Dbg

05.05.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के एडीआर भवन में अधिवक्ताओं के लिए “व्यावसायिक आचरण और शिष्टाचार” विषय पर संवेदीकरण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिवक्ताओं को उनके पेशेवर दायित्वों और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, श्री अजय कुमार शर्मा ने कहा कि अधिवक्ताओं को उनके ज्ञान, कार्यशैली, स्वभाव एवं आचरण के आधार पर समाज में विद्वान के रूप में सम्मानित किया जाता है। ऐसा कोई भी व्यावसायिक क्षेत्र नहीं है जिसमें कार्य करने वाले को विद्वान कह कर संबोधित किया जाता हो। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में भी अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उस समय शायद हमारे स्वतंत्रता सेनानियों में अधिवक्ता नहीं होते तो देश को आजाद होने में कुछ और समय लग जाता।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ता संघ दरभंगा के अधिवक्तागण बहुत हीं अच्छे हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे बार काउंसिल ऑफ इंडिया के नियमों का पालन करें और ऐसे किसी भी कार्य से बचें जिससे न्यायिक व्यवस्था या वकालत पेशे की छवि धूमिल हो। साथ ही उन्होंने संवेदनशील गवाहों के लिए बनाए गए वल्नरेबल विटनेस डिपोजीशन सेंटर का लाभ संबंधित लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने किया।

इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम नीरज कुमार, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय संतोष कुमार पांडेय, सीजेएम जुनैद आलम, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष चंद्रधर मल्लिक, सचिव कृष्ण कुमार मिश्र सहित कई अधिवक्तागण उपस्थित रहे।