Dbg

23.03.2024 (दरभंगा) : डीएम व एसएसपी ने कहा कि प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल तथा लाठी बल की प्रतिनियुक्ति सामान्यतः 24 मार्च के पूर्वाह्न में अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थान पर निश्चित रूप से योगदान देंगे तथा होली पर्व के समाप्ति के उपरांत वरीय पदाधिकारी से आदेश प्राप्त कर अपने प्रतिनियुक्ति स्थल को छोड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसी स्थान पर तनाव होने पर संबंधित थानाध्यक्ष, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी जिला मुख्यालय से पुलिस बल की माँग कर सकते हैं। होली पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की जिम्मेवारी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी, दण्डाधिकारी, संबंधित थानाध्यक्ष, ओ.पी अध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पदाधिकारी की होगी। इसके साथ ही सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने अनुमण्डल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाये रखने हेतु सम्पूर्ण वरीय प्रभार में रहेंगे। होली पर्व के अवसर पर 24 मार्च से 26 मार्च तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यत रहेगा, जिसका दूरभाष संख्या - 06272-240600 है।

जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में चित्रगुप्त कुमार उप विकास आयुक्त, दरभंगा मोबाईल नम्बर - 9431818365 रहेंगे। इसके साथ ही होली पर्व के अवसर पर पूरे जिला का वितंतु सेट 24 मार्च से 26 मार्च तक खुला रहेगा। अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वह होली पर्व के अवसर पर अग्निशमन दस्ता की एक टुकड़ी को जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे, ताकि समय पर उसका उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा की नई उत्पाद नीति के अनुसार शराब/ताड़ी-भांग इत्यादि के रखने एवं बिक्री करने तथा शराब पीने पर रोक है। उन्होंने सभी थाना/ओ.पी अध्यक्ष को अपने-अपने क्षेत्र में सघन गश्ती करते रहने तथा चोरी-छुपे शराब/ताड़ी-भांग इत्यादि के रखने एवं बिक्री करने वाले एवं शराब पीने वाले के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने सभी सेक्टर पेट्रोलिंग में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी को निदेशित किया कि वे 24 मार्च से 26 मार्च तक प्रतिदिन भ्रमणशील रहकर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल को चेक करेंगे तथा स्वयं भ्रमणशील रहकर होली पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने सभी प्रखण्डों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी को अपने-अपने प्रभार के प्रखण्ड में उक्त पर्व को प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष से सम्पर्क स्थापित करते हुए शांतिपूर्ण संपन्न कराएंगे। अगर किसी भी तनाव/घटना होने की सूचना मिलते ही स्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करेंगे। होली पर्व के अवसर पर सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अपने क्षेत्र अन्तर्गत विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे तथा अपने दिशा-निर्देशन में प्रतिनियुक्ति करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था बनाए रखते हुए पर्व को सौहार्द्रपूर्ण एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल को अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था संधारण करने का निर्देश दिया गया है।

इसके अतिरिक्त सभी थाना/ओ.पी. एवं गश्ती दल को भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था संधारित करने का निर्देश दिया गया है। अपर समाहर्त्ता दरभंगा नीरज कुमार दास सदर अनुमंडल, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार बेनीपुर अनुमंडल,अपर समाहर्त्ता विभागीय जाँच कुमार प्रशांत बिरौल अनुमंडल के वरीय प्रभात में रहेंगे। संबंधित अनुमण्डल पदाधिकारी/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी से अनुश्रवण एवं समन्वय कर उक्त पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे।