Dbg

10.02.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : दरभंगा को देश स्तर पर व्यापारिक रूप से केंद्र बिंदु बनाने की पहल की जा रही है। विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन, अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट, बस स्टैंड, लॉजिस्टिक पार्क तथा कार्गो कॉम्प्लेक्स सहित अन्य स्वीकृत तथा निर्माणाधीन परियोजनाये जैसी उपलब्धियों के बाद अब दरभंगा शहर को ग्रीनफील्ड औद्योगिक टाउनशिप के रूप में विकसित किए जाने के लिए लोकसभा में जोरदार ढंग से मांग की गई है।

स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर ने इस संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने दरभंगा शहर को नए ग्रीनफील्ड औद्योगिक नोड्स के रूप में घोषित किए जाने के लिए लोकसभा में प्रश्नकाल में तारांकित प्रश्न संख्या 142 /2026 के माध्यम से मांग किया है तथा केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को दरभंगा शहर को हर मानदंड पर इस श्रेणी में लाने के लिए उपयुक्त होने की जानकारी दी है।

सांसद ने ग्रीनफील्ड औद्योगिक टाउनशिप की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा है कि भारत सरकार के राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कार्यक्रम एनआईसीडीपी योजना के अंतर्गत वर्ष 2024 में देशभर में 12 नए ग्रीनफील्ड औद्योगिक शहरों/नोड्स को अनुमोदित किया था तथा उसी आलोक में उन्होंने लोकसभा में दरभंगा शहर के लिए इस तरह की मांग की है। उन्होंने अपने तारांकित प्रश्न के माध्यम से कहा है कि दरभंगा लोकसभा क्षेत्र एवं सम्पूर्ण मिथिला क्षेत्र लंबे समय से औद्योगिक विकास से वंचित रहा है जबकि यहाँ पर्याप्त संसाधन, कुशल एवं अर्द्धकुशल मानव श्रमशक्ति, कृषि आधारित उत्पादन, हस्तशिल्प, लघु उद्योगों की संभावनाएं व व्यापारिक अवसर उपलब्ध हैं, तथा बड़े औद्योगिक निवेश के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराकर बेरोजगारी को दूर किया जा सकता है।

सांसद ने ग्रीनफील्ड औद्योगिक टाउनशिप के लिए दरभंगा शहर को हर दृष्टि से उपयुक्त बताते हुए कहा है कि इस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति उत्तर बिहार के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित है तथा यहाँ रेल एवं सड़क संपर्क के साथ-साथ दरभंगा एयरपोर्ट के माध्यम से हवाई संपर्क भी उपलब्ध है, जिससे यह क्षेत्र एक संभावित औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। सांसद ने लोकसभा में औद्योगिक टाउनशिप स्थापित करने हेतु मंत्रालय द्वारा एक विशेष परियोजना स्वीकृत किए जाने की मांग करते हुए कहा है की इस संबंध में मंत्रालय द्वारा एक तकनीकी टीम तथा विशेषज्ञ समिति भेजकर स्थल चयन की पहल किया जाए।

सांसद ने इस परियोजना को दरभंगा एवं मिथिला के लिए आवश्यक बताते हुए मांग की है तथा कहा है कि औद्योगिक निवेश, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, स्थानीय युवाओं का पलायन रोकने उनके कौशल विकास, लॉजिस्टिक्स एवं व्यापार विस्तार, तथा निर्यात संवर्धन को मजबूत कर यहां के लिए वरदान बनाया जा सकता है। सांसद के द्वारा लोकसभा में किए गए इस मांग की भाजपा एवं एनडीए नेताओं के साथ साथ स्थानीय स्तर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा बुद्धिजीवियों ने सराहना की है तथा इसे भागीरथी पहल बताया है।