Dbg

02.08.2023 (दरभंगा) : नई दिल्ली में दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर और अररिया सांसद प्रदीप सिंह ने केंद्रीय दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर दूरसंचार के क्षेत्र में मैथिली भाषा को शामिल करने पर बधाई एवं धन्यवाद दिए। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि अब सभी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी मैथिली में इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स (आईवीआर) और ग्राहक सेवा संबंधी सेवाएं प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि आज मैथिली भाषा बोलने वाले आठ करोड़ मिथिलावासियों के लिए ऐतिहासिक क्षण है, अब दूरसंचार के क्षेत्र में मैथिली भाषा का उपयोग प्रारंभ होने जा रहा है।

अब सुदूर ग्रामीण पृष्ठभूमि वाले लोग भी आसानी से अपनी मातृभाषा में किसी भी सेवा प्रदाता कंपनी के ग्राहक सेवा अधिकारी से बात कर सकते है। सांसद ने कहा कि इसको लेकर वह पूर्व में केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कई बार अनुरोध कर चुके थे। जिसके फलस्वरूप यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुआ है। सांसद ने कहा कि भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स (आईवीआर) और ग्राहक सेवा सुविधा में ग्राहकों को प्रदान किए जानेवाले भाषा विकल्पों से संबंधित कई विनियम जारी किया है। वहीं केंद्र सरकार द्वारा सभी दूरसंचार कंपनी को मैथिली के अलावा अष्टम अनुसूची में उल्लेखित सभी भाषाओं में इस सुविधा को प्रदान करने का निर्देश जारी किया गया है।

उन्होंने कहा कि किसी भी सेवा प्रदाता कंपनी द्वारा ग्राहक सहायता नंबर के लिए संवादात्मक वाक अनुक्रिया प्रणाली या आईवीआरएस में पहला स्तर भाषा चयन का होता है। अब आईवीआर के माध्यम से ग्राहक से अनुरोध प्राप्त होने पर सेवा प्रदाता ग्राहक को रिकॉर्ड किए गए आईवीआर पर बातचीत के लिए भाषा विकल्प में हिंदी एवं अंग्रेजी के अलावा मैथिली को भी शामिल करेगी। सांसद ने कहा कि जहां पूर्व में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के कार्यकाल में मैथिली को अष्टम अनुसूची में शामिल कर आठ करोड़ मिथिलावासियों को सम्मान दिया गया था वहीं वर्तमान समय में पीएम नरेंद्र मोदी जी द्वारा मिथिला और मैथिली के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा मिथिला की शान पाग़ पर डाक टिकट जारी किया गया, वहीं मखाना को मिथिला मखाना का जीआई टैग दिया गया, केंद्र सरकार ने सीबीएसई में मैथिली को शामिल करते हुए मैथिली को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि दूरसंचार में मैथिली के प्रवेश होने से इसका प्रचार प्रसार व्यापक स्तर बढ़ेगा और लोगों में अपने मातृभाषा के प्रति प्रेम भी बढ़ेगा। सांसद ने मिथिला को ऐतिहासिक सौगात देने के पीएम नरेंद्र मोदी एवं विभागीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को आठ करोड़ मिथिलावासियों की ओर से धन्यवाद दिए।