Dbg

16.05.2023 (दरभंगा) : दरभंगा, समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में सांसद गोपाल जी ठाकुर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय व अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव, नगर विधायक संजय सरावगी, विधायक जीवेश कुमार मिश्रा, विधायक विनय कुमार चौधरी, विधायक मिश्री लाल यादव, विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, जिला परिषद् अध्यक्ष श्रीमती रेणु देवी एवं पूर्व विधायक अमर नाथ गामी, मानोनित सदस्य कन्हैया पासवान एवं अन्य सदस्य की उपस्थिति में आयोजित की गयी।

बैठक में विगत बैठक की कार्यवाही के अनुपालन की समीक्षा की गयी। समीक्षा के दौरान बताया गया कि दरभंगा हवाई अड्डा को जिला प्रशासन द्वारा जमीन उपलब्ध करायी जा चुकी है। एप्रन बनाने की कार्रवाई चल रही है। 2.42 एकड़ पर 32 करोड़ रूपये की लागत से पहला एप्रोन का निर्माण कार्य जारी है। बताया गया कि 12 प्रतिशत काम हो गया है, 31 अक्टूबर तक इस एप्रोन का कार्य पूरा हो जाएगा। जंगली जानवर के संबंध में बताया गया कि वन विभाग द्वारा जंगली जानवर को हटाया गया था, लेकिन पुनः कुछ जंगली जानवर देखा गया है। बैठक में उपस्थित वन प्रमण्डल पदाधिकारी को पुनः जंगली जानवर को हवाई अड्डा क्षेत्र से हटवाने का निर्देश दिया गया। हवाई अड्डा पर माननीय जनप्रतिनिधियों के लिए प्रोटोकॉल पदाधिकारी को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही बताया गया कि दरभंगा हवाई अड्डा पर मैथिली भाषा में उद्घोषणा की जा रही है।

सांसद द्वारा कहा गया कि दरभंगा के लिए तथा दरभंगा से उड़ान भरने वाले सभी हवाई जहाज के अन्दर मैथिली में उद्घोषणा की जाए। अपर समाहर्त्ता द्वारा बताया गया कि दरभंगा हवाई अड्डा के समीप अस्थाई पार्किंग का निर्माण कराया गया है तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गयी है। सांसद द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पुनः करने का निर्देश दिए गए। बैठक में बेनीपुर के विधायक श्री विनय कुमार चौधरी सहित कई सदस्यों द्वारा दरभंगा हवाई अड्डा से उड़ान भरने वाले जहाजों में अत्यधिक भाड़ा लेने का मामला उठाया गया। बताया गया कि स्पाईस जेट एवं इण्डिगो उड़ान योजना के तहत सेवा प्रदान कर रही है, लेकिन भाड़ा अत्यधिक लेने की शिकायत है। सांसद द्वारा अगली बैठक में दोनों कम्पनी के वरीय अधिकारी को बैठक में बुलाने का निर्देश दिया गया।

इस बैठक में बताया गया कि वन डिस्ट्रक्ट वन प्रोडक्ट के तहत मखाना के उत्पाद के लिए काउण्टर देने की कार्रवाई अंतिम चरण में है। छिनतई की घटना न हो सके, इसके लिए दिल्ली मोड़ से हवाई अड्डा तक सी.सी.टी.वी. कैमरा लगवाने के लिए एयरपोर्ट ऑथिरिटी को पत्र लिखने को कहा गया। बैठक में रेलवे के वरीय पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि 10 आर.ओ.बी. में से 02 आर.ओ.बी. यथा - दोनार एवं मोहम्मदपुर का निर्माण करने हेतु बी.आर.डी.सी.एल. को अधिकृत किया गया है, शेष 08 आर.ओ.बी. का निर्माण बिहार राज्य पूल निर्माण निगम द्वारा किया जाएगा, जिनमें से 05 के लिए निविदा प्रकाशित हो गयी है तथा शेष 03 पर भी तेजी से कार्रवाई चल रही है।

सांसद द्वारा तत्काल मोटरसाईकिल एवं ई-रिक्शा के लिए लो कॉस्ट आर.ओ.बी. लहेरियासराय चट्टी गुमटी एवं पंडासराय में बनवाने का निर्देश रेलवे के वरीय पदाधिकारी को दिया गया, ताकि गुमती पर वाहनों का दवाब कम हो सके।

बैठक में मधुबनी के सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव ने बताया गया कि गोपालपुर से आगे की गुमटी अकार्यरत रहता है, उसके स्थान पर गोपालपुर में उस गुमटी को शिफ्ट कर के ले आया जाए, जहाँ रेलवे लाइन पार करने में खतरे की संभावना बढ़ गई है। जाले के विधायक ने कहा कि छोटे-छोटे रेलवे स्टेशन पर कम्प्यूटरीकृत आरक्षण काउण्टर बनाया जाए। बिजली हॉल्ट के समीप सड़क चौड़ीकरण करने की माँग की गयी। सांसद ने कहा कि सभी स्टेशनों पर शेड बनाया जाए, बैठने की व्यवस्था हो, अन्य जन सुविधा की व्यवस्था भी की जाए। बैठक में बताया गया कि सीतामढ़ी, बाबू धाम मोतीहारी एवं दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित करने हेतु चयन किया जा चुका है। इसके साथ ही लहेरियासराय रेलवे स्टेशन को आदर्श रेलवे स्टेशन बनाने हेतु अमृत भारत योजना के तहत लिया गया है। सांसद ने कहा कि दरभंगा के सभी रेलवे स्टेशन को सुव्यवस्थित किया जाए, साथ ही मैथिली में उद्घोषणा करायी जाए। बताया गया कि मुजफ्फरपुर-दरभंगा (67 किलोमीटर) नए रेल लाईन के सर्वें हेतु 20 करोड़ रूपये का आवंटन प्राप्त हुआ है। सकरी-हसनपुर रेल लाईन चालू करवाने का निर्देश वरीय अधिकारी को दिया गया। सांसद द्वारा लहेरियासराय स्टेशन के भवनों का निर्माण स्थानीय बालू से करवाने की जाँच करवाने के निर्देश के संबंध में रेवले के वरीय अधिकारी द्वारा बताया गया कि जाँच की कार्रवाई चल रही है।

डीएम राजीव रौशन ने कहा कि दरभंगा रेलवे स्टेशन के सामने के हराही पोखर का सौंदर्यकरण नगर निगम द्वारा किया जाना है। रेलवे के अधिकारी नगर निगम से समन्वय स्थापित कर कार्य योजना बनाएगें, ताकि दोनों को पता रहे कि कहाँ से कार्य प्रारम्भ करवाना है। पक्षी विहार को लेकर सकरी-हसनपुर रेल लाईन निर्माण कार्य बाधित रहने के संबंध में भी चर्चा की गई। बैठक में नगर विधायक द्वारा बताया गया कि टिनही पुल नाला के समीप क्रॉस ड्रेन नहीं बनाने का मामला उठाया गया, जिसके कारण दोनार से टिनही पुल नाला निर्माण का उद्देश्य पूरा नहीं होने की जानकारी दी। जाले के विधायक द्वारा मुरैठा रेलवे स्टेशन से सीधे पहुँच पथ नहीं होने एवं चंदौना रेलवे हॉल्ट के समीप के सड़क का पी.सी.सी. नहीं होने की जानकारी दी गयी। सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव द्वारा दरभंगा - सीतामढ़ी रूट में 11ः40 बजे पूर्वाह्न से 06ः00 बजे अपराह्न तक एक भी ट्रेन नहीं चलने की जानकारी दी गयी तथा पूर्वाह्न में चलने वाले एक ट्रेन का समय परिवर्त्तित कर अपराह्न 03ः00 बजे करने को कहा गया। बैठक में जोगियारा स्टेशन पर मेल एक्सप्रेस की ठहराव की माँग की गई। सांसद द्वारा वन्दे भारत ट्रेन का परिचालन दरभंगा पटना एवं दरभंगा से नई दिल्ली करवाने का प्रस्ताव देने का निर्देश दिया। कटहलवाड़ी आर.ओ.बी. पर प्रकाश की व्यवस्था कर देने की जानकारी दी गयी। प्रतिदिन जननायक एक्सप्रेस का परिचालन हो जाने की जानकारी दी गयी। सदस्य कन्हैया पासवान द्वारा कटहलवाड़ी से कंगवा गुमटी के मलवा को साफ करवाने की माँग की गई। बताया गया कि हसनपुर से विथान तक रेल लाईन चालू हो गया है।

सांसद द्वारा दरभंगा रेलवे स्टेशन पर स्क्लेटर एवं लिफ्ट बंद रहने पर नाराजगी जताई गई। साथ ही डिलक्स शौचालय में अधिक शूल्क लेने पर नाराजगी जताई गयी। उन्होंने रेलवे के वरीय पदाधिकारियों को अपने सारे विषय को, जो बैठक में उठाया गया है, को 15 दिनों के अन्दर दुरूस्त कर लेने का निर्देश दिया। राष्ट्रीय राज मार्ग की समीक्षा के दौरान परियोजना प्रबंधक द्वारा बताया गया कि आमस-दरभंगा पथ में जमीन मिल जाने पर कार्य प्रारम्भ करवाया जाएगा।

डीएम द्वारा बताया गया कि 31 मई तक 80 प्रतिशत् जमीन हस्तातरण कर दिया जाएगा। सांसद द्वारा 15 जून तक शत्-प्रतिशत् जमीन उपलब्ध करा देने का अनुरोध किया गया। दरभंगा-जयनगर पथ में 15 किलोमीटर पथ दरभंगा जिला में पड़ता है, इस सड़क के लिए 600 करोड़ रूपये भू-अर्जन हेतु तथा 332 करोड़ रूपये निर्माण कार्य हेतु प्राप्त होने की जानकारी दी गई। सांसद, मधुबनी द्वारा बिठौली एवं सकरी के अण्डर पास में अलकतरा सड़क को पी.सी.सी. सड़क में तब्दील करने को कहा। उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान गड्ढ़ा बन जाने से इन दोनों स्थानों पर दुर्घटना बढ़ जाती है। नगर विधायक द्वारा दिल्ली मोड़ से शिवधारा तक की गंदी नाली को साफ करवाने का अनुरोध किया गया। सकरी-बेनीपुर-बिरौल (32 किलोमीटर) पथ, जो पथ निर्माण विभाग का है, राष्ट्रीय राज मार्ग को जल्द उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। बताया गया कि यह पथ खगड़िया तक जाएगी। रोसड़ा-दरभंगा पथ के संबंध में बताया गया कि भू-अर्जन की कार्रवाई की जा रही है। सांसद द्वारा बताया गया कि 15 जून तक भू-अर्जन की कार्रवाई पूरी की जाए। इस सड़क का शिलान्यास कार्यक्रम निर्धारित है। दरभंगा रिंग रोड, बहेड़ी लिंक रोड का निर्माण प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश माननीय सांसद दरभंगा द्वारा दिया गया। साथ ही सिमरी-कुँवर पट्टी-शिवधारा जैसे वैसे स्थल जहाँ फोरलेन सड़क के किनारे विद्यालय अवस्थित है, वहाँ फुट ओवर ब्रीज बनवाने की माँग माननीय सांसद, मधुबनी द्वारा किया गया। उन्होंने टोल टैक्स के समीप एम्बुलेंस के साथ फायरब्रिगेड की गाड़ी भी रखने की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने बताया कि आये दिन वाहनों में आग लगने की दुर्घटना सड़क पर घटित हो रही है। साथ ही एन.एच. के किनारे हो रहे अतिक्रमण के विरूद्ध कार्रवाई करने को कहा। समस्तीपुर-मुसरीघरारी-दरभंगा पथ में भू-अर्जन की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिये गये। सांसद ने भेजा से गंडौल होते हुए महिषी तक तक टू-लेन लिंक रोड जोड़ने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

राम जानकी पथ के संबंध में बताया गया कि इसका अनुश्रवण मोतीहारी से किया जा रहा है। विधायक, अलीनगर द्वारा आशापुर से अंटौर सड़क की जाँच करवाने की माँग की गई। बताया गया कि बरूना पुल - रसियारी पथ निर्माण कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है।दरभंगा शहरी क्षेत्र के भी.आई.पी. रोड चौड़ीकरण के संबंध में बी.एस.आर.डी.सी.एल द्वारा डी.पी.आर. जमा कराया जा चुका है। पंचवर्षीय अनुरक्षण निति के तहत सड़क निर्माण संधारण में गुणवत्ता की कमी होने की जानकारी विधायक, जाले द्वारा दिया गया। नगर क्षेत्र के संबंध में बताया गया कि गुमटी नम्बर - 22 के समीप नाला निर्माण कार्य प्रगति पर है। कंशी पंचायत में निविदा के उपरान्त भी सड़क निर्माण कार्य लंबित रहने की जानकारी दी गयी।

बैठक में आयुर्वेदिक कॉलेज, मोहनपुर, रतनपुरा औषधालय, बिहार खादी ग्राम उद्योग संघ, आई.टी. पार्क, मिथिला शोध संस्थान, बी.एस.एन.एल. के अकार्यरत पोल के संबंध में विशेष निर्देश दिये गये।

दूसरे दिन जिला विकास समन्वय व अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक के प्रारंभ में सांसद सह अध्यक्ष गोपाल जी ठाकुर एवं अन्य सदस्यों ने मिथिला के केंद्र दरभंगा स्थित मखाना अनुसंधान केंद्र को पुनः राष्ट्रीय दर्जा देने एवं इसमें मछली एवं अन्य जलीय उत्पाद के रिसर्च को शामिल करने पर सर्व सम्मति से देश के माननीय प्रधानमंत्री और माननीय केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को बधाई दी। तत्पश्चात बैठक की कारवाई प्रारंभ हुई बैठक में बीपीसीएल के अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की योजना है कि घर-घर गैस पाईप लाइन के माध्यम से एलपीजी गैस पहुँचाया जाए तथा पेट्रोल पम्प की तर्ज पर सी.एन.जी. पम्प बनाया जाए, इसके लिए दरभंगा जिला में कार्य प्रगति पर है।

बैठक में सहायक डाक अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि भरवाड़ा का डाकघर चालू हो गया है। विगत बैठक में जाले के विधायक ने जानकारी दी थी कि भरवाड़ा का डाकघर बन्द रहता है। इसके साथ ही उन्होंने सिंहवाड़ा एवं भरवाड़ा के साथ जोगियारी एवं जाले डाकघर का आधुनिकीकरण कराने की माँग की। सांसद द्वारा दरभंगा के उन गाँवों का पोस्ट ऑफिस दरभंगा में ही बनवाने का निर्देश दिया, जिनका डाकघर समस्तीपुर जिला में पड़ता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में यह निर्देश दिया गया था, कि 300 की जनसंख्या पर एक लेटर बॉक्स रहें, इसका सर्वे करवाया जाए तथा लेटर बॉक्स लगवाया जाए। उन्होंने कहा कि डाकघरों में पोस्ट कार्ड का अभाव रहता है, इसकी व्यवस्था करायी जाए। सभी डाकघरों में रेल टिकट आरक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए। बैठक में जल संसाधन विभाग से किये गये बाढ़ निरोधक कार्य की जानकारी ली गई। विधायक, जाले एवं नगर विधायक द्वारा ईटहरवा-सपहा, हरपुर से मब्बी बाँया तटबंध के कार्य की गुणवत्ता की जाँच कराने की माँग की गई।

बेनीपुर के विधायक ने कहा कि कन्हौली में बाँध के ऊपर सड़क है, नीचे से मिट्टी का कटाव हो गया है, कार्यपालक अभियंता, जल संसाधन को इसपर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सांसद द्वारा हाउसिंग बोर्ड से करिया गाछी तक नाला निर्माण की गणुवत्ता में सुधार करने का निर्देश दिया गया। डिजिटल भारत के संबंध में भू-अभिलेखागार का आधुनिकीकरण के संबंध में अपर समाहर्त्ता द्वारा बताया गया कि बहादुरपुर, हायाघाट, हनुमाननगर, सिंहवाड़ा, जाले, घनश्यामपुर एवं कुशेश्वरस्थान में डिजिटल रिकॉर्ड रूम की स्थापना हो गयी है।

केवटी, बेनीपुर एवं बहेड़ी में भी भवन बन गया है। गौड़ाबौराम, किरतपुर एवं कुशेश्वरस्थान पूर्वी में नया प्रखण्ड भवन बनने पर वहाँ कम्पेक्टर की स्थापना की जाएगी। इसके लिए ऊँची छत वाले कमरे की जरूरत होती है।बिहार सरकार द्वारा सभी भू-अभिलेख का डिजिटाईजेशन 08 फरवरी, 2023 से करवाया जा रहा है। इसके तहत समस्तीपुर एवं दरभंगा जिला के सभी खेसरा पंजी, सभी सी.एस खतियान को स्कैन कर अपलोड कर दिया गया है। मुधबनी जिला का केवल खजौली अनुमण्डल छोड़कर शेष अनुमण्डल का काम किया जा चुका है। राज्य सरकार द्वारा डिजिटाईजेशन के लिए दो वर्ष का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

सभी रिकॉर्ड पब्लिक डोमेन में चला जाएगा। इसके बाद कोई भी व्यक्ति अपना खेसरा पंजी, खतियान देख सकेंगा। गौशाला की जमीन पर अतिक्रमण को लेकर चर्चा हुई। नगर विधायक द्वारा गौशाला की जमीन पर तेजी से अतिक्रमण होने की जानकारी दी गई। अपर समाहर्त्ता ने बताया कि यह जमीन समिति की हैं तथा इसकी जाँच पूर्व में उनके द्वारा की गयी है। बैठक में बताया गया कि बेनीपुर के अरगा उसरी पंचायत के गौड़ा गाँव को हॉस्पिटल के लिए चिन्ह्ति किया गया था। सरकारी जमीन नहीं मिलने पर मजरगाही में इसे शिफ्ट किया जा रहा है, जबकि सभी पंचायत में सरकारी जमीन उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। सांसद द्वारा निदेशित किया गया कि सभी पंचायत को सरकारी जमीन को चिन्ह्ति किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रतिवेदन में बताया जा रहा है कि दरभंगा शहरी क्षेत्र में 27 तालाब है, जबकि दरभंगा राज का 375 तालाब पूर्व में था, इसका सर्वें कराने की जरूरत है। साथ ही सभी उच्च विद्यालय में पर्याप्त मात्रा में सरकारी जमीन उपलब्ध है, जिसपर अतिक्रमण हो रहा है। नगर विधायक द्वारा दुल्लहिन पोखर, छठ्ठी पोखर की जमीन पर अतिक्रमण होने की जानकारी दी गई।

बैठक में बेनीपुर के विधायक ने बताया कि कमरकला पंचायत सरकार भवन में कर्मचारी नहीं बैठते हैं। विगत बैठक में जाले के विधायक द्वारा बेघर पुलकित राम को जमीन उपलब्ध कराने की माँग पर जमीन उपलब्ध करा देने की जानकारी दी गई। उन्होंने चन्द्रदीपा पोखर, भरवाड़ा का घुरदौड़ पोखर एवं ब्रह्मपुर का रजौखर पोखर को अतिक्रमण मुक्त कराने की माँग की।केवटी के विधायक द्वारा बहुआरा गाँव में अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई में दलित परिवारों के बेघर होने की जानकारी दी गई। अपर समाहर्त्ता द्वारा बताया गया कि वैसे परिवारों को भूमि उपलब्ध कराया जा रहा है।

आकाशवाणी दरभंगा के संबंध मे बताया गया कि 05 किलो वाट के एफ.एम. के लिए 10.48 करोड़ रूपये तथा स्टूडियों नवीकरण के लिए 4.80 करोड़ रूपये का आवंटन उपलब्ध कराया गया है। बैठक में बताया गया कि मैथिली का प्रसारण पटना से किया जा रहा है, जिस पर अध्यक्ष ने इसे दरभंगा से प्रसारित करने हेतु विभागीय प्रक्रिया प्रारंभ करने को कहा। नगर विधायक ने बताया कि डी.एम.सी.एच. में संस्थापित नया डिजिटल एक्स-रे मशीन, जो लगभग 03 से 04 करोड़ की लागत से संस्थापित कराया गया है, लेकिन बन्द पड़ा हुआ है। इसके साथ ही सिटी स्कैन की सुविधा सभी मरीजों को उपलब्ध होनी चाहिए। आयुष्मान भारत के तहत लाभुकों की संख्या नहीं बढ़ने पर चिंता जाहिर की गई तथा वार्डवार एवं पंचायतवार शिविर का आयोजन कर लाभुकों का पंजीकरण कराने हेतु अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत पीएम मोदी का एक प्रमुख जनयोजना है। गंगवारा में बन रहे सदर अस्पताल एवं जाले के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भी चर्चा की गई। स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सिकों का नियमित रूप से नहीं रहने का भी मामला उठाया गया। इसके साथ दिशा की बैठक में नल-जल, चापाकल, नलकूप योजना, कृषि सिंचाई पर चर्चा की गई।