Dbg

25.04.2026 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। आज जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 9107 एलपीजी गैस सिलेंडर का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 6936, बेनीपुर में 1090 और बिरौल अनुमंडल में 1081 सिलेंडर शामिल हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी के अनुसार, वितरण के बाद भी एजेंसियों के गोदामों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

सदर अनुमंडल में 7644, बेनीपुर में 1488 तथा बिरौल में 2814 सिलेंडर शेष हैं। इस प्रकार, जिले में कुल 11946 एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं। प्रशासन ने 26 अप्रैल के लिए भी वितरण लक्ष्य तय किया है, जिसके तहत सदर अनुमंडल में 19264, बेनीपुर में 3794 और बिरौल में 4347 सिलेंडर वितरित किए जाएंगे। उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नंबर लगाने के 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध करा दी जाती है। शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति भी कैटरिंग के माध्यम से की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के बाद बुकिंग करने पर गैस की डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान में जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

डीएम ने सभी गैस एजेंसियों को पारदर्शी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जिला प्रशासन द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम (06272-245055) पर संपर्क करने की अपील की गई है। अब तक कुल 1939 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से अधिकांश का समाधान कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुनाफाखोरी और जमाखोरी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत तुरंत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।