Dbg

21.02.2023 (दरभंगा) : दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने हेतु सभी प्रक्रिया पूर्ण हुई। उक्त बातें रेलवे संबंधी स्थायी समिति एवं रेल मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति सदस्य सह दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने कही। वे नई दिल्ली में आयोजित रेलवे स्टैंडिंग कमिटी के बैठक में सम्मिलित हुए। उन्होंने अनिल कुमार लोहाटी को रेलवे बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त होने पर बधाई दी । बैठक के दौरान उन्होंने क्षेत्र से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया। बैठक के पश्चात सांसद डॉ ठाकुर ने कहा की आगामी वित्तीय वर्ष में रेलवे द्वारा नई रेल लाइन निर्माण पर 31850 करोड़, आमान परिवर्तन पर 4600 करोड़, दोहरीकरण पर 30749, यातायात सुविधा पर 6715 करोड़, विद्युतीकरण परियोजना पर 8070 करोड़, पीएसयू/जेवी/एसपीवी में निवेश पर 34354 करोड़, एमटीपी पर 5000 करोड़ रुपया अनुमानित खर्च किया जाना है।

इसके अलावा संरक्षा संबंधी कार्य जिसमे सड़क संरक्षा कार्य समपार पर 700 करोड़, सड़क संरक्षा कार्य ऊपरी पुल/निचला सड़क पुल पर 7400 करोड़, रेल पथ नवीकरण पर 17297 करोड़, पुल संबंधी कार्य पर 1255 करोड़, सिग्नल एवं दूरसंचार पर 4198 करोड़, अन्य विद्युत कार्य पर 1650 करोड़ खर्च का अनुमान है। इसके अलावा रेल संपर्कता के माध्यम से देश में अवसंरचनात्मक विकास और सुधार के लिए थीम आधारित अंब्रेला कार्य पर 497000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा की ग्राहक सुविधा, चल स्टॉक एवं निवेश, अन्य, पूंजीगत व्यय (पीपीपी को छोड़कर) , ईबीआर पर लगभग 260200 करोड़ का अनुमानित बजट है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में कुल 1275 स्टेशनों को चिन्हित किया गया है और चरणबद्ध कार्यान्वयन हेतु मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है।

इसके तहत स्टेशनों पर यातायात परिपथन में सुधार और परिपथन क्षेत्र का सौंदर्यीकरण, पर्याप्त आकर का एंट्रेंस, स्टेशन भवन में सुधार, शौचालय में सुधार, बेहतर रोशनी और अच्छी गुणवत्ता वाले फर्नीचर, आवश्यकतानुसार उच्च स्तरीय प्लेटफार्म और कवर प्लेटफार्म, रैंप, लिफ्ट, एक्सक्लेटर, यात्रियों के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले संकेतक, दिव्यानजंग के अनुकूल उपयोगकर्ता सुविधा, सीसीटीवी, जल संचयन, सौर ऊर्जा, स्थानीय कला और संस्कृति पर फोकस, एक स्टेशन एक उत्पाद स्थानीय उत्पाद सहित कई चीजों को विकसित किया जाएगा। सांसद डॉ ठाकुर ने रेल संबंधी स्थायी समिति के चेयरमैन सह सांसद राधा मोहन सिंह एवं रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अनिल लोहती को दरभंगा-अजमेर बंद ट्रेन को पुनः चालू करवाने, वन्दे भारत एक्सप्रेस दरभंगा से पटना एवं दरभंगा से नई दिल्ली चलाने, मुजफ्फरपुर-हरिद्वार चलने वाली ट्रेन को विस्तारीकरण करके दरभंगा तक चलाने, सकरी स्टेशन पर कोच इंडिकेटर सिस्टम लगाने, सकरी गुमती पर आरओबी का निर्माण करने, ट्रेन नम्बर 15231/15232 का मार्ग परिवर्तित कर भाया दरभंगा-सीतामढ़ी चलाने, लहेरियासराय स्टेशन जो अमृत भारत योजना में सम्मिलित है।

प्रमंडलीय मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय के समीप है पर लम्बी दूरी के ट्रेन करने, टुंडला स्टेशन पर सम्पर्क क्रांति एवं स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस का ठहराव करने, बिहार सम्पर्क क्रांति का नामकरण मिथिला सम्पर्क क्रांति के नाम से करने, ट्रेन में बढ़ते भीड़ को देखते हुए दरभंगा स्टेशन से लम्बी दूरी की नई ट्रेन दरभंगा स्टेशन से प्रारंभ करने, दरभंगा से इंदौर नई ट्रेन का परिचालन प्रारंभ करने सहित कई अन्य विषयों को लेकर ज्ञापन सौंपा। सांसद ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने के लिए सभी प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, जल्द कार्य प्रारंभ हो जाएगा।