Dbg

25.04.2022 (दरभंगा) : दरभंगा सहित मिथिला से जुड़े विभिन्न रेल विकास परियोजना एवं यात्री सुविधाओं को लेकर सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने हाजीपुर रेल निकेतन स्थित रेल महाप्रबंधक कार्यालय में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा, प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर पी के गुप्ता एवं समस्तीपुर मंडल के रेल प्रबंधक आलोक अग्रवाल के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सभी योजना का समीक्षा किया और आगामी कार्य योजना को लेकर दिशा निर्देश दिए। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा की बैठक के दौरान दरभंगा सहित मिथिला क्षेत्र के रेल सेवा से जुड़े कई विकासात्मक कार्यों व विकास परियोजनाओं को यथाशीघ्र पूर्ण किये जाने को लेकर वार्ता हुई तथा प्रस्तावित व स्वीकृत परियोजनाओं को यथाशीघ्र प्रारंभ किये जाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को समस्तीपुर मंडल के सभी छोटे बड़े स्टेशनों पर यात्री सुविधा से जुड़े सभी चीजों को प्राथमिकता देने को कहा। सांसद डॉ ठाकुर ने वन स्टेशन वन प्रोडक्ट के तहत दरभंगा में मिथिला पेंटिंग सामग्री की दुकान एवं दरभंगा स्टेशन पर सेल्फ ऑपरेटेड अनारक्षित टिकट (एटीभीएम) प्रारंभ करने हेतु रेल प्रशासन को धन्यवाद दिया। उन्होंने बीते दिनों जयनगर से वर्दीवास (नेपाल) तक रेल परिचालन प्रारंभ करने हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को आठ करोड़ मिथिलावासियों की ओर धन्यवाद ज्ञापित किए। सांसद डॉ ठाकुर ने लहेरियासराय - कुशेश्वरस्थान (देकुली, उघरा,खैरा, बिठौली, पड़री, नवभरण, जमालपुर, मुसहरिया) नई रेलखंड निर्माण को लेकर इसका सर्वे कार्य प्रारंभ करने हेतु विभागीय प्रक्रिया पूर्ण कहने को कहा। सांसद ने दरभंगा मुजफ्फरपुर रेल लाइन निर्माण कार्य को उच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ करने हेतु चल रहे विभागीय प्रक्रिया की भी समीक्षा किए। सांसद डॉ ठाकुर ने 253 करोड़ की लागत से बन रहे काकरघाटी - शीशो स्टेशन के बीच बन रहे बायपास रेल लाईन निर्माण कार्य प्रगति की समीक्षा कर उसमे तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किये जाने को लेकर चल रहे विभागीय प्रक्रिया से भी अवगत हुए और संबंधित निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। सांसद डॉ ठाकुर ने 2.5 करोड़ की लागत से लहेरियासराय स्टेशन का हो रहे सौंदर्यीकरण, जिसमे नया स्टेशन भवन, फैकेड, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म शामिल है, के भी प्रगति रिपोर्ट से अवगत हुए। उन्होंने निर्माणाधीन दरभंगा समस्तीपुर रेलखंड दोहरीकरण कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूर्ण करने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने जिले में स्वीकृत सभी दस ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में चल रहे विभागीय प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए इसे उच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया एवं लहेरियासराय स्टेशन सहित अन्य जगहों पर पर लो कॉस्ट ओवरब्रिज के जल्द निर्माण को भी लेकर प्रक्रिया तेज करने को कहा। पंडासराय गुमती से कंगवा गुमती तक प्रस्तावित नाला निर्माण को लेकर भी समीक्षा किए। उन्होंने दरभंगा रेलवे स्टेशन से देश के विभिन्न हिस्सों में मौजूद पर्यटन एवं तीर्थ स्थल के लिए नई ट्रेन परिचालन एवं लहेरियासराय स्टेश पर प्रमुख रेलगाड़ियों के ठहराव हेतु मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। सांसद डॉ ठाकुर ने सकरी - हसनपुर परियोजना में हरनगर से हसनपुर रेलखंड निर्माण हेतु सक्रियता बढ़ाते हुए इस रेल परियोजना को एक समय सीमा के भीतर पूर्ण करने को कहा। उन्होंने महाप्रबंधक को उक्त मामले में एक उच्चस्तरीय टीम गठित कर एवं राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ स्थल जांच करने का सुझाव दिया। इसके अलावा उन्होंने सकरी - हरनगर रेलखंड के सभी स्टेशनों पर यात्री सुविधा का विकास करने, बेनीपुर एवं जगदीशपुर को क्रॉसिंग स्टेशन बनाने तथा बेनीपुर एवं जगदीशपुर में वातानुकूलित प्रतीक्षालय बनाये जाने हेतु भी दिशा निर्देश दिया। मिथिला क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों पर मिथिलाक्षर में नाम लिखे जाने हेतु चल रहे विभागीय प्रक्रिया से भी अवगत हुए।

उन्होंने मिथिला के सुप्रसिद्ध भोजन चूड़ा-दही एवं मखाना के खीर को ट्रेन के मेन्यू में शामिल करने हेतु चल रहे विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर चेज करने को कहा। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा की पिछले दिनों वह नई दिल्ली में रेल संबंधी स्थाई समिति की बैठक में क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकासात्मक विषयों को रखे है। बैठक के दौरान जीएम शर्मा ने कहा की वह सभी विषयों को अपने स्तर से मॉनिटरिंग कर रहे है और कई कार्य प्रक्रियाधीन है। वह जल्द से जल्द सभी कार्यों को पूर्ण करने हेतु प्रयासरत है। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को सभी बिंदुओं पर त्वरित कारवाई करने का आदेश भी दिया। सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा की देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव जी मिथिला व दरभंगा के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध है।