August 31, 2024
30.08.2024 (DarbhangaOnline) (दरभंगा) : समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के मंत्री श्री श्रवण कुमार द्वारा ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, जल जीवन हरियाली ,जीविका आदि, के कार्य प्रगति की बिंदुवार समीक्षा हुई। उन्हें मिथिला के परंपरागत विधि से सम्मानित किया गया।
उप विकास आयुक्त चित्रगुप्त कुमार द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति से अवगत कराया गया। मंत्री ने सभी कार्यक्रम पदाधिकारी को निर्देश दिए कि सभी मनरेगा के अंतर्गत इच्छुक मजदूरों को काम देना सुनिश्चित करें अन्यथा विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी । बहेड़ी प्रखंड के अंतर्गत 246 इच्छुक श्रमिकों को काम नहीं देने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को अपने कार्य कलाप में अपेक्षित सुधार लाने का नसीहत दिया। उन्होंने कहा की वैसे मजदूर जिन्हें कार्य नहीं मिल पाया है, प्राथमिकता के आधार पर उन सभी को अच्छादित किया जाए। उन्होंने जॉब कार्ड सृजन के प्रतिवेदन को दोबारा सत्यापन कराने के निर्देश उप विकास आयुक्त को दिया। जॉब कार्ड शत-प्रतिशत बनाने का निर्देश सभी कार्यक्रम पदाधिकारी को दिया। बैठक में मनरेगा के तहत भवन, खेल मैदान, पशु शेड, मुर्गी शेड, जीविका भवन, बकरी शेड, स्कूल चाहर दिवारी की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने स्कूल बाउंड्री के साथ-साथ खेल मैदान बनाने के निर्देश दिए। डीपीएम जीविका डॉ.ऋचा गार्गी द्वारा बताया गया की 04 जीविका भवन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, शेष पर काम चल रहा है। इसी प्रकार 41 आँगनवाड़ी भवन पर कार्य चल रहा है। उन्होंने सभी काम को तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत लम्बित 386 लाभुकों को तृतीय किस्त की राशि भुगतान को लेकर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को एक सप्ताह के अंदर भुगतान कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 185 लाभुक की राशि दूसरे के खाता में डालने पर नाराजगी व्यक्त की । उन्होंने उप विकास आयुक्त को एक सप्ताह के अंदर जांच कर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध विधि संवत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मंत्री ने सभी पी ओ को आवास योजना के तहत लाभुक को 90 दिनों का रोजगार देना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिस लाभुक का आवास पूर्ण हो चुका है,लेकिन अंतिम किस्त की राशि नहीं मिली है या जिन्हें तृतीय किस्त दिया जाना है, उन सभी को जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा की राशि लाभुक के खाते में ही जाना चाहिए, किसी और के खाते में नहीं जाना चाहिए।उन्होंने लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान योजना की समीक्षा उप विकास आयुक्त को करने के निर्देश दिए।बैठक में बताया गया कि 221 डब्ल्यूपीयु का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, शेष पर कार्य जारी है, मंत्री ने जल्द से जल्द पूर्ण कराने को कहा। जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत वर्षा जल संचयन, अतिक्रमण मुक्त कराए गए सार्वजनिक जल संचयन संरचनाओं, कुआं, तालाबों पोखरों, सार्वजनिक आहरों, सार्वजनिक चपकालों के किनारे सोख्ता निर्माण के संबंध में विस्तृत समीक्षा किए और महत्वपूर्ण निर्देश अधिकारियों को दिए। विधायक बेनीपुर विनय कुमार चौधरी ने पघारी में कुआं का जीर्णोद्धार कराने हेतु कहा। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी से समन्वय करते हुए कुआं का जीर्णोद्धार कराने निर्देश दिए। उन्होंने कहा की मनरेगा के माध्यम से जो सोख्ता निर्माण का कार्य किया जा रहा है, मापदंड के अनुसार करें। डीपीएम जीविका द्वारा बताया गया कि दरभंगा जिले में 41 हजार 435 स्वयं सहायता समूह है।
3103 ग्राम संगठन है,69 संकुल संघ है। जीविका के काम से मंत्री काफी खुश हुए और और बेहतरीन ढंग से संपन्न करने के लिए डीपीएम जीविका को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेनीपुर अनुमंडल अस्पताल में जीविका दीदी के द्वारा साफ सफाई का कार्य किया जा रहा है। मखाना प्रोसेसिंग हेतु डीएम स्तर से प्रस्ताव भेजा गया है।उन्होंने अपूर्ण आवास योजना के लाभुकों से संपर्क कर उनको जीविका से जोड़ते हुए बैंक से सहायता दे कर आवास निर्माण करवाने के निर्देश सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिए। बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा की सही लाभुक को लाभ मिलना चाहिए इस पर ध्यान देने की सभी की जरूरत है। साथ ही उन्होंने जीविका के कार्यों की प्रशंसा की। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी योजनाओं का मॉनिटरिंग करें, उन्होंने कहा की बेहतर काम कीजिएगा तो बेहतर परिणाम मिलेगा।