11.09.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : दरभंगा. इतिहास, कला और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करनेवाली संस्था इसमाद फाउंडेशन ने 12 माह 12 हैल्थ कैंप का आयोजन करने की घोषणा की है। हैल्थ कैंप में लोगों को डॉक्टर से परामर्श, जांच और दवाई नि:शुल्क उपलब्ध कराया जायेगा। यह हैल्थ कैंप जिले के 12 अलग-अलग इलाकों में लगाये जायेंगे।

हर हैल्थ कैंप मिथिला के किसी विभूति के नाम पर समर्पित होगा। इसके तहत पहला हैल्थ कैंप मिथिला में अंग्रेजी चिकित्सा को बढ़ावा देनेवाले और पहला अस्पताल खोलनेवाले महाराजा लक्ष्मीश्वर सिंह को समर्पित होगा। इसी माह से शुरू हो रहे इस हैल्थ कैंप के संयोजक अभिनव सिन्हा ने बताया की पहला हैल्थ कैंप अदिति नर्सिंग होम के सहयोग से 22 सितंबर रविवार को 10 बजे सुबह से एक बजे दोपहर तक डीलाही सामुदायिक भवन में लगाया जायेगा।

कार्यक्रम के समन्वयक संतोष चौधरी ने बताया। हर माह लगनेवाले इस हैल्थ कैंप में अलग अलग विभाग के स्पेशलिस्ट डॉक्टर 3 से 4 होंगे, साथ ही जरूरी दवाइयां और टेस्ट मुफ्त होगी। इस हैल्थ कैंप में मुख्य रूप से बीपी, ब्लड सूगर, प्लस, ब्लड ग्रुप और खून से संबंधित अन्य जांच सभी लोगों के लिए अनिवार्य होगी, जबकि डॉक्टर के परामर्श पर ईसीजी जैसी जांच की भी व्यवस्था की जायेगी।