन मोड में पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही दिल्ली मोड़ से एयरपोर्ट तक प्राथमिकता के आधार पर सीसीटीवी कैमरा लगाने को कहा है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे तहत बीते कल दरभंगा हवाई अड्डा के नए प्रवेश द्वार पर नव निर्मित मल्टी सेल बॉक्स कल्वर्ट का उद्घाटन किया गया है। अब एनएच से टर्मिनल बिल्डिंग तक जाने में यात्रियों को 470 फीट की दूरी कम तय करनी होगी। डीएम राजीव रौशन ने कहा कि 24 एकड़ भूमि का अधग्रहण प्रक्रिया जल्द पूर्ण हो जाएगी तथा शेष 54 एकड़ के अधिग्रहण की भी प्रक्रिया जारी है। फेंसिंग का कार्य अंतिम चरण में है, और जंगली पशु हटाने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी हो जाएगी। डीएम के साथ बैठक के दौरान सांसद डॉ ठाकुर ने दरभंगा एम्स के नव नियुक्त निदेशक के कार्यालय स्थापना को लेकर भी चर्चा किया। उन्होंने कहा कि एम्स निदेशक के आ जाने से अब इसके निर्माण कार्य में काफी तेजी आएगी।